दावीद के शासनकाल के भजन, रचनाकाल अनिश्चित
राजा बनने के बाद दावीद द्वारा लिखे गए भजन जिनके रचनाकाल और अवसर अनिश्चित हैं।
1015 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
संगीत निर्देशक के लिये. तार वाद्यों के संगत के साथ. शेमिनिथ. पर आधारित. दावीद का एक स्तोत्र.
1 याहवेह, अपने क्रोध में मुझे न डांटें,
झुंझलाहट में मेरी ताड़ना न करें.
2 कृपा करें, याहवेह, मैं शिथिल हो चुका हूं;
मुझमें शक्ति का संचार करें, मेरी हड्डियों को भी पीड़ा ने जकड़ लिया है.
3 मेरे प्राण घोर पीड़ा में हैं.
याहवेह, आप कब तक ठहरे रहेंगे?
4 याहवेह, आकर मुझे बचा लीजिए;
अपने करुणा-प्रेम के निमित्त मुझे बचा लीजिए.
5 क्योंकि मृत अवस्था में आपका स्मरण करना संभव नहीं.
अधोलोक में कौन आपका स्तवन कर सकता है?
6 कराहते-कराहते मैं थक चुका हूं,
प्रति रात्रि मेरे आंसुओं से मेरा बिछौना भीग जाता है,
मेरे आंसू मेरा तकिया भिगोते रहते हैं.
7 शोक से मेरी आंखें निस्तेज हो गई हैं;
मेरे शत्रुओं के कारण मेरी आंखें क्षीण हो चुकी हैं.
8 दुष्टो, दूर रहो मुझसे,
याहवेह ने मेरे रोने का शब्द सुन लिया है.
9 याहवेह ने मेरा गिड़गिड़ाना सुना है;
याहवेह मेरी प्रार्थना स्वीकार कर लेंगे.
10 मेरे समस्त शत्रु लज्जित किए जाएंगे, वे पूर्णतः निराश हो जाएंगे;
वे पीठ दिखाएंगे और तत्काल ही लज्जित किए जाएंगे!
संगीत निर्देशक के लिये. गित्तीथ पर आधारित. दावीद का एक स्तोत्र.
1 याहवेह, हमारे प्रभु,
समस्त पृथ्वी पर कितना तेजमय है आपका नाम!
स्वर्ग पर आपने
अपने वैभव को प्रदर्शित किया है.
2 आपने अपने शत्रुओं के कारण बालकों एवं शिशुओं
के मुख से अपना बल बसा लिया,
कि आपके विरोधियों तथा शत्रु का अंत हो जाए.
3 जब मैं आपकी उंगलियों,
द्वारा रचा आकाश,
चंद्रमा और नक्षत्रों को,
जिन्हें आपने यथास्थान पर स्थापित किया, देखता हूं,
4 तब मैं विचार करता हूं: मनुष्य है ही क्या, कि आप उसकी ओर ध्यान दें?
क्या विशेषता है मानव में कि आप उसके विषय में विचार भी करें?
5 आपने मनुष्य को सम्मान और वैभव का मुकुट पहनाया,
क्योंकि आपने उसे स्वर्गदूतों से थोड़ा ही कम बनाया है.
6 आपने उसे अपनी सृष्टि का प्रशासक बनाया;
आपने सभी कुछ उसके अधिकार में दे दिया:
7 भेड़-बकरी, गाय-बैल,
तथा वन्य पशु,
8 आकाश के पक्षी,
एवं समुद्र की मछलियां,
तथा समुद्री धाराओं में चलते फिरते सभी जलचर भी.
9 याहवेह, हमारे प्रभु,
समस्त पृथ्वी पर कितना तेजमय है आपका नाम!
संगीत निर्देशक के लिये. शेमिनिथ पर आधारित. दावीद का एक स्तोत्र.
1 याहवेह, हमारी रक्षा कीजिए, कोई भक्त अब शेष न रहा;
मनुष्यों के मध्य से विश्वासयोग्य पुरुष नहीं रहे.
2 मनुष्य मनुष्य से झूठी बातें कर रहा है;
वे चापलूसी करते हुए
एक दूसरे का छल करते हैं.
3 अच्छा होगा यदि याहवेह चापलूसी होंठों
तथा घमंडी जीभ को काट डालें.
4 वे डींग मारते हुए कहते हैं,
“शक्ति हमारी जीभ में मगन है;
ओंठ हमारे वश में हैं. कौन हो सकता है हमारा स्वामी?”
5 किंतु अब याहवेह का कहना है, “दुःखितों के प्रति की गई हिंसा के कारण,
निर्धनों की करुण वाणी के कारण मैं उनके पक्ष में उठ खड़ा होऊंगा.
मैं उन्हें वही सुरक्षा प्रदान करूंगा, वे जिसकी कामना कर रहे हैं.”
