शलोमोन के मंदिर के समर्पण के अवसर पर
1004 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
1 याहवेह का स्तवन करो.
याहवेह की महिमा का स्तवन करो;
तुम, जो याहवेह के सेवक हो, उनका स्तवन करो.
2 तुम, जो याहवेह के आवास में सेवारत हो,
जो परमेश्वर के आवास के आंगनों में सेवारत हो.
3 याहवेह का स्तवन करो क्योंकि याहवेह धन्य हैं;
उनकी महिमा का गुणगान करो, क्योंकि यह सुखद है.
4 याहवेह को यह उपयुक्त लगा, कि वह याकोब को अपना बना लें,
इस्राएल को अपनी अमूल्य संपत्ति के लिये चुन लिया है.
5 मैं यह जानता हूं कि याहवेह सर्वश्रेष्ठ हैं,
हमारे परमेश्वर समस्त देवताओं से महान हैं.
6 याहवेह वही करते हैं जो उनकी दृष्टि में उपयुक्त होता है,
स्वर्ग में तथा पृथ्वी पर,
समुद्रों में तथा उनकी गहराइयों में.
7 पृथ्वी के छोर से उन्हीं के द्वारा बादल उठाए जाते हैं;
वही वृष्टि के साथ बिजलियां उत्पन्न करते हैं
तथा अपने भण्डार-गृहों से हवा को प्रवाहित कर देते हैं.
8 उन्होंने मिस्र के पहिलौठों की हत्या की,
मनुष्यों तथा पशुओं के पहिलौठों की.
9 उन्हीं ने, हे मिस्र, तुम्हारे मध्य अपने आश्चर्य कार्य एवं चमत्कार प्रदर्शित किए,
जो फ़रोह और उसके सभी सेवकों के विरुद्ध थे.
10 उन्हीं ने अनेक जनताओं की हत्या की
और अनेक शक्तिशाली राजाओं का वध भी किया.
11 अमोरियों के राजा सीहोन का,
बाशान के राजा ओग का
तथा कनान देश के समस्त राजाओं का.
12 तत्पश्चात उन्होंने इन सब की भूमि निज भाग स्वरूप दे दी,
अपनी प्रजा इस्राएल को, निज भाग स्वरूप.
13 याहवेह, सदा के लिए है, आपकी महिमा.
आपकी ख्याति, याहवेह, पीढ़ी से पीढ़ी स्थायी रहती है.
14 याहवेह अपनी प्रजा को निर्दोष प्रमाणित करेंगे,
वह अपने सेवकों पर करुणा प्रदर्शित करेंगे.
15 अन्य जनताओं की प्रतिमाएं मात्र स्वर्ण और चांदी हैं,
मनुष्यों की हस्तकृति मात्र.
16 हां, उनका मुख अवश्य है, किंतु ये बोल नहीं सकती,
उनकी आंखें अवश्य हैं, किंतु ये देख नहीं सकतीं.
17 उनके कान अवश्य हैं, किंतु ये सुन नहीं सकते,
और न उनके नाक में श्वास है.
18 इनके समान ही हो जाएंगे इनके निर्माता,
साथ ही वे सभी, जो इन पर भरोसा करते हैं.
19 इस्राएल वंश, याहवेह का स्तवन करो;
अहरोन के वंशजो, याहवेह का स्तवन करो;
20 लेवी के वंशजो, याहवेह का स्तवन करो;
तुम सभी, जिनमें याहवेह के प्रति श्रद्धा है, याहवेह का स्तवन हो.
21 ज़ियोन से याहवेह का,
जो येरूशलेम में निवास करते हैं, स्तवन हो.
याहवेह का स्तवन हो.
136:1 याहवेह का धन्यवाद करो, क्योंकि वे भले हैं,
सनातन है उनकी करुणा.
2 परम परमेश्वर के प्रति आभार अभिव्यक्त करो.
सनातन है उनकी करुणा.
3 उनके प्रति, जो प्रधानों के प्रधान हैं, आभार अभिव्यक्त करो:
सनातन है उनकी करुणा.
4 उनके प्रति, जिनके अतिरिक्त अन्य कोई अद्भुत कार्य कर ही नहीं सकता,
सनातन है उनकी करुणा.
5 जिन्होंने अपनी सुबुद्धि से स्वर्ग का निर्माण किया,
सनातन है उनकी करुणा.
6 जिन्होंने जल के ऊपर पृथ्वी का विस्तार कर दिया,
सनातन है उनकी करुणा.
7 जिन्होंने प्रखर प्रकाश पुंजों की रचना की,
सनातन है उनकी करुणा.
8 दिन के प्रभुत्व के लिए सूर्य का,
सनातन है उनकी करुणा.
9 रात्रि के लिए चंद्रमा और तारों का;
सनातन है उनकी करुणा.
10 उन्हीं के प्रति, जिन्होंने मिस्र देश के पहलौठों की हत्या की,
सनातन है उनकी करुणा.
11 और उनके मध्य से इस्राएल राष्ट्र को बाहर निकाल लिया,
सनातन है उनकी करुणा.
12 सशक्त भुजा और ऊंची उठी हुई बांह के द्वारा;
सनातन है उनकी करुणा.
13 उन्हीं के प्रति, जिन्होंने लाल सागर को विभक्त कर दिया था
सनातन है उनकी करुणा.
14 और उसके मध्य की भूमि से इस्राएलियों को पार करवा दिया,
सनातन है उनकी करुणा.
15 किंतु फ़रोह और उसकी सेना को सागर ही में डुबो दिया;
सनातन है उनकी करुणा.
16 उन्हीं के प्रति, जिन्होंने अपनी प्रजा को बंजर भूमि से पार कराया;
सनातन है उनकी करुणा.
17 जिन्होंने प्रख्यात राजाओं की हत्या की,
सनातन है उनकी करुणा.
18 जिन्होंने सशक्त राजाओं का वध कर दिया,
सनातन है उनकी करुणा.
19 अमोरियों के राजा सीहोन का,
सनातन है उनकी करुणा.
20 बाशान के राजा ओग का,
सनातन है उनकी करुणा.
21 तथा उनकी भूमि निज भाग में दे दी,
सनातन है उनकी करुणा.
22 अपने सेवक इस्राएल को, निज भाग में दे दी,
सनातन है उनकी करुणा.
23 उन्हीं के प्रति, जिन्होंने हमारी दुर्दशा में हमारी सुधि ली,
सनातन है उनकी करुणा.
24 और हमें हमारे शत्रुओं से मुक्त किया,
सनातन है उनकी करुणा.
25 जो सब प्राणियों के आहार का प्रबंध करते हैं,
सनातन है उनकी करुणा.
26 स्वर्गिक परमेश्वर के प्रति आभार अभिव्यक्त करो,
सनातन है उनकी करुणा.