सेनहेरीब के दूसरे आक्रमण का पूरा विवरण

710 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

2 राजा 18:17–19:7

17 इस पर अश्शूर के राजा ने लाकीश से राजा हिज़किय्याह के पास अपने सर्वोच्च सेनापति, अपने मुख्य अधिकारी और अपने प्रमुख सेनापति को एक बड़ी सेना के साथ येरूशलेम भेज दिया. येरूशलेम पहुंचकर वे उस ऊपरी तालाब की नाली पर जा खड़े हुए, जो सदह-कोबेस के राजमार्ग पर बनी है. 18 जब उन्होंने राजा को पुकारा, तब गृह प्रबंधक एलियाकिम, जो हिलकियाह का पुत्र था, शास्त्री शेबना तथा आसफ का पुत्र योआह, जो प्रालेख अधिकारी था, राजा से भेंट करने गए.

19 प्रमुख सेनापति ने उन्हें आदेश दिया, “हिज़किय्याह से जाकर यह कहो,

“ ‘पराक्रमी राजा, अश्शूर के राजा का संदेश यह है: कौन है तुम्हारे इस भरोसे का आधार? 20 युद्ध से संबंधित तुम्हारी रणनीति तथा तुम्हारी शक्ति मात्र खोखले शब्द हैं. किस पर है तुम्हारा अवलंबन कि तुमने मुझसे विद्रोह का साहस किया है? 21 देखो, तुमने जो मिस्र देश पर भरोसा किया है, वह है ही क्या, एक टूटा हुआ सरकंडे की छड़ी! यदि कोई व्यक्ति इसकी टेक लेना चाहे तो यह छड़ी उसके हाथ में ही चुभ जाएगी. मिस्र का राजा फ़रोह भी उन सबके लिए ऐसा ही साबित होता है, जो उस पर भरोसा करते हैं. 22 हां, यदि तुम मुझसे कहो, “हम तो याहवेह हमारे परमेश्वर पर भरोसा करते हैं,” तो क्या ये वही नहीं हैं, जिनके पूजा-स्थल तथा वेदियां हिज़किय्याह ने ध्वस्त कर दी हैं, तथा यहूदिया तथा येरूशलेम को यह आदेश दिया गया है: “तुम्हें येरूशलेम में इसी वेदी के समक्ष आराधना करनी होगी”?

23 “ ‘तो अब आओ, और हमारे स्वामी, अश्शूर के राजा से मोलभाव कर लो: मैं तुम्हें दो हज़ार घोड़े दूंगा; यदि तुम अपनी ओर से उनके लिए दो हज़ार घुड़सवार ला सको तो! 24 रथों और घुड़सवारों के लिए मिस्र देश पर निर्भर रहते हुए यह कैसे संभव है कि तुम मेरे स्वामी के छोटे से छोटे सेवक से टक्कर ले उसे हरा दो! 25 क्या मैं याहवेह की आज्ञा बिना ही इस स्थान को नष्ट करने आया हूं? याहवेह ही ने मुझे आदेश दिया है, इस देश पर हमला कर इसे खत्म कर दो.’ ”

26 तब हिलकियाह का पुत्र एलियाकिम, शेबना तथा योआह ने प्रमुख सेनापति से आग्रह किया, “अपने सेवकों से अरामी भाषा में संवाद कीजिए, क्योंकि यह भाषा हम समझते हैं; यहूदिया की हिब्री भाषा में संवाद मत कीजिए, क्योंकि प्राचीर पर कुछ लोग हमारा वार्तालाप सुन रहे हैं.”

27 किंतु प्रमुख सेनापति ने उत्तर दिया, “क्या मेरे स्वामी ने मात्र तुम्हारे स्वामी तथा मात्र तुम्हें यह संदेश देने के लिए मुझे प्रेषित किया है, तथा प्राचीर पर बैठे व्यक्तियों के लिए नहीं, जिनके लिए तो यही दंड निर्धारित है, कि वे तुम्हारे साथ स्वयं अपनी विष्ठा का सेवन करें तथा अपने ही मूत्र का पान?”

28 यह कहते हुए प्रमुख सेनापति खड़ा हो गया और सबके सामने उच्च स्वर में यहूदिया की हिब्री भाषा में यह कहा: “अश्शूर के राजा, प्रतिष्ठित सम्राट का यह संदेश सुन लो! 29 सम्राट का आदेश यह है: हिज़किय्याह तुम्हें इस छल में सम्भ्रमित न रखे, क्योंकि वह तुम्हें विमुक्त करने में समर्थ न होगा; 30 न ही हिज़किय्याह यह कहते हुए तुम्हें याहवेह पर भरोसा करने के लिए उकसाए, ‘निःसंदेह याहवेह हमारा छुटकारा करेंगे. यह नगर अश्शूर के राजा के अधीन होने न दिया जाएगा.’

