शलोमोन के नीतिवचन (continued)

984 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

सूक्ति संग्रह 17–18

1 सुख-शांति के वातावरण में सूखी रोटी का भोजन

कलहपूर्ण उत्सव-भोज से कहीं अधिक उत्तम है.

2 चतुर, बुद्धिमान सेवक उस पुत्र पर शासन करेगा,

जिसका चालचलन लज्जास्पद है.

3 चांदी की परख कुठाली से तथा स्वर्ण की भट्टी से की जाती है,

किंतु हृदयों की परख याहवेह करते हैं.

4 दुष्ट अनर्थ में रुचि लेता रहता है;

झूठा व्यक्ति विनाशकारी जीभ पर ध्यान देता है.

5 जो निर्धन को उपहास का पात्र बनाता है, वह उसके सृजनहार का उपहास करता है;

और जो दूसरों की विपत्ति को देख आनंदित होता है, निश्चयतः दंड प्राप्‍त करता है.

6 वयोवृद्धों का गौरव उनके नाती-पोतों में होता है,

तथा संतान का गौरव उनके माता-पिता में.

7 अशोभनीय होती है मूर्ख द्वारा की गई दीर्घ बात;

इससे कहीं अधिक अशोभनीय होती है प्रशासक द्वारा की गई झूठी बात.

8 वह, जो घूस देता है, उसकी दृष्टि में घूस जादू-समान प्रभाव डालता है;

इसके द्वारा वह अपना कार्य पूर्ण कर ही लेता है.

9 प्रेम का खोजी अन्य के अपराध पर आवरण डालता है,

किंतु वह, जो अप्रिय घटना का उल्लेख बार-बार करता है, परम मित्रों तक में फूट डाल देता है.

10 बुद्धिमान व्यक्ति पर एक डांट का जैसा गहरा प्रभाव पड़ता है,

मूर्ख पर वैसा प्रभाव सौ लाठी के प्रहारों से भी संभव नहीं है.

11 दुष्ट का लक्ष्य मात्र विद्रोह ही हुआ करता है;

इसके दमन के लिए क्रूर दूत भेजा जाना अनिवार्य हो जाता है.

12 किसी मूर्ख की मूर्खता में उलझने से उत्तम यह होगा,

कि उस रीछनी से सामना हो जाए, जिसके बच्‍चे छीन लिए गए हैं.

13 जो व्यक्ति किसी हितकार्य का प्रतिफल बुराई कार्य के द्वारा देता है,

उसके परिवार में बुराई का स्थायी वास हो जाता है.

14 कलह का प्रारंभ वैसा ही होता है, जैसा विशाल जल राशि का छोड़ा जाना;

तब उपयुक्त यही होता है कि कलह के प्रारंभ होते ही वहां से पलायन कर दिया जाए.

15 याहवेह की दृष्टि में दोनों ही घृणित हैं;

वह, जो दोषी को छोड़ देता है तथा जो धर्मी को दोषी घोषित कर देता है.

16 ज्ञानवर्धन के लिए किसी मूर्ख के धन का क्या लाभ?

जब उसे ज्ञान का मूल्य ही ज्ञात नहीं है.

17 मित्र वह है, जिसका प्रेम चिरस्थायी रहता है,

और भाई का अस्तित्व विषम परिस्थिति में सहायता के लिए ही होता है.

18 वह मूर्ख ही होता है, जो हाथ पर हाथ मारकर शपथ करता

तथा अपने पड़ोसी के लिए आर्थिक ज़मानत देता है.

19 जो कोई झगड़े से प्यार रखता है, वह पाप से प्यार करता है;

जो भी एक ऊंचा फाटक बनाता है विनाश को आमंत्रित करता है.

20 कुटिल प्रवृत्ति का व्यक्ति अवश्य ही विपत्ति में जा पड़ेगा;

वैसे ही वह भी, जो झूठ बोलने वाला है.

21 वह, जो मन्दबुद्धि पुत्र को जन्म देता है, अपने ही ऊपर शोक ले आता है;

मूर्ख के पिता के समक्ष आनंद का कोई विषय नहीं रह जाता.

22 आनंदित हृदय स्वास्थ्य देनेवाली औषधि है,

किंतु टूटा दिल अस्थियों को तक सुखा देता है.

23 दुष्ट गुप्‍त रूप से घूस लेता रहता है,

कि न्याय की नीति को कुटिल कर दे.

24 बुद्धिमान सदैव ज्ञान की ही खोज करता रहता है,

किंतु मूर्ख का मस्तिष्क विचलित होकर सर्वत्र भटकता रहता है.

25 मूर्ख पुत्र अपने पिता के लिए शोक का कारण होता है

और जिसने उसे जन्म दिया है उसके हृदय की कड़वाहट का कारण.

