संदूक को शलोमोन के मंदिर में लाने पर भजन-संग्रह

1004 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

स्तोत्र 47

संगीत निर्देशक के लिये. कोराह के पुत्रों की रचना. एक स्तोत्र.

1 समस्त राष्ट्रो, तालियां बजाओ;

हर्षोल्लास में परमेश्वर का जय जयकार करो.

2 याहवेह, सर्वोच्च परमेश्वर भय-योग्य हैं,

वही समस्त पृथ्वी के ऊपर पराक्रमी राजा हैं.

3 उन्हीं ने जनताओं को हमारे अधीन कर दिया है,

लोग हमारे पैरों के नीचे हो गए हैं.

4 उन्हीं ने हमारे लिए निज भाग को निर्धारित किया है,

यही याकोब का गौरव है, जो उनका प्रिय है.

5 जय जयकार की ध्वनि के मध्य से परमेश्वर ऊपर उठाए गए,

तुरही नाद के मध्य याहवेह ऊपर उठाए गए.

6 स्तुति गान में परमेश्वर की वंदना करो, वंदना करो;

स्तुति गान में हमारे राजाधिराज की वंदना करो, वंदना करो.

7 परमेश्वर संपूर्ण पृथ्वी के राजाधिराज हैं;

उनके सम्मान में एक स्तवन गीत प्रस्तुत करो.

8 संपूर्ण राष्ट्रों पर परमेश्वर का शासन है;

परमेश्वर अपने महान सिंहासन पर विराजमान हैं.

9 अब्राहाम के परमेश्वर की प्रजा के रूप में

जनताओं के अध्यक्ष एकत्र हुए हैं,

क्योंकि पृथ्वी की ढालों पर परमेश्वर का अधिकार है;

परमेश्वर अत्यंत ऊंचे हैं.

स्तोत्र 97–100

1 यह याहवेह का शासन है, पृथ्वी उल्‍लसित हो;

दूर के तटवर्ती क्षेत्र आनंद मनाएं.

2 प्रभु के आस-पास मेघ और गहन अंधकार छाया हुआ है;

उनके सिंहासन का आधार धार्मिकता और सच्चाई है.

3 जब वह आगे बढ़ते हैं,

अग्नि उनके आगे-आगे बढ़ते हुए उनके समस्त शत्रुओं को भस्म करती जाती है.

4 उनकी बिजलियां समस्त विश्व को प्रकाशित कर देती हैं;

यह देख पृथ्वी कांप उठती है.

5 याहवेह की उपस्थिति में पर्वत मोम समान पिघल जाते हैं,

उनके सामने, जो समस्त पृथ्वी के अधिकारी हैं.

6 आकाशमंडल उनके सत्य की घोषणा करती है,

समस्त मनुष्य उनके तेज के दर्शक हैं.

7 मूर्तियों के उपासक लज्जित कर दिए गए,

वे सभी, जो व्यर्थ प्रतिमाओं का गर्व करते हैं;

समस्त देवताओ, याहवेह की आराधना करो!

8 यह सब सुनकर ज़ियोन आनंदित हुआ,

याहवेह, आपके निर्णयों के

कारण यहूदिया प्रदेश के समस्त नगर हर्षित हो गए.

9 क्योंकि याहवेह, आप समस्त रचना में सर्वोच्च हैं;

समस्त देवताओं से आप कहीं अधिक महान एवं उत्तम ठहरे हैं.

10 यह उपयुक्त है कि वे सभी, जिन्हें याहवेह से प्रेम है, बुराई से घृणा करें,

प्रभु अपने भक्तों के प्राणों की रक्षा करते हैं,

वह उन्हें दुष्टों की युक्ति से छुड़ाते हैं.

11 धर्मियों के जीवन प्रकाशित किए जाते हैं

तथा निष्ठों के हृदय आनन्दविभोर.

12 समस्त धर्मियो, याहवेह में प्रफुल्लित हो

और उनके पवित्र नाम का स्तवन करो.

एक स्तोत्र.

98:1 याहवेह के लिए एक नया गीत गाओ,

क्योंकि उन्होंने अद्भुत कार्य किए हैं;

उनके दायें हाथ तथा उनकी पवित्र भुजा ने

जय प्राप्‍त की है.

