आहाज़ की तिगलथ-पलेसेर से संधि

आहाज़ अश्शूर के राजा तिगलथ-पलेसेर से संधि करता है।

740 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

2 राजा 16:6–9

6 उसी समय अराम के राजा रेज़िन ने एलाथ नगर को अधीन कर अराम देश में शामिल कर लिया. यह करके उसने हर एक यहूदियावासी को वहां से पूरी तरह निकाल दिया, और एलाथ में एदोमी आकर बस गए और आज भी वहीं रह रहे हैं.

7 आहाज़ ने अश्शूर के राजा तिगलथ-पलेसेर को दूतों द्वारा यह संदेश भेजा: “मैं आपका सेवक, बल्कि आपका पुत्र हूं. कृपया आकर अराम के राजा और इस्राएल के राजा से मेरी रक्षा कीजिए. ये मुझ पर हमला करने को उतारू हैं.” 8 आहाज़ को याहवेह के भवन में और राजघराने के खजाने में जितना भी सोना और चांदी मिली, वह सब उसने अश्शूर के राजा को उपहार के रूप में भेज दिया. 9 अश्शूर के राजा ने आहाज़ का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया. तब वह दमेशेक पर हमला कर उसे अपने अधीन करके, नगरवासियों को बंदी बनाकर, उन्हें कीर नामक स्थान को ले गया, और वहां उसने रेज़िन की हत्या कर दी.

यशायाह 28

1 घमंड का मुकुट जो एफ्राईम के मतवालों का है,

उनकी सुंदरता पर, जो मुर्झाने वाला फूल है,

जो उपजाऊ तराई के सिरे पर—

दाखमधु से मतवालों की है!

2 देखो, याहवेह के पास एक है जो शक्तिशाली और मजबूत है,

जिसने एक शक्तिशाली ओलावृष्टि और एक मूसलाधार बारिश की तरह,

विनाश की आंधी और बाढ़ से,

पृथ्वी को नुकसान पहुंचाया है.

3 एफ्राईम मतवालों के अहंकारी मुकुट को,

पैरों तले रौंद दिया गया है.

4 इसकी सुंदरता मुरझाया हुआ फूल,

जो उपजाऊ घाटी के ऊंचाई पर स्थित है,

और वह जैसे ग्रीष्मकाल से पहले पके अंजीर के समान होगा—

जिसे देखते ही जल्दी खा जाते हैं.

5 उस दिन सर्वशक्तिमान याहवेह

अपनी प्रजा के बचे हुओं के लिए,

एक प्रतापी और सुंदर मुकुट ठहराएगा.

6 और जो न्याय-सिंहासन पर बैठा होता है

उसके लिए न्याय की आत्मा,

हां, जो फाटक से शत्रुओं को पीछे धकेलते हैं

उनके लिये वह ढाल ठहरेगा.

7 पुरोहित और भविष्यद्वक्ता भी दाखमधु पीकर डगमगाते हैं,

वे मधु से बेहाल होकर नीचे गिर पड़ते हैं,

वे मधु से लड़खड़ाते हैं.

भविष्यद्वक्ता जब अपने दर्शन देखते हैं, तभी भी वे पिए हुए होते हैं,

और दर्शन पाकर भी भटक जाते हैं,

न्यायाधीश जब न्याय करते हैं तो

वे नशे में डूबे हुए होकर न्याय में गलती करते हैं.

8 क्योंकि भोजन करने की जगह गंदगी से भरी हुई हैं

और कहीं भी सफाई नहीं है.

9 “किसको सिखाएं और किसको समझाएं?

क्या उन्हें, जो अभी-अभी दूध छुड़ाए गये बच्‍चे हैं,

जो मां के स्तन से अलग किए गए हैं?

10 आज्ञा पर आज्ञा, आज्ञा पर आज्ञा,

नियम पर नियम, नियम पर नियम;

थोड़ा यहां, थोड़ा वहां.”

11 परमेश्वर इन लोगों को हकलाते हुए होंठों

और विदेशी भाषा वालों के द्वारा बात करेंगे,

12 जिन्होंने उन्हें इस प्रकार कहा,

“विश्राम यहां है, जो थके हैं उन्हें आराम दो”;

“विश्राम यहीं है”—

किंतु वे नहीं सुनेंगे.

