पेकाह यहूदिया को तबाह करता है

741 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

2 इतिहास 28:4–19

4 वह पूजा स्थलों पर, पहाड़ियों पर और हर एक हरे वृक्ष के नीचे धूप जलाकर बलि चढ़ाता रहा.

5 तब याहवेह उसके परमेश्वर ने उसे अराम के राजा के अधीन कर दिया. उन्होंने उसे हरा दिया और उनमें से बड़ी संख्या में बंदी बनाए और उन्हें दमेशेक ले गए.

उसे इस्राएल के राजा के अधीन भी कर दिया गया. उसने उसे बुरी तरह से हराया. 6 इसलिये कि उन्होंने अपने पूर्वजों के परमेश्वर याहवेह को त्याग दिया था, रेमालियाह के पुत्र पेकाह ने एक ही दिन में यहूदिया के सभी एक लाख बीस हज़ार योद्धाओं को मार गिराया. 7 एफ्राईमी ज़ीकरी ने राजपुत्र मआसेइयाह और गृह प्रशासक अज़रीकाम का वध कर दिया और राजा के बाद के सर्वोच्च अधिकारी एलकाना का भी. 8 इस्राएली अपने ही भाइयों के राज्य में से दो लाख पत्नियां, पुत्र और पुत्रियां बंदी बनाकर अपने साथ ले गए. इनके अलावा वे वहां से बड़ी लूट इकट्ठा कर शमरिया ले गए.

9 मगर वहां याहवेह का एक भविष्यद्वक्ता था-ओदेद-वह शमरिया आई हुई सेना से भेंट करने चल पड़ा. उसने उन्हें कहा, “यह समझ लो: क्योंकि याहवेह, तुम्हारे पूर्वजों के परमेश्वर यहूदिया से गुस्सा थे, उन्होंने ही इन्हें तुम्हारे अधीन कर दिया है. तुमने क्रोध में उनका संहार ऐसी क्रूरता में किया है, कि यह बात परमेश्वर के ध्यान में आ गई है. 10 अब तुम यह विचार कर रहे हो, कि इनका दमन कर यहूदिया और येरूशलेम वासियों के पुरुष और स्त्री को दास बनाओ, क्या यह सच नहीं कि तुम भी याहवेह, तुम्हारे परमेश्वर के सामने अपराधी हो? 11 इसलिये अब मेरी सुनो और इन बंदियों को, जिन्हें तुम अपने ही भाइयों में से पकड़कर ले आए हो, लौट जाने दो; क्योंकि अब याहवेह का तेज क्रोध तुम्हारे विरुद्ध भड़क रहा है.”

12 तब एफ्राईम के वंशजों में के कुछ प्रमुख—येहोहानन का पुत्र अज़रियाह, मेशिल्लेमोथ का पुत्र बेरेखियाह, शल्लूम का पुत्र येहिज़किय्याह और हादलाई का पुत्र अमासा-उनके विरुद्ध हो गए, जो युद्ध से लौट रहे थे. 13 इन्होंने उनसे कहा, “सही नहीं कि तुम बंदियों को यहां लाओ. इसके द्वारा तुम याहवेह के विरुद्ध हमारे पापों को बढ़ाना चाह रहे हो. हमारा दोष इतना बड़ा है कि इस्राएल के विरुद्ध याहवेह का क्रोध दहक रहा है.”

14 तब योद्धाओं ने लूट की सामग्री और बंदियों को अधिकारियों और सारी सभा के सामने लाकर छोड़ दिया. 15 तब वे लोग, जिन्हें चुना गया था, उठे, नंगे बंदियों को लूट सामग्री से निकालकर कपड़े पहनाए उन्हें जूतियां दी, उन्हें वस्त्र पहनाकर उन्हें भोजन और पानी दिया, तेल से उनका अभिषेक किया, उनके दुर्बलों को गधों पर चढ़ाया और उन्हें खजूर नगर यानी येरीख़ो तक उनके भाइयों के पास छोड़ आए फिर वे शमरिया लौट गए.

