दूसरे मंदिर का समर्पण होता है

515 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

एज़्रा 6:14–22

14 यहूदियों के पुरनियों ने भविष्यद्वक्ता हाग्गय तथा इद्दो के पुत्र ज़करयाह की भविष्यवाणी के अनुरूप यह निर्माण पूरा करने में सफलता हासिल की. इस निर्माण का पूर्ण होना इस्राएल के परमेश्वर के आदेश तथा फारस के राजा कोरेश, दारयावेश तथा अर्तहषस्ता की राजाज्ञा के अनुसार हुआ. 15 भवन पुनर्निर्माण का यह कार्य अदर माह की तीसरी तिथि पर पूर्ण हुआ. यह राजा दारयावेश के शासन का छठा वर्ष था.

16 इस्राएल वंशज, पुरोहित, लेवी तथा शेष रहनेवालों ने बड़े ही आनंदपूर्वक परमेश्वर के भवन के अर्पण के उत्सव को मनाया. 17 परमेश्वर के इस भवन के अर्पण-उत्सव में उन्होंने 100 बछड़े, 200 मेढ़े, 400 मेमने अर्पित किए तथा इस्राएल के निमित्त पापबलि करके 12 बकरे इस्राएल के बारह गोत्रों के अनुसार अर्पित किए. 18 तब उन्होंने अपने-अपने विभागों के लिए पुरोहित तथा क्रम के अनुसार लेवी भी येरूशलेम में परमेश्वर की सेवा के लिए नियुक्त कर दिए—जैसा कि मोशेह लिखित विधान में निर्दिष्ट है.

19 वे जो रहनेवाले थे, उन्होंने प्रथम माह के चौदहवें दिन फ़सह उत्सव को मनाया. 20 क्योंकि पुरोहितों एवं लेवियों ने साथ ही अपने को पवित्र कर लिया था. वे सभी अब संस्कार के अनुसार शुद्ध किए गये थे. तब उन्होंने सभी रहनेवालों के लिए फ़सह मेमना वध किया सहपुरोहितों के लिए तथा स्वयं अपने लिए. 21 इस्राएल वंशज, जो निर्वासन से लौट आए थे तथा वे सभी, जिन्होंने स्वयं को उस देश की अशुद्धताओं से अलग कर लिया था, उनके साथ हो गए थे, कि वे याहवेह, इस्राएल के परमेश्वर की खोज करें; इन्होंने फ़सह के भोज का सेवन किया. 22 तब उन्होंने बड़े ही आनंदपूर्वक सात दिन खमीर रहित रोटी का उत्सव भी मनाया, याहवेह ने उन्हें आनंदित किया था. याहवेह ने ही अश्शूर के राजा का हृदय उनकी ओर फेर दिया था कि वह उन्हें, इस्राएल के परमेश्वर के भवन के कार्य के लिए सहायता करें.

स्तोत्र 48

एक गीत. कोराह के पुत्रों की एक स्तोत्र रचना.

1 महान हैं याहवेह, हमारे परमेश्वर के नगर में,

उनके पवित्र पर्वत में, सर्वोच्च वंदना और प्रशंसा के योग्य.

2 मनोहर हैं इसके शिखर,

जिसमें समस्त पृथ्वी आनन्दमग्न है,

ज़ियोन पर्वत उत्तर के उच्च पर्वत ज़ेफोन के समान है,

जो राजाधिराज का नगर है.

3 इसके राजमहलों में परमेश्वर निवास करते हैं;

उन्होंने स्वयं को इसका गढ़ प्रमाणित कर दिया है.

4 जब राजाओं ने अपनी सेनाएं संयुक्त की,

जब उन्होंने इस पर आक्रमण किया,

5 तब वे इसे देख चकित रह गए;

वे भयभीत हो भाग खड़े हुए.

6 भय के कारण उन्हें वहां ऐसी कंपकंपी होने लगी,

जैसी प्रसव पीड़ा में प्रसूता को होती है.

7 आपने उनका ऐसा विध्वंस किया,

जैसे तरशीश के जलयानों का पूर्वी हवा के कारण हुआ था.

8 जैसा हमने सुना था,

और जैसा हमने देखा है

सर्वशक्तिमान याहवेह के नगर में,

हमारे परमेश्वर के नगर में:

परमेश्वर उसे सर्वदा महिमा

प्रदान करेंगे.

9 परमेश्वर, आपके मंदिर में,

हमने आपके करुणा-प्रेम पर चिंतन किया है.

10 जैसी आपकी महिमा है,

वैसी ही आपकी स्तुति-प्रशंसा भी पृथ्वी के छोर तक पहुंच रही है;

आपका दायां हाथ धार्मिकता से भरा है.

11 ज़ियोन पर्वत उल्‍लसित है,

यहूदाह प्रदेश के नगर आपके निष्पक्ष

न्याय के कारण हर्षित हो रहे हैं.

12 ज़ियोन की परिक्रमा करते हुए,

उसके स्तंभों की गणना करो.

13 उसकी शहरपनाह पर दृष्टि लगाओ,

उसके महलों का भ्रमण करो,

कि तत्पश्चात तुम अगली पीढ़ी

को इनके विषय में बता सको.

