पौलॉस रोमी लोगों को पत्र लिखते हैं

आखाया से मकेदोनिया जाते समय पौलॉस कोरिन्थॉस से रोम के यहूदियों और गैर-यहूदियों को अपना पत्र लिखते हैं। गैर-यहूदियों के सामने वे सिद्ध करते हैं कि न तो उनका बहुप्रशंसित दर्शन, न उनका नैतिक सदाचार, और न ही मानवीय तर्क का प्रकाश उन्हें परमेश्वर के सामने धर्मी ठहरा सकता था। यहूदियों के सामने वे सिद्ध करते हैं कि न तो मोशेह की व्यवस्था का उनका ज्ञान और न ही उसका पालन उन्हें धर्मी ठहरा सकता था। केवल मसीह में विश्वास ही समस्त मानवजाति के लिए उद्धार का एकमात्र मार्ग है और सदा से रहा है।

58 ईस्वी

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

पौलॉस रोमी लोगों का अभिवादन करते हैं

पौलॉस प्रेरित के रूप में अपने अधिकार की पुष्टि करते हैं। वे दावीद के वंश में मसीह के जन्म से उनके मानवीय स्वभाव को और पुनरुत्थान से उनके दिव्य स्वभाव को दिखाते हैं। वे कहते हैं कि उन्हें मसीह से गैर-यहूदी लोगों को सुसमाचार सुनाने का कार्य मिला है, जो रोम की कलीसिया का अधिकांश भाग थे, इसलिए उन्हें संबोधित करने का अधिकार उनके पास है।

रोमियों 1:1–7

1 यह पत्र पौलॉस की ओर से है, जो मसीह येशु का दास है, जिसका आगमन एक प्रेरित के रूप में हुआ तथा जो परमेश्वर के उस ईश्वरीय सुसमाचार के लिए अलग किया गया है, 2 जिसकी प्रतिज्ञा परमेश्वर ने पहले ही अपने भविष्यद्वक्ताओं के द्वारा पवित्र अभिलेखों में की थी, 3 जो उनके पुत्र के संबंध में थी, जो शारीरिक दृष्टि से दावीद के वंशज थे, 4 जिन्हें, पवित्र आत्मा की सामर्थ्य से मरे हुओं में से जिलाए जाने के कारण, परमेश्वर का पुत्र ठहराया गया; वही अपना प्रभु येशु मसीह. 5 उन्हीं के द्वारा हमने कृपा तथा प्रेरिताई प्राप्‍त की है कि हम उन्हीं के लिए सभी गैर-यहूदियों में विश्वास करके आज्ञाकारिता प्रभावी करें, 6 जिनमें से तुम भी मसीह येशु के होने के लिए बुलाए गए हो.

7 यह पत्र रोम नगर में उन सभी के नाम है,

जो परमेश्वर के प्रिय हैं, जिनका बुलावा पवित्र होने के लिए किया गया है. परमेश्वर हमारे पिता तथा प्रभु येशु मसीह की ओर से तुममें अनुग्रह और शांति बनी रहे.

पौलॉस रोमी लोगों से मिलने को लालायित हैं

पौलॉस उनके विश्वास पर आनंदित हैं। वह उनसे मिलने की अपनी प्रबल इच्छा बताते हैं, ताकि कोई आत्मिक वरदान देकर उन्हें दृढ़ कर सकें; यह इस बात का प्रमाण होगा कि वह और वे मसीह में विश्वास के द्वारा एक-दूसरे को दृढ़ करेंगे और सांत्वना देंगे। सभी राष्ट्रों में सुसमाचार का प्रचार करने के लिए नियुक्त किए जाने पर भी वह रोमी लोगों को इसका प्रचार करना चाहते हैं, जिसके तीन कारण हैं। पहला, वह पुष्टि करते हैं कि यह यहूदी और गैर-यहूदी दोनों के उद्धार के लिए परमेश्वर की सामर्थ्य है। दूसरा, केवल सुसमाचार में ही परमेश्वर की धार्मिकता प्रकट होती है, और उसके द्वारा धर्मी ठहराए जाने तथा स्वीकार किए जाने की एकमात्र शर्त विश्वास है, न कि कर्म। तीसरा, सुसमाचार मोशेह की व्यवस्था या विवेक के प्रकाश अथवा नियम से बढ़कर है; ये दोनों उन सभी को बिना किसी शर्त के मृत्यु के योग्य ठहराते हैं जिन्होंने पाप किया है।

रोमियों 1:8–18

8 सबसे पहले, मैं तुम सबके लिए मसीह येशु के द्वारा अपने परमेश्वर का धन्यवाद करता हूं क्योंकि तुम्हारे विश्वास की कीर्ति पूरे विश्व में फैलती जा रही है. 9 परमेश्वर, जिनके पुत्र के ईश्वरीय सुसमाचार का प्रचार मैं पूरे हृदय से कर रहा हूं, मेरे गवाह हैं कि मैं तुम्हें अपनी प्रार्थनाओं में कैसे लगातार याद किया करता हूं 10 और विनती करता हूं कि यदि संभव हो तो परमेश्वर की इच्छा अनुसार मैं तुमसे भेंट करने आऊं.

