दावीद के शासनकाल के भजन, रचनाकाल अनिश्चित (continued)
राजा बनने के बाद दावीद द्वारा लिखे गए भजन जिनके रचनाकाल और अवसर अनिश्चित हैं।
1015 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
दावीद की रचना. एक स्तोत्र.
1 पृथ्वी और पृथ्वी में जो कुछ भी है, सभी कुछ याहवेह का ही है.
संसार और वे सभी, जो इसमें निवास करते हैं, उन्हीं के हैं;
2 क्योंकि उन्हीं ने महासागर पर इसकी नींव रखी
तथा जलप्रवाहों पर इसे स्थिर किया.
3 कौन चढ़ सकेगा याहवेह के पर्वत पर?
कौन खड़ा रह सकेगा उनके पवित्र स्थान में?
4 वही, जिसके हाथ निर्मल और हृदय शुद्ध है,
जो मूर्तियों पर भरोसा नही रखता,
जो झूठी शपथ नहीं करता.
5 उस पर याहवेह की आशीष स्थायी रहेगी.
परमेश्वर, उसका छुड़ाने वाला, उसे धर्मी घोषित करेंगे.
6 यही है वह पीढ़ी, जो याहवेह की कृपादृष्टि खोजने वाली,
जो आपके दर्शन की अभिलाषी है, हे याकोब के परमेश्वर!
7 प्रवेश द्वारो, ऊंचे करो अपने मस्तक;
प्राचीन किवाड़ो, ऊंचे हो जाओ,
कि महातेजस्वी महाराज प्रवेश कर सकें.
8 यह महातेजस्वी राजा हैं कौन?
याहवेह, तेजी और समर्थ,
याहवेह, युद्ध में पराक्रमी.
9 प्रवेश द्वारों, ऊंचा करो अपने मस्तक;
प्राचीन किवाड़ों, ऊंचे हो जाओ,
कि महातेजस्वी महाराज प्रवेश कर सकें.
10 यह महातेजस्वी राजा कौन है?
सर्वशक्तिमान याहवेह!
वही हैं महातेजस्वी महाराजा.
दावीद की रचना
1 याहवेह, मैं आपको पुकार रहा हूं;
आप मेरी सुरक्षा की चट्टान हैं,
मेरी अनसुनी न कीजिए.
कहीं ऐसा न हो कि आपके प्रत्युत्तर न देने पर मैं उनके समान हो जाऊं,
जो मृतक लोक में उतर रहे हैं.
2 जब मैं परम पवित्र स्थान
की ओर अपने हाथ उठाऊं,
जब मैं सहायता के लिए आपको पुकारूं,
तो मेरी पुकार सुन लीजिए.
3 दुष्टों के लिए निर्धारित दंड में मुझे सम्मिलित न कीजिए,
वे अधर्म करते रहते हैं,
पड़ोसियों के साथ उनका वार्तालाप अत्यंत मेल-मिलाप का होता है
किंतु उनके हृदय में उनके लिए बुराई की युक्तियां ही उपजती रहती हैं.
4 उन्हें उनके आचरण के अनुकूल ही प्रतिफल दीजिए,
उन्होंने जो कुछ किया है बुराई की है;
उन्हें उनके सभी कार्यों के अनुरूप दंड दीजिए,
उन्हें वही दंड दीजिए, जिसके वे अधिकारी हैं.
5 क्योंकि याहवेह के महाकार्य का,
याहवेह की कृतियों के लिए ही, उनकी दृष्टि में कोई महत्व नहीं!
याहवेह उन्हें नष्ट कर देंगे,
इस रीति से कि वे कभी उठ न पाएंगे.
6 याहवेह का स्तवन हो,
उन्होंने सहायता के लिए मेरी पुकार सुन ली है.
7 याहवेह मेरा बल एवं मेरी ढाल हैं;
उन पर ही मेरा भरोसा है, उन्होंने मेरी सहायता की है.
मेरा हृदय हर्षोल्लास में उछल रहा है,
मैं अपने गीत के द्वारा उनके लिए आभार व्यक्त करूंगा.
8 याहवेह अपनी प्रजा का बल हैं,
अपने अभिषिक्त के लिए उद्धार का दृढ़ गढ़ हैं.
9 आप अपनी मीरास को उद्धार प्रदान कीजिए और उसे आशीष दीजिए;
उनके चरवाहा होकर उन्हें सदा-सर्वदा संभालते रहिए.
दावीद का एक स्तोत्र.
29:1 स्वर्गदूत, याहवेह की महिमा करो,
उनके तेज तथा सामर्थ्य की महिमा करो.
2 याहवेह को उनके नाम के अनुरूप महिमा प्रदान करो;
उनकी पवित्रता की भव्यता में याहवेह की आराधना करो.
3 महासागर की सतह पर याहवेह का स्वर प्रतिध्वनित होता है;
महिमामय परमेश्वर का स्वर गर्जन समान है,
याहवेह प्रबल लहरों के ऊपर गर्जन करते हैं.
4 शक्तिशाली है याहवेह का स्वर;
भव्य है याहवेह का स्वर.
