भाग 11: योथाम का शासनकाल

यहूदिया का राज्य

758 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

2 राजा 15:32

32 इस्राएल के राजा रेमालियाह के पुत्र पेकाह के शासनकाल के दूसरे साल में उज्जियाह के पुत्र योथाम ने यहूदिया पर शासन शुरू किया.

2 इतिहास 27:1–2

1 जब योथाम शासन करने लगा तब उसकी उम्र पच्चीस साल थी. उसने येरूशलेम में सोलह साल शासन किया. उसकी माता का नाम येरूशा था, वह सादोक की पुत्री थी. 2 उसने वह किया, जो याहवेह की दृष्टि में सही था, जैसा उसके पिता उज्जियाह ने किया था. हां, उसने याहवेह के मंदिर में प्रवेश नहीं किया. मगर प्रजा में भ्रष्टाचार फैला था.

2 राजा 15:35

35 फिर भी, पूजा स्थलों की वेदियां तोड़ी नहीं गई थी. लोग पूजा स्थलों की वेदियों पर धूप जलाते और बलि चढ़ाते रहे. योथाम ने याहवेह के भवन के ऊपरी द्वार को बनवाया.

मीकाह 1–2

1 यहूदिया के राजा योथाम, आहाज़ तथा हिज़किय्याह के शासनकाल में मोरेशेथवासी मीकाह के पास याहवेह का यह वचन पहुंचा, जिसे उसने शमरिया और येरूशलेम के बारे में दर्शन में देखा.

2 हे लोगों, तुम सब सुनो,

पृथ्वी और इसके सभी निवासियों, इस पर ध्यान दो,

कि प्रभु अपने पवित्र मंदिर से,

परम याहवेह तुम्हारे विरुद्ध गवाही दें.

3 देखो! याहवेह अपने निवास से निकलकर आ रहे हैं;

वे नीचे उतरकर पृथ्वी के ऊंचे स्थानों को रौंदते हैं.

4 उनके पैरों के नीचे पर्वत पिघल जाते हैं

और जैसे आग के आगे मोम,

और जैसे ढलान से गिरता पानी,

वैसे ही घाटियां तड़क कर फट जाती हैं.

5 यह सब याकोब के अपराध,

और इस्राएल के लोगों के पाप का परिणाम है.

याकोब का अपराध क्या है?

क्या शमरिया नहीं?

यहूदिया का ऊंचा स्थान (देवताओं के पूजा-स्थल) क्या है?

क्या येरूशलेम नहीं?

6 “इसलिये मैं शमरिया को मैदान में खंडहर के ढेर सा कर दूंगा,

एक ऐसी जगह जहां अंगूर की बारी लगाई जाती है.

मैं उसके पत्थरों को नीचे घाटी में लुढ़का दूंगा

और उसकी नीवें खुली कर दूंगा.

7 उसकी सब मूर्तियां टुकड़े-टुकड़े कर दी जाएंगी;

उसके मंदिर के सब भेटों को आग में जला दिया जाएगा;

मैं उसकी सब मूर्तियों को नष्ट कर दूंगा.

क्योंकि उसने अपनी भेटों को वेश्यावृत्ति करके प्राप्‍त किया है,

और वेश्यावृत्ति के मजदूरी के रूप में वे फिर उपयोग में लाई जाएंगी.”

8 इसलिये मैं रोऊंगा और विलाप करूंगा;

मैं खाली पैर और नंगा चला फिरा करूंगा.

मैं सियार के समान चिल्लाऊंगा

और उल्लू की तरह कराहूंगा.

9 क्योंकि शमरिया का घाव असाध्य है;

यह यहूदिया में फैल गया है.

यह मेरी प्रजा के द्वार तक,

और तो और यह येरूशलेम तक पहुंच गया है.

10 यह समाचार गाथ में न दिया जाए;

बिलकुल भी न रोया जाए.

बेथ-अफराह में

जाकर धूल में लोटो.

11 तुम जो शाफीर में रहते हो,

नंगे और निर्लज्ज होकर आगे बढ़ो.

जो त्सानान नगर में रहते हैं

वे बाहर नहीं निकलेंगे.

बेथ-एत्सेल विलाप में डूबा हुआ है;

यह तुम्हारा और बचाव नहीं कर सकता.

12 जो मारोथ में रहते हैं, वे दर्द से छटपटा रहे हैं,

और मदद के लिये इंतजार कर रहे हैं,

क्योंकि याहवेह के द्वारा भेजी गई विपत्ति

येरूशलेम के प्रवेश द्वार तक पहुंच गई है.