13 तब उनके लिए याहवेह ने उनसे कहा:

आज्ञा पर आज्ञा, आज्ञा पर आज्ञा,

नियम पर नियम, नियम पर नियम;

थोड़ा यहां, थोड़ा वहां—

जिससे वे ठोकर खाकर गिरकर घायल हो जायें और;

जाल में फंसकर पकडे जाएं.

14 इस कारण हे ठट्ठा करनेवालो, याहवेह की बात सुनो,

वह जो इस प्रजा पर शासन करते हैं वे येरूशलेम में रहते हैं.

15 क्योंकि तुमने कहा है, “हमने मृत्यु से एक वाचा बांधी है

और अधोलोक से एक समझौता किया है.

जब यह कष्ट बढ़ जाये,

तब यह हम तक नहीं पहुंच पाएगा,

क्योंकि हमने झूठ को अपना शरणस्थान बनाया है

और झूठ की आड़ में हमने अपने आपको छिपा रखा है.”

16 इसलिये याहवेह यों कहते हैं:

“देखो, मैंने ज़ियोन में एक पत्थर, एक परखा हुआ पत्थर,

नींव के लिए एक मूल्यवान कोने का पत्थर रखा है.

17 मैं न्याय को नाप की डोरी

और धर्मी को साहुल बनाऊंगा;

तब झूठ का शरणस्थान ओलों से बह जाएगा,

और छिपने की जगह डूब जाएगी.

18 मृत्यु से तुम्हारी वाचा टूट जाएगी;

और अधोलोक से तुम्हारा समझौता सिद्ध न होगा.

जब विपत्ति दंड के रूप में निकलेगी,

तब तुम कुचल दिए जाओगे.

19 जितना तुम बढ़ोगे वह तुम्हें दबा देगी;

क्योंकि हर दिन और हर रात किसी भी समय होकर वह निकलेगा,

और इस बात से तुम डर जाओगे.”

20 किसी को फैलकर सोने के लिए बिछौना छोटा पड़ जाता है,

और किसी को ओढ़ने के लिए चादर संकरी.

21 क्योंकि याहवेह उसी प्रकार खड़े हो जाएंगे जिस प्रकार वह पराज़ीम पर्वत पर खड़े हुए थे,

और वह उसी प्रकार क्रोधित होंगे जैसे वह गिबयोन की घाटी में क्रोधित हुए थे—

फिर से वह अपना काम करेगा,

जो अद्भुत और अचंभित है.

22 इसलिये अब ठट्ठा करनेवालों के समान मत बनो,

नहीं तो तुम्हारी बेड़ियों को और अधिक मजबूत कर दिया जाएगा;

क्योंकि प्रभु सर्वशक्तिमान याहवेह से

मैंने सारी पृथ्वी पर विनाश के विषय में सुना है.

23 ध्यान दो और सुनो सचेत हो जाओ;

और मेरी बातों पर ध्यान दो.

24 क्या बीज बोने वाले के लिए एक किसान भूमि को जोतता रहता है?

क्या वह भूमि को निरंतर पलटता और सींचता रहता है?

25 क्या वह इसे समतल नहीं बनाता और इसमें सौंफ उगाता,

जीरे को छितराता, पंक्तियों में गेहूं उगाता,

जौ और बाजरे को उसके स्थान पर नहीं बोता?

26 क्योंकि उसे बताये गए हैं,

और परमेश्वर उसे सिखा देते हैं.

27 सौंफ की दंवरी पटरे से नहीं की जाती,

और न ही जीरे के ऊपर गाड़ी का पहिया चलाया जाता है;

किंतु सौंफ की दंवरी तो लाठी से

और जीरे की मुगदर से की जाती है.

28 क्या दंवरी में रोटी के लिए अन्‍न को चूर-चूर किया जाता है;

नहीं, किसान इसकी दंवरी सर्वदा नहीं करता रहता.

जब वह अपनी गाड़ी के पहिए को घोड़ों के द्वारा इसके ऊपर चलाता है,

वह इसे चूर-चूर नहीं करता.

