अबशालोम का विद्रोह (continued)
1027 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
संगीत निर्देशक के लिये. यदूथून धुन पर आधारित. दावीद का एक स्तोत्र.
1 मात्र परमेश्वर में मेरे प्राणों की विश्रान्ति है;
वही मेरे उद्धार के कारण हैं.
2 वही मेरे लिए एक स्थिर चट्टान और मेरा उद्धार हैं;
वह मेरे सुरक्षा-दुर्ग हैं, अब मेरा विचलित होना संभव नहीं.
3 तुम कब तक उस पुरुष पर प्रहार करते रहोगे,
मैं जो झुकी हुई दीवार अथवा गिरते बाड़े समान हूं?
क्या तुम मेरी हत्या करोगे?
4 उन्होंने मुझे मेरी उन्नत जगह से
उखाड़ डालने का निश्चय कर लिया है.
झूठाचार में ही उनका संतोष मगन होता है.
अपने मुख से वे आशीर्वचन उच्चारते तो हैं,
किंतु मन ही मन वे उसे शाप देते रहते हैं.
5 मेरे प्राण, शांत होकर परमेश्वर के उठने की प्रतीक्षा कर;
उन्हीं में तुम्हारी एकमात्र आशा मगन है.
6 वही मेरे लिए एक स्थिर चट्टान और मेरा उद्धार हैं;
वह मेरे सुरक्षा-रच हैं, अब मेरा विचलित होना संभव नहीं.
7 मेरा उद्धार और मेरा सम्मान परमेश्वर पर अवलंबित हैं;
मेरे लिए वह सुदृढ़ चट्टान तथा आश्रय-स्थल है.
8 मेरे लोगो, हर एक परिस्थिति में उन्हीं पर भरोसा रखो;
उन्हीं के सम्मुख अपना हृदय उंडेल दो,
क्योंकि परमेश्वर ही हमारा आश्रय-स्थल हैं.
9 साधारण पुरुष श्वास मात्र हैं,
विशिष्ट पुरुष मात्र भ्रान्ति.
इन्हें तुला पर रखकर तौला जाए तो वे नगण्य उतरेंगे;
एक श्वास मात्र.
10 न तो हिंसा-अत्याचार से कुछ उपलब्ध होगा,
न लूटमार से प्राप्त संपत्ति कोई गर्व का विषय है;
जब तुम्हारी समृद्धि में बढ़ती होने लगे,
तो संपत्ति से मन न जोड़ लेना.
11 परमेश्वर ने एक बात प्रकाशित की,
मैंने दो बातें ग्रहण की:
“परमेश्वर, आप सर्वसामर्थ्यी हैं.
12 तथा प्रभु, आपका प्रेम अमोघ”;
इसमें संदेह नहीं, “आप हर एक पुरुष को
उसके कर्मों के अनुरूप प्रतिफल प्रदान करेंगे.”
दावीद का एक स्तोत्र.
1 याहवेह, मेरी प्रार्थना सुन लीजिए,
कृपा करके मेरे गिड़गिड़ाने पर ध्यान दीजिए;
अपनी सच्चाई में, अपनी नीतिमत्त में
मुझे उत्तर दीजिए.
2 अपने सेवक का न्याय कर उसे दंड न दीजिए,
क्योंकि आपके सामने कोई भी मनुष्य धर्मी नहीं है.
3 शत्रु मेरा पीछा कर रहा है,
उसने मुझे कुचलकर मेरे प्राण को धूल में मिला दिया है.
उसने मुझे ऐसे अंधकार में ला बैठाया है,
जैसा दीर्घ काल से मृत पुरुष के लिए होता है.
4 मैं पूर्णतः दुर्बल हो चुका हूं;
मेरे हृदय को भय ने भीतर ही भीतर भयभीत कर दिया है.
5 मुझे प्राचीन काल स्मरण आ रहा है;
आपके वे समस्त महाकार्य मेरे विचारों का विषय हैं,
आपके हस्तकार्य मेरे मनन का विषय हैं.
6 अपने हाथ मैं आपकी ओर बढ़ाता हूं;
आपके लिए मेरी लालसा वैसी है जैसी शुष्क वन में एक प्यासे पुरुष की होती है.
7 याहवेह, शीघ्र ही मुझे उत्तर दीजिए;
मेरी आत्मा दुर्बल हो चुकी है.
अपना मुख मुझसे छिपा न लीजिए
अन्यथा मेरी भी नियति वही हो जाएगी, जो उनकी होती है, जो कब्र में समा जाते हैं.
8 मैंने आप पर ही भरोसा किया है,
तब अरुणोदय मेरे लिए आपके करुणा-प्रेम का संदेश लेकर आए.
मुझे मेरे लिए निर्धारित मार्ग पर चलना है वह बताइए,
क्योंकि मेरे प्राणों की पुकार आपके ही ओर लगी है.
9 हे याहवेह, मुझे मेरे शत्रुओं से छुड़ा लीजिए,
आश्रय के लिए मैं दौड़ा हुआ आपके निकट आया हूं.