11 तुमसे भेंट करने के लिए मेरी बहुत इच्छा इसलिये है कि तुम्हें आत्मिक रूप से मजबूत करने के उद्देश्य से कोई आत्मिक वरदान प्रदान करूं 12 कि तुम और मैं आपस में एक दूसरे के विश्वास द्वारा प्रोत्साहित हो जाएं. 13 प्रिय भाई बहिनो, मैं नहीं चाहता कि तुम इस बात से अनजान रहो कि मैंने अनेक बार तुम्हारे पास आने की योजना बनाई है कि मैं तुम्हारे बीच वैसे ही उत्तम परिणाम देख सकूं जैसे मैंने बाकी गैर-यहूदियों में देखे हैं किंतु अब तक इसमें रुकावट ही पड़ती रही है.

14 मैं यूनानियों तथा बरबरों, बुद्धिमानों तथा निर्बुद्धियों दोनों ही का कर्ज़दार हूं. 15 इसलिये मैं तुम्हारे बीच भी—तुम, जो रोम नगर में हो—ईश्वरीय सुसमाचार सुनाने के लिए उत्सुक हूं.

16 ईश्वरीय सुसमाचार मेरे लिए लज्जा का विषय नहीं है. यह उन सभी के उद्धार के लिए परमेश्वर का सामर्थ्य है, जो इसमें विश्वास करते हैं. सबसे पहले यहूदियों के लिए और यूनानियों के लिए भी. 17 क्योंकि इसमें विश्वास से विश्वास के लिए परमेश्वर की धार्मिकता का प्रकाशन होता है, जैसा कि पवित्र शास्त्र का लेख है: वह, जो विश्वास द्वारा धर्मी है, जीवित रहेगा.

18 स्वर्ग से परमेश्वर का क्रोध उन मनुष्यों की अभक्ति तथा दुराचरण पर प्रकट होता है, जो सच्चाई को अधर्म में दबाए रहते हैं

गैर-यहूदी परमेश्वर को जानते थे, पर उनसे विमुख हो गए

पौलॉस दिखाते हैं कि गैर-यहूदियों के पास सृष्टि के कार्यों में परमेश्वर और उनके महिमामय पूर्ण गुणों के पर्याप्त प्रमाण थे। यह दिखाने के लिए कि प्रकृति के नियम से कोई भी उद्धार नहीं पा सकता, वह यूनानियों के दुर्गुण गिनाते हैं, जो मानवीय ज्ञान और बुद्धि के सर्वोच्च स्तर तक पहुँच चुके थे। वह कहते हैं कि वे परमेश्वर को जानते थे, लेकिन उन्होंने उनके विषय में अपने ज्ञान को छिपाए रखा, यहाँ तक कि उनके अपने हृदय सत्य को देख न सके और उन्होंने सृष्टिकर्ता के स्थान पर सृष्ट प्राणी की उपासना स्थापित कर दी। परमेश्वर के विषय में उनके ज्ञान ने उन्हें इस बात का निश्चय करा दिया था कि उनके अपराधों के लिए दंड उनकी प्रतीक्षा कर रहा है, फिर भी वे उन्हीं अपराधों में लगे रहे और दूसरों को भी ऐसा ही करने के लिए प्रोत्साहित किया।

रोमियों 1:19–32

19 क्योंकि परमेश्वर के विषय में जो कुछ भी जाना जा सकता है, वह ज्ञान मनुष्यों पर प्रकट है—इसे स्वयं परमेश्वर ने उन पर प्रकट किया है. 20 सच यह है कि सृष्टि के प्रारंभ ही से परमेश्वर के अनदेखे गुण, उनकी अनंत सामर्थ्य तथा उनका परमेश्वरत्व उनकी सृष्टि में स्पष्ट है और दिखाई देता है. इसलिये मनुष्य के पास अपने इस प्रकार के स्वभाव के बचाव में कोई भी तर्क शेष नहीं रह जाता.