29 इसे नियुक्त करनेवाला भी सर्वशक्तिमान याहवेह ही,

अद्भुत युक्ति वाला और महा बुद्धिमान है.

2 इतिहास 28:20–23

20 तब अश्शूर का राजा तिगलथ-पलेसेर वहां आया ज़रूर, मगर उसने आहाज़ की सहायता करने की बजाय उसे सताया. 21 यद्यपि आहाज़ ने याहवेह के भवन से, राजघराने से और प्रशासकों से धन लेकर अश्शूर के राजा को दे दी थी, इसका कोई लाभ न हुआ.

22 अपनी इस विपत्ति की स्थिति में यही राजा आहाज़ ने कई और बुरे पाप किये और याहवेह का और अधिक अविश्वासयोग्य बन गया. 23 क्योंकि अब वह दमेशेक के देवताओं को बलि चढ़ाने लगा था, जो वास्तव में उसकी हार के कारण थे. वह यह विचार करने लगा, “जब ये देवता अराम के राजा की सहायता कर सकते हैं तो, वे मेरी भी सहायता करेंगे.” मगर ये ही इस्राएल के पतन का कारण ठहरे.

2 राजा 16:10–18

10 यह सब होने के बाद राजा आहाज़ अश्शूर के राजा तिगलथ-पलेसेर से मिलने दमेशेक गया. उसने वहां वह वेदी देखी जो दमेशेक में स्थापित की गई थी. राजा आहाज़ ने वेदी की बनावट का नक्शा पुरोहित उरियाह को भेज दिया. इसमें वेदी को बनाने के सारे शिल्प कौशल का ब्यौरा था. 11 इसके आधार पर पुरोहित उरियाह ने एक वेदी बनाई; ठीक उसी के अनुसार जैसा राजा आहाज़ ने दमेशेक से भेजा था. पुरोहित उरियाह ने राजा आहाज़ के दमेशेक से लौटने के पहले ही यह वेदी तैयार कर ली थी. 12 जब राजा दमेशेक से लौटा, उसने वह वेदी देखी, राजा वेदी के पास गया, 13 वहां राजा ने होमबलि और अन्‍नबलि चढ़ाई, राजा ने वहां अर्घ उंडेला, और अपनी मेल बलि का लहू उस वेदी पर छिड़क दिया. 14 याहवेह के सामने रखी कांसे की वेदी को उसने भवन के सामने की ओर से, उसकी अपनी वेदी और याहवेह के भवन के बीच से हटाकर, उसने अपनी वेदी की उत्तरी दिशा में स्थापित करवा दिया.

15 तब राजा आहाज़ ने पुरोहित उरियाह को आदेश दिया, “इस नई विशाल वेदी पर आप भोर की होमबलि, शाम की अन्‍नबलि, राजा के लिए होमबलि और अन्‍नबलि और सारी प्रजा के लिए होमबलि और अन्‍नबलि और उनका अर्घ इस वेदी पर ही चढ़ाना, तथा होमबलि और बलि का सारा लहू इसी वेदी पर छिड़कना. मगर यह कांसे की वेदी सिर्फ मेरे ही इस्तेमाल के लिए रहेगी, कि मैं इसके द्वारा परमेश्वर की इच्छा जान सकूं.” 16 पुरोहित उरियाह ने राजा आहाज़ के आदेश के अनुसार ही किया.

17 राजा आहाज़ ने ठेलों की चौखटों को काटकर उसमें से चिलमची को निकाल लिया और कांसे के बैलों के ऊपर रखे हुए पानी के बर्तन को उतारकर पत्थर के एक चबूतरे पर स्थापित कर दिया. 18 उसने याहवेह के भवन परिसर में शब्बाथ पर इस्तेमाल किए जा रहे ओसारे को और राजा के लिए बनाए गए बाहरी फाटक को अश्शूर के राजा के कारण याहवेह के भवन से हटा दिया.