13 तुम जो लाकीश में रहते हो,

तेज भागनेवाले घोड़ों को रथ में फांदने के लिये साज पहनाओ.

तुम्हीं से ज़ियोन की पुत्री का पाप शुरू हुआ,

क्योंकि तुम्हीं में इस्राएल का अपराध पाया गया.

14 इसलिये तुम्हें ही मोरेशेथ-गथ को

विदाई उपहार देना होगा.

अकज़ीब के निवासी

इस्राएल के राजाओं के लिए धोखेबाज सिद्ध होंगे.

15 हे मारेशाह के रहनेवाले,

मैं तुम्हारे विरुद्ध एक विजेता को भेजूंगा.

इस्राएल के प्रतिष्ठित लोग

अदुल्लाम को भाग जाएंगे.

16 अपने प्यारे बच्चों के लिए शोक में

अपने सिर के बाल मुंड़ाओ;

गिद्ध के समान अपना सिर गंजा कर लो,

क्योंकि तुम्हारी संतान तुम्हारे पास से बंधुआई में चली जाएगी.

2:1 धिक्कार है उन पर जो बुरे कार्यों की योजना बनाते रहते हैं,

जो अपने बिछौने पर पड़े हुए षड़्‍यंत्र रचते हैं!

पौ फटते ही अपनी युक्ति को पूरा करते हैं

क्योंकि सत्ता उनके हाथ होती है.

2 वे दूसरों के खेत का लोभ करके उसे हड़प भी लेते हैं,

वे दूसरों के घर भी छीन लेते हैं.

वे लोगों के घरों को छल करके ले लेते हैं,

और उनके पुरखों की संपत्ति को लूट लेते हैं.

3 इसलिये याहवेह का यह कहना है:

“मैं इन लोगों के विरुद्ध विपत्ति लाने की योजना बना रहा हूं,

जिससे तुम अपने आपको नहीं बचा सकते.

तुम गर्व से सिर उठाकर फिर कभी न चल सकोगे,

क्योंकि यह विपत्ति का समय होगा.

4 उस दिन लोग तुम्हारा हंसी उड़ाएंगे;

वे इस शोक गीत के साथ तुम्हें ताना मारेंगे:

‘हम पूर्णतः नाश हो गये हैं;

मेरे लोगों की संपत्ति बांट दी गई है.

परमेश्वर इसे मुझसे ले लेते हैं!

वे हमारे खेत विश्‍वासघातियों को दे देते हैं.’ ”

5 इसलिये याहवेह के सभा में भूमि को लाटरी के द्वारा बांटने के लिए

तुम्हारे पास कोई न होगा.

6 उनके भविष्यवक्ता कहते हैं, “भविष्यवाणी मत करो;

इन बातों के बारे में भविष्यवाणी मत करो;

हमारे ऊपर कलंक नहीं लगेगा.”

7 हे याकोब के वंशजों, क्या यह कहा जाना चाहिये,

“क्या याहवेह धीरज नहीं धरते?

क्या वे ऐसा कार्य करते हैं?”

“क्या मेरे वचन से उसकी भलाई नहीं होती

जो न्याय के रास्ते पर चलता है?

8 हाल ही में मेरे लोग

एक शत्रु के समान उठ खड़े हुए हैं.

तुम उन व्यक्तियों के मंहगे कपड़े छीन लेते हो

जो बेफिक्र होकर जाते रहते हैं,

मानो वे युद्ध से लौट रहे हों.

9 तुम मेरे लोगों के महिलाओं को

उनके खुशहाल घरों से निकाल देते हो.

तुम उनकी संतान से मेरी आशीष को

हमेशा के लिये छीन लेते हो.

10 चलो उठो, यहां से चले जाओ!

यह तुम्हारे आराम की जगह नहीं है,

क्योंकि यह अशुद्ध हो गई है,

यह नाश हो गई है, और इसका कोई उपचार नहीं है.

11 यदि कोई झूठा और धोखा देनेवाला व्यक्ति आकर यह कहता है,

‘मैं तुम्हारे पास बहुत ही अंगूर की दाखमधु और जौ की दाखमधु होने की भविष्यवाणी करूंगा,’

तो ऐसा व्यक्ति इन लोगों के लिए उपयुक्त भविष्यवक्ता होगा!

