अबशालोम का विद्रोह (continued)

1027 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

स्तोत्र 55

संगीत निर्देशक के लिये. तार वाद्यों की संगत के साथ. दावीद की मसकील गीत रचना

1 परमेश्वर, मेरी प्रार्थना पर ध्यान दीजिए,

मेरी गिड़गिड़ाहट को न ठुकराईए;

2 मेरी गिड़गिड़ाहट सुनकर, मुझे उत्तर दीजिए.

मेरे विचारों ने मुझे व्याकुल कर दिया है.

3 शत्रुओं की ललकार ने

मुझे निराश कर छोड़ा है;

उन्हीं के द्वारा मुझ पर कष्ट उण्डेले गए हैं

और वे क्रोध में मुझे खरीखोटी सुना रहे हैं.

4 भीतर ही भीतर मेरा हृदय वेदना में भर रहा है;

मुझमें मृत्यु का भय समा गया है.

5 भय और कंपकंपी ने मुझे भयभीत कर लिया है;

मैं आतंक से घिर चुका हूं.

6 तब मैं विचार करने लगा, “कैसा होता यदि कबूतर समान मेरे पंख होते!

और मैं उड़कर दूर शांति में विश्राम कर पाता.

7 हां, मैं उड़कर दूर चला जाता,

और निर्जन प्रदेश में निवास बना लेता.

8 मैं बवंडर और आंधी से दूर,

अपने आश्रय-स्थल को लौटने की शीघ्रता करता.”

9 प्रभु, दुष्टों के मध्य फूट डाल दीजिए, उनकी भाषा में गड़बड़ी कर दीजिए,

यह स्पष्ट ही है कि नगर में हिंसा और कलह फूट पड़े हैं.

10 दिन-रात वे शहरपनाह पर छिप-छिप कर घूमते रहते हैं;

नगर में वैमनस्य और अधर्म का साम्राज्य है.

11 वहां विनाशकारी शक्तियां प्रबल हो रही हैं;

गलियों में धमकियां और छल समाप्‍त ही नहीं होते.

12 यदि शत्रु मेरी निंदा करता तो यह,

मेरे लिए सहनीय है;

यदि मेरा विरोधी मेरे विरुद्ध उठ खड़ा हो तो,

मैं उससे छिप सकता हूं.

13 किंतु यहां तो तुम, मेरे साथी, मेरे परम मित्र,

मेरे शत्रु हो गए हैं, जो मेरे साथ साथ रहे हैं,

14 तुम्हारे ही साथ मैंने संगति के मेल-मिलाप अवसरों का आनंद लिया था,

अन्य आराधकों के साथ

हम भी साथ साथ

परमेश्वर के भवन को जाते थे.

15 अब उत्तम वही होगा कि अचानक ही मेरे शत्रुओं पर मृत्यु आ पड़े;

वे जीवित ही अधोलोक में उतर जाएं,

क्योंकि बुराई उनके घर में आ बसी है, उनकी आत्मा में भी.

16 यहां मैं तो परमेश्वर को ही पुकारूंगा,

याहवेह ही मेरा उद्धार करेंगे.

17 प्रातः, दोपहर और संध्या

मैं पीड़ा में कराहता रहूंगा,

और वह मेरी पुकार सुनेंगे.

18 उन्होंने मुझे उस युद्ध से

बिना किसी हानि के सुरक्षित निकाल लिया,

जो मेरे विरुद्ध किया जा रहा था जबकि मेरे अनेक विरोधी थे.

19 सर्वदा के सिंहासन पर विराजमान परमेश्वर,

मेरी विनती सुनकर उन्हें ताड़ना करेंगे.

वे ऐसे हैं, जिनका हृदय परिवर्तित नहीं होता;

उनमें परमेश्वर का कोई भय नहीं.

20 मेरा साथी ही अपने मित्रों पर प्रहार कर रहा है;

उसने अपनी वाचा भंग कर दी है.

21 मक्खन जैसी चिकनी हैं उसकी बातें,

फिर भी युद्ध उसके दिल में है;

उसके शब्दों में तेल से अधिक कोमलता थी,

फिर भी वे नंगी तलवार थे.

22 अपने दायित्वों का बोझ याहवेह को सौंप दो,

तुम्हारे बल का स्रोत वही हैं;

यह हो ही नहीं सकता कि वह किसी धर्मी पुरुष को

पतन के लिए शोकित छोड़ दें.

23 किंतु परमेश्वर, आपने दुष्टों के लिए विनाश

के गड्ढे को निर्धारित किया है;

रक्त पिपासु और कपटी मनुष्य अपनी

आधी आयु तक भी पहुंच न पाएंगे.