2 इतिहास 28:24–25

24 इसके अलावा, आहाज़ ने परमेश्वर के भवन के सब बर्तनों को इकट्ठा करके उन पात्रों के टुकड़े-टुकड़े कर दिये और याहवेह के भवन का द्वार बंद करवा दिए. उसने येरूशलेम के कोने-कोने में अपने लिए वेदियां बनवा लीं. 25 उसने यहूदिया के हर एक नगर में वेदियों को बनवाया, कि इन पर अन्य देवताओं के लिए धूप जलाई जा सके. इसके द्वारा उसने अपने पूर्वजों के परमेश्वर, याहवेह के क्रोध को भड़का दिया.

होशेआ 5

1 “हे पुरोहितो, यह बात सुनो!

हे इस्राएलियो, ध्यान दो!

राज घरानो, सुनो!

यह न्याय तुम्हारे विरुद्ध है:

तुम मिज़पाह में एक फंदा बन गये हो,

ताबोर में बिछाये गये एक जाल हो.

2 विद्रोहियों ने घोर नरसंहार किया है,

मैं उन सबको अनुशासित करूंगा.

3 मैं एफ्राईम के बारे में सब कुछ जानता हूं;

इस्राएल की बात मुझसे छिपी नहीं है.

हे एफ्राईम, तुम वेश्यावृत्ति में लिप्‍त हो;

इस्राएल भ्रष्‍ट हो गया है.

4 “उनके काम उन्हें

अपने परमेश्वर की ओर लौटने नहीं देते.

वेश्यावृत्ति की आत्मा उनके दिल में है;

वे याहवेह को नहीं मानते हैं.

5 इस्राएल का घमंड उसी के विरुद्ध गवाही देता है;

इस्राएली, और तो और एफ्राईम भी अपने पापों में लड़खड़ाते हैं;

यहूदिया भी उनके साथ लड़खड़ाता है.

6 जब वे अपनी भेड़-बकरी और गाय-बैल के झुंड को लेकर

याहवेह की खोज में जाते हैं,

तो याहवेह उन्हें नहीं मिलते हैं;

क्योंकि उन्होंने अपने आपको उनसे अलग कर लिया है.

7 उन्होंने याहवेह के साथ विश्वासघात किया है;

वे अवैध बच्‍चे पैदा करते हैं.

जब वे नये चांद के भोज का उत्सव मनाएंगे,

तो वह उनके खेतों को निगल जाएगा.

8 “गिबियाह नगर में तुरही बजाओ,

रामाह नगर में नरसिंगा फूंको.

बेथ-आवेन में युद्ध की घोषणा ऊंची आवाज में करो;

हे बिन्यामिन, हमारी अगुवाई करो.

9 हिसाब करने के दिन

एफ्राईम बेकार हो जाएगा.

इस्राएल के गोत्रों के बीच

मैं उसी बात की घोषणा करूंगा, जिसका होना निश्चित है.

10 यहूदिया के अगुए उनके जैसे हैं

जो सीमा के पत्थरों को हटाते हैं.

उन पर मैं अपना कोप

पानी के बाढ़ की तरह उंडेलूंगा.

11 एफ्राईम सताया जाता है,

न्याय में कुचला गया है,

क्योंकि उसने मूर्तियों के पीछे जाने की ठानी है.

12 मैं एफ्राईम के लिए कीड़े के समान,

और यहूदाह के लोगों के लिए एक सड़न के जैसा हूं.

13 “जब एफ्राईम ने अपनी बीमारी,

और यहूदिया ने अपने घाव को देखा,

तब एफ्राईम अश्शूर की तरफ गया,

और बड़े राजा से सहायता की याचना की.

परंतु वह तुम्हें न तो चंगा कर सकता है,

और न ही तुम्हारे घावों को ठीक कर सकता है.

14 क्योंकि एफ्राईम के लिए मैं एक सिंह के जैसा,

और यहूदाह के लिए एक बड़े सिंह के जैसा हो जाऊंगा.

मैं उन्हें फाड़कर टुकड़े-टुकड़े कर दूंगा और चला जाऊंगा;

मैं उन्हें उठाकर ले जाऊंगा, और उन्हें छुड़ाने वाला कोई न होगा.

15 जब तक वे अपने अपराध को मान नहीं लेते

और मेरी ओर लौट नहीं आते

मैं अपने स्थान में नहीं लौटूंगा;

अपनी दुर्गति के समय

वे मन लगाकर मेरी खोज करेंगे.”