16 तब राजा आहाज़ ने अश्शूर के राजा से सहायता की विनती की. 17 एक बार फिर एदोमियों ने यहूदिया पर हमला किया और बहुतों को बंदी बना लिया. 18 फिलिस्तीनियों ने भी तराई और यहूदिया के नेगेव पर चढ़ाई करके बेथ-शेमेश, अय्जालोन, गदेरोथ और सोकोह का उसके आस-पास के गांवों सहित, तिमनाह को उसके गांवों सहित और गिमज़ो को उसके गांवों सहित कब्जे में कर लिया और वे वहीं बस भी गए. 19 याहवेह द्वारा यहूदिया को इस दयनीय स्थिति में डाले जाने के पीछे कारण थे यहूदिया के राजा आहाज़ की याहवेह के प्रति बड़ी विश्वासहीनता और उसके द्वारा यहूदिया में लाई गई दुष्टता.

ओबदयाह 1

1 ओबदिया द्वारा देखा गया दर्शन.

एदोम के विषय में परमेश्वर याहवेह का यह संदेश है,

हमने याहवेह से यह समाचार सुना है:

समस्त राष्ट्रों को संदेश देने के लिए एक दूत भेजा गया था,

“उठो, हम युद्ध के लिए उस पर आक्रमण करे.”

2 “देखो, मैं तुम्हें राष्ट्रों के समक्ष छोटा बना दूंगा;

तुम अत्यंत घृणित हो जाओगे.

3 तुम्हारे हृदय के अहंकार ने ही तुम्हें धोखा दिया है,

तुम, जो चट्टान के निकले भाग पर निवास करते हो

और अपना घर ऊंचाई पर बनाते हो,

तुम जो अपने आपसे कहते हो,

‘किसमें दम है, जो मुझे नीचे भूमि पर ला सके?’

4 यद्यपि तुम गरुड़ के सदृश ऊंचाइयों पर उड़ते रहते हो,

और अपना घोंसला मानो तारों के मध्य में बनाते हो,

मैं तुम्हें वहां से नीचे ले आऊंगा,”

यह याहवेह की घोषणा है.

5 यदि चोर तुम्हारे पास आएं,

यदि रात्रि में डाकू आएं,

क्या वे उतना ही विनाश न करेंगे

जितना उनके लिए पर्याप्‍त होगा?

यदि द्राक्षा तोड़नेवाले तुम्हारे निकट आएं,

क्या वे अंगूर न छोड़ेंगे?

6 पर एसाव की कैसी लूटमार होगी,

कैसे उसके छिपाये खजाने को खोज निकाली गई!

7 तुम्हारे ही समस्त मित्र राष्ट्रों तुम्हें तुम्हारी सीमा तक खदेड़ देंगे;

तुम्हारे मित्र धोखा देकर तुम्हें अपने अधिकार में कर लेंगे;

जो तुम्हारी रोटी खाते हैं, वे ही तुम्हारे लिये जाल बिछायेंगे,

पर तुम्हें इसका पता भी नहीं चलेगा.

8 याहवेह घोषणा कर रहे हैं,

“क्या मैं उस दिन” एदोम के बुद्धिमानों को,

एसाव पर्वत में से समझदारों को नष्ट न करूंगा?

9 तुम्हारे योद्धा, तेमान, भयभीत होंगे,

और एसाव के पर्वतों पर

हर एक मनुष्य का संहार किया जाएगा.

10 तुमने भाई याकोब पर किए हिंसा के कारण,

तुम्हें लज्जित होना पड़ेगा;

और तुम हमेशा के लिये नाश हो जाओगे.

11 उस दिन तुम दूर खड़े हुए सब देखते रहे

और विदेशियों ने नगर में प्रवेश किया,

वे उसकी संपत्ति लूटकर ले जाते रहे

और उन्होंने येरूशलेम को हड़पने के लिए मतपत्रों का प्रयोग किया,

तुम उनमें से एक के जैसे थे.

12 तुम अपने भाई की दुर्दशा के दिनों में

उसके ऊपर आनंद मत मनाना,

न ही यहूदिया प्रदेश के निवासियों पर,

उनके विनाश के दिन में आनंद मनाना,

और न ही उनके संकट के दिन में

ज्यादा घमंड करना.

13 मेरी प्रजा की संकट की स्थिति में

उनके नगर में प्रवेश न करना,

न ही उनकी विपत्ति में

तुम उनको देखते रहना,

और न ही उनकी विपत्ति के अवसर पर

तुम उनकी संपत्ति पर कब्जा करना.

