दावीद को मंदिर बनाने से मना किया जाता है (continued)

1044 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

स्तोत्र 2

1 क्यों मचा रहे हैं राष्ट्र यह खलबली?

क्यों देश-देश जुटे हैं विफल षड़्‍यंत्र की रचना में?

2 याहवेह तथा उनके अभिषिक्त के विरोध में

संसार के राजाओं ने एका किया है

एकजुट होकर शासक सम्मति कर रहे हैं:

3 “चलो, तोड़ फेंकें उनके द्वारा डाली गई ये बेड़ियां,

उतार डालें उनके द्वारा बांधी गई ये रस्सियां.”

4 वह, जो स्वर्गिक सिंहासन पर विराजमान हैं,

उन पर हंसते हैं, प्रभु उनका उपहास करते हैं.

5 तब वह उन्हें अपने प्रकोप से डराकर अपने रोष में

उन्हें संबोधित करते हैं,

6 “अपने पवित्र पर्वत ज़ियोन पर स्वयं

मैंने अपने राजा को बसा दिया है.”

7 मैं याहवेह की राजाज्ञा की घोषणा करूंगा:

उन्होंने मुझसे कहा है, “तुम मेरे पुत्र हो;

आज मैं तुम्हारा जनक हो गया हूं.

8 मुझसे मांगो,

तो मैं तुम्हें राष्ट्र दे दूंगा तथा संपूर्ण पृथ्वी को

तुम्हारी निज संपत्ति बना दूंगा.

9 तुम उन्हें लोहे के छड़ से टुकड़े-टुकड़े कर डालोगे;

मिट्टी के पात्रों समान चूर-चूर कर दोगे.”

10 तब राजाओ, बुद्धिमान बनो;

पृथ्वी के न्यायियों, सचेत हो जाओ.

11 श्रद्धा भाव में याहवेह की आराधना करो;

थरथराते हुए आनंद मनाओ.

12 पूर्ण सच्चाई में पुत्र को सम्मान दो, ऐसा न हो कि वह क्रोधित हो जाए

और तुम मार्ग में ही नष्ट हो जाओ,

क्योंकि उसका क्रोध शीघ्र भड़कता है.

धन्य होते हैं वे सभी, जो उनका आश्रय लेते हैं.

स्तोत्र 45

संगीत निर्देशक के लिये. “कुमुदिनी” धुन पर आधारित. कोराह के पुत्रों की रचना. एक मसकील. एक विवाह गीत.

1 राजा के सम्मान में कविता पाठ करते हुए

मेरे हृदय में मधुर भाव उमड़ रहा हैं;

मेरी जीभ कुशल लेखक की लेखनी बन गई है.

2 आप ही पुरुषों में सर्वश्रेष्ठ हैं,

आपके होंठों में अनुग्रह भरा होता है,

क्योंकि स्वयं परमेश्वर द्वारा आपको सदैव के लिए आशीषित किया गया है.

3 परमवीर योद्धा, तलवार से सुसज्जित हो जाइए;

ऐश्वर्य और तेज धारण कर लीजिए.

4 सत्य, विनम्रता तथा धार्मिकता की रक्षा करते हुए,

आपके समृद्ध यश में, ऐश्वर्य के साथ अपने अश्व पर सवार हो जाइए!

आपका दायां हाथ अद्भुत कार्य कर दिखाए!

5 आपके तीक्ष्ण बाण राजा के शत्रुओं के हृदय बेध दें;

राष्ट्र आपसे नाश हो आपके चरणों में गिर पड़ें.

6 परमेश्वर, आपका सिंहासन अमर है;

आपके राज्य का राजदंड वही होगा, जो सच्चाई का राजदंड है.

7 धार्मिकता आपको प्रिय है तथा दुष्टता घृणास्पद;

यही कारण है कि परमेश्वर,

आपके परमेश्वर ने हर्ष के तेल से आपको अभिषिक्त करके आपके समस्त साथियों से ऊंचे स्थान पर बसा दिया है.

