सेनहेरीब की सेना का विनाश

710 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

2 राजा 19:8–19

8 जब प्रमुख सेनापति येरूशलेम से लौटा, उसने पाया कि अश्शूर राजा लाकीश छोड़कर जा चुका था, और वह लिबनाह से युद्ध कर रहा था.

9 जब उसने कूश के राजा तिरहाकाह से यह सुना कि, वह उससे युद्ध करने निकल पड़ा है, तब उसने अपने संदेशवाहकों को हिज़किय्याह के पास यह कहकर भेजा, 10 “तुम यहूदिया के राजा हिज़किय्याह से यह कहना, ‘जिस परमेश्वर पर तुम भरोसा करते हो, वह तुमसे यह प्रतिज्ञा करते हुए छल न करने पाए, कि येरूशलेम अश्शूर के राजा के अधीन नहीं किया जाएगा. 11 तुम यह सुन ही चुके हो, कि अश्शूर के राजाओं ने सारी राष्ट्रों को कैसे नाश कर दिया है. क्या तुम बचकर सुरक्षित रह सकोगे? 12 जब मेरे पूर्वजों ने गोज़ान, हारान, रेत्सेफ़ और तेलास्सार में एदेन की प्रजा को खत्म कर डाला था, क्या उनके देवता उनको बचा सके थे? 13 कहां है हामाथ का राजा, अरपाद का राजा, सेफरवाइम नगर का राजा और हेना और इव्वाह के राजा?’ ”

14 इसके बाद हिज़किय्याह ने पत्र ले आने वालों से वह पत्र लेकर उसे पढ़ा, और याहवेह के भवन को चला गया, और उस पत्र को खोलकर याहवेह के सामने रख दिया. 15 हिज़किय्याह ने याहवेह से यह प्रार्थना की: “सर्वशक्तिमान याहवेह, इस्राएल के परमेश्वर, आप, जो करूबों के बीच सिंहासन पर विराजमान हैं, परमेश्वर आप ही ने स्वर्ग और पृथ्वी को बनाया. 16 अपने कान मेरी ओर कीजिए, याहवेह, मेरी प्रार्थना सुन लीजिए. अपनी आंखें खोल दीजिए और याहवेह, देख लीजिए और उन शब्दों को सुन लीजिए, जो सेनहेरीब ने जीवित परमेश्वर का मज़ाक उड़ाते हुए कहे हैं.

17 “याहवेह, यह सच है कि अश्शूर के राजाओं ने जनताओं को और उनकी भूमि को उजाड़ कर छोड़ा है. 18 और उनके देवताओं को आग में डाल दिया है, सिर्फ इसलिये कि वे देवता थे ही नहीं, वे तो सिर्फ मनुष्य के बनाए हुए थे, सिर्फ लकड़ी और पत्थर. इसलिये वे नाश कर दिए गए. 19 अब, हे याहवेह, हमारे परमेश्वर, हमें उनके हाथ से बचा ताकि पूरी पृथ्वी को यह मालूम हो जाए कि याहवेह, केवल आप ही परमेश्वर हैं.”

स्तोत्र 73

आसफ का एक स्तोत्र.

1 इसमें कोई संदेह नहीं कि परमेश्वर इस्राएल के प्रति,

उनके प्रति, जिनके हृदय निर्मल हैं, हितकारी हैं.

2 वैसे मैं लगभग इस स्थिति तक पहुंच चुका था;

कि मेरे पैर फिसलने पर ही थे, मेरे कदम लड़खड़ाने पर ही थे.

3 मुझे दुर्जनों की समृद्धि से डाह होने लगी थी

क्योंकि मेरा ध्यान उनके घमंड पर था.

4 मृत्यु तक उनमें पीड़ा के प्रति कोई संवेदना न थी;

उनकी देह स्वस्थ तथा बलवान थी.

5 उन्हें अन्य मनुष्यों के समान सामान्य समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ता;

उन्हें परिश्रम भी नहीं करना पड़ता.

6 अहंकार उनके गले का हार है;

तथा हिंसा उनका वस्त्र.

7 उनके संवेदन शून्य हृदय से अपराध ही निकलता है;

उनके मस्तिष्क में घुमड़ती दुष्कल्पनाओं की कोई सीमा ही नहीं है.

8 वे उपहास करते रहते हैं, बुराई करने की वार्तालाप करते हैं;

तथा अहंकार के साथ वे उत्पीड़न की धमकी देते हैं.

