शलोमोन का गीत

1001 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

सर्वश्रेष्ठ गीत 1–2

1 शलोमोन द्वारा रचित गीतों का गीत.

नायिका

2 वह अपने मुख के चुम्बनों से मेरा चुंबन करे!

क्योंकि तुम्हारा प्रेम दाखमधु से उत्तम है.

3 तुम्हारे विभिन्‍न ईत्रों की सुगंध सुखद है,

तुम्हारा नाम उण्डेले हुए इत्र के समान है;

इसलिये आश्चर्य नहीं कि तुम कन्याओं के आकर्षण का केंद्र हो.

4 मुझे अपने पास ले लो कि हम दोनों दूर चले जाएं!

राजा मुझे अपने कमरों में ले आए हैं.

सहेलियां

हम तुममें आनंदित हो मगन होंगी;

हम दाखमधु से ज्यादा तुम्हारे प्रेम का गुणगान करेंगी.

नायिका

ठीक ही है तुम्हारे प्रति उनका आकर्षण.

5 मेरा रंग सांवला तो अवश्य है, मगर मैं सुंदर हूं,

येरूशलेम की कन्याओ,

केदार के तंबुओं के समान,

शलोमोन के पर्दों के समान.

6 मुझे इस तरह से न देखो कि मैं सांवली हूं,

यह तो धूप में झुलसने से हुआ है.

मेरी माता के पुत्र मुझ पर गुस्सा हो गए;

उन्होंने मुझे अंगूर के बगीचे की देखरेख की जवाबदारी सौंप दी,

मगर मैं खुद ही अपने अंगूर के बगीचे का ध्यान न रख सकी.

7 मेरे प्राणप्रिय, मुझे यह तो बता दो, कहां हैं वे चरागाह,

जहां तुम अपनी भेड़-बकरियां चराते हो,

वह कौन सी जगह है जहां तुम दोपहर में उन्हें आराम के लिए बैठा देते हो?

क्योंकि मैं तुम्हारे साथियों की भेड़-बकरियों के पास उसके समान क्यों बनूं,

जो अपना मुंह छिपाए रखती है?

मित्रगण

8 स्त्रियों में परम सुंदरी, यदि स्वयं तुम्हें ही यह मालूम नहीं है,

भेड़-बकरियों के पांव के निशानों पर चलती जाओ

और अपने मेमनों को चरवाहों के

तंबुओं के पास चराओ.

नायक

9 मेरी प्रियतमा, मेरे लिए तुम वैसी ही हो,

जैसी फ़रोह के रथों के बीच मेरी घोड़ी.

10 गहनों के साथ तुम्हारे गाल क्या ही सुंदर लगते हैं,

वैसे ही हीरों के हार के साथ तुम्हारी गर्दन.

11 हम तुम्हारे लिए ऐसे गहने गढ़ेंगे,

जो चांदी में जड़े हुए सोने के होंगे.

नायिका

12 जब महाराज बैठे हुए थे,

मेरा इत्र अपनी खुशबू फैला रहा था.

13 मेरा प्रियतम मेरे लिए उस गन्धरस की थैली है,

जो सारी रात मेरे स्तनों के बीच रहती है.

14 मेरा प्रियतम मेरे लिए मेंहदी के फूलों के गुच्छे के समान है,

जो एन-गेदी के अंगूरों के बगीचों में पाए जाते हैं.

नायक

15 मेरी प्रियतमा, कितनी सुंदर हो तुम!

ओह, तुम वास्तव में कितनी सुंदर हो!

तुम्हारी आंखें कबूतरी के समान हैं.

नायिका

16 कितने सुंदर लगते हो, तुम, मेरे प्रियतम!

तथा आनन्द-दायक भी!

वास्तव में कितना भव्य है हमारा बिछौना.

नायक

17 हमारे घरों की धरनें देवदार की हैं;

तथा छतें सनोवर की.

नायिका

2:1 मैं शारोन का गुलाब हूं,

घाटियों की कुमुदिनी.

नायक

2 कन्याओं के बीच

मेरी प्रिया कांटों के बीच कुमुदिनी के समान है.

नायिका

3 मेरा प्रियतम जवानों के बीच वैसा ही लगता है,

जैसा जंगली पेड़ों के बीच एक सेब का पेड़.

उसकी छाया में मेरा बैठना सुखद अनुभव था,

मीठा था उसके फल का स्वाद.

4 वह मुझे अपने महाभोज के कमरे में ले आया,

तथा प्रेम ही मुझ पर उसका झंडा है.

5 अंगूर की टिकियों से मुझमें बल भर दो,

सेब खिलाकर मुझमें नई ताज़गी भर दो,

क्योंकि मुझे प्रेम रोग हो गया है.

6 उसका बायां हाथ मेरे सिर के नीचे हो,

तथा दाएं हाथ से वह मेरा आलिंगन करे.

7 येरूशलेम की कन्याओ,

तुम्हें मैदान के हिरणों तथा हिरणियों की शपथ, मुझको वचन दो,

जब तक सही समय न आए,

मेरे प्रेम को न जगाना.

8 सुनो-सुनो!

मेरा प्रियतम आ रहा है,

पर्वतों को पार कर,

पहाड़ियों पर उछलते हुए.

9 मेरा प्रियतम एक चिंकारे अथवा एक हिरण के समान है.

वह देखो, वह हमारी दीवार के पीछे ही खड़ा है,

वह खिड़कियों में से देख रहा है,

वह जाली में से झांक रहा है.

10 इसके उत्तर में मेरे प्रियतम ने मुझसे कहा,

“उठो, मेरी प्रियतमा,

मेरी सुंदरी, मेरे साथ चलो.

11 क्योंकि देख लो! जाड़ा जा रहा है;

वर्षा ऋतु भी हो चुकी है.

12 देश में फूल खिल चुके हैं;

गुनगुनाने का समय आ चुका है,

हमारे देश में कबूतरों का

गीत सुनाई देने लगा है.

13 अंजीर के पेड़ में अंजीर पक चुके हैं;

लताओं पर खिले फूल सुगंध फैला रहे हैं.

उठो, मेरी प्रियतमा;

मेरी सुंदरी, मेरे साथ चलो.”

नायक

14 चट्टान की दरारों में,

चढ़ाई के रास्ते के गुप्‍त स्थानों में बैठी मेरी कबूतरी,

मैं तुम्हारा मुख देखना चाहता हूं,

मैं तुम्हारी आवाज सुनना चाहता हूं;

क्योंकि मीठी है तुम्हारी आवाज,

सुंदर है तुम्हारा मुखमंडल.

15 हमारे लिए उन लोमड़ियों को पकड़ लो,

उन छोटी लोमड़ियों को,

जो हमारे अंगूर के बगीचों को नष्ट कर रही हैं,

जब हमारे अंगूर के बगीचों में फूल खिल रहे हैं.

नायिका

16 मेरा प्रियतम सिर्फ मेरा ही है और मैं उसकी;

वह अपनी भेड़-बकरियों को सोसन के फूलों के बीच में चरा रहा है.

17 शाम के आने तक

जब छाया मिटने लगती है,

मेरे प्रिय, बतेर पहाड़ों पर

के हिरण के समान,

हां, हिरण के बच्‍चे

के समान लौट आओ.