यरोबोअम द्वितीय की मृत्यु के बाद राजा के बिना इस्राएल

776 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

होशेआ 4

1 हे इस्राएली लोगों, याहवेह की बात को सुनो,

क्योंकि तुम जो इस देश में रहते हो,

तुम्हारे ऊपर याहवेह एक दोष लगानेवाला है:

“इस देश के निवासियों में परमेश्वर के प्रति

न तो विश्वासयोग्यता, न प्रेम, और न ही परमेश्वर को माननेवाली बात है.

2 यहां सिर्फ शाप, झूठ और हत्या,

चोरी, और व्यभिचार है;

वे सब सीमाओं को लांघ जाते हैं,

और खून के बदले खून बहाते हैं.

3 यही कारण है कि यह देश सूख जाता है,

इसमें सब रहनेवाले बेकार हो जाते हैं;

भूमि के जानवर, आकाश के पक्षी

और समुद्र की मछलियां नष्ट हो जाती हैं.

4 “पर कोई भी दोष न लगाए,

कोई भी दूसरे पर आरोप न लगाए,

क्योंकि तुम्हारे लोग उनके समान हैं

जो पुरोहित के ऊपर दोष लगाते हैं.

5 तुम दिन-रात ठोकर खाते हो,

और तुम्हारे साथ भविष्यवक्ता भी ठोकर खाते हैं.

इसलिये मैं तुम्हारी माता को नाश कर दूंगा—

6 मेरे लोग ज्ञान की कमी के कारण नाश होते हैं.

“क्योंकि तुमने ज्ञान को अस्वीकार किया है,

मैं भी तुम्हें पुरोहित के रूप में अस्वीकार करता हूं;

क्योंकि तुमने अपने परमेश्वर के कानून की उपेक्षा की है,

मैं भी तुम्हारे बच्चों की उपेक्षा करूंगा.

7 जितने ज्यादा पुरोहित थे,

उतने ज्यादा उन्होंने मेरे विरुद्ध पाप किया;

उन्होंने अपने महिमामय परमेश्वर के बदले में कलंकित चीज़ को अपना लिया.

8 मेरे लोगों के पाप इन पुरोहितों के भोजन बन गए हैं

और वे उनके दुष्टता का आनंद लेते हैं.

9 और यह ऐसा ही होगा: जैसे लोगों की दशा, वैसे पुरोहितों की दशा.

मैं उन दोनों को उनके चालचलन का दंड दूंगा

और उन्हें उनके कार्यों का बदला दूंगा.

10 “वे खाएंगे पर उनके पास पर्याप्‍त भोजन नहीं होगा;

वे व्यभिचार में लिप्‍त होंगे पर बढ़ेंगे नहीं,

क्योंकि उन्होंने याहवेह को छोड़ दिया है

11 ताकि वे व्यभिचार कर सकें;

पुरानी एवं नई दाखमधु उनकी समझ भ्रष्‍ट कर देती है.

12 मेरे लोग लकड़ी की मूर्तियों से सलाह लेते हैं,

और दैवीय छड़ी उनका भविष्य बताती है.

व्यभिचार की एक आत्मा उन्हें भटका देती है;

वे अपने परमेश्वर से विश्वासघात करते हैं.

13 वे पहाड़ों के शिखर पर बलिदान करते हैं

और वे पहाड़ियों पर

बांज, चिनार और एला वृक्षों के नीचे भेंटों को जलाते हैं,

जहां अच्छी छाया होती है.

इसलिये तुम्हारी बेटियां वेश्यावृत्ति करने जाती हैं

और तुम्हारी पुत्रवधुएं व्यभिचार करती हैं.

14 “जब तुम्हारी बेटियां वेश्यावृत्ति के लिये जाएंगी

तो मैं उन्हें दंड न दूंगा,

और न ही तुम्हारी पुत्रवधुओं को दंड दूंगा

जब वे व्यभिचार के लिए जाएंगी,

क्योंकि पुरुष स्वयं वेश्याओं के साथ रहते हैं

और मंदिर की वेश्याओं के साथ बलि चढ़ाते हैं—

नासमझ लोग नष्ट हो जाएंगे.

15 “हे इस्राएल, हालांकि तुम व्यभिचार करते हो,

पर यहूदिया दोषी न होने पाए.

“न तो गिलगाल जाओ

और न ही ऊपर बेथ-आवेन को जाओ.

और न ही यह शपथ खाना, ‘जीवित याहवेह की शपथ!’

16 इस्राएली लोग हठीली कलोर

के समान हठीले हैं.

तब याहवेह उनको चरागाह में

मेमने की तरह कैसे चरा सकते हैं?

17 एफ्राईम मूर्तियों से जुड़ गया है;

उसे अकेला छोड़ दो!

18 यहां तक कि जब उनकी दाखमधु भी खत्म हो जाती है,

तब भी वे वेश्यावृत्ति में लिप्‍त रहते हैं;

उनके शासक लज्जाजनक कामों से बहुत प्रेम रखते हैं.

19 बवंडर उड़ाकर ले जाएगा,

और उनके बलिदानों के कारण उन्हें लज्जित होना पड़ेगा.