9 उनकी डींगे आकाश तक ऊंची होती हैं,

और वे दावा करते हैं कि वे पृथ्वी के अधिकारी हैं.

10 इसलिये उनके लोग इस स्थान पर लौट आते हैं,

और वे भरे हुए जल में से पान करते हैं.

11 वे कहते हैं, “यह कैसे हो सकता है, कि यह परमेश्वर को ज्ञात हो जाए?

क्या परम प्रधान को इसका बोध है?”

12 ऐसे होते हैं दुष्ट पुरुष—सदैव निश्चिंत;

और उनकी संपत्ति में वृद्धि होती रहती है.

13 क्या लाभ हुआ मुझे अपने हृदय को शुद्ध रखने का?

व्यर्थ ही मैंने अपने हाथ निर्दोष रखे.

14 सारे दिन मैं यातनाएं सहता रहा,

प्रति भोर मुझे दंड दिया जाता रहा.

15 अब मेरा बोलना उन्हीं के जैसा होगा,

तो यह आपकी प्रजा के साथ विश्वासघात होता.

16 मैंने इस मर्म को समझने का प्रयास किया,

तो यह अत्यंत कठिन लगा.

17 तब मैं परमेश्वर के पवित्र स्थान में जा पहुंचा;

और वहां मुझ पर दुष्टों की नियति का प्रकाशन हुआ.

18 सचमुच में, आपने दुष्टों को फिसलने वाली भूमि पर रखा है;

विनाश होने के लिए आपने उन्हें निर्धारित कर रखा है.

19 अचानक ही आ पड़ेगा

उन पर विनाश, आतंक उन्हें एकाएक ही ले उड़ेगा!

20 जब दुस्वप्न के कारण निद्रा से जागने पर एक व्यक्ति

दुस्वप्न के रूप से घृणा करता है,

हे प्रभु, उसी प्रकार आपके जागने पर

उनके स्वरूप से आप घृणा करेंगे!

21 जब मेरा हृदय खेदित था

तथा मेरी आत्मा कड़वाहट से भर गई थी,

22 उस समय मैं नासमझ और अज्ञानी ही था;

आपके सामने मैं पशु समान था.

23 किंतु मैं सदैव आपके निकट रहा हूं;

और आप मेरा दायां हाथ थामे रहे.

24 आप अपनी सम्मति द्वारा मेरी अगुवाई करते हैं,

और अंत में आप मुझे अपनी महिमा में सम्मिलित कर लेंगे.

25 स्वर्ग में आपके अतिरिक्त मेरा कौन है?

आपकी उपस्थिति में मुझे पृथ्वी की किसी भी वस्तु की कामना नहीं रह जाती.

26 यह संभव है कि मेरी देह मेरा साथ न दे और मेरा हृदय क्षीण हो जाए,

किंतु मेरा बल स्वयं परमेश्वर हैं;

वही मेरी निधि हैं.

27 क्योंकि वे, जो आपसे दूर हैं, नष्ट हो जाएंगे;

आपने उन सभी को नष्ट कर दिया है, जो आपके प्रति विश्वासघाती हैं.

28 मेरा अपना अनुभव यह है, कि मनोरम है परमेश्वर का सान्‍निध्य.

मैंने प्रभु याहवेह को अपना आश्रय-स्थल बना लिया है;

कि मैं आपके समस्त महाकार्य को लिख सकूं.

2 राजा 19:20–35

20 तब आमोज़ के पुत्र यशायाह ने हिज़किय्याह से कहा, “याहवेह, इस्राएल का परमेश्वर, यों कहते हैं: इसलिये कि तुमने अश्शूर के राजा सेनहेरीब के संबंध में मुझसे विनती की, 21 उसके विरुद्ध कहे गए याहवेह के शब्द ये है:

“ ‘ज़ियोन की कुंवारी

कन्या ने तुम्हें तुच्छ समझा है, तुम्हारा मज़ाक उड़ाया है.

येरूशलेम की पुत्री

पलायन करनेवाले तुम्हारी पीठ देखकर सिर हिलाती है.

22 तुमने किसका अपमान और किसकी निंदा की है?

किसके विरुद्ध तुमने आवाज ऊंची की है?

और किसके विरुद्ध तुम्हारी दृष्टि घमण्ड़ से उठी है?

इस्राएल के महा पवित्र की ओर!

