पौलॉस यहूदिया के लिए उदारता से दान देने का आग्रह करते हैं
मकेदोनिया की कलीसियाओं का उदाहरण देकर, जो बहुत कठिन परिस्थितियों में थीं, पौलॉस कोरिन्थवासीयों से आग्रह करते हैं कि वे यहूदिया के मसीही भाइयों की सहायता के लिए उदारता से दान दें। वे कहते हैं कि वे इसे आज्ञा के रूप में नहीं दे रहे हैं, क्योंकि भलाई के काम स्वेच्छा से किए जाने चाहिए, लेकिन उन्हें आशा है कि मसीह के उदाहरण और प्रेम से प्रेरित होकर वे ऐसे कामों में बढ़ते जाएंगे। वे उनसे कहते हैं कि वे अपने सामर्थ्य के अनुसार, बिना देर किए, पहले से शुरू किए गए चंदे के संग्रह को पूरा करें, क्योंकि परमेश्वर दान की मात्रा से अधिक दान देनेवाले की तत्परता को महत्व देते हैं। उनका दिया हुआ दान केवल यहूदिया के गरीब भाइयों के लिए इस्तेमाल किया जाना है, जो आगे चलकर कोरिन्थवासीयों की आवश्यकताएं पूरी करने में समर्थ हो सकते हैं।
58 ईस्वी
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
1 हम भाई बहनों को मकेदोनिया की कलीसियाओं को परमेश्वर द्वारा दिए गए अनुग्रह के विषय में बताना चाहते हैं. 2 बड़े भीषण संकटों में भी उनका बड़ा आनंद, तथा भारी कंगाली में भी उनकी बड़ी उदारता छलक पड़ी है. 3 मैं इस सच्चाई की पुष्टि कर सकता हूं कि उन्होंने न केवल उतना ही दिया, जो उनके लिए संभव था परंतु उससे कहीं अधिक! यह उन्होंने अपनी इच्छा से दिया है. 4 उन्होंने तो हमसे विनती पर विनती करते हुए अनुमति चाही कि उन्हें पवित्र लोगों की सहायता की धन्यता में शामिल होने का सुअवसर प्रदान किया जाए. 5 यह सब हमारी आशा के विपरीत था. इससे भी बढ़कर उन्होंने परमेश्वर की इच्छा के अनुरूप सबसे पहले स्वयं को प्रभु के लिए और फिर हमारे लिए समर्पित कर दिया. 6 इसलिये हमने तीतॉस से विनती की कि जिस प्रकार इसके पहले उसने तुममें यह प्रक्रिया शुरू की थी, वैसे ही वह इस सराहनीय काम को पूरा भी करे. 7 ठीक जिस प्रकार तुम विश्वास, वचन, ज्ञान, उत्साह तथा हमारे प्रति प्रेम में बढ़ते जाते हो, उसी प्रकार अब तुम्हारा प्रयास यह हो कि तुम इस सराहनीय सेवा में भी बढ़ते जाओ.
8 मैं तुम्हें कोई आज्ञा नहीं दे रहा. मैं सिर्फ बाकियों के उत्साह से तुम्हारे प्रेम की तुलना कर इसकी सच्चाई को परख रहा हूं. 9 हमारे प्रभु येशु मसीह की कृपा से तुम भली-भांति परिचित हो: यद्यपि वह बहुत धनी थे, तुम्हारे लिए उन्होंने निर्धनता अपना ली कि उनकी निर्धनता के द्वारा तुम धनी हो जाओ.
10 यहां मैं अपना मत प्रस्तुत कर रहा हूं, जिसमें तुम्हारा भला है: पिछले वर्ष तुमने दान दिया भी और दान देने की इच्छा में तुम आगे थे, 11 इसलिये जो काम तुमने शुरू किया था, उसे पूरा भी करो—इस काम की समाप्ति के लिए भी वैसे ही उत्साही बने रहो, जैसे इसकी योजना तैयार करते समय थे. इसकी समाप्ति उससे करो, जो इस समय तुम्हारे पास हैं. 12 यदि किसी में दान देने की इच्छा है तो जो कुछ उसके पास है, उसी के आधार पर उसका दान ग्रहण होगा—उसके आधार पर नहीं, जो उसके पास नहीं है.
13 हमारा मतलब यह नहीं है कि दूसरों की भलाई करने के कारण स्वयं तुम कष्ट सहो. हमारा उद्देश्य सिर्फ न्याय करना है. 14 इस समय तो तुम्हारी बढ़ोतरी उनकी ज़रूरत पूरी करने के लिए काफ़ी है. कभी यह भी संभव है कि तुम स्वयं को ज़रूरत में पाओ और वे अपनी बढ़ोतरी में से तुम्हारी सहायता करें. तब दोनों पक्ष समान हो जाएंगे. 15 पवित्र शास्त्र का उदाहरण है: जिसने अधिक मात्रा में इकट्ठा कर लिया, उसने कुछ भी ज्यादा नहीं पाया और जिसने कम इकट्ठा किया, उसे कोई कमी न हुई.
