दूसरे मंदिर का समर्पण होता है (continued)
515 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
1 याहवेह का स्तवन करो.
शोभनीय है हमारे परमेश्वर का गुणगान करना,
क्योंकि यह सुखद है और स्तवन गान एक धर्ममय कार्य है!
2 येरूशलेम के निर्माता याहवेह हैं;
वह इस्राएल में से ठुकराए हुओं को एकत्र करते हैं.
3 जिनके हृदय भग्न हैं, वह उन्हें चंगा करते हैं,
वह उनके घावों पर पट्टी बांधते हैं.
4 उन्होंने ही तारों की संख्या निर्धारित की है;
उन्होंने ही हर एक को नाम दिया है.
5 पराक्रमी हैं हमारे प्रभु और अपार है उनका सामर्थ्य;
बड़ी है उनकी समझ.
6 याहवेह विनम्रों को ऊंचा उठाते
तथा दुर्जनों को धूल में मिला देते हैं.
7 धन्यवाद के साथ याहवेह का स्तवन गान करो;
किन्नोर की संगत पर परमेश्वर की वंदना करो.
8 वही आकाश को बादलों से ढांक देते हैं;
वह पृथ्वी के लिए वर्षा की तैयारी करते
और पहाड़ियों पर घास उपजाते हैं.
9 वही पशुओं के लिए आहार नियोजन
तथा चिल्लाते हुए कौवे के बच्चों के लिए भोजन का प्रबंध करते हैं.
10 घोड़े के बल में उन्हें कोई रुचि नहीं है,
और न ही किसी मनुष्य के शक्तिशाली पैरों में.
11 याहवेह को प्रसन्न करते हैं वे, जिनमें उनके प्रति श्रद्धा है,
जिन्होंने उनके करुणा-प्रेम को अपनी आशा का आधार बनाया है.
12 येरूशलेम, याहवेह की महिमा करो;
ज़ियोन, अपने परमेश्वर की वंदना करो.
13 क्योंकि याहवेह ने तुम्हारे द्वार के खंभों को सुदृढ़ बना दिया है;
उन्होंने नगर के भीतर तुम्हारी संतान पर कृपादृष्टि की है.
14 तुम्हारी सीमाओं के भीतर वह शांति की स्थापना करते
तथा तुमको सर्वोत्तम गेहूं से तृप्त करते हैं.
15 वह अपना आदेश पृथ्वी के लिए भेजा करते हैं;
और उनका वचन अति गति से प्रसारित होता है.
16 वह हिमवृष्टि करते हैं, जो ऊन समान दिखता है;
जब पाला पड़ता है, वह बिखरे हुए भस्म समान लगता है.
17 जब वह ओले के छोटे-छोटे टुकड़े से वृष्टि करते हैं,
तो किसमें उस शीत को सहने की क्षमता है?
18 वह अपना आदेश भेजकर उसे पिघला देते हैं;
वह हवा और जल में प्रवाह उत्पन्न करते हैं.
19 उन्होंने याकोब के लिए अपना संदेश
तथा इस्राएल के लिए अपने अधिनियम तथा व्यवस्था स्पष्ट कर दिए.
20 ऐसा उन्होंने किसी भी अन्य राष्ट्र के लिए नहीं किया;
वे उनकी व्यवस्था से अनजान हैं.
याहवेह का स्तवन हो.
148:1 याहवेह का स्तवन हो.
आकाशमंडल में याहवेह का स्तवन हो;
उच्च स्थानों में उनका स्तवन हो.
2 उनके समस्त स्वर्गदूत उनका स्तवन करें;
स्वर्गिक सेनाएं उनका स्तवन करें.
3 सूर्य और चंद्रमा उनका स्तवन करें;
टिमटिमाते समस्त तारे उनका स्तवन करें.
4 सर्वोच्च आकाश, उनका स्तवन करे और वह जल भी,
जो स्वर्ग के ऊपर संचित है.