23 तुमने अपने दूतों के द्वारा

याहवेह की निंदा की है.

तुमने कहा,

“अपने रथों की बड़ी संख्या लेकर

मैं पहाड़ों की ऊंचाइयों पर चढ़ आया हूं,

हां, लबानोन के दुर्गम, दूर के स्थानों तक;

मैंने सबसे ऊंचे देवदार के पेड़ काट गिराए हैं,

इसके सबसे उत्तम सनोवरों को भी;

मैंने इसके दूर-दूर के घरों में प्रवेश किया,

हां, इसके घने वनों में भी.

24 मैंने कुएं खोदे

और परदेश का जल पिया,

अपने पांवों के तलवों से

मैंने मिस्र की सभी नदियां सुखा दीं.”

25 “ ‘क्या तुमने सुना नहीं?

इसका निश्चय मैंने बहुत साल पहले कर लिया था?

इसकी योजना मैंने बहुत पहले ही बना ली थी,

जिसको मैं अब पूरा कर रहा हूं,

कि तुम गढ़ नगरों को

खंडहरों का ढेर बना दो.

26 जब नगरवासियों का बल जाता रहा,

उनमें निराशा और लज्जा फैल गई.

वे मैदान की वनस्पति

और जड़ी-बूटी के समान हरे हो गए.

वैसे ही, जैसे छत पर उग आई घास

बढ़ने के पहले ही मुरझा जाती है.

27 “ ‘मगर तुम्हारा उठना-बैठना मेरी दृष्टि में है,

तुम्हारा भीतर आना और बाहर जाना भी;

और मेरे विरुद्ध तुम्हारा तेज गुस्सा भी!

28 मेरे विरुद्ध तुम्हारे तेज गुस्से के कारण

और इसलिये कि मैंने तुम्हारे घमण्ड़ के विषय में सुन लिया है,

मैं तुम्हारी नाक में अपनी नकेल डालूंगा,

और तुम्हारे मुख में लगाम

और तब मैं तुम्हें मोड़कर उसी मार्ग पर चलाऊंगा

जिससे तुम आए थे.’

29 “तब हिज़किय्याह, तुम्हारे लिए यह चिन्ह होगा:

“इस साल तुम्हारा भोजन उस उपज का होगा, जो अपने आप उगती है;

अगले साल वह, जो इसी से उपजेगी;

तीसरे साल तुम बीज बोओगे, उपज काटोगे,

अंगूर के बगीचे लगाओगे और उनके फल खाओगे.

30 तब यहूदाह गोत्र का बचा हुआ भाग दोबारा अपनी जड़ें भूमि में

गहरे जाकर मजबूत करता जाएगा, और ऊपर वृक्ष फलवंत होता जाएगा.

31 क्योंकि येरूशलेम से एक बचा हुआ भाग ही विकसित होगा,

ज़ियोन पर्वत से जो भागे हुए लोग.

सेनाओं के याहवेह के जलन ही यह सब करेगा.

32 “इसलिये अश्शूर के राजा के बारे में मेरा यह संदेश है;

“ ‘वह न तो इस नगर में प्रवेश करेगा,

न वह वहां बाण चलाएगा.

न वह इसके सामने ढाल लेकर आएगा,

और न ही वह इसकी घेराबंदी के लिए ढलान ही बना पाएगा.

33 वह तो उसी मार्ग से लौट जाएगा जिससे वह आया था.

वह इस नगर में प्रवेश ही न करेगा.

यह याहवेह का संदेश है.

34 क्योंकि अपनी और अपने सेवक दावीद की

महिमा के लिए मैं इसके नगर की रक्षा करूंगा.’ ”

35 उसी रात ऐसा हुआ कि याहवेह के एक दूत ने अश्शूरी सेना के शिविर में जाकर एक लाख पचासी हज़ार सैनिकों को मार दिया. सुबह जागने पर लोगों ने पाया कि सारे सैनिक मर चुके थे.

स्तोत्र 75–76

संगीत निर्देशक के लिये. “अलतशख़ेथ” धुन पर आधारित. आसफ का एक स्तोत्र. एक गीत.

1 हे परमेश्वर, हम आपकी स्तुति करते हैं,

हम आपकी स्तुति करते हैं क्योंकि आपका नाम हमारे निकट है;

लोग आपके महाकार्य का वर्णन कर रहे हैं.