26 यह कदापि उपयुक्त नहीं है कि किसी धर्मी को दंड दिया जाए,

और न किसी सज्जन पर प्रहार किया जाए.

27 ज्ञानी जन शब्दों पर नियंत्रण रखता है,

और समझदार जन शांत बना रहता है.

28 जब तक मूर्ख मौन रहता है, बुद्धिमान माना जाता है,

उसे उस समय तक बुद्धिमान समझा जाता है, जब तक वह वार्तालाप में सम्मिलित नहीं होता.

18:1 जिसने स्वयं को समाज से अलग कर लिया है, वह अपनी ही अभिलाषाओं की पूर्ति में संलिप्‍त रहता है,

वह हर प्रकार की प्रामाणिक बुद्धिमत्ता को त्याग चुका है.

2 विवेकशीलता में मूर्ख की कोई रुचि नहीं होती.

उसे तो मात्र अपने ही विचार व्यक्त करने की धुन रहती है.

3 जैसे ही दृष्टि का प्रवेश होता है, घृणा भी साथ साथ चली आती है,

वैसे ही अपमान के साथ साथ निर्लज्जता भी.

4 मनुष्य के मुख से बोले शब्द गहन जल समान होते हैं,

और ज्ञान का सोता नित प्रवाहित उमड़ती नदी समान.

5 दुष्ट का पक्ष लेना उपयुक्त नहीं

और न धर्मी को न्याय से वंचित रखना.

6 मूर्खों का वार्तालाप कलह का प्रवेश है,

उनके मुंह की बातें उनकी पिटाई की न्योता देती हैं.

7 मूर्खों के मुख ही उनके विनाश का हेतु होता हैं,

उनके ओंठ उनके प्राणों के लिए फंदा सिद्ध होते हैं.

8 फुसफुसाहट में उच्चारे गए शब्द स्वादिष्ट भोजन-समान होते हैं;

ये शब्द मनुष्य के पेट में समा जाते हैं.

9 जो कोई अपने निर्धारित कार्य के प्रति आलसी है

वह विध्वंसक व्यक्ति का भाई होता है.

10 याहवेह का नाम एक सुदृढ़ मीनार समान है;

धर्मी दौड़कर इसमें छिप जाता और सुरक्षित बना रहता है.

11 धनी व्यक्ति के लिए उसका धन एक गढ़ के समान होता है;

उनको लगता हैं कि उस पर चढ़ना मुश्किल है!

12 इसके पूर्व कि किसी मनुष्य पर विनाश का प्रहार हो, उसका हृदय घमंडी हो जाता है,

पर आदर मिलने के पहले मनुष्य नम्र होता है!

13 यदि कोई ठीक से सुने बिना ही उत्तर देने लगे,

तो यह मूर्खता और लज्जा की स्थिति होती है.

14 रुग्ण अवस्था में मनुष्य का मनोबल उसे संभाले रहता है,

किंतु टूटे हृदय को कौन सह सकता है?

15 बुद्धिमान मस्तिष्क वह है, जो ज्ञान प्राप्‍त करता रहता है.

बुद्धिमान का कान ज्ञान की खोज करता रहता है.

16 उपहार उसके देनेवाले के लिए मार्ग खोलता है,

जिससे उसका महान व्यक्तियों के पास प्रवेश संभव हो जाता है.

17 यह संभव है कि न्यायालय में, जो व्यक्ति पहले होकर अपना पक्ष प्रस्तुत करता है,

सच्चा ज्ञात हो; जब तक अन्य पक्ष आकर परीक्षण न करे.

18 पासा फेंककर विवाद हल करना संभव है,

इससे प्रबल विरोधियों के मध्य सर्वमान्य निर्णय लिया जा सकता है.

19 एक रुष्ट भाई को मनाना सुदृढ़-सुरक्षित नगर को ले लेने से अधिक कठिन कार्य है;

और विवाद राजमहल के बंद फाटक समान होते हैं.

20 मनुष्य की बातों का परिणाम होता है उसके पेट का भरना;

उसके होंठों के उत्पाद में उसका संतोष होता है.

21 जिह्वा की सामर्थ्य जीवन और मृत्यु तक व्याप्‍त है,

और जिन्हें यह बात ज्ञात है, उन्हें इसका प्रतिफल प्राप्‍त होगा.

22 जिस किसी को पत्नी प्राप्‍त हो गई है, उसने भलाई प्राप्‍त की है,

उसे याहवेह की ओर से ही यह आनंद प्राप्‍त हुआ है.

23 संसार में निर्धन व्यक्ति गिड़गिड़ाता रहता है,

और धनी उसे कठोरतापूर्व उत्तर देता है.

24 मनुष्य के मित्र मैत्री का लाभ उठाते रहते हैं,

किंतु सच्चा मित्र वह होता है, जो भाई से भी अधिक उत्तम होता है.