शलोमोन का गीत (continued)
1001 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
1 अपने बिछौने पर मैं हर रात उसका इंतजार करती रही,
जो मुझे प्राणों से भी प्रिय है;
मैं उसे खोजती रही, मगर मेरी खोज बेकार रही.
2 अब ठीक तो यही होगा कि मैं उठूं और नगर में जाकर खोज करूं,
गलियों में और चौकों में;
यह ज़रूरी है कि मैं उसे खोजूं, जो मेरे लिए प्राणों से भी अधिक प्रिय है.
मैं खोजती रही, किंतु मेरी खोज बेकार ही रही.
3 वे पहरेदार, जो नगर में घूमते रहते हैं,
उनसे मेरी मुलाकात हुई.
मैंने उनसे पूछा, “क्या तुमने उसे देखा है, जो मुझे प्राणों से प्रिय है?”
4 मैं पहरेदारों से कुछ ही दूर गई थी,
कि वह मुझे मिल गया, जो मेरे लिए प्राणों से भी अधिक प्रिय है,
मैं उससे लिपट गई, मैंने उसे जाने न दिया,
तब मैं उसे अपनी माता के घर पर ले गई,
उसके कमरे में, जिसने मुझे अपने गर्भ में धारण किया था.
5 येरूशलेम की कन्याओ,
तुम्हें मैदान के हिरणों तथा हिरणियों की शपथ,
मुझको वचन दो, जब तक सही समय न आए,
मेरे प्रेम को न जगाना.
6 रेगिस्तान की दिशा से धुएं के खंभे के
समान यह क्या बढ़ा चला आ रहा है,
यह लोबान और गन्धरस से सुगंधित है,
व्यापारियों के सारे चूर्णों से भी सुगंधित?
7 देखो-देखो, यह शलोमोन की पालकी है,
साठ योद्धा उसे घेरे हुए हैं,
ये इस्राएल के शूरवीरों में से चुने हुए हैं.
8 वे सभी तलवार लिए हुए हैं,
युद्ध कला में बेहतरीन,
हर एक ने अपनी तलवार अपने पास रखी है,
ये रात के आतंक का सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं.
9 यह पालकी राजा शलोमोन ने अपने लिए बनवाई है;
इसमें इस्तेमाल की गई लकड़ी लबानोन से लाई गई थी.
10 इसके खंभे चांदी के,
तथा सतह सोने का है.
इसमें बैठने के स्थान के लिए बैंगनी वस्त्र का इस्तेमाल हुआ है,
इसके अंदर के भाग को येरूशलेम की कन्याओं द्वारा प्रेम से मढ़ दिया गया है.
11 ज़ियोन की कन्याओ, आगे बढ़ो, मुकुट पहने हुए महाराज शलोमोन को निहारो,
यह उसकी माता ने उसे पहनाया है,
यह उसके विवाह का दिन है,
यह वह दिन है, जब वह बहुत ही खुश है.
नायक
4:1 कितनी सुंदर हो तुम मेरी प्रिया!
मेरी आंखों के लिए कितनी प्रिय हो तुम!
ओढ़नी के पीछे तुम्हारी आंखें कबूतरी के समान हैं.
तुम्हारे बाल गिलआद पर्वत की ढाल पर
चढ़ाई कर रही बकरियों के समान हैं.
2 तुम्हारे दांत अभी-अभी ऊन कतरे हुए भेड़ों के समान हैं,
जो नहाकर आईं हैं,
उन सभी के जुड़वां बच्चे होते हैं,
तथा जिनमें से एक भी अकेला नहीं है.
3 तुम्हारे ओंठ लाल रंग की डोरी के समान हैं;
तथा मनमोहन है तुम्हारा मुंह.
तुम्हारे गाल तुम्हारी ओढ़नी
के पीछे अनार की दो फांक के समान हैं.
4 दावीद द्वारा बनाए गए मीनारों के समान है तुम्हारी गर्दन,
जिन्हें पत्थरों को तराशकर बनाया गया है,
जिन पर एक हज़ार ढालें लटका दी जाती हैं,
वीर योद्धाओं की सभी गोलाकार ढालें.
5 तुम्हारी दोनों छातियां हिरणी के दो बच्चों के समान हैं,
हिरणी के जुड़वां बच्चे,
जो सोसन के फूलों के बीच चरते हैं.
6 शाम होने तक
जब छाया मिटने लगती है,
मैं गन्धरस के पहाड़ पर चला जाऊंगा,
हां, लोबान की पहाड़ी पर.
7 मेरी प्रियतमा, तुम सर्वांग सुंदरी हो;
कोई भी दोष नहीं है तुममें.
8 मेरी दुल्हिन, मेरे साथ लबानोन से आ जाओ,
कैसा होगा जब तुम मेरे साथ लबानोन से आओगी.
उतर आओ; अमाना शिखर से,
सेनीर तथा हरमोन के शिखर से,
शेरों की गुफाओं से,
तेंदुओं के पर्वतों से.
9 मेरी बहन, मेरी दुल्हिन, तुमने तो मेरी हृदय गति तेज कर दी है;
तुम्हारे गले के हार के एक ही हीरे से,
तुम्हारी आंखों के एक ही चितवन से,
तुमने तो मेरी हृदय गति तेज कर दी है!
10 मेरी बहन, मेरी दुल्हिन, कैसा मनोहर है तुम्हारा प्रेम!
दाखमधु से भी उत्तम है तुम्हारा प्रेम,
तथा तुम्हारे ईत्रों की सुगंध भी उत्तमोत्तर है
सभी मसालों की सुगंध से!