2 आपका कथन है, “उपयुक्त समय का निर्धारण मैं करता हूं;

निष्पक्ष न्याय भी मेरा ही होता है.

3 जब भूकंप होता है और पृथ्वी के निवासी भयभीत हो कांप उठते हैं,

तब मैं ही हूं, जो पृथ्वी के स्तंभों को दृढतापूर्वक थामे रखता हूं.

4 अहंकारी से मैंने कहा, ‘घमंड न करो,’

और दुष्ट से, ‘अपने सींग ऊंचे न करो,

5 स्वर्ग की ओर सींग उठाने का साहस न करना;

अपना सिर ऊंचा कर बातें न करना.’ ”

6 न तो पूर्व से, न पश्चिम से और न ही दक्षिण के वन से,

कोई किसी मनुष्य को ऊंचा कर सकता है.

7 मात्र परमेश्वर ही न्याय करते हैं:

वह किसी को ऊंचा करते हैं और किसी को नीचा.

8 याहवेह के हाथों में एक कटोरा है,

उसमें मसालों से मिली उफनती दाखमधु है;

वह इसे उण्डेलते हैं और पृथ्वी के समस्त दुष्ट

तलछट तक इसका पान करते हैं.

9 मेरी ओर से सर्वदा यही घोषणा होगी;

मैं याकोब के परमेश्वर का गुणगान करूंगा;

10 आप का, जो कहते हैं, “मैं समस्त दुष्टों के सींग काट डालूंगा,

किंतु धर्मियों के सींग ऊंचे किए जाएंगे.”

संगीत निर्देशक के लिये. तार वाद्यों की संगत के साथ. आसफ का एक स्तोत्र. एक गीत.

76:1 यहूदिया प्रदेश में लोग परमेश्वर को जानते हैं;

इस्राएल देश में उनका नाम बसा है.

2 शालेम नगर में उनका आवास है,

और उनका मुख्यालय ज़ियोन नगर में.

3 यह वह स्थान है, जहां उन्होंने आग्नेय बाणों को,

ढाल और तलवारों को तोड़ डाला.

4 आप अत्युज्जवल ज्योति से उज्जवल हैं,

प्राकृतिक संपदा से परिपूर्ण पर्वतों से कहीं अधिक भव्य.

5 शूरवीरों से सब कुछ छीन लिया गया,

वे चिर-निद्रा में समा गए;

एक भी योद्धा में

इतना सामर्थ्य शेष न रहा कि इसे रोक पाए.

6 याकोब के परमेश्वर, ऐसी प्रचंड थी आपकी फटकार,

कि अश्व और रथ दोनों ही नष्ट हो गए.

7 मात्र आप ही इस योग्य हैं कि आपके प्रति श्रद्धा रखा जाए.

जब आप उदास होते हैं तब किसमें आपके सामने ठहरने की क्षमता होती है?

8 जब स्वर्ग से आपने अपने निर्णय प्रसारित किए,

तो पृथ्वी भयभीत होकर चुप हो गई.

9 परमेश्वर, आप उस समय न्याय के लिए सामर्थ्यी हुए,

कि पृथ्वी के पीड़ित लोगों को छुड़ा लिया जाए.

10 निःसंदेह दुष्टों के प्रति आपका रोष आपके प्रति प्रशंसा प्रेरित करता है,

तब वे, जो आपके रोष के बाद शेष रह गए थे, आप उन्हें नियंत्रित एवं धर्ममय करेंगे.

11 जब तुम मन्नत मानो, तो परमेश्वर, अपने याहवेह के लिए पूर्ण करो;

सभी निकटवर्ती राष्ट्र उन्हें भेंट अर्पित करें,

जो श्रद्धा-भय के अधिकारी हैं.

12 वह शासकों का मनोबल तोड़ देते हैं;

समस्त पृथ्वी के राजाओं के लिए वह आतंक हैं.

2 राजा 19:36–37

36 यह होने पर अश्शूर का राजा सेनहेरीब अपने देश लौट गया, और नीनवेह नगर में रहने लगा.

37 एक बार, जब वह अपने देवता निसरोक के मंदिर में उसकी उपासना कर रहा था, उसी के पुत्रों, अद्राम्मेलेख और शारेज़र ने तलवार से उस पर वार किया और वे अरारात प्रदेश में जाकर छिप गए. उसके स्थान पर उसके पुत्र एसारहद्दन ने शासन करना शुरू किया.