बंधुआई और बाबेल के विनाश की भविष्यवाणी
बाबेल की बंधुआई और बाबेल के विनाश की भविष्यवाणी।
710 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
1 बाबेल की मूर्ति बेल और नेबो देवता झुक गए हैं;
उनकी मूर्तियों को पशुओं पर रखकर ले जाया जा रहा है.
जिन वस्तुओं को वे उठाए फिरते थे,
वे अब बोझ बन गई है.
2 वे दोनों देवता ही झुक गए हैं;
वे इन मूर्तियों के बोझ को उठा न सके,
वे तो स्वयं ही बंधुवाई में चले गए हैं.
3 “हे याकोब के घराने, मेरी सुनो,
इस्राएल के बचे हुए लोग,
तुम भी सुनो! तुम तो जन्म ही से,
मेरी देखरेख में रहे हो.
4 तुम्हारे बुढ़ापे तक भी मैं ऐसा ही रहूंगा,
तुम्हारे बाल पकने तक मैं तुम्हें साथ लेकर चलूंगा.
मैंने तुम्हें बनाया है और मैं तुम्हें साथ साथ लेकर चलूंगा;
इस प्रकार ले जाते हुए मैं तुम्हें विमुक्ति तक पहुंचा दूंगा.
5 “तुम मेरी उपमा किससे दोगे तथा मुझे किसके समान बताओगे,
कि हम दोनों एक समान हो जाएं?
6 वे जो अपनी थैली से सोना
उण्डेलते या कांटे से चांदी तौलते हैं;
जो सुनार को मजदूरी देकर देवता बनाते हैं,
फिर उसको प्रणाम और दंडवत करते हैं.
7 वे इस मूर्ति को अपने कंधे पर लेकर जाते हैं;
और उसे उसके स्थान पर रख देते हैं और वह वहीं खड़ी रहती है.
वह मूर्ति अपनी जगह से हिलती तक नहीं.
कोई भी उसके पास खड़ा होकर कितना भी रोए, उसमें उत्तर देने की ताकत नहीं;
उसकी पीड़ा से उसे बचाने की ताकत उसमें नहीं है!
8 “यह स्मरण रखकर दृढ़ बने रहो,
हे अपराधियो, इसे मन में याद करते रहो.
9 उन बातों को याद रखो, जो बहुत पहले हो चुकी हैं;
क्योंकि परमेश्वर मैं हूं, मेरे समान और कोई नहीं.
10 मैं अंत की बातें पहले से ही बताता आया हूं,
प्राचीन काल से जो अब तक पूरी नहीं हुई हैं.
जब मैं किसी बात की कोई योजना बनाता हूं,
तो वह घटती है;
मैं वही करता हूं जो मैं करना चाहता हूं
11 मैं पूर्व दिशा से उकाब को;
अर्थात् दूर देश से मेरी इच्छा पूरी करनेवाले पुरुष को बुलाता हूं.
मैंने ही यह बात कही;
और यह पूरी होकर रहेगी.
12 हे कठोर मनवालो,
तुम जो धर्म से दूर हो, मेरी सुनो.
13 मैं अपनी धार्मिकता को पास ला रहा हूं,
यह दूर नहीं है;
मेरे द्वारा उद्धार करने में देर न हो.
मैं इस्राएल के लिए अपनी महिमा,
और ज़ियोन का उद्धार करूंगा.”
47:1 याहवेह कहते हैं, “बाबेल की कुंवारी बेटी,
आओ, धूल में बैठ जाओ;
कसदियों की बेटी सिंहासन पर नहीं,
अब धूल में बैठो.
क्योंकि अब तुम्हें कोई
कोमल तथा सुकुमारी नहीं कहेगा.
2 चक्की लेकर आटा पीसो;
अपना घूंघट हटा दो.
बाह्य वस्त्र उतार दो,
कि नंगे पैर नदियां पार कर सको.
3 तुम्हारी नग्नता सामने आ जायेगी
तुम्हारी लज्जा बाहर दिखेगी.
मैं तुमसे बदला लूंगा;
और एक भी व्यक्ति छूट न सकेगा.”
4 हमें छुटकारा देनेवाले का नाम है सर्वशक्तिमान याहवेह
इस्राएल के पवित्र परमेश्वर है.
5 “हे कसदियों की पुत्री,
अंधकार में जाकर शांत बैठ जाओ;
क्योंकि अब तुम महलों की
रानी नहीं कहलाओगी.
6 मैं अपनी प्रजा से अप्रसन्न था,
मैंने अपने निज भाग को अपवित्र किया;
और तुम्हें सौंप दिया,
तुमने उन पर दया नहीं की.
बूढ़ों पर भारी
बोझ रख दिया.
7 फिर भी तुम ज़िद करती रही कि,
‘रानी तो सदैव मैं ही बनी रहूंगी!’
न तो तुमने इन बातों का ध्यान रखा
और न ही इसके बारे में सोचा.
8 “इसलिये, अब सुन,
तुम जो इस समय सुरक्षित रह रही हो,
जो मन ही मन सोच रही हो कि,
‘मेरे सिवाय ऐसा कोई भी नहीं है.
मैं विधवा के समान न बैठूंगी
न मेरे बच्चे मिटेंगे.’
9 किंतु ये दोनों दुःख अचानक
एक ही दिन में तुम पर आ पड़ेंगे:
बालकों की मृत्यु तथा विधवा हो जाना.
तुम्हारे अनेक टोन्हों के होने पर भी
तथा जादू की शक्ति होते हुए भी यह होगा.
10 अपनी गलती में सुरक्षा का अनुभव करते हुए
तुमने यही सोचा कि, ‘कोई मुझे नहीं देख सकता.’
तुम्हारे ही ज्ञान तथा तुम्हारी बुद्धि ने तुम्हें भटका दिया है
क्योंकि तुमने मन ही मन सोचा था,
‘मैं जो हूं, मेरे सिवाय ऐसा कोई भी नहीं है.’
11 किंतु कष्ट तो तुम पर आएगा ही,
अपने जादू-टोने से इसे दूर कर पाना मुश्किल होगा.
तुम पर तो घोर विपत्ति टूट ही पड़ेगी
जिसका सामना करना तुम्हारे लिए संभव न होगा;
यह ऐसी घोर विपत्ति होगी, जिसके विषय में तुम्हें मालूम न होगा
यह तुम पर अचानक आ पड़ेगी.
12 “अपने जादू-टोन्हों, जिसका तुमने बचपन से अभ्यास किया है,
कदाचित उससे तुमको फायदा होगा
या शायद उनके बल से स्थिर रह सकोगी!
13 तू तो कोशिश करते-करते थक गई है, अब ज्योतिषी,
जो तारों और नये चांद को देखकर होनहार बताते हैं, वे तुम्हें उससे बचाएं जो तुम पर घटने वाली है.
14 देख वे भूसे के समान आग में जल जायेंगे,
वे अपने आपको आग से न बचा पायेंगे.
यह तापने के लिए अंगार नहीं,
और न ही सेंकने के लिए आग!
15 जिनके साथ तुम मेहनत करती रही हो—
बचपन से ही जिनसे
तुम्हारा लेनदेन होता रहा है.
उनमें से हर एक अपने ही रास्ते पर भटक रहा है;
तुम्हारी रक्षा के लिए कोई भी नहीं बचा.