2 याहवेह ने राष्ट्रों पर अपना उद्धार

तथा अपनी धार्मिकता परमेश्वर ने प्रकाशित की है.

3 इस्राएल वंश के लिए उन्होंने अपना करुणा-प्रेम

तथा सच्चाई को भूला नहीं;

पृथ्वी के छोर-छोर तक लोगों ने हमारे

परमेश्वर के उद्धार को देख लिया है.

4 याहवेह के लिए समस्त पृथ्वी का आनंद उच्च स्वर में प्रस्तुत हो,

संगीत की संगत पर हर्षोल्लास के गीत उमड़ पड़ें;

5 सारंगी पर याहवेह का स्तवन करे,

हां, किन्‍नोर की संगत पर मधुर धुन के गीत के द्वारा.

6 तुरहियों तथा शोफ़ार के उच्च नाद के साथ याहवेह,

हमारे राजा, के लिए उच्च स्वर में हर्षोल्लास का घोष किया जाए.

7 समुद्र तथा इसमें मगन सभी कुछ उसका हर्षनाद करें,

साथ ही संसार और इसके निवासी भी.

8 नदियां तालियां बजाएं,

पर्वत मिलकर हर्षगान गाएं;

9 वे सभी याहवेह की उपस्थिति में गाएं,

क्योंकि याहवेह आनेवाले हैं. पृथ्वी का न्याय करने के लिए वे आ रहे हैं.

उनका न्याय धार्मिकता में पूर्ण होगा;

वह मनुष्यों का न्याय अपनी ही सच्चाई के अनुरूप करेंगे.

99:1 याहवेह शासक हैं,

राष्ट्र कांपते रहें;

उन्होंने अपना आसन करूबों के मध्य स्थापित किया है,

पृथ्वी कांप जाए.

2 ज़ियोन में याहवेह तेजस्वी हैं;

वह समस्त राष्ट्रों के ऊपर बसे हैं.

3 उपयुक्त है उनका आपके महान और भय-योग्य नाम की वंदना करना—

पवित्र हैं वह.

4 राजा शक्ति-सम्पन्‍न हैं, वह जो न्याय को प्रिय मानता है,

उन्होंने इस्राएल में समता की स्थापना की है;

जो न्याय संगत और उचित है.

5 याहवेह, हमारे परमेश्वर की महिमा की जाए,

उनके चरणों में गिर आराधना की जाए;

वह पवित्र हैं.

6 मोशेह और अहरोन उनके पुरोहित थे,

शमुएल उनके आराधक थे;

ये सभी याहवेह को पुकारते थे

और वह उन्हें उत्तर देते थे.

7 मेघ-स्तंभ में से याहवेह ने उनसे वार्तालाप किया;

उन्होंने उनके अधिनियमों तथा उनके द्वारा सौंपे गए आदेशों का पालन किया.

8 याहवेह, हमारे परमेश्वर,

आप उन्हें उत्तर देते थे;

इस्राएल के लिए आप क्षमा शील परमेश्वर रहे,

यद्यपि आप उनके अपराधों का दंड देते रहे.

9 याहवेह, हमारे परमेश्वर की महिमा को ऊंचा करो,

उनके पवित्र पर्वत पर उनकी आराधना करो,

क्योंकि पवित्र हैं हमारे याहवेह परमेश्वर.

एक स्तोत्र. धन्यवाद के लिए गीत

100:1 याहवेह के स्तवन में समस्त पृथ्वी उच्च स्वर में जयघोष करे.

2 याहवेह की आराधना आनंदपूर्वक की जाए;

हर्ष गीत गाते हुए उनकी उपस्थिति में प्रवेश किया जाए.

3 यह समझ लो कि स्वयं याहवेह ही परमेश्वर हैं.

हमारी रचना उन्हीं ने की है, स्वयं हमने नहीं; हम पर उन्हीं का स्वामित्व है.

हम उनकी प्रजा, उनकी चराई की भेड़ें हैं.

4 धन्यवाद के भाव में उनके द्वारों में

और स्तवन भाव में उनके आंगनों में प्रवेश करो;

उनकी महिमा को धन्य कहो.

5 याहवेह भले हैं; उनकी करुणा सदा की है;

उनकी सच्चाई का प्रसरण समस्त पीढ़ियों में होता जाता है.