लोगों की पहली सभा
1015 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
1 जब दावीद बूढ़े हो गए, उन्होंने अपने पुत्र शलोमोन को इस्राएल पर राजा ठहरा दिया.
1 दावीद ने इस्राएल के सभी अधिकारियों, गोत्रों के प्रशासकों और राजकीय सेवा में लगी सेना की टुकड़ियों के हाकिमों और हज़ार सैनिकों के सेनापतियों, सौ सैनिकों के सेनापतियों, खजाने और राजा और उनके पुत्रों के पशुओं के अगुओं को, राजमहल के अधिकारियों, वीर योद्धाओं और बहुत अनुभवी योद्धाओं के साथ येरूशलेम में आमंत्रित किया.
2 राजा दावीद ने इन सबके सामने खड़े होकर उन्हें संबोधित कर कहा: “मेरे भाइयो और मेरी प्रजा, मेरी बातें ध्यान से सुनो; यह मेरी इच्छा थी कि मैं याहवेह की वाचा का संदूक और हमारे परमेश्वर के पैरों की चौकी के लिए एक स्थिर घर को बनाऊं. इसी उद्देश्य से मैंने भवन बनाने की तैयारी कर ली. 3 मगर परमेश्वर ने मुझसे कहा, ‘मेरे आदर में भवन को तुम नहीं बनवाओगे क्योंकि तुम एक योद्धा हो, तुमने बहुत लहू बहाया है.’
4 “फिर भी याहवेह, इस्राएल के परमेश्वर ने मेरे पिता के पूरे परिवार में से मुझे इस्राएल के सदाकाल के राजा के पद पर बैठाना सही समझा. यह इसलिये कि उन्होंने ही यहूदाह गोत्र को अगुआ बनाने के लिए चुना और यहूदाह गोत्र में से मेरे पिता के परिवार को और मेरे पिता के पुत्रों में से पूरे इस्राएल का राजा मुझे बनाने में उनकी खुशी थी. 5 याहवेह ने मुझे बहुत पुत्र दिए हैं. उन्होंने मेरे पुत्र शलोमोन को इस्राएल के ऊपर याहवेह के साम्राज्य के सिंहासन पर बैठने के लिए चुना है. 6 याहवेह ने मुझसे कहा, ‘तुम्हारा पुत्र शलोमोन ही वह है जो मेरे भवन और मेरे आंगनों को बनाएगा; क्योंकि मैंने यही सही समझा है कि वह मेरे लिए पुत्र हो और मैं उसका पिता हो जाऊंगा. 7 अगर वह हमेशा मेरे आदेशों और नियमों का पालन करता रहे, जैसा कि वह इस समय कर ही रहा है, मैं उसके राज्य को हमेशा के लिए स्थिर कर दूंगा.’
8 “इसलिये अब, सारे इस्राएल के सामने, जो याहवेह की सभा है और हमारे परमेश्वर के सामने याहवेह तुम्हारे परमेश्वर के सभी आदेशों का यत्न से पालन करो कि इस समृद्ध भूमि पर तुम अधिकारी बने रहो और तुम अपने बाद हमेशा के लिए अपने बच्चों को सौंपते जाओ.
9 “और तुम, मेरे शलोमोन, अपने पिता के परमेश्वर का ज्ञान प्राप्त करो, सच्चे हृदय और तैयार मन से उनकी सेवा करो क्योंकि याहवेह हर एक हृदय को जांचते रहते हैं और मन के हर एक विचारों को समझते हैं. यदि तुम उन्हें खोजोगे तो उन्हें पाओगे, अगर तुम उनको छोड़ दोगे, वह हमेशा के लिए तुम्हें अकेला छोड़ देंगे. 10 अब सावधान हो जाओ, क्योंकि याहवेह ने तुम्हें मंदिर के भवन को बनाने के लिए चुना है. दृढ़ निश्चय के साथ इस काम को पूरा करो.”
1 वह, जिसका निवास सर्वोच्च परमेश्वर के आश्रय में है,
सर्वशक्तिमान के छाया कुंज में सुरक्षित निवास करेगा.
2 याहवेह के विषय में मेरी घोषणा है, “वह मेरे आश्रय, मेरे गढ़ हैं,
मेरे शरणस्थान परमेश्वर हैं, जिनमें मेरा भरोसा है.”
3 वह तुम्हें सभी फंदे से बचाएंगे,
वही घातक महामारी
से तुम्हारी रक्षा करेंगे.
4 वह तुम्हें अपने परों में छिपा लेंगे,
उनके पंखों के नीचे तुम्हारा आश्रय होगा;
उनकी सच्चाई ढाल और गढ़ हैं.
5 तुम न तो रात्रि के आतंक से भयभीत होगे,
न ही दिन में छोड़े गए बाण से,
6 वैसे ही न उस महामारी से, जो अंधकार में छिपी रहती है,
अथवा उस विनाश से, जो दिन-दोपहरी में प्रहार करता है.
7 संभव है कि तुम्हारे निकट हजार
तथा तुम्हारी दायीं ओर दस हजार आ गिरें,
किंतु वह तुम तक नहीं पहुंचेगा.
8 तुम स्वयं अपनी आंखों से देखते रहोगे
और देखोगे कि कैसा होता है कुकर्मियों का दंड.
