दावीद के शासनकाल के भजन, रचनाकाल अनिश्चित (continued)
राजा बनने के बाद दावीद द्वारा लिखे गए भजन जिनके रचनाकाल और अवसर अनिश्चित हैं।
1015 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
संगीत निर्देशक के लिये. यदूथून के लिए. दावीद का एक स्तोत्र.
1 मैंने निश्चय किया, “मैं पाप करने से अपने आचरण
एवं जीभ से अपने बोलने की चौकसी करूंगा;
यदि मैं दुष्टों की उपस्थिति में हूं,
मैं अपने वचनों पर नियंत्रण रखूंगा.”
2 तब मैंने मौन धारण कर लिया,
यहां तक कि मैंने भली बातों पर भी नियंत्रण लगा दिया,
तब मेरी व्याकुलता बढ़ती चली गई;
3 भीतर ही भीतर मेरा हृदय जलता गया
और इस विषय पर अधिक विचार करने पर मेरे भीतर अग्नि भड़कने लगी;
तब मैंने अपना मौन तोड़ दिया और जीभ से बोल उठा:
4 “याहवेह, मुझ पर मेरे जीवन का अंत प्रकट कर दीजिए.
मुझे बताइए कि कितने दिन शेष हैं मेरे जीवन के;
मुझ पर स्पष्ट कीजिए कि कितना है मेरा क्षणभंगुर जीवन.
5 आपने मेरी आयु क्षणिक मात्र ही निर्धारित की है;
आपकी तुलना में मेरी आयु के वर्ष नगण्य हैं.
वैसे भी मनुष्य का जीवन-श्वास मात्र ही होता है,
वह शक्तिशाली व्यक्ति का भी.
6 “एक छाया के समान, जो चलती-फिरती रहती है;
उसकी सारी भाग दौड़ निरर्थक ही होती है.
वह धन संचित करता जाता है, किंतु उसे यह ज्ञात ही नहीं होता, कि उसका उपभोग कौन करेगा.
7 “तो प्रभु, अब मैं किस बात की प्रतीक्षा करूं?
मेरी एकमात्र आशा आप ही हैं.
8 मुझे मेरे समस्त अपराधों से उद्धार प्रदान कीजिए;
मुझे मूर्खों की घृणा का पात्र होने से बचाइए.
9 मैं मूक बन गया; मैंने कुछ भी न कहना उपयुक्त समझा,
क्योंकि आप उठे थे.
10 अब मुझ पर प्रहार करना रोक दीजिए;
आपके प्रहार से मैं टूट चुका हूं.
11 मनुष्यों द्वारा किए गए अपराध के लिए आप उन्हें ताड़ना के साथ दंड देते हैं,
आप उनकी अमूल्य संपत्ति ऐसे नष्ट कर देते हैं, मानो उसे कीड़ा खा गया.
निश्चयतः मनुष्य मात्र एक श्वास है.
12 “याहवेह, मेरी प्रार्थना सुनिए,
मेरी सहायता की पुकार पर ध्यान दीजिए;
मेरे आंसुओं की अनसुनी न कीजिए.
मैं अल्पकाल के लिए आपका परदेशी हूं,
ठीक जिस प्रकार मेरे समस्त पूर्वज प्रवासी थे.
13 इसके पूर्व कि मैं चला जाऊं, अपनी कोपदृष्टि मुझ पर से हटा लीजिए,
कि कुछ समय के लिए ही मुझे आनंद का सुख प्राप्त हो सके.”
दावीद की एक प्रार्थना
1 याहवेह, मेरी बिनती सुनकर मुझे उत्तर दीजिए,
क्योंकि मैं दरिद्र तथा दीन हूं.
2 मेरे प्राणों की रक्षा कीजिए, क्योंकि मैं आपके प्रति समर्पित हूं;
अपने इस सेवक को बचा लीजिए, जिसने आप पर भरोसा रखा है.
आप मेरे परमेश्वर हैं; 3 प्रभु, मुझ पर कृपा कीजिए,
क्योंकि मैं सारा दिन आपको पुकारता रहता हूं.
4 अपने सेवक के प्राणों में आनंद का संचार कीजिए,
क्योंकि, प्रभु, मैं अपना प्राण आपकी ओर उठाता हूं.
5 प्रभु, आप कृपानिधान एवं क्षमा शील हैं, उन सभी के प्रति,
जो आपको पुकारते हैं, आपका करुणा-प्रेम महान है.