21 परमेश्वर का ज्ञान होने पर भी उन्होंने न तो परमेश्वर को परमेश्वर के योग्य सम्मान दिया और न ही उनका आभार माना. इसके विपरीत उनकी विचार शक्ति व्यर्थ हो गई तथा उनके जड़ हृदयों पर अंधकार छा गया. 22 उनका दावा था कि वे बुद्धिमान हैं किंतु वे बिलकुल मूर्ख साबित हुए, 23 क्योंकि उन्होंने अविनाशी परमेश्वर के प्रताप को बदलकर नाशमान मनुष्य, पक्षियों, पशुओं तथा रेंगते जंतुओं में कर दिया.

24 इसलिये परमेश्वर ने भी उन्हें उनके हृदय की अभिलाषाओं की मलिनता के लिए छोड़ दिया कि वे आपस में बुरे कामों में अपने शरीर का अनादर करें. 25 ये वे हैं, जिन्होंने परमेश्वर के सच का बदलाव झूठ से किया. ये वे हैं, जिन्होंने सृष्टि की वंदना अर्चना की, न कि सृष्टिकर्ता की, जो सदा-सर्वदा वंदनीय हैं. आमेन.

26 यह देख परमेश्वर ने उन्हें निर्लज्ज कामनाओं को सौंप दिया. फलस्वरूप उनकी स्त्रियों ने प्राकृतिक यौनाचार के स्थान पर अप्राकृतिक यौनाचार अपना लिया. 27 इसी प्रकार स्त्रियों के साथ प्राकृतिक यौनाचार को छोड़कर पुरुष अन्य पुरुष के लिए कामाग्नि में जलने लगे. पुरुष, पुरुष के साथ ही निर्लज्ज व्यवहार करने लगे, जिसके फलस्वरूप उन्हें अपने ही शरीर में अपनी अपंगता का दुष्परिणाम प्राप्‍त हुआ.

28 इसके बाद भी उन्होंने यह उचित न समझा कि परमेश्वर के समग्र ज्ञान को स्वीकार करें, इसलिये परमेश्वर ने उन्हें वह सब करने के लिए, जो अनुचित था, निकम्मे मन के वश में छोड़ दिया. 29 उनमें सब प्रकार की बुराइयां समा गईं: दुष्टता, लोभ, दुष्कृति, जलन, हत्या, झगड़ा, छल, दुर्भाव, कानाफूसी, 30 दूसरों की निंदा, परमेश्वर से घृणा, असभ्य, घमंड, डींग मारना, षड़्‍यंत्र रचना, माता-पिता की आज्ञा टालना, 31 निर्बुद्धि, विश्वासघाती, कठोरता और निर्दयता. 32 यद्यपि वे परमेश्वर के धर्ममय अध्यादेश से परिचित हैं कि इन सबका दोषी व्यक्ति मृत्यु दंड के योग्य है, वे न केवल स्वयं ऐसा काम करते हैं, परंतु उन्हें भी पूरा समर्थन देते हैं, जो इनका पालन करते हैं.

यहूदी भी उन्हीं पापों के दोषी हैं

पौलॉस अच्छी तरह जानते हैं कि गैर-यहूदियों के पापों के लिए उनकी निंदा करने में शामिल होने को यहूदी कितने तत्पर रहते हैं। अब वह यहूदियों को उनके पाप का बोध कराने का प्रयास करते हैं और घोषित करते हैं कि वे भी उन्हीं अपराधों के दोषी हैं। ऐसे अपराधों के विरुद्ध परमेश्वर का न्याय, जो उनकी अपनी व्यवस्था में दिया गया है, सत्य माना जाता है, और जो भी ये अपराध करते हैं, चाहे यहूदी हों या गैर-यहूदी, वे परमेश्वर के अंतिम न्याय से नहीं बचेंगे।

रोमियों 2:1–3

1 उपरोक्त के प्रकाश में तुममें से प्रत्येक आरोपी के पास अपने बचाव के लिए कोई भी तर्क बाकी नहीं रह जाता क्योंकि जिस विषय को लेकर तुम उस अन्य को दोषी घोषित कर रहे हो, उस विषय में तुम स्वयं पर दंड की आज्ञा प्रसारित कर रहे हो क्योंकि जिस विषय के लिए तुम उसे दोषी घोषित कर रहे हो, तुम स्वयं वही करते हो. 2 हमें यह मालूम है कि परमेश्वर अवश्य ही उन्हें दंड देंगे, जो इन बुरे कामों का पालन करते हैं 3 और जबकि तुम स्वयं इनका पालन करते हो, उन पर उंगली उठा रहे हो, जो इनका पालन करते हैं! क्या तुम यह सोचते हो कि तुम परमेश्वर के दंड से बच जाओगे?