31 “हिज़किय्याह के आश्वासन पर ध्यान न दो, क्योंकि अश्शूर के राजा का संदेश यह है, मुझसे संधि स्थापित कर लो. नगर से निकलकर बाहर मेरे पास आ जाओ. तब तुममें से हर एक अपनी ही लगाई हुई दाखलता से फल खाएगा, तुममें से हर एक अपने ही अंजीर वृक्ष से अंजीर खाएगा, और तुममें से हर एक अपने ही कुंड में से जल पीएगा. 32 तब मैं आऊंगा और तुम्हें एक ऐसे देश में ले जाऊंगा, जो तुम्हारे ही देश के सदृश्य है, ऐसा देश जहां अन्‍न की उपज है, तथा नई द्राक्षा भी. यह भोजन तथा द्राक्षा उद्यानों का देश है, जैतून के पेड़ों और शहद में भरपूर; कि तुम वहां सम्पन्‍नता में जी सको, तुम काल का ग्रास न बनो.

“तब तुम हिज़किय्याह के आश्वासन पर ध्यान न देना, जब वह तुम्हें यह कहते हुए भटकाएगा: ‘याहवेह हमारा छुटकारा कर देंगे.’ 33 भला, कहीं कोई ऐसा हुआ भी है कि पड़ोसी राष्ट्रों के किसी देवता ने अपने देश को अश्शूर के राजा से बचाया हो? 34 कहां हैं, हामाथ तथा अरपाद के देवता? कहां हैं, सेफरवाइम, हेना और इव्वाह के देवता? और हां, उन्होंने शमरिया को कब मेरे अधिकार से विमुक्त किया है? 35 इन देशों के किस देवता ने अपने देश को मेरे हाथों से विमुक्त किया है? यह याहवेह येरूशलेम को मेरे हाथों से कैसे विमुक्त करा लेंगे?”

36 मगर प्रजा मौन रही. किसी ने भी उससे एक शब्द तक न कहा, क्योंकि राजा का आदेश ही यह था, “उसे उत्तर न देना!”

37 हिलकियाह के पुत्र एलियाकिम ने, जो राजघराने में गृह प्रबंधक था, लिपिक शेबना और आसफ के पुत्र योआह ने, जो लेखापाल था अपने वस्त्र फाड़े और जाकर प्रमुख सेनापति के शब्द राजा को जा सुनाए.

19:1 जब राजा हिज़किय्याह ने यह सब सुना, उसने अपने वस्त्र फाड़ दिए, टाट पहन लिया और याहवेह के भवन में चला गया. 2 राजा ने गृह प्रबंधक एलियाकिम, सचिव शेबना, पुरनियों और पुरोहितों को, जो टाट धारण किए हुए थे, आमोज़ के पुत्र भविष्यद्वक्ता यशायाह के पास भेजा. 3 उन्होंने जाकर यशायाह से विनती की, “हिज़किय्याह की यह विनती है, ‘आज का दिन संकट, फटकार और अपमान का दिन है. प्रसव का समय आ पहुंचा है, मगर प्रसूता में प्रसव के लिए शक्ति ही नहीं रह गई. 4 संभव है याहवेह, आपके परमेश्वर प्रमुख सेनापति द्वारा कहे गए सभी शब्द सुन लें, जो उसके स्वामी, अश्शूर के राजा ने जीवित परमेश्वर की निंदा में उससे कहलवाए थे. संभव है इन शब्दों को सुनकर याहवेह, आपके परमेश्वर उसे फटकार लगाएं. इसलिये कृपा कर यहां प्रजा के बचे हुओं के लिए आकर प्रार्थना कीजिए.’ ”

5 जब राजा हिज़किय्याह के सेवक यशायाह के पास पहुंचे, 6 यशायाह ने उनसे कहा, “अपने स्वामी से कहना, ‘याहवेह का संदेश यह है, उन शब्दों के कारण जो तुमने सुने हैं, जिनके द्वारा अश्शूर के राजा के सेवकों ने मेरी निंदा की है, तुम डरना मत. 7 तुम देख लेना मैं उसमें एक ऐसी आत्मा ड़ाल दूंगा कि उसे उड़ते-उड़ते समाचार सुनाई देने लगेंगे और वह अपने देश को लौट जाएगा और ऐसा कुछ करूंगा कि वह अपने ही देश में तलवार का कौर हो जाएगा.’ ”

स्तोत्र 44

संगीत निर्देशक के लिये. कोराह के पुत्रों की रचना. एक मसकील.