9 याहवेह, आप, जिन्होंने सर्वोच्च स्थान को अपना निवास बनाया है,
“मेरे आश्रय हैं.”
10 कोई भी विपत्ति तुम पर आने न पाएगी
और न कोई विपत्ति ही तुम्हारे मंडप के निकट आएगी.
11 क्योंकि वह अपने स्वर्गदूतों को तुम्हारी हर एक
गतिविधि में तुम्हारी सुरक्षा का आदेश देंगे;
12 वे तुम्हें अपने हाथों में उठा लेंगे,
कि कहीं तुम्हारे पांव को पत्थर से ठोकर न लग जाए.
13 तुम सिंह और नाग को कुचल दोगे;
तुम पुष्ट सिंह और सर्प को रौंद डालोगे.
14 यह याहवेह का आश्वासन है, “मैं उसे छुड़ाऊंगा, क्योंकि वह मुझसे प्रेम करता है;
मैं उसे सुरक्षित रखूंगा, क्योंकि उसने मेरी महिमा पहचानी है.
15 जब वह मुझे पुकारेगा, मैं उसे उत्तर दूंगा;
संकट की स्थिति में मैं उसके साथ रहूंगा,
उसे छुड़ाकर मैं उसका सम्मान बढ़ाऊंगा.
16 मैं उसे दीर्घायु से तृप्त करूंगा
और मैं उसे अपने उद्धार का अनुभव कराऊंगा.”
संभवतः दावीद के जीवन के अंतिम दिनों का एक भजन
एक स्तवन गीत. दावीद की रचना.
1 परमेश्वर, मेरे महाराजा, मैं आपका स्तवन करता हूं;
मैं सदा-सर्वदा आपके नाम का गुणगान करूंगा.
2 प्रतिदिन मैं आपकी वंदना करूंगा,
मैं सदा-सर्वदा आपके नाम का गुणगान करूंगा.
3 सर्वोच्च हैं याहवेह, स्तुति के सर्वाधिक योग्य;
अगम है उनकी सर्वोच्चता.
4 आपके कार्य एक पीढ़ी से दूसरी को बताए जाएंगे;
वे आपके महाकार्य की उद्घोषणा करेंगे.
5 आपकी प्रभुसत्ता के भव्य प्रताप पर
तथा आपके अद्भुत कार्यों पर मैं मनन करता रहूंगा.
6 मनुष्य आपके अद्भुत कार्यों की सामर्थ्य की घोषणा करेंगे,
मैं आपके महान कार्यों की उद्घोषणा करूंगा.
7 लोग आपकी बड़ी भलाई की कीर्ति का वर्णन करेंगे
तथा उच्च स्वर में आपकी धार्मिकता का गुणगान करेंगे.
8 याहवेह उदार एवं कृपालु हैं,
वह शीघ्र क्रोधित नहीं होते और बड़ी है उनकी करुणा.
9 याहवेह सभी के प्रति भले हैं;
तथा उनकी कृपा उनकी हर एक कृति पर स्थिर रहती है.
10 याहवेह, आपके द्वारा बनाए गए समस्त सृष्टि आपके प्रति आभार व्यक्त करेंगे,
और आपके समस्त सात्विक आपका स्तवन करेंगे.
11 वे आपके साम्राज्य की महिमा का वर्णन
तथा आपके सामर्थ्य की उद्घोषणा करेंगे.
12 कि समस्त मनुष्यों को आपके महाकार्य ज्ञात हो जाएं
और उन्हें आपके साम्राज्य के अप्रतिम वैभव का बोध हो जाए.
13 आपका साम्राज्य अनंत साम्राज्य है,
तथा आपका प्रभुत्व पीढ़ी से पीढ़ी बना रहता है.
याहवेह अपनी समस्त प्रतिज्ञाओं में निष्ठ हैं;
उनके समस्त कार्यों में उनकी कृपा बनी रहती है.
14 उन सभी को, जो गिरने पर होते हैं, याहवेह संभाल लेते हैं
और जो झुके जा रहे हैं, उन्हें वह थाम कर सीधे खड़ा कर देते हैं.
15 सभी की दृष्टि अपेक्षा में आपकी ओर लगी रहती है,
और आप उपयुक्त अवसर पर उन्हें आहार प्रदान करते हैं.
16 आप अपना हाथ उदारतापूर्वक खोलते हैं;
आप हर एक जीवित प्राणी की इच्छा को पूरी करते हैं.
17 याहवेह अपनी समस्त नीतियों में सीधे हैं,
उनकी सभी गतिविधियों में सच्चा हैं.
18 याहवेह उन सभी के निकट होते हैं, जो उन्हें पुकारते हैं,
उनके निकट, जो सच्चाई में उन्हें पुकारते हैं.
19 वह अपने श्रद्धालुओं की अभिलाषा पूर्ण करते हैं;
वह उनकी पुकार सुनकर उनकी रक्षा भी करते हैं.
20 याहवेह उन सभी की रक्षा करते हैं, जिन्हें उनसे प्रेम है,
किंतु वह दुष्टों को नष्ट कर देंगे.
21 मेरा मुख याहवेह का गुणगान करेगा.
सभी सदा-सर्वदा
उनके पवित्र नाम का स्तवन करते रहें.