8 आपके सभी वस्त्र गन्धरस, अगरू तथा तेजपात से सुगंधित किए गए हैं;

हाथी-दांत से जड़ित राजमहल

से मधुर तन्तु वाद्यों का संगीत आपको मगन करता रहता है.

9 आपके राज्य में आदरणीय स्त्रियों के पद पर राजकुमारियां हैं;

आपके दायें पक्ष में ओफीर राज्य के कुन्दन से सजी राज-वधू विराजमान हैं.

10 राजकन्या, सुनिए, ध्यान दीजिए और विचार कीजिए:

अब आपका राज्य और आपके पिता का परिवार प्राचीन काल का विषय हो गया.

11 तब महाराज आपके सौंदर्य की कामना करेंगे;

क्योंकि वह आपके स्वामी हैं, अब आप उनके सामने नतमस्तक हों.

12 सोर देश की राजकन्या उपहार लेकर आएंगी,

धनी पुरुष आपकी कृपादृष्टि की कामना करेंगे.

13 अंतःपुर में राजकन्या ने भव्य शृंगार किया है;

उसके वस्त्र पर सोने के धागों से कढ़ाई की गई है.

14 कढ़ाई किए गए वस्त्र धारण किए हुए उन्हें राजा के निकट ले जाया जा रहा है;

उनके पीछे कुंवारी वधू सहेलियों की पंक्तियां चल रही हैं,

यह समूह अब आपके निकट पहुंच रहा है.

15 ये सभी आनंद एवं उल्लास के भाव में यहां आ पहुंचे हैं,

अब उन्होंने राजमहल में प्रवेश किया है.

16 आपके पुत्र पूर्वजों के स्थान पर होंगे;

आप उन्हें समस्त देश के शासक बना देंगे.

17 सभी पीढ़ियों के लिए मैं आपकी महिमा सजीव रखूंगा;

तब समस्त राष्ट्र सदा-सर्वदा आपका धन्यवाद करेंगे.

स्तोत्र 22

संगीत निर्देशक के लिये. “सबेरे की हिरणी” धुन पर आधारित. दावीद का एक स्तोत्र.

1 मेरे परमेश्वर, मेरे परमेश्वर, क्यों आपने मेरा परित्याग कर दिया?

मुझे मुक्त करने में इतना विलंब क्यों हो रहा है?

क्यों मेरे कराहने का स्वर आप सुन नहीं पा रहे?

2 मेरे परमेश्वर, मैं दिन में पुकारता हूं पर आप उत्तर नहीं देते,

रात्रि में भी मुझे शांति प्राप्‍त नहीं हो पाती.

3 जबकि पवित्र हैं आप;

जो इस्राएल के स्तवन पर विराजमान हैं.

4 हमारे पूर्वजों ने आप पर भरोसा किया;

उन्होंने आप पर भरोसा किया और आपने उनका उद्धार किया.

5 उन्होंने आपको पुकारा और आपने उनका उद्धार किया;

आप में उनके विश्वास ने उन्हें लज्जित होने न दिया.

6 अब मैं मनुष्य नहीं, कीड़ा मात्र रह गया हूं,

मनुष्यों के लिए लज्जित, जनसाधारण के लिए अपमानित.

7 वे सभी, जो मुझे देखते हैं, मेरा उपहास करते हैं;

वे मेरा अपमान करते हुए सिर हिलाते हुए कहते हैं,

8 “उसने याहवेह में भरोसा किया है,

याहवेह ही उसे मुक्त कराएं.

वही उसे बचाएं,

क्योंकि वह याहवेह में ही मगन रहता है.”

9 आप ही हैं, जिन्होंने मुझे गर्भ से सुरक्षित निकाला;

जब मैं अपनी माता की गोद में ही था, आपने मुझमें अपने प्रति विश्वास जगाया.

10 जन्म के समय से ही मुझे आपकी सुरक्षा में छोड़ दिया गया;

आप उस क्षण से मेरे परमेश्वर हैं, जिस क्षण से मैं माता के गर्भ में आया.

