शलोमोन के नीतिवचन (continued)

984 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

सूक्ति संग्रह 19–20

1 वह निर्धन व्यक्ति, जिसका चालचलन खराई है,

उस व्यक्ति से उत्तम है, जो कुटिल है और मूर्ख भी.

2 ज्ञान-रहित इच्छा निरर्थक होती है

तथा वह, जो किसी भी कार्य के लिए उतावली करता है, लक्ष्य प्राप्‍त नहीं कर पाता!

3 जब किसी व्यक्ति की मूर्खता के परिणामस्वरूप उसकी योजनाएं विफल हो जाती हैं,

तब उसके हृदय में याहवेह के प्रति क्रोध भड़क उठता है.

4 धन-संपत्ति अनेक नए मित्रों को आकर्षित करती है,

किंतु निर्धन व्यक्ति के मित्र उसे छोड़कर चले जाते हैं.

5 झूठे साक्षी का दंड सुनिश्चित है,

तथा दंडित वह भी होगा, जो झूठा है.

6 उदार व्यक्ति का समर्थन अनेक व्यक्ति चाहते हैं,

और उस व्यक्ति के मित्र सभी हो जाते हैं, जो उपहार देने में उदार है.

7 निर्धन व्यक्ति तो अपने संबंधियों के लिए भी घृणा का पात्र हो जाता है.

उसके मित्र उससे कितने दूर हो जाते हैं!

वह उन्हें मनाता रह जाता है,

किंतु इसका उन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता.

8 बुद्धि प्राप्‍त करना स्वयं से प्रेम करना है;

तथा ज्ञान को सुरक्षित रखना समृद्धि है.

9 झूठे साक्षी का दंड सुनिश्चित है तथा जो झूठा है,

वह नष्ट हो जाएगा.

10 सुख से रहना मूर्ख को शोभा नहीं देता,

ठीक जिस प्रकार दास का शासकों पर शासन करना.

11 सद्बुद्धि मनुष्य को क्रोध पर नियंत्रण रखने योग्य बनाती है;

और जब वह अपराध को भुला देता है, उसकी प्रतिष्ठा होती है.

12 राजा का क्रोध सिंह के गरजने के समान होता है,

किंतु उसकी कृपा घास पर पड़ी ओस समान.

13 मूर्ख संतान पिता के विनाश का कारक होती है,

और झगड़ालू पत्नी नित

टपक रहे जल समान.

14 घर और संपत्ति पूर्वजों का धन होता है,

किंतु बुद्धिमती पत्नी याहवेह की ओर से प्राप्‍त होती है.

15 आलस्य का परिणाम होता है गहन नींद,

ढीला व्यक्ति भूखा रह जाता है.

16 वह, जो आदेशों को मानता है, अपने ही जीवन की रक्षा करता है,

किंतु जो अपने चालचलन के विषय में असावधान रहता है, मृत्यु अपना लेता है.

17 वह, जो निर्धनों के प्रति उदार मन का है, मानो याहवेह को ऋण देता है;

याहवेह उसे उत्तम प्रतिफल प्रदान करेंगे.

18 यथासंभव अपनी संतान पर अनुशासन रखो उसी में तुम्हारी आशा निहित है;

किंतु ताड़ना इस सीमा तक न की जाए, कि इसमें उसकी मृत्यु ही हो जाए.

19 अति क्रोधी व्यक्ति को इसका दंड भोगना होता है;

यदि तुम उसे दंड से बचाओगे तो तुम समस्त प्रक्रिया को दोहराते रहोगे.

20 परामर्श पर विचार करते रहो और निर्देश स्वीकार करो,

कि तुम उत्तरोत्तर बुद्धिमान होते जाओ.

21 मनुष्य के मन में अनेक-अनेक योजनाएं उत्पन्‍न होती रहती हैं,

किंतु अंततः याहवेह का उद्देश्य ही पूरा होता है.

22 मनुष्य में खराई की अपेक्षा की जाती है;

तथा झूठ बोलनेवाले की अपेक्षा निर्धन अधिक उत्तम है.

23 याहवेह के प्रति श्रद्धा ही जीवन का मार्ग है;

तथा जिस किसी में यह भय है, उसका ठिकाना सुखी रहता है, अनिष्ट उसको स्पर्श नहीं करता.

24 एक आलसी ऐसा भी होता है, जो अपना हाथ भोजन की थाली में डाल तो देता है;

किंतु आलस्य में भोजन को मुख तक नहीं ले जाता.

25 ज्ञान के ठट्ठा करनेवाले पर प्रहार करो कि सरल-साधारण व्यक्ति भी बुद्धिमान बन जाये;

विवेकशील व्यक्ति को डांटा करो कि उसका ज्ञान बढ़ सके.

26 जो व्यक्ति अपने पिता के प्रति हिंसक हो जाता तथा अपनी माता को घर से बाहर निकाल देता है,

ऐसी संतान है, जो परिवार पर लज्जा और निंदा ले आती है.

27 मेरे पुत्र, यदि तुम शिक्षाओं को सुनना छोड़ दो,

तो तुम ज्ञान के वचनों से दूर चले जाओगे.

28 कुटिल साक्षी न्याय का उपहास करता है,

और दुष्ट का मुख अपराध का समर्थन करता है.

29 ठट्ठा करनेवालों के लिए दंड निर्धारित है,

और मूर्ख की पीठ के लिए कोड़े हैं.