5 ये सभी याहवेह की महिमा का स्तवन करें,
क्योंकि इन सब की रचना, आदेश मात्र से हुई है.
6 उन्होंने इन्हें सदा-सर्वदा के लिए स्थापित किया है;
उन्होंने राजाज्ञा प्रसारित की, जिसको टाला नहीं जा सकता.
7 पृथ्वी से याहवेह का स्तवन किया जाए,
महासागर तथा उनके समस्त विशालकाय प्राणी,
8 अग्नि और ओले, हिम और धुंध,
प्रचंड बवंडर उनका आदेश पालन करते हैं,
9 पर्वत और पहाड़ियां,
फलदायी वृक्ष तथा सभी देवदार,
10 वन्य पशु और पालतू पशु,
रेंगते जंतु और उड़ते पक्षी,
11 पृथ्वी के राजा और राज्य के लोग,
प्रधान और पृथ्वी के समस्त शासक,
12 युवक और युवतियां,
वृद्ध और बालक.
13 सभी याहवेह की महिमा का गुणगान करें,
क्योंकि मात्र उन्हीं की महिमा सर्वोच्च है;
उनका ही तेज पृथ्वी और आकाश से महान है.
14 अपनी प्रजा के लिए उन्होंने एक सामर्थ्यी राजा का उद्भव किया है,
जो उनके सभी भक्तों के गुणगान का पात्र हैं,
इस्राएली प्रजा के लिए, जो उनकी अत्यंत प्रिय है.
याहवेह की स्तुति हो.
149:1 याहवेह का स्तवन हो.
याहवेह के लिए एक नया गीत गाओ,
भक्तों की सभा में उनका स्तवन किया जाए.
2 इस्राएल अपने कर्ता में आनंदित हो;
ज़ियोन की सन्तति अपने राजा में उल्लसित हो.
3 वे उनकी महिमा में नृत्य के साथ स्तवन करें;
वे खंजरी और किन्नोर की संगत पर संगीत गाया करें.
4 क्योंकि याहवेह का आनंद उनकी प्रजा में मगन है;
वह भोले पुरुष को उद्धार से सुशोभित करते हैं.
5 सात्विक उनके पराक्रम में प्रफुल्लित रहें,
यहां तक कि वे अपने बिछौने पर भी हर्षोल्लास में गाते रहें.
6 उनके कण्ठ में परमेश्वर के लिए सर्वोत्कृष्ट वंदना
तथा उनके हाथों में दोधारी तलवार हो.
7 वे अन्य राष्ट्रों पर प्रतिशोध
तथा उनकी प्रजा पर दंड के लिए तत्पर रहें,
8 कि उनके राजा बेड़ियों में बंदी बनाए जाएं
और उनके अधिकारी लोहे की जंजीरों में,
9 कि उनके लिए निर्धारित दंड दिया जाए,
यह उनके समस्त भक्तों का सम्मान होगा.
याहवेह का स्तवन हो.
150:1 याहवेह का स्तवन हो.
परमेश्वर का उनके मंदिर में स्तवन हो;
अत्यंत विशाल आकाश में उनका स्तवन हो.
2 उनके अद्भुत कार्यों के लिए उनका स्तवन हो;
उनके सर्वोत्कृष्ट महानता के योग्य उनका स्तवन हो.
3 तुरही के साथ उनका स्तवन हो,
वीणा तथा किन्नोर की संगत पर उनका स्तवन हो,
4 खंजरी और नृत्य के साथ उनका स्तवन हो,
तन्तु एवं बांसुरी के साथ उनका स्तवन हो,
5 झांझ की ध्वनि की संगत पर उनका स्तवन हो,
झांझ की उच्च झंकार में उनका स्तवन हो.
6 हर एक प्राणी, जिसमें जीवन का श्वास है, याहवेह का स्तवन करे.
याहवेह का स्तवन हो!