12 “हे याकोब, निश्चित रूप से मैं तुम सबको एकत्र करूंगा;

मैं निश्चित रूप से इस्राएल के बचे लोगों को इकट्ठा करूंगा.

जैसे भेड़ें भेड़शाला में एकत्र की जाती हैं,

जैसे चरागाह में झुंड एकत्रित किया जाता है, वैसे ही मैं उन्हें इकट्ठा करूंगा;

उस जगह में लोगों की भीड़ लग जाएगी.

13 वह, जो बाड़े को तोड़कर रास्ता खोलता है, वह उनके आगे-आगे जाएगा;

वे द्वार को तोड़कर बाहर चले जाएंगे.

उनका राजा उनके आगे-आगे जाएगा,

स्वयं याहवेह उनका अगुआ होंगे.”

2 इतिहास 27:3–9

3 उसने याहवेह के भवन के ऊपरी द्वार को बनवाया. उसने शहरपनाह के उस भाग को बनवाया, जिसे ओफेल कहा जाता था. 4 इसके अलावा उसने यहूदिया के पहाड़ी क्षेत्र में नगरों को बनवाया. उसने जंगली पहाड़ियों पर गढ़ और पहरेदारों के मीनारों को बनवाया.

5 उसने अम्मोनी राजा से युद्ध किया और उन पर विजयी हुआ. फलस्वरूप अम्मोनियों ने उसे उस साल साढ़े तीन हज़ार किलो चांदी, 1,800 टन गेहूं और 1,800 टन जौ भेंट और कर के रूप में दिया. यही सब अम्मोनियों ने उसे दूसरे और तीसरे साल में भी दिया.

6 तब योथाम बलवान हो गया क्योंकि उसने अपनी नीतियां याहवेह अपने परमेश्वर की खुशी के अनुसार बनाई थी.

7 योथाम के बाकी काम, उसके युद्ध, उसके दूसरे काम इस्राएल और यहूदिया के राजा नामक पुस्तक में लिखे हैं. 8 शासन शुरू करते समय उसकी उम्र पच्चीस साल थी. उसने येरूशलेम में सोलह साल शासन किया. 9 योथाम हमेशा के लिए अपने पूर्वजों से जा मिला. उन्होंने उसे दावीद के नगर में गाड़ दिया. उसके स्थान पर उसका पुत्र आहाज़ राजा बना.

2 राजा 15:37

37 इन्हीं दिनों में याहवेह ने यहूदिया के विरुद्ध अराम देश के राजा रेज़िन और रेमालियाह के पुत्र पेकाह को हमले के उद्देश्य से भेजना शुरू कर दिया था.

2 राजा 15:33–34

33 शासन शुरू करते समय उसकी उम्र पच्चीस साल थी. उसने येरूशलेम में सोलह साल शासन किया. उसकी माता का नाम येरूशा था, वह सादोक की पुत्री थी. 34 योथाम ने वह किया, जो याहवेह की दृष्टि में सही था. उसने वही सब किया, जो उसके पिता उज्जियाह ने किया था.

2 राजा 15:36

36 योथाम द्वारा किए गए अन्य कार्य और उसकी अन्य उपलब्धियों का ब्यौरा यहूदिया के राजाओं की इतिहास की पुस्तक में दिया गया है.

2 राजा 15:38

38 योथाम हमेशा के लिए अपने पूर्वजों में जा मिला और उसे उसके पूर्वजों के साथ दावीद के नगर में गाड़ दिया गया. उसके स्थान पर उसका पुत्र आहाज़ राजा बना.

इस्राएल का राज्य

पेकाह का शासनकाल

2 राजा 15:27–29

27 यहूदिया के राजा अज़रियाह के शासन के बावनवें साल में रेमालियाह के पुत्र पेकाह ने शमरिया में शासन करना शुरू किया. उसने बीस साल शासन किया. 28 उसने वह किया, जो याहवेह की दृष्टि में गलत था. वह उन पापों से दूर न हुआ, जो नेबाथ के पुत्र यरोबोअम ने इस्राएल को करने के लिए उकसाया था.

29 इस्राएल के राजा पेकाह के शासनकाल में अश्शूर के राजा तिगलथ-पलेसेर ने हमला किया और इयोन, बेथ-माकाह के आबेल, यानोहा, केदेश, हाज़ोर, गिलआद, गलील और नफताली का सारा इलाका अपने अधीन कर लिया. इन सभी को बंदी बनाकर वह अश्शूर ले गया.