6 याहवेह का वचन शुद्ध है,
उस चांदी-समान हैं,
जिसे भट्टी में सात बार तपा कर शुद्ध किया गया है.
7 याहवेह, उन्हें अपनी सुरक्षा में बनाए रखेंगे
उन्हें इस पीढ़ी से सर्वदा सुरक्षा प्रदान करेंगे,
8 जब मनुष्यों द्वारा नीचता का आदर किया जाता है,
तब दुष्ट चारों और अकड़ कर चलते फिरते हैं.
संगीत निर्देशक के लिये. दावीद का एक स्तोत्र.
1 स्वर्ग परमेश्वर की महिमा को प्रगट करता है;
अंतरीक्ष उनकी हस्तकृति का प्रघोषण करता है.
2 हर एक दिन आगामी दिन से इस विषय में वार्तालाप करता है;
हर एक रात्रि आगामी रात्रि को ज्ञान की शक्ति प्रगट करती है.
3 इस प्रक्रिया में न तो कोई बोली है, न ही कोई शब्द;
यहां तक कि इसमें कोई आवाज़ भी नहीं है.
4 इनका स्वर संपूर्ण पृथ्वी पर गूंजता रहता है,
इनका संदेश पृथ्वी के छोर तक जा पहुंचता है.
परमेश्वर ने स्वर्ग में सूर्य के लिए एक मंडप तैयार किया है.
5 और सूर्य एक वर के समान है, जो अपने मंडप से बाहर आ रहा है,
एक बड़े शूरवीर के समान, जिसके लिए दौड़ एक आनन्दप्रदायी कृत्य है.
6 वह आकाश के एक सिरे से उदय होता है,
तथा दूसरे सिरे तक चक्कर मारता है;
उसके ताप से कुछ भी छुपा नहीं रहता.
7 संपूर्ण है याहवेह की व्यवस्था,
जो आत्मा की संजीवनी है.
विश्वासयोग्य हैं याहवेह के अधिनियम,
जो साधारण लोगों को बुद्धिमान बनाते हैं.
8 धर्ममय हैं याहवेह के नीति सूत्र,
जो हृदय का उल्लास हैं.
शुद्ध हैं याहवेह के आदेश,
जो आंखों में ज्योति ले आते हैं.
9 निर्मल है याहवेह की श्रद्धा,
जो अमर है.
सत्य हैं याहवेह के नियम,
जो पूर्णतः धर्ममय हैं.
10 वे स्वर्ण से भी अधिक मूल्यवान हैं,
हां, उत्तम कुन्दन से भी अधिक,
वे मधु से अधिक मधुर हैं,
हां, मधुछत्ते से टपकते मधु से भी अधिक मधुर.
11 इन्हीं के द्वारा आपके सेवक को चेतावनी मिलती हैं;
इनके पालन करने से बड़ा प्रतिफल प्राप्त होता है.
12 अपनी भूल-चूक का ज्ञान किसे होता है?
अज्ञानता में किए गए मेरे पापों को क्षमा कर दीजिए.
13 अपने सेवक को ढिठाई के पाप करने से रोके रहिए;
वे मुझे अधीन करने न पाएं.
तब मैं निरपराध बना रहूंगा,
मैं बड़े अपराधों का दोषी न रहूंगा.
14 याहवेह, मेरी चट्टान और मेरे उद्धारक,
मेरे मुख का वचन तथा मेरे हृदय का चिंतन
आपको स्वीकार्य हो.
दावीद का एक स्तोत्र.
1 याहवेह मेरे चरवाहा हैं, मुझे कोई घटी न होगी.
2 वह मुझे हरी-हरी चराइयों में विश्रान्ति प्रदान करते हैं,
वह मुझे शांत स्फूर्ति देनेवाली जलधाराओं के निकट ले जाते हैं.
3 वह मेरे प्राण में नवजीवन का संचार करते हैं.
वह अपनी ही महिमा के निमित्त
मुझे धर्म के मार्ग पर लिए चलते हैं.
4 यद्यपि मैं भयानक अंधकारमय घाटी
में से होकर आगे बढ़ता हूं,
तौभी मैं किसी बुराई से भयभीत नहीं होता,
क्योंकि आप मेरे साथ होते हैं,
आपकी लाठी और आपकी छड़ी,
मेरे आश्वासन हैं.
5 आप मेरे शत्रुओं के सामने
मेरे लिए उत्कृष्ट भोजन परोसते हैं.
आप तेल से मेरे सिर को मला करते हैं;
मेरा प्याला उमड़ रहा है.
6 निश्चयतः कुशल मंगल और करुणा-प्रेम
आजीवन मेरे साथ साथ बने रहेंगे,
और मैं सदा-सर्वदा याहवेह के आवास में,
निवास करता रहूंगा.