14 यही हैं वह परमेश्वर, जो युगानुयुग के लिए हमारे परमेश्वर हैं;

वही अंत तक हमारी अगुवाई करते रहेंगे.

स्तोत्र 81

संगीत निर्देशक के लिये. गित्तीथ पर आधारित. आसफ की रचना.

1 परमेश्वर के लिए, जो हमारा बल हैं, आनंद के साथ गाओ;

याकोब के परमेश्वर के लिए उच्च स्वरनाद करो!

2 संगीत प्रारंभ हो, किन्‍नोर के साथ नेबेल के वादन से,

मधुर ध्वनि उत्पन्‍न की जाए.

3 नवचंद्र के अवसर पर शोफ़ार बजाओ,

वैसे ही पूर्णिमा के अवसर पर, जब हमारा उत्सव होता है;

4 इस्राएल के लिए यह विधि है,

यह याकोब के परमेश्वर का नियम है.

5 जब परमेश्वर मिस्र देश के विरुद्ध प्रतिकार के लिए कटिबद्ध हुए,

उन्होंने इसे योसेफ़ के लिए अधिनियम स्वरूप बसा दिया.

जहां हमने वह भाषा सुनी, जो हमारी समझ से परे थी:

6 “प्रभु ने कहा, मैंने उनके कांधों से बोझ उतार दिया;

टोकरी ढोने के कार्य से वे स्वतंत्र हो गए.

7 जब तुम पर संकट का अवसर आया, तुमने मुझे पुकारा और मैंने तुम्हें छुड़ा लिया,

मेघ गरजना में से मैंने तुम्हें उत्तर दिया;

मेरिबाह जल पर मैंने तुम्हारी परीक्षा ली.

8 मेरी प्रजा, मेरी सुनो, कि मैं तुम्हें चिता सकूं,

इस्राएल, यदि तुम मात्र मेरी ओर ध्यान दे सको!

9 तुम्हारे मध्य वे देवता न पाए जाएं, जो वस्तुतः अनुपयुक्त हैं;

तुम उन देवताओं की वंदना न करना.

10 मैं, याहवेह, तुम्हारा परमेश्वर हूं,

जो तुम्हें मिस्र देश से छुड़ाकर लाया हूं.

तुम अपना मुख पूरा-पूरा खोलो कि मैं उसे भर दूं.

11 “किंतु मेरी प्रजा ने मेरी नहीं सुनी;

इस्राएल ने मेरी आज्ञा नहीं मानी.

12 तब मैंने उसे उसी के हठीले हृदय के अधीन छोड़ दिया,

कि वह अपनी ही युक्तियों की पूर्ति करती रहे.

13 “यदि मेरी प्रजा मात्र मेरी आज्ञा का पालन कर ले,

यदि इस्राएल मेरी शिक्षा का पालन कर ले,

14 शीघ्र मैं उसके शत्रुओं का पीछा करूंगा,

और उसके शत्रुओं पर मेरा प्रहार होगा!

15 जो याहवेह से घृणा करते हैं,

वे आज्ञाकारिता का दिखावा करेंगे और उनको बड़ा दंड होगा.

16 किंतु तुम्हारा आहार होगा सर्वोत्तम गेहूं;

मैं तुम्हें चट्टान के उत्कृष्ट मधु से तृप्‍त करूंगा.”

स्तोत्र 146

1 याहवेह का स्तवन हो.

मेरे प्राण, याहवेह का स्तवन करो.

2 जीवन भर मैं याहवेह का स्तवन करूंगा;

जब तक मेरा अस्तित्व है, मैं अपने परमेश्वर का स्तुति गान करता रहूंगा.

3 प्रधानों पर अपना भरोसा आधारित न करो—उस नश्वर मनुष्य पर,

जिसमें किसी को छुड़ाने की कोई सामर्थ्य नहीं है.

4 जब उसके प्राण पखेरू उड़ जाते हैं, वह भूमि में लौट जाता है;

और ठीक उसी समय उसकी योजनाएं भी नष्ट हो जाती हैं.

5 धन्य होता है वह पुरुष, जिसकी सहायता का उगम याकोब के परमेश्वर में है,

जिसकी आशा याहवेह, उसके परमेश्वर पर आधारित है.

6 वही स्वर्ग और पृथ्वी के,

समुद्र तथा उसमें चलते फिरते सभी प्राणियों के कर्ता हैं;

वह सदा-सर्वदा विश्वासयोग्य रहते हैं.

7 वही दुःखितों के पक्ष में न्याय निष्पन्‍न करते हैं,

भूखों को भोजन प्रदान करते हैं.

याहवेह बंदी को छुड़ाते हैं,

8 वह अंधों की आंखें खोल दृष्टि प्रदान करते हैं,

याहवेह झुके हुओं को उठाकर सीधा खड़ा करते हैं,

उन्हें नीतिमान पुरुष प्रिय हैं.

9 याहवेह प्रवासियों की हितचिंता कर उनकी रक्षा करते हैं

वही हैं, जो विधवा तथा अनाथों को संभालते हैं,

किंतु वह दुष्टों की युक्तियों को नष्ट कर देते हैं.

10 याहवेह का साम्राज्य सदा के लिए है,

ज़ियोन, पीढ़ी से पीढ़ी तक तेरा परमेश्वर राजा हैं.

याहवेह का स्तवन करो.