दावीद को मंदिर बनाने से मना किया जाता है (continued)
1044 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
दावीद की मिकताम गीत रचना.
1 परमेश्वर, मुझे सुरक्षा प्रदान कीजिए,
क्योंकि मैंने आप में आश्रय लिया है.
2 याहवेह से मैंने कहा, “आप ही प्रभु हैं;
वस्तुतः आपको छोड़ मेरा हित संभव ही नहीं.”
3 पृथ्वी पर आपके लोग पवित्र महिमामय हैं,
“वे ही मेरे सुख एवं आनंद का स्रोत हैं.”
4 वे, जो अन्य देवताओं के पीछे भागते हैं, उनके क्लेशों में वृद्धि होती जाएगी.
मैं उन देवताओं के लिए न तो रक्त की पेय बलि उंडेलूंगा
और न मैं उनका नाम अपने होंठों पर लाऊंगा.
5 याहवेह, आप मेरा हिस्सा हैं, आप ही मेरा भाग हैं;
आप ही मुझे सुरक्षा प्रदान करते हैं.
6 माप की डोर ने मेरे लिए रमणीय स्थान निर्धारित किए हैं;
निःसंदेह मेरा भाग आकर्षक है.
7 मैं याहवेह को स्तुत्य कहूंगा, जिन्होंने मेरा मार्गदर्शन किया है;
रात्रि में भी मेरा अंतःकरण मुझे शिक्षा देता है.
8 मैंने सदैव ही याहवेह की उपस्थिति का बोध अपने सामने बनाए रखा है.
जब वह नित मेरे दायें पक्ष में रहते हैं, तो भला मैं कैसे लड़खड़ा सकता हूं.
9 इसलिये मेरा हृदय आनंदित और मेरी जीभ मगन हुई;
मेरा शरीर भी सुरक्षा में विश्राम करेगा,
10 क्योंकि आप मेरे प्राण को अधोलोक में सड़ने नहीं छोड़ देंगे,
और न अपने मनचाहे प्रिय पात्र को मृत्यु के क्षय में.
11 आप मुझ पर सर्वदा जीवन का मार्ग प्रकाशित करेंगे;
आपकी उपस्थिति में परम आनंद है,
आपके दाहिने हाथ में सर्वदा सुख बना रहता है.
1 याहवेह का धन्यवाद करो,
क्योंकि वे भले हैं, सनातन है उनकी करुणा.
2 इस्राएल यह नारा लगाए:
“सनातन है उनकी करुणा.”
3 अहरोन के परिवार का यह नारा हो:
“सनातन है उनकी करुणा”
4 याहवेह के समस्त श्रद्धालुओं का यह नारा हो:
“सनातन है उनकी करुणा.”
5 अपने संकट की स्थिति में मैंने याहवेह को पुकारा;
और प्रत्युत्तर में वे मुझे एक विशाल स्थान पर ले आये.
6 मुझे कोई भय न होगा, क्योंकि याहवेह मेरे साथ हैं.
मनुष्य मेरा क्या बिगाड़ सकता है?
7 मेरे साथ याहवेह हैं; वह मेरे सहायक हैं.
मैं स्वयं अपने शत्रुओं का पराजय देखूंगा.
8 मनुष्य पर भरोसा करने की अपेक्षा
याहवेह का आश्रय लेना उत्तम है.
9 न्यायियों पर भरोसा करने की अपेक्षा से
याहवेह का आश्रय लेना उत्तम है.
10 सब राष्ट्रों ने मुझे घेर लिया था,
किंतु याहवेह के नाम में मैंने उन्हें नाश कर दिया.
11 मैं चारों ओर से घिर चुका था,
किंतु याहवेह के नाम में मैंने उन्हें नाश कर दिया.
12 उन्होंने मुझे उसी प्रकार घेर लिया था, जिस प्रकार मधुमक्खियां किसी को घेर लेती हैं,
किंतु मेरे सब शत्रु वैसे ही शीघ्र नाश हो गए जैसे अग्नि में जलती कंटीली झाड़ी;
याहवेह के नाम में मैंने उन्हें नाश कर दिया.