किंतु मेरा भरोसा आप पर अटल बना रहेगा.

स्तोत्र 4–5

संगीत निर्देशक के लिये. तार वाद्यों की संगत के साथ. दावीद का एक स्तोत्र.

1 हे मेरे धर्ममय परमेश्वर,

जब मैं पुकारूं, मुझे उत्तर दें!

आपने मेरे संकट के समय मेरी सहायता की;

अब अपने अनुग्रह में मेरी प्रार्थना का उत्तर दें.

2 मनुष्यो! कब तक तुम मेरा अपमान करते रहोगे?

कब तक तुम छल से प्रेम और उसकी खोज करते रहोगे, जो निरर्थक है, जो मात्र झूठी ही है?

3 यह स्मरण रखो कि याहवेह ने अपने भक्त को अपने निमित्त अलग कर रखा है;

जब मैं पुकारूं याहवेह मेरी सुनेंगे.

4 श्रद्धा में पाप का परित्याग कर दो;

शांत हो जाओ,

बिछौने पर लेटे हुए आत्म-परीक्षण करो.

5 व्यवस्था द्वारा निर्धारित बलि अर्पण करो

और याहवेह पर भरोसा करो.

6 अनेक हैं, जो कहते हैं, “कौन है, जो हमें यह दर्शाएगा कि क्या है उपयुक्त और क्या है भला?”

याहवेह, हम पर अपने मुख का प्रकाश चमकाएं.

7 जिन्हें अन्‍न और दाखमधु की बड़ी उपज प्राप्‍त हुई है,

उनसे भी अधिक आनंद से आपने मेरे हृदय भर दिया है.

8 मैं शांतिपूर्वक लेटूंगा और सो जाऊंगा,

क्योंकि याहवेह, मात्र आप ही मुझे,

सुरक्षापूर्ण विश्राम प्रदान करते हैं.

संगीत निर्देशक के लिये. बांसुरी वाद्यों के लिए. दावीद का एक स्तोत्र.

5:1 याहवेह, मेरे वचनों पर ध्यान दें,

मेरे शब्दों की आहों पर विचार करें.

2 मेरे परमेश्वर, मेरे राजा,

सहायता के लिए मेरी पुकार पर ध्यान दें,

क्योंकि याहवेह, मेरी यह प्रार्थना आपसे है.

3 याहवेह, आप प्रातःकाल मेरी वाणी सुनेंगे;

सूर्योदय के समय मैं आपको बलि अर्पित करूंगा

और आपके प्रत्युत्तर की प्रतीक्षा करूंगा.

4 निःसंदेह आप वह परमेश्वर नहीं, जो दुष्टता का समर्थन करें;

वस्तुतः बुराई आपके साथ नहीं रह सकती.

5 घमंडी आपकी उपस्थिति में

ठहर नहीं सकते,

दुष्ट आपके लिए घृणास्पद हैं;

6 झूठ बोलने वालों का आप विनाश करते हैं.

हत्यारों और धूर्तों से,

याहवेह, को घृणा है.

7 किंतु आपके, अपार प्रेम के बाहुल्य के परिणामस्वरूप मैं,

आपके आवास में प्रवेश कर सकूंगा;

पूर्ण श्रद्धा में झुककर मैं

आपके पवित्र मंदिर में आराधना करूंगा.

8 याहवेह, मेरे शत्रुओं के कारण अपने

धर्ममय मार्ग पर मेरी अगुवाई करें;

मेरे आगे-आगे अपने सीधे मार्ग को दिखा.

9 मेरे शत्रुओं का एक भी शब्द सच्चा नहीं है;

उनके हृदय बुराई से भरे हैं.

उनका गला खुली हुई कब्र समान है;

उनकी जीभ चिकनी-चुपड़ी बातें करती है.

10 प्रभु परमेश्वर! आप उन पर दंड-आज्ञा प्रसारित करें,

कि अपनी ही युक्तियों के जाल में फंसकर उनका नाश हो जाए,

उनके अपराधों की अधिकता के कारण आप उन्हें अपनी उपस्थिति से दूर करें,

क्योंकि उन्होंने आपके विरुद्ध बलवा किया है.

11 आनंदित हों आपके सभी शरणागत;

सदैव हो उनका आनंद.

आप उन्हें सुरक्षित रखें,

जो आपसे प्रेम रखते हैं, वे सदैव उल्‍लसित रहें.

12 याहवेह, धर्मियों पर आपकी कृपादृष्टि बनी रहती है;

आप अपने अनुग्रह में उन्हें ढाल के समान सुरक्षा प्रदान करते हैं.