20:1 दाखमधु ठट्ठा करनेवाला, तथा दाखमधु हल्ला मचानेवाला हो जाता है;

और जो व्यक्ति इनके प्रभाव में है, वह निर्बुद्धि है.

2 राजा का भय सिंह की दहाड़-समान होता है;

जो कोई उसके कोप को उकसाता है, अंततः प्राणों से हाथ धो बैठता है.

3 आदरणीय है वह व्यक्ति, जो कलह और विवादों से दूर रहता है,

झगड़ालू, वस्तुतः मूर्ख ही होता है.

4 आलसी निर्धारित समय पर हल नहीं जोतता;

और कटनी के समय पर उपज काटने जाता है, तो वहां कुछ भी नहीं रहेगा.

5 मनुष्य के मन में निहित युक्तियां गहरे सागर समान होती हैं,

ज्ञानवान ही उन्हें निकाल बाहर ला सकता है.

6 अनेक अपने उत्कृष्ट प्रेम का दावा करते हुए खड़े हो जाएंगे,

किंतु एक सच्चा व्यक्ति किसे प्राप्‍त होता है?

7 धर्मी जन निष्कलंक जीवन जीता है;

उसके बाद आनेवाली संतानें धन्य हैं.

8 न्याय-सिंहासन पर विराजमान राजा मात्र

अपनी दृष्टि ही से बुराई को भांप लेता है.

9 कौन यह दावा कर सकता है, “मैंने अपने हृदय को पवित्र कर लिया है;

मैं पाप से शुद्ध हो चुका हूं”?

10 याहवेह के समक्ष असमान तुला

और असमान माप घृणास्पद हैं.

11 एक किशोर के लिए भी यह संभव है, कि वह अपने चालचलन द्वारा अपनी विशेषता के लक्षण प्रकट कर दे,

कि उसकी गतिविधि शुद्धता तथा पवित्रता की ओर है अथवा नहीं?

12 वे कान, जो सुनने के लिए, तथा वे नेत्र, जो देखने के लिए निर्धारित किए गए हैं,

याहवेह द्वारा निर्मित हैं.

13 नींद का मोह तुम्हें गरीबी में डुबो देगा;

अपने नेत्र खुले रखो कि तुम्हारे पास भोजन की भरपूरी रहे.

14 ग्राहक तो विक्रेता से यह अवश्य कहता है, “अच्छी नहीं है यह सामग्री!”

किंतु वहां से लौटकर वह अन्यों के समक्ष अपनी उत्कृष्ट खरीद की बड़ाई करता है.

15 स्वर्ण और मूंगे की कोई कमी नहीं है,

दुर्लभ रत्नों के समान दुर्लभ हैं ज्ञान के उद्गार.

16 जो किसी अनजान के ऋण की ज़मानत देता है, वह अपने वस्त्र तक गंवा बैठता है;

जब कोई अनजान व्यक्तियों की ज़मानत लेने लगे, तब प्रतिभूति सुरक्षा में उसका वस्त्र भी रख ले.

17 छल से प्राप्‍त किया गया भोजन उस व्यक्ति को बड़ा स्वादिष्ट लगता है,

किंतु अंत में वह पाता है कि उसका मुख कंकड़ों से भर गया है.

18 किसी भी योजना की सिद्धि का मर्म है सुसंगत परामर्श;

तब युद्ध के पूर्व उपयुक्त निर्देश प्राप्‍त कर रखो.

19 कानाफूसी आत्मविश्वास को धोखा देती है;

तब ऐसे बकवादी की संगति से दूर रहना ही भला है.

20 जो अपने पिता और अपनी माता को शाप देता है,

उसका दीपक घोर अंधकार की स्थिति में ही बुझ जाएगा.

21 प्रारंभ में सरलतापूर्वक और शीघ्रता से

प्राप्‍त की हुई संपत्ति अंततः सुखदायक नहीं होती.

22 मत कहो, “मैं इस अन्याय का प्रतिशोध अवश्य लूंगा!”

याहवेह के निर्धारित अवसर की प्रतीक्षा करो, वही तुम्हारा छुटकारा करेंगे.

23 असमान माप याहवेह के समक्ष घृणास्पद,

तथा छलपूर्ण तुलामान कुटिलता है.

24 जब मनुष्य का चलना याहवेह द्वारा ठहराया जाता है,

तब यह कैसे संभव है कि हम अपनी गतिविधियों को स्वयं समझ सकें?

25 जल्दबाजी में कुछ प्रभु के लिए कुछ समर्पित करना एक जाल जैसा है,

क्योंकि तत्पश्चात व्यक्ति मन्नत के बारे में विचार करने लगता है!

26 बुद्धिमान राजा दुष्टों को अलग करता जाता है;

और फिर उन पर दांवने का पहिया चला देता है.

27 मनुष्य की आत्मा याहवेह द्वारा प्रज्वलित वह दीप है,

जिसके प्रकाश में वह उसके मन की सब बातों का ध्यान कर लेते हैं.

28 स्वामीश्रद्धा तथा सच्चाई ही राजा को सुरक्षित रखती हैं;

तथा बिना पक्षपात का न्याय उसके सिंहासन की स्थिरता होती है.

29 युवाओं की शोभा उनके शौर्य में है,

और वरिष्ठ व्यक्ति की उसके सफेद बालों में.

30 बुराई को छोड़ने के लिए अनिवार्य है वह प्रहार,

जो घायल कर दे; कोड़ों की मार मन को स्वच्छ कर देती है.