ज़करयाह का शासनकाल 773 ईसा पूर्व

2 राजा 15:8–12

8 यहूदिया के राजा अज़रियाह के शासन के अड़तीसवें साल में यरोबोअम के पुत्र ज़करयाह ने शमरिया में इस्राएल पर शासन करना शुरू किया. उसने सिर्फ छः महीने ही शासन किया. 9 उसने वही किया, जो याहवेह की दृष्टि में गलत था—ठीक जैसा उसके पूर्वजों ने किया था. वह उन पापों से दूर न हुआ, जो नेबाथ के पुत्र यरोबोअम ने शुरू किए और जिन्हें करने के लिए उसने इस्राएल को उकसाया था.

10 याबेश के पुत्र शल्लूम ने उसके विरुद्ध षड़्‍यंत्र रचा और उसकी प्रजा के सामने ही उस पर घात कर उसकी हत्या कर दी, और उसके स्थान पर खुद राजा बन गया. 11 ज़करयाह के अन्य कामों का ब्यौरा इस्राएल के राजाओं की इतिहास की पुस्तक में दिया गया है. 12 याहवेह ने येहू से यह प्रतिज्ञा की थी, “चौथी पीढ़ी तक तुम्हारी संतान इस्राएल के सिंहासन पर बैठेगी.” यह इसी प्रतिज्ञा की पूर्ति है.

शल्लूम का शासनकाल 772 ईसा पूर्व

2 राजा 15:13–15

13 यहूदिया के राजा उज्जियाह के शासनकाल के उनचालीसवें साल में याबेश के पुत्र शल्लूम ने शासन करना शुरू किया और उसने शमरिया में एक महीने तक शासन किया. 14 उसी समय गादी का पुत्र मेनाख़ेम तिरज़ाह से शमरिया आ गया और उसने याबेश के पुत्र शल्लूम पर घात कर उसकी हत्या करके उसकी जगह पर स्वयं राजा बन गया.

15 शल्लूम के बाकी काम और उसके द्वारा रचे गए षड़्‍यंत्र का ब्यौरा इस्राएल के राजाओं की इतिहास की पुस्तक में दिया गया है.

मेनाख़ेम का शासनकाल

2 राजा 15:16–22

16 इसके बाद मेनाख़ेम ने तिफ़साह नगर पर हमला किया और सारी नगरवासियों को और तिरज़ाह से लेकर सारी सीमावर्ती क्षेत्र को खत्म कर दिया; क्योंकि उन्होंने फाटक खोलने से मना कर दिया था; इसलिये उसने इसे पूरी तरह नाश कर दिया और सभी गर्भवती स्त्रियों के पेट चीर डाले.

17 यहूदिया के राजा अज़रियाह के शासन के उनचालीसवें साल में गादी के पुत्र मेनाख़ेम ने इस्राएल पर शासन करना शुरू किया. उसने शमरिया में दस साल शासन किया. 18 उसने वही किया, जो याहवेह की दृष्टि में गलत था. वह जीवन भर उन पापों से दूर न हुआ, जो नेबाथ के पुत्र यरोबोअम ने इस्राएल को करने के लिए उकसाया था.

19 अश्शूर के राजा पूल ने राज्य पर हमला किया. मेनाख़ेम ने उसे लगभग पैंतीस टन चांदी इस मंशा से भेंट में दे दी, कि वह उससे अपनी सत्ता को दृढ़ करने में सहायता ले सके. 20 मेनाख़ेम ने इस्राएल के सारे धनी व्यक्तियों पर प्रति व्यक्ति लगभग आधा किलो चांदी का कर लगा दिया कि अश्शूर के राजा को यह भेंट में दी जा सके. तब अश्शूर का राजा वहां से लौट गया. वह उस देश में और अधिक नहीं ठहरा.

21 मेनाख़ेम के अन्य कामों और उसकी उपलब्धियों का ब्यौरा इस्राएल के राजाओं की इतिहास की पुस्तक में दिया गया है. 22 मेनाख़ेम हमेशा के लिए अपने पूर्वजों में जा मिला और उसके स्थान पर उसका पुत्र पेकाहियाह शासन करने लगा.

पेकाहियाह का शासनकाल 768 ईसा पूर्व

2 राजा 15:23–26

23 यहूदिया के राजा अज़रियाह के शासन के पचासवें साल में मेनाख़ेम के पुत्र पेकाहियाह ने शमरिया में इस्राएल पर शासन प्रारंभ किया. उसका शासनकाल दो साल का था. 24 उसने वह किया जो याहवेह की दृष्टि में गलत था. वह उन पापों से विमुख न हुआ, जिन्हें करने के लिए नेबाथ के पुत्र यरोबोअम ने इस्राएल को उकसाया था. 25 उसके सेनानायक पेकाह, रेमालियाह के पुत्र, ने गिलआद के पचास व्यक्तियों के साथ मिलकर उसके विरुद्ध षड़्‍यंत्र रचा और शमरिया में राजमहल के गढ़ में अरगोब और अरिएह के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी, और स्वयं उसके स्थान पर राजा बन गया.

26 पेकाहियाह द्वारा किए गए अन्य कार्य और उसकी सारी उपलब्धियों का ब्यौरा इस्राएल के राजाओं के इतिहास की पुस्तक में दिया गया है.