1 हे परमेश्वर, हमने अपने कानों से सुना है,

पूर्वजों ने उसका उल्लेख किया है,

कि प्राचीन काल में,

हमारे पूर्वजों के समय में

आपने जो कुछ किया है:

2 अपने भुजबल से आपने जनताओं को निकाल दिया

और उनके स्थान पर हमारे पूर्वजों को बसा दिया;

आपने उन लोगों को कुचल दिया

और हमारे पूर्वजों को समृद्ध बना दिया.

3 यह अधिकार उन्होंने अपनी तलवार के बल पर नहीं किया,

और न ही यह उनके भुजबल का परिणाम था;

यह परिणाम था आपके दायें हाथ,

उसकी सामर्थ्य तथा

आपके मुख के प्रकाश का, क्योंकि वे आपकी प्रीति के पात्र थे.

4 मेरे परमेश्वर, आप मेरे राजा हैं,

याकोब की विजय का आदेश दीजिए.

5 आपके द्वारा ही हम अपने शत्रुओं पर प्रबल हो सकेंगे;

आप ही के महिमामय नाम से हम अपने शत्रुओं को कुचल डालेंगे.

6 मुझे अपने धनुष पर भरोसा नहीं है,

मेरी तलवार भी मेरी विजय का साधन नहीं है;

7 हमें अपने शत्रुओं पर विजय आपने ही प्रदान की है,

आपने ही हमारे शत्रुओं को लज्जित किया है.

8 हम निरंतर परमेश्वर में गर्व करते रहे,

हम सदा-सर्वदा आपकी महिमा का धन्यवाद करते रहेंगे.

9 किंतु अब आपने हमें लज्जित होने के लिए शोकित छोड़ दिया है;

आप हमारी सेना के साथ भी नहीं चल रहे.

10 आपके दूर होने के कारण, हमें शत्रुओं को पीठ दिखानी पड़ी.

यहां तक कि हमारे विरोधी हमें लूटकर चले गए.

11 आपने हमें वध के लिए निर्धारित भेड़ों समान छोड़ दिया है.

आपने हमें अनेक राष्ट्रों में बिखेर दिया है.

12 आपने अपनी प्रजा को मिट्टी के मोल बेच दिया,

और ऊपर से आपने इसमें लाभ मिलने की भी बात नहीं की.

13 अपने पड़ोसियों के लिए अब हम निंदनीय हो गए हैं,

सबके सामने घृणित एवं उपहास पात्र.

14 राष्ट्रों में हम उपमा होकर रह गए हैं;

हमारे नाम पर वे सिर हिलाने लगते हैं.

15 सारे दिन मेरा अपमान मेरे सामने झूलता रहता है,

तथा मेरी लज्जा ने मुझे भयभीत कर रखा है.

16 उस शत्रु की वाणी, जो मेरी निंदा एवं मुझे कलंकित करता है,

उसकी उपस्थिति के कारण जो शत्रु तथा बदला लेनेवाले है.

17 हमने न तो आपको भुला दिया था,

और न हमने आपकी वाचा ही भंग की;

फिर भी हमें यह सब सहना पड़ा.

18 हमारे हृदय आपसे बहके नहीं;

हमारे कदम आपके मार्ग से भटके नहीं.

19 फिर भी आपने हमें उजाड़ कर गीदड़ों का बसेरा बना दिया;

और हमें गहन अंधकार में छिपा दिया.

20 यदि हम अपने परमेश्वर को भूल ही जाते

अथवा हमने अन्य देवताओं की ओर हाथ बढ़ाया होता,

21 क्या परमेश्वर को इसका पता न चल गया होता,

उन्हें तो हृदय के सभी रहस्यों का ज्ञान होता है?

22 फिर भी आपके निमित्त हम दिन भर मृत्यु का सामना करते रहते हैं;

हमारी स्थिति वध के लिए निर्धारित भेड़ों के समान है.

23 जागिए, प्रभु! सो क्यों रहे हैं?

उठ जाइए! हमें सदा के लिए शोकित न छोड़िए.

24 आपने हमसे अपना मुख क्यों छिपा लिया है

हमारी दुर्दशा और उत्पीड़न को अनदेखा न कीजिए?

25 हमारे प्राण धूल में मिल ही चुके हैं;

हमारा पेट भूमि से जा लगा है.

26 उठकर हमारी सहायता कीजिए;

अपने करुणा-प्रेम के निमित्त हमें मुक्त कीजिए.