11 प्रभु, मुझसे दूर न रहें,

क्योंकि संकट निकट दिखाई दे रहा है

और मेरा सहायक कोई नहीं.

12 अनेक सांड़ मुझे घेरे हुए हैं;

बाशान के सशक्त सांड़ों ने मुझे घेर रखा है.

13 उन्होंने अपने मुंह ऐसे फाड़ रखे हैं

जैसे गरजनेवाले हिंसक सिंह अपने शिकार को देख मुख फाड़ते हैं.

14 मुझे जल के समान उंडेल दिया गया है,

मेरी हड्डियां जोड़ों से उखड़ गई हैं.

मेरा हृदय मोम समान हो चुका है;

वह भी मेरे भीतर ही भीतर पिघल चुका है.

15 मेरा मुंह ठीकरे जैसा शुष्क हो चुका है,

मेरी जीभ तालू से चिपक गई है;

आपने मुझे मृत्यु की मिट्टी में छोड़ दिया है.

16 कुत्ते मुझे घेरकर खड़े हुए हैं,

दुष्टों का समूह मेरे चारों ओर खड़ा हुआ है;

उन्होंने मेरे हाथ और पांव छेद दिए हैं.

17 अब मैं अपनी एक-एक हड्डी गिन सकता हूं;

लोग मुझे ताकते हुए मुझ पर कुदृष्टि डालते हैं.

18 उन्होंने मेरा बाहरी कपड़ा आपस में बांट लिया,

और मेरे अंदर के वस्त्र के लिए पासा फेंका.

19 किंतु, याहवेह, आप मुझसे दूर न रहें.

आप मेरी शक्ति के स्रोत हैं; मेरी सहायता के लिए देर मत लगाइए.

20 तलवार के प्रहार से तथा कुत्तों के आक्रमण से,

मेरे जीवन की रक्षा करें.

21 सिंहों के मुंह से तथा वन्य सांड़ों के सीगों से,

मेरी रक्षा करें.

22 तब मैं स्वजनों में आपकी महिमा का प्रचार करूंगा;

सभा में मैं आपका स्तवन करूंगा.

23 याहवेह के श्रद्धालुओ, उनका स्तवन करो!

याकोब के वंशजो, उनका सम्मान करो!

समस्त इस्राएल वंशजो, उनकी वंदना करो!

24 क्योंकि याहवेह ने दुःखितों की शोचनीय,

करुण स्थिति को न तो तुच्छ जाना और न ही उससे घृणा की.

वह पीड़ितों की यातनाएं देखकर उनसे दूर न हुए,

परंतु उन्होंने उनकी सहायता के लिए उनकी वाणी सुनी.

25 महासभा में आपके गुणगान के लिए मेरे प्रेरणास्रोत आप ही हैं;

आपके श्रद्धालुओं के सामने मैं अपने प्रण पूर्ण करूंगा.

26 नम्र पुरुष भोजन कर तृप्‍त हो जाएगा;

जो याहवेह के खोजी हैं, वे उनका स्तवन करेंगे.

सर्वदा सजीव रहे तुम्हारा हृदय!

27 पृथ्वी की छोर तक

सभी मनुष्य याहवेह को स्मरण कर उनकी ओर उन्मुख होंगे,

राष्ट्रों के समस्त परिवार

उनके सामने नतमस्तक होंगे.

28 क्योंकि राज्य याहवेह ही का है,

समस्त राष्ट्रों के अधिपति वही हैं.

29 खा-पीकर पृथ्वी के समस्त हृष्ट-पुष्ट उनके सामने नतमस्तक हो उनकी वंदना करेंगे;

सभी नश्वर मनुष्य उनके सामने घुटने टेक देंगे,

जो अपने ही प्राण जीवित रख नहीं सकते.

30 यह संपूर्ण पीढ़ी उनकी सेवा करेगी;

भावी पीढ़ी को प्रभु के विषय में बताया जाएगा.

31 वे परमेश्वर की धार्मिकता तथा उनके द्वारा किए गए महाकार्य की घोषणा

उस पीढ़ी के सामने करेंगे,

जो अभी अजन्मी ही है.