6 याहवेह, मेरी प्रार्थना सुनिए;
कृपा कर मेरी पुकार पर ध्यान दीजिए.
7 संकट के अवसर पर मैं आपको पुकारूंगा,
क्योंकि आप मुझे उत्तर देंगे.
8 प्रभु, देवताओं में कोई भी आपके तुल्य नहीं है;
आपके कृत्यों की तुलना किसी अन्य से नहीं की जा सकती.
9 आपके द्वारा बनाए गए समस्त राष्ट्रों के लोग,
हे प्रभु, आपके सामने आकर आपकी वंदना करेंगे;
वे आपकी महिमा का आदर करेंगे.
10 क्योंकि आप महान हैं और अद्भुत हैं आपके कृत्य;
मात्र आप ही परमेश्वर हैं.
11 हे याहवेह, मुझे अपनी राह की शिक्षा दीजिए,
कि मैं आपके सत्य का आचरण करूं;
मुझे एकचित्त हृदय प्रदान कीजिए,
कि मैं आपकी महिमा के प्रति श्रद्धा बनाए रखूं.
12 मेरे प्रभु परमेश्वर, मैं संपूर्ण हृदय से आपका स्तवन करूंगा;
मैं आपकी महिमा का आदर सदैव करता रहूंगा.
13 क्योंकि मेरे प्रति आपका करुणा-प्रेम अधिक है;
अधोलोक के गहरे गड्ढे से,
आपने मेरे प्राण छुड़ा लिए हैं.
14 परमेश्वर, अहंकारी मुझ पर आक्रमण कर रहे हैं;
क्रूर पुरुषों का समूह मेरे प्राणों का प्यासा है,
ये वे हैं, जिनके हृदय में आपके लिए कोई सम्मान नहीं है.
15 किंतु प्रभु, आप कृपालु और दयालु परमेश्वर हैं,
आप विलंब से क्रोध करनेवाले तथा अति करुणामय एवं सत्य से परिपूर्ण हैं.
16 मेरी ओर फिरकर मुझ पर कृपा कीजिए;
अपने सेवक को अपनी ओर से शक्ति प्रदान कीजिए;
अपनी दासी के पुत्र को बचा लीजिए.
17 मुझे अपनी खराई का चिन्ह दिखाइए, कि इसे देख मेरे शत्रु लज्जित हो सकें,
क्योंकि वे देखेंगे, कि याहवेह, आपने मेरी सहायता की है,
तथा आपने ही मुझे सहारा भी दिया है.
1 चलो, हम याहवेह के स्तवन में आनंदपूर्वक गाएं;
अपने उद्धार की चट्टान के लिए उच्च स्वर में मनोहारी संगीत प्रस्तुत करें.
2 हम धन्यवाद के भाव में उनकी उपस्थिति में आएं
स्तवन गीतों में हम मनोहारी संगीत प्रस्तुत करें.
3 इसलिये कि याहवेह महान परमेश्वर हैं,
समस्त देवताओं के ऊपर सर्वोच्च राजा हैं.
4 पृथ्वी की गहराइयों पर उनका नियंत्रण है,
पर्वत शिखर भी उनके अधिकार में हैं.
5 समुद्र उन्हीं का है, क्योंकि यह उन्हीं की रचना है,
सूखी भूमि भी उन्हीं की हस्तकृति है.
6 आओ, हम नतमस्तक होकर आराधना करें,
हम याहवेह, हमारे सृजनहार के सामने घुटने टेकें!
7 क्योंकि वह हमारे परमेश्वर हैं
और हम उनके चराई की प्रजा हैं,
उनकी अपनी संरक्षित भेड़ें.
यदि आज तुम उनका स्वर सुनते हो,
8 “अपने हृदय कठोर न कर लेना. जैसे तुमने मेरिबाह में किया था,
जैसे तुमने उस समय बंजर भूमि में मस्साह नामक स्थान पर किया था,
9 जहां तुम्हारे पूर्वजों ने मुझे परखा और मेरे धैर्य की परीक्षा ली थी;
जबकि वे उस सबके गवाह थे, जो मैंने उनके सामने किया था.
10 उस पीढ़ी से मैं चालीस वर्ष उदास रहा;
मैंने कहा, ‘ये ऐसे लोग हैं जिनके हृदय फिसलते जाते हैं,
वे मेरे मार्ग समझ ही न सके हैं.’
11 तब अपने क्रोध में मैंने शपथ ली,
‘मेरे विश्राम में उनका प्रवेश कभी न होगा.’ ”