14 तुम सड़क के चौक पर

उनके भागनेवालों को मार डालने के लिये खड़े मत होना,

न ही उनके संकट के समय में

उनके बच गये लोगों को शत्रु के हाथों में सौंपना.

15 “सारे देशों के लिए

निर्धारित याहवेह का दिन निकट है.

जैसा तुमने किया है, ठीक वैसा ही तुम्हारे साथ भी किया जाएगा;

तुम्हारे द्वारा किए गए बुरे काम तुम्हारे ही सिर पर आ पड़ेंगे.

16 ठीक जिस प्रकार तुमने मेरे पवित्र पर्वत पर वह प्याला पिया है,

उसी प्रकार सारे देश निरंतर वह प्याला पीते रहेंगे;

वे पिएंगे और पिएंगे

और ऐसे हो जायेंगे, जैसे वे कभी न थे.

17 किंतु बचकर निकले लोग ज़ियोन पर्वत पर रहेंगे;

वह पवित्र होगा,

और याकोब के वंशज अपनी संपत्ति पर फिर अधिकार करेंगे.

18 याकोब का वंश आग के समान

और योसेफ़ का वंश ज्वाला के समान होगा;

एसाव का वंश बचे हुए भूंसे के समान होगा,

और वे उन्हें जलाकर नाश कर देंगे.

एसाव के वंश में से

कोई भी न बचेगा.”

क्योंकि यह याहवेह ने कहा है.

19 एसाव पर्वत पर

नेगेव के निवासियों का अधिकार हो जाएगा,

और फिलिस्तिया देश पर

नीचे के देश के लोग अधिकार कर लेंगे.

वे एफ्राईम तथा शमरिया के खेतों पर अधिकार कर लेंगे,

और बिन्यामिन गिलआद पर अधिकार करेगा.

20 बंधुआ इस्राएलियों का यह दल, जो कनान में है

वह कनानियों के ज़रफता देश तक अपने अधिकार में कर लेगा;

येरूशलेम के बंधुआ, जो सेफहारथ नगर में हैं,

वे नेगेव के नगरों को अपने अधिकार में कर लेंगे.

21 छुड़ानेवाले एसाव पर्वत पर शासन करने के लिये

ज़ियोन पर्वत पर चढ़ आऐंगे.

और राज्य याहवेह का हो जाएगा.

यशायाह 1:2–31

2 हे आकाश! और पृथ्वी सुनो!

क्योंकि यह याहवेह की आज्ञा है:

“कि मैंने अपने बच्चों का पालन पोषण किया और उन्हें बढ़ाया,

किंतु उन्होंने मुझसे नफरत की.

3 बैल अपने स्वामी को जानता है,

और गधा अपने स्वामी की चरनी को,

किंतु इस्राएल,

मेरी प्रजा को इसकी समझ नहीं.”

4 हाय है तुम लोगों पर,

जो पाप और अधर्म से भरे हो,

जिनमें सच्चाई नहीं,

और जिनका स्वभाव बुरा है!

जिसने याहवेह को छोड़ दिया है;

और जिसने इस्राएल के पवित्र स्वामी का अपमान किया

और जो याहवेह से दूर हो गया है!

5 तुम क्यों बुरा बनना चाहते हो?

विद्रोह करते हो?

तुम्हारे सिर में घाव है,

और तुम्हारा मन दुःखी है.

6 सिर से पांव तक घाव और शरीर में

खरोंच चोट है जिन्हें न तो पोंछा गया,

न ही पट्टी बांधी गई और कोमल बनाने के लिए

न ही उन पर तेल लगाया गया.

7 तुम्हारा देश उजड़ गया,

नगर आग से भस्म कर दिए गए;

लोगों ने तुम्हारे खेतों को ले लिया.

8 ज़ियोन की पुत्री

अंगूर के बगीचे में छोड़ दी गई,

ककड़ी के खेत में आश्रय के जैसे,

या पिछड़े हुए नगर में अकेली खड़ी है.

9 यदि सर्वशक्तिमान याहवेह ने

हमें न बचाया होता,

तो हम भी सोदोम

और अमोराह के समान हो जाते.

10 सोदोम के शासको,

याहवेह का वचन सुनो;

अमोराह के लोगों!

हमारे परमेश्वर के व्यवस्था-विधान पर ध्यान दो.