10 मुझे अपनी इच्छा के आज्ञापालन की शिक्षा दीजिए,
क्योंकि मेरे परमेश्वर आप हैं;
आपका धन्य आत्मा
मुझे धर्म पथ की ओर ले जाए.
11 याहवेह, अपनी महिमा के निमित्त मेरे प्राणों का परिरक्षण कीजिए;
अपनी धार्मिकता में मेरे प्राणों को संकट से बचा लीजिए.
12 अपने करुणा-प्रेम में मेरे शत्रुओं की हत्या कीजिए;
मेरे समस्त विरोधियों को भी नष्ट कर दीजिए,
क्योंकि मैं आपका सेवक हूं.
दावीद की रचना.
144:1 स्तुत्य हैं याहवेह, जो मेरी चट्टान हैं,
जो मेरी भुजाओं को युद्ध के लिए,
तथा मेरी उंगलियों को लड़ने के लिए प्रशिक्षित करते हैं.
2 वह मेरे प्रेमी परमेश्वर, मेरे किला हैं,
वह मेरे लिए दृढ़ गढ़ तथा आश्रय हैं, वह मेरे उद्धारक हैं,
वह ऐसी ढाल है जहां मैं आश्रय के लिए जा छिपता हूं,
वह प्रजा को मेरे अधीन बनाए रखते हैं.
3 याहवेह, मनुष्य है ही क्या, जो आप उसकी ओर ध्यान दें?
क्या है मनुष्य की सन्तति, कि आप उसकी हितचिंता करें?
4 मनुष्य श्वास समान है;
उसकी आयु विलीन होती छाया-समान है.
5 याहवेह, स्वर्ग को खोलकर आप नीचे आ जाइए;
पर्वतों का स्पर्श कीजिए कि उनमें से धुआं उठने लगे.
6 विद्युज्ज्वाला भेजकर मेरे शत्रुओं को बिखरा दीजिए;
अपने बाण चला कर उनका आगे बढ़ना रोक दीजिए.
7 अपने उच्चासन से अपना हाथ बढ़ाइए;
ढेर जल राशि में से मुझे
बचाकर मेरा उद्धार कीजिए,
उनसे जो विदेशी और प्रवासी हैं.
8 उनके मुख से झूठ बातें ही निकलती हैं,
जिनका दायां हाथ धोखे के काम करनेवाला दायां हाथ है.
9 परमेश्वर, मैं आपके लिए मैं एक नया गीत गाऊंगा;
मैं दस तार वाली वीणा पर आपके लिए स्तवन संगीत बनाऊंगा.
10 राजाओं की जय आपके द्वारा प्राप्त होती है,
आप ही अपने सेवक दावीद को सुरक्षा प्रदान करते हैं,
तलवार के क्रूर प्रहार से 11 मुझे छुड़ाइए;
विदेशियों के हाथों से मुझे छुड़ा लीजिए.
उनके ओंठ झूठ बातें ही करते हैं,
जिनका दायां हाथ झूठी बातें करने का दायां हाथ है.
12 हमारे पुत्र अपनी युवावस्था में
परिपक्व पौधों के समान हों,
और हमारी पुत्रियां कोने के उन स्तंभों के समान,
जो राजमहल की सुंदरता के लिए सजाये गए हैं.
13 हमारे अन्नभण्डार परिपूर्ण बने रहें,
उनसे सब प्रकार की तृप्ति होती रहे.
हमारी भेड़ें हजारों मेमने उत्पन्न करें,
हमारे मैदान दस हजारों से भर जाएं;
14 सशक्त बने रहें हमारे पशु;
उनके साथ कोई दुर्घटना न हो,
वे प्रजनन में कभी विफल न हों,
हमारी गलियों में वेदना की कराहट कभी न सुनी जाए.
15 धन्य है वह प्रजा, जिन पर कृपादृष्टि की ऐसी वृष्टि होती है;
धन्य हैं वे लोग, जिनके परमेश्वर याहवेह हैं.
संगीत निर्देशक के लिये. दावीद की रचना. अभ्यर्थना.
1 हे परमेश्वर, कृपा कर मुझे उद्धार प्रदान कीजिए;
याहवेह, तुरंत मेरी सहायता कीजिए.
2 वे, जो मेरे प्राणों के प्यासे हैं,
लज्जित और निराश किए जाएं;
वे जिनका आनंद मेरी पीड़ा में है,
पीठ दिखाकर भागें तथा अपमानित किए जाएं.
3 वे सभी, जो मेरी स्थिति को देख, “आहा! आहा!” करते हैं!
लज्जा में अपना मुख छिपा लें.
4 किंतु वे सभी, जो आपकी खोज करते हैं
हर्षोल्लास में मगन हों;
वे सभी, जिन्हें आपके उद्धार की आकांक्षा है, यही कहें,
“अति महान हैं परमेश्वर!”
5 मैं दरिद्र और दुःखी पुरुष हूं;
परमेश्वर, मेरी सहायता के लिए विलंब न कीजिए.
आप ही मेरे सहायक और छुड़ानेवाले हैं;
याहवेह, विलंब न कीजिए.