परमेश्वर यहूदी और यूनानी का समान रूप से न्याय करते हैं

पौलॉस यहूदियों को चेतावनी देते हैं कि यदि वे पश्चात्ताप नहीं करते, तो उनके विशेषाधिकार उनके दंड को और बढ़ाएँगे। वह इस बात का खंडन करते हैं कि परमेश्वर का न्याय यहूदियों और गैर-यहूदियों के बीच कोई भेद करता है, और पुष्टि करते हैं कि यहूदी और यूनानी दोनों को समान रूप से वही दंड और वही प्रतिफल दिए जाएँगे, क्योंकि परमेश्वर कोई पक्षपात नहीं करते।

रोमियों 2:4–11

4 या इस सच्चाई को पहचाने बिना कि परमेश्वर की कृपा ही तुम्हें पश्चाताप करना सिखाती है, तुमने परमेश्वर के अनुग्रह, धीरज और सहनशीलता रूपी धन को तुच्छ समझा है?

5 तुम अपने हठीले मनवाले तथा पश्चाताप विरोधी हृदय के कारण अपने ही लिए उस क्रोध के दिन पर परमेश्वर के सच्चे न्याय के प्रकाशन के अवसर के लिए क्रोध जमा कर रहे हो. 6 परमेश्वर ही प्रत्येक को उसके कामों के अनुसार प्रतिफल देंगे: 7 जिन्होंने महिमा, गौरव और अमरता को पाने के लिए अच्छे काम करते हुए बिना थके मेहनत की है, उन्हें अनंत जीवन 8 और जो स्वार्थी हैं, सच का तिरस्कार तथा दुष्टता का पालन करते हैं, उन्हें कोप और क्रोध. 9 प्रत्येक बुरा करनेवाले के लिए दर्द और संकट तय किए गए हैं—सबसे पहले यहूदी के लिए और फिर यूनानी के लिए भी 10 मगर प्रत्येक अच्छे काम करनेवाले के लिए महिमा, आदर और शांति तय हैं—सबसे पहले यहूदी के लिए और फिर यूनानी के लिए भी. 11 पक्षपात परमेश्वर में है ही नहीं.

हर एक को मिले प्रकाश के अनुसार न्याय

पौलॉस आगे घोषणा करते हैं कि सभी लोगों का न्याय उन्हें मिले प्रकाश और ज्ञान के अनुसार होगा। जो यहूदी व्यवस्था को मानने का दावा करते हैं पर उसका पालन नहीं करते, वे नहीं, बल्कि गैर-यहूदी और वे सभी लोग जो बाद में मिले व्यवस्था के ज्ञान को पाए बिना ही उसके अनुसार जीते हैं, उस महान दिन परमेश्वर का अनुग्रह पाएँगे, जब परमेश्वर के सुसमाचार के अनुसार सभी लोगों का न्याय विवेक और विश्वास की व्यवस्था के आधार पर होगा।

रोमियों 2:12–16

12 वे सभी जिन्होंने व्यवस्था को बिना जाने पाप किया है, व्यवस्था को बिना जाने नाश भी होंगे किंतु जिन्होंने व्यवस्था को जानकर पाप किया है, उनका न्याय भी व्यवस्था के अनुसार ही किया जाएगा. 13 परमेश्वर की दृष्टि में धर्मी वे नहीं, जो व्यवस्था के सुननेवाले हैं परंतु धर्मी वे हैं, जो व्यवस्था का पालन करनेवाले हैं. 14 व्यवस्था से पूरी तरह अनजान गैर-यहूदी अपनी मूल प्रवृत्ति के प्रभाव से व्यवस्था का पालन करते पाए जाते हैं. इसलिये व्यवस्था न होने पर भी वे स्वयं अपने लिए व्यवस्था हैं. 15 इसके द्वारा वे यह प्रदर्शित करते हैं कि उनके हृदयों पर व्यवस्था लिखी है. इसकी गवाह है उनकी अंतरात्मा, जो उन पर दोष लगाने या उनके बचाव के द्वारा स्थिति का अनुमान लगाती है. 16 यह सब उस दिन स्पष्ट हो जाएगा जब परमेश्वर मसीह येशु के द्वारा मेरे माध्यम से प्रस्तुत ईश्वरीय सुसमाचार के अनुसार मनुष्य के गुप्‍त कामों का न्याय करेंगे.