13 इस सीमा तक मेरा पीछा किया गया, कि मैं टूटने पर ही था,
किंतु याहवेह ने आकर मेरी सहायता की.
14 मेरा बल और मेरा गीत याहवेह हैं;
वे मेरा उद्धार बन गए हैं.
15 धर्मियों के मंडप से
ये उल्लासपूर्ण जयघोष प्रतिध्वनित हो रही हैं:
“याहवेह के दायें हाथ ने महाकार्य किए हैं!
16 याहवेह का दायां हाथ ऊंचा उठा हुआ है;
याहवेह के दायें हाथ ने महाकार्य किए हैं!”
17 मैं जीवित रहूंगा, मेरी मृत्यु नहीं होगी,
और मैं याहवेह के महाकार्य की उद्घोषणा करता रहूंगा.
18 कठोर थी मुझ पर याहवेह की प्रताड़ना,
किंतु उन्होंने मुझे मृत्यु के हाथों में नहीं सौंप दिया.
19 मेरे लिए धार्मिकता के द्वार खोल दिए जाएं;
कि मैं उनमें से प्रवेश करके याहवेह को आभार भेंट अर्पित कर सकूं.
20 यह याहवेह का प्रवेश द्वार है,
जिसमें से धर्मी ही प्रवेश करेंगे.
21 याहवेह, मैं आपको आभार भेंट अर्पित करूंगा;
क्योंकि आपने मेरी प्रार्थना सुन ली; आप मेरे उद्धारक हो गए हैं.
22 भवन निर्माताओं द्वारा
अयोग्य घोषित शिला ही आधारशिला बन गई है;
23 यह कार्य याहवेह का है,
हमारी दृष्टि में अद्भुत.
24 यह याहवेह द्वारा बनाया गया दिन है;
आओ, हम आनंद में उल्लसित हों.
25 याहवेह, हमारी रक्षा कीजिए!
याहवेह, हमें समृद्धि दीजिए!
26 स्तुत्य हैं वह, जो याहवेह के नाम में आ रहे हैं.
हम याहवेह के आवास से आपका अभिनंदन करते हैं.
27 याहवेह ही परमेश्वर हैं,
उन्होंने हम पर अपनी रोशनी डाली है.
उत्सव के बलि पशु को
वेदी के सींगों से बांध दो.
28 आप ही मेरे परमेश्वर हैं, मैं आपके प्रति आभार व्यक्त करूंगा;
आप ही मेरे परमेश्वर हैं, मैं आपका गुणगान करूंगा.
29 याहवेह का धन्यवाद करो,
क्योंकि वे भले हैं, सनातन है उनकी करुणा.
दावीद की रचना. एक स्तोत्र.
1 याहवेह मेरे प्रभु ने, राजा से कहा:
“मेरे दायें पक्ष में विराजमान हो जाओ.
तुम्हारे शत्रुओं को मैं
तुम्हारे चरणों की चौकी बना रहा हूं.”
2 याहवेह ही ज़ियोन से आपके सामर्थ्यवान राजदंड का विस्तार करेंगे,
“आपका शासन आपके शत्रुओं के मध्य बसा होगा!”
3 आपकी सेना आपकी लड़ाई के समय
स्वेच्छा से आपका साथ देगी,
सबेरे के गर्भ से जन्मी हुई ओस के समान
पवित्रता से सुशोभित होकर
आपके पास आएंगे आपके जवान.
4 यह याहवेह की शपथ है,
जो अपने वक्तव्य से दूर नहीं होते:
“तुम मेलखीज़ेदेक की शृंखला
में सनातन पुरोहित हो.”
5 प्रभु आपके दायें पक्ष में तत्पर हैं;
वह उदास होकर राजाओं को कुचल डालेंगे.
6 वह राष्ट्रों पर अपने न्याय का निर्णय घोषित करेंगे,
मृतकों का ढेर लग जाएगा और संपूर्ण पृथ्वी के न्यायियों की हत्या कर दी जाएगी.
7 तब महाराज मार्ग के किनारे के झरने से जल का पान करेंगे,
उनका सिर गर्व से ऊंचा होगा.