11 याहवेह कहता है,

“तुम्हारे बहुत से मेल बलि मेरे किस काम के?

तुम्हारे मेढ़ों की अग्निबलियां

और पशुओं की चर्बी;

और बैलों, मेमनों और बकरों के

रक्त से मैं खुश नहीं होता.

12 जब तुम मेरे सामने आते हो,

तो तुम किस अधिकार से,

मेरे आंगनों में चलते हो?

13 अब मुझे अन्‍नबलि न चढ़ाना

और धूप से नये चांद.

विश्राम दिन और सभाओं का आयोजन

मुझे अच्छा नहीं लगता.

14 नफरत है मुझे

तुम्हारे नये चांद पर्वों तथा वार्षिक उत्सवों से.

बोझ बन गए हैं ये मेरे लिए;

थक गया हूं मैं इन्हें सहते सहते.

15 तब जब तुम प्रार्थना में मेरी ओर अपने हाथ फैलाओगे,

मैं तुमसे अपना मुंह छिपा लूंगा;

चाहे तुम कितनी भी प्रार्थनाएं करते रहो,

मैं उन्हें नहीं सुनूंगा.

“क्योंकि तुम्हारे हाथ खून से भरे हैं!

16 “तुम अपने आपको शुद्ध करो.

और मेरे सामने से अपने बुरे कामों को हटा दो;

बुराई करना छोड़ दो.

17 अच्छा काम करना सीखो;

दुखियों की सहायता करो.

अनाथों की रक्षा करो;

और विधवाओं को न्याय दिलवाओ.”

18 याहवेह यों कहते हैं, “अब आओ, हम मिलकर इसका निष्कर्ष निकालें,

चाहे तुम्हारे पाप लाल रंग के हों,

वे हिम समान श्वेत हो जाएंगे;

चाहे वे बैंगनी रंग के हों,

तो भी वे ऊन के समान सफेद हो जाएंगे.

19 यदि सच्चाई से मेरी बात मानोगे,

तो इस देश की उत्तम से उत्तम चीज़ें खा पाओगे;

20 और यदि तुम विरोध करो और बात न मानोगे,

तो तलवार से मार दिये जाओगे.”

यह याहवेह का यही वचन है!

21 वह नगर जिसमें सत्य, न्याय और धार्मिकता पाई जाती है,

उसमें व्यभिचार कैसे बढ़ गया!

22 तुम्हारी चांदी में मिलावट है,

और तुम्हारे दाखरस में पानी मिला दिया गया है.

23 राज्य करनेवाले विद्रोही,

और चोरों के मित्र हैं;

सब घूस लेते हैं

और लालची हैं.

वे अनाथों की रक्षा नहीं करते;

और न विधवाओं को न्याय दिलाते हैं.

24 अतः इस्राएल के सर्वशक्तिमान,

प्रभु सर्वशक्तिमान याहवेह कहते हैं:

“मैं अपने बैरियों से बदला लूंगा.

25 मैं तुम्हारे विरुद्ध अपना हाथ उठाऊंगा;

मैं तुम्हारे धातु की गंदगी को दूर कर दूंगा

और उसमें जो मिलावट है उसे दूर करूंगा.

26 मैं फिर से न्यायी और मंत्री बनाऊंगा और उनको उनका पद दूंगा.

फिर इस नगर में कोई कमी नहीं होगी.”

27 ज़ियोन को न्याय से,

और जो अपने आपको बदलेगा वे धर्म से छुड़ा लिये जायेंगे.

28 लेकिन विद्रोहियों और पापियों को एक साथ नष्ट कर दिया जाएगा,

जिन्होंने याहवेह को त्याग दिया है.

29 “वे उन बांज वृक्षों से,

जिनकी तुम चाह रखते थे लज्जित हो जाएंगे;

और जिन क्यारियों में मेहनत करके खुश होते थे

अब उसी से लज्जित होना पड़ेगा.

30 तुम उस बांज वृक्ष के समान हो जाओगे जिसके पत्ते सूख गए हैं,

और सूखी क्यारियां जिसमें पानी नहीं पिलाया गया हो.

31 बलवान व्यक्ति आग

और उसका काम चिंगारी होगा;

और वे एक साथ जल जायेंगे,

और कोई उन्हें बचा नहीं पाएगा.”