5 याहवेह का स्वर देवदार वृक्ष को उखाड़ फेंकता है;
याहवेह लबानोन के देवदार वृक्षों को टुकड़े-टुकड़े कर डालते हैं.
6 याहवेह लबानोन को बछड़े जैसे उछलने,
तथा हर्मोन को वन्य सांड़ जैसे, उछलने के लिए प्रेरित करते हैं.
7 याहवेह के स्वर का प्रहार,
बिजलियों के समान होता है.
8 याहवेह का स्वर वन को हिला देता है;
याहवेह कादेश के बंजर भूमि को हिला देते हैं.
9 याहवेह के स्वर से हिरणियों का गर्भपात हो जाता है;
उनके स्वर से बंजर भूमि में पतझड़ हो जाता है.
तब उनके मंदिर में सभी पुकार उठते हैं, “याहवेह की महिमा ही महिमा!”
10 ढेर जल राशि पर याहवेह का सिंहासन बसा है;
सर्वदा महाराजा होकर वह सिंहासन पर विराजमान हैं.
11 याहवेह अपनी प्रजा को बल प्रदान करते हैं;
याहवेह अपनी प्रजा को शांति की आशीष प्रदान करते हैं.
दावीद का एक स्तोत्र. अभ्यर्थना.
1 याहवेह, अपने क्रोध में मुझे न डांटिए
और न अपने कोप में मुझे दंड दीजिए.
2 क्योंकि आपके बाण मुझे लग चुके हैं,
और आपके हाथ के बोझ ने मुझे दबा रखा है.
3 आपके प्रकोप ने मेरी देह को स्वस्थ नहीं छोड़ा;
मेरे ही पाप के परिणामस्वरूप मेरी हड्डियों में अब बल नहीं रहा.
4 मैं अपने अपराधों में डूब चुका हूं;
एक अतिशय बोझ के समान वे मेरी उठाने की क्षमता से परे हैं.
5 मेरे घाव सड़ चुके हैं, वे अत्यंत घृणास्पद हैं
यह सभी मेरी पापमय मूर्खता का ही परिणाम है.
6 मैं झुक गया हूं, दुर्बलता के शोकभाव से अत्यंत नीचा हो गया हूं;
सारे दिन मैं विलाप ही करता रहता हूं.
7 मेरी कमर में जलती-चुभती-सी पीड़ा हो रही है;
मेरी देह अत्यंत रुग्ण हो गई है.
8 मैं दुर्बल हूं और टूट चुका हूं;
मैं हृदय की पीड़ा में कराह रहा हूं.
9 प्रभु, आपको यह ज्ञात है कि मेरी आकांक्षा क्या है;
मेरी आहें आपसे छुपी नहीं हैं.
10 मेरे हृदय की धड़कने तीव्र हो गई हैं, मुझमें बल शेष न रहा;
यहां तक कि मेरी आंखों की ज्योति भी जाती रही.
11 मेरे मित्र तथा मेरे साथी मेरे घावों के कारण मेरे निकट नहीं आना चाहते;
मेरे संबंधी मुझसे दूर ही दूर रहते हैं.
12 मेरे प्राणों के प्यासे लोगों ने मेरे लिए जाल बिछाया है,
जिन्हें मेरी दुर्गति की कामना है; मेरे विनाश की योजना बना रहे हैं,
वे सारे दिन छल की बुरी युक्ति रचते रहते हैं.
13 मैं बधिर मनुष्य जैसा हो चुका हूं, जिसे कुछ सुनाई नहीं देता,
मैं मूक पुरुष-समान हो चुका हूं, जो बातें नहीं कर सकता;
14 हां, मैं उस पुरुष-सा हो चुका हूं, जिसकी सुनने की शक्ति जाती रही,
जिसका मुख बोलने के योग्य नहीं रह गया.
15 याहवेह, मैंने आप पर ही भरोसा किया है;
कि प्रभु मेरे परमेश्वर उत्तर आपसे ही प्राप्त होगा.
16 मैंने आपसे अनुरोध किया था, “यदि मेरे पैर फिसलें,
तो उन्हें मुझ पर हंसने और प्रबल होने का सुख न देना.”
17 अब मुझे मेरा अंत निकट आता दिख रहा है,
मेरी पीड़ा सतत मेरे सामने बनी रहती है.
18 मैं अपना अपराध स्वीकार कर रहा हूं;
मेरे पाप ने मुझे अत्यंत व्याकुल कर रखा है.
19 मेरे शत्रु प्रबल, सशक्त तथा अनेक हैं;
जो अकारण ही मुझसे घृणा करते हैं.
20 वे मेरे उपकारों का प्रतिफल अपकार में देते हैं;
जब मैं उपकार करना चाहता हूं,
वे मेरा विरोध करते हैं.
21 याहवेह, मेरा परित्याग न कीजिए;
मेरे परमेश्वर, मुझसे दूर न रहिए.
22 तुरंत मेरी सहायता कीजिए,
मेरे प्रभु, मेरे उद्धारकर्ता.