11 मेरी दुल्हिन, तुम्हारे ओंठ मधु टपकाते हैं;
तुम्हारी जीभ के नीचे दूध और मधु रहता है,
तुम्हारे वस्त्रों से उठती सुगंध
लबानोन की सुगंध के समान है.
12 मेरी बहन, मेरी दुल्हिन एक गुप्त निजी बगीचा है;
चारदीवारी में बंद तथा निजी झरने वाला बगीचा.
13 तुम तो अनार के पेड़ों की बारी हो, जिसमें सबसे अच्छे फल लगे हुए हैं
तथा जिसमें मेंहदी
तथा जटामांसी के पौधे लगे हुए हैं.
14 जटामांसी एवं केसर,
नरकुल तथा दालचीनी,
ये सभी गन्धरस,
लोबान तथा अगर
तथा इनके सारे मुख्य मसालों के मिश्रण के साथ.
15 तुम तो बगीचे के बीच का सोता हो,
सुखदायी जल का कुंआ,
वे नदियां, जो लबानोन से निकली हैं.
नायिका
16 उत्तरी वायु, जागो,
दक्षिण वायु! आ जाओ;
मेरे बगीचे के ऊपर से बहो,
इसके मसालों के मिश्रण उड़कर दूर चले जाएं.
कैसा हो यदि मेरा प्रेमी अपने बगीचे में आ जाए
तथा इसके उत्तम-उत्तम फलों को खाए.
नायक
5:1 मेरी बहन, मेरी दुल्हिन; मैं अपने बगीचे में आ चुका हूं;
मैंने अपना गन्धरस, अपना लोबान इकट्ठा कर लिया है.
मैंने मधु के साथ मधुछत्ते को भी खा लिया है;
मैंने अपना दाखमधु तथा अपना दूध पी लिया है.
मित्रगण
मित्रो, भोजन करो, दाखमधु का सेवन करो;
तथा प्रेम के नशे में चूर हो जाओ.
नायिका
2 मैं सोई हुई थी, किंतु मेरा हृदय जाग रहा था.
एक आवाज! मेरा प्रेमी दरवाजा खटखटा रहा था:
“दरवाजा खोलो, मेरी बहन, मेरी प्रियतमा,
मेरी कबूतरी, मेरी सर्वांग सुंदरी.
क्योंकि ओस से मेरा सिर भीगा हुआ है,
रात की नमी मेरे बालों में समाई हुई है.”
3 मैं तो अपने वस्त्र उतार चुकी हूं,
अब मैं कैसे वस्त्रों को दोबारा पहनूं?
मैं अपने पांव धो चुकी हूं,
अब मैं उन्हें मैला क्यों करूं?
4 मेरे प्रेमी ने दरवाजे के छेद में से अपना हाथ मेरी ओर बढ़ाया;
उसके लिए मेरी भावनाएं उमड़ उठीं.
5 मैं बिछौना छोड़ अपने प्रेमी के लिए दरवाजा खोलने के लिए उठी,
मेरे हाथों से गन्धरस टपक रहा था
और मेरी उंगलियों से टपकता हुआ गन्धरस.
मेरी उंगलियां इस समय दरवाजे की चिटकनी पर थीं.
6 अपने प्रेमी के लिए मैंने दरवाजा खोला,
मगर मेरा प्रेमी लौट चुका था.
जब वह मुझसे विनती कर रहा था, मेरा हृदय पिघल गया.
मैं उसे खोजती रही पर वह मुझे नहीं मिला.
मैं उसे पुकारती रही, पर उसकी ओर से मुझे उत्तर न मिला.
7 नगर में घूमते हुए पहरेदारों से
मेरी भेंट ज़रूर हुई.
उन्होंने मुझ पर वार कर मुझे घायल कर दिया;
शहरपनाह के पहरेदारों ने तो मेरी चादर ही छीन ली.
8 येरूशलेम की कन्याओ, यह वादा करो,
यदि तुम्हें कहीं मेरा प्रेमी मिल जाए,
तुम उसे बताओगे? उसे बता देना कि मुझे प्रेम की बीमारी हो गयी है.
मित्रगण
9 नवयुवतियों में परम सुंदरी नवयुवती,
किस प्रकार तुम्हारा प्रेमी दूसरे प्रेमियों से उत्तम है?
किस प्रकार का है तुम्हारा यह प्रेमी,
कि तुम हमें सौगंध दे रही हो?
नायिका
10 मेरा प्रेमी तेजवान और लाल है,
वह तो दस हज़ारों में सिर्फ एक है.
11 उसका सिर सोना; हां, शुद्ध सोने के समान है;
और उसके बाल तो खजूर के गुच्छों के समान हैं,
कौआ के समान काले.
12 उसकी आंखें उन कबूतरों के समान हैं
जो नदियों के किनारे पाए जाते हैं,
मानो उन्होंने दूध में नहाया है,
जिनमें हीरे जड़े हुए हैं.
13 उसके गाल बलसान की क्यारियों के समान हैं,
मानो वे सुगंध मिश्रण के ढेर हों.
उसके ओंठ सोसन के फूल हैं,
जिनमें से गन्धरस का रस टपकता है.
14 उसके हाथ मरकत मणि जड़े हुए कुन्दन के हैं;
उसका पेट तो उत्तम हाथी-दांत का है,
जिसमें नीलम जड़े हुए हैं.
15 उसके पैर संगमरमर के खंभे हैं,
जिन्हें कुन्दन पर बैठा दिया गया है.
उसका रूप लबानोन के समान है,
सुंदर देवदार के वृक्षों के समान.
16 उसका मुख बहुत ही मीठा है;
वह हर तरह से मन को भानेवाला है.
येरूशलेम की कन्याओ,
ऐसा ही है मेरा प्रेमी, मेरा मीत.