तीतॉस और दो भाई कोरिन्थॉस भेजे गए
पौलॉस परमेश्वर का धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने तीतॉस के मन में भी उनके लिए वैसी ही चिंता उत्पन्न की जैसी स्वयं पौलॉस को थी। तीतॉस की उत्सुकता ने उन्हें यह पत्र लेकर जाने के लिए प्रेरित किया। पौलॉस उन्हें बताते हैं कि वे तीतॉस के साथ एक अत्यंत प्रतिष्ठित भाई को भेज रहे हैं, जिसे मकेदोनिया की कलीसियाओं ने इस बात का साक्षी होने के लिए चुना है कि उनकी भेंटों का प्रबंध कैसे किया जाता है, ताकि उन्हें सौंपी गई बड़ी धनराशि के खर्च को लेकर किसी प्रकार के दोष का संदेह न उठे। एक और सहकर्मी को भी भेजा जा रहा है, जो उनके अच्छे मनोभाव की खबर पाकर इस अवसर पर विशेष रूप से उत्सुक है। पौलॉस उन्हें निर्देश देते हैं कि वे गुट के प्रश्नों का उत्तर कैसे दें, और उनसे आग्रह करते हैं कि वे इन दूतों और कलीसियाओं को अपने प्रेम और उन पर पौलॉस के विश्वास का प्रमाण दें।
16 तीतॉस के मन में तुम्हारे प्रति ऐसा ही उत्साह जगाने के लिए मैं परमेश्वर का आभारी हूं. 17 उसने न केवल हमारी विनती ही सहर्ष स्वीकार की बल्कि वह उत्साह में अपनी इच्छा से तुम्हारे पास चला गया है. 18 हम उसके साथ एक ऐसे व्यक्ति को भेज रहे हैं, जो सारी कलीसियाओं में ईश्वरीय सुसमाचार के प्रचार के लिए सराहा जा रहा है. 19 इतना ही नहीं, स्वयं प्रभु की महिमा तथा लोगों पर इस सहायता के लिए हमारी तत्परता प्रकट करने के उद्देश्य से कलीसियाओं ने इस व्यक्ति को हमारे साथ यात्रा करने के लिए चुना है. 20 हम सावधान हैं कि किसी को भी इस सहायता की राशि के प्रबंध करने में हम पर उंगली उठाने का अवसर न मिले. 21 हमारा उद्देश्य न केवल वह है, जो प्रभु की दृष्टि में शोभनीय और भला है परंतु मनुष्यों की दृष्टि में भी.
22 इनके साथ हम एक और व्यक्ति को भेज रहे हैं. अनेक अवसरों पर हमने उसे परखा है और उसे सच्चा ही पाया है. अब तो तुम्हारे लिए उसके भरोसे ने उसमें और अधिक उत्साह तथा सहायता के लिए तेजी का संचार किया है. 23 तीतॉस तुम्हारे बीच मेरा साथी तथा सहकर्मी है. उसके साथी यात्री कलीसियाओं के भेजे हुए तथा मसीह का गौरव हैं. 24 इसलिये कलीसियाओं के सामने खुले दिल से उन पर अपने प्रेम तथा तुम्हारे प्रति हमारे गर्व के कारणों का प्रमाण दो.
चंदा तैयार करने के लिए तीतॉस पहले भेजे गए
पौलॉस आगे कोरिन्थवासीयो को याद दिलाते हैं कि उन्होंने एक वर्ष पहले उनकी तत्परता के बारे में मकेदोनियावासियों के सामने गर्व किया था। उसके बाद तीतॉस से यह जानकर कि उन्होंने इस विषय में लापरवाही की है, वह तीतॉस और उनके साथियों को भेज रहे हैं ताकि उनके पहुँचने से पहले चंदा तैयार हो जाए। इससे उन्हें उनके बारे में किए गए अपने गर्व पर लज्जित नहीं होना पड़ेगा और उनका दान स्वेच्छा से दिया जाएगा, न कि ऐसा लगेगा कि वह लोभी लोगों से जबरन लिया गया है।
1 वास्तव में यह आवश्यक ही नहीं कि मैं पवित्र लोगों में अपनी सेवकाई के विषय में तुम्हें कुछ लिखूं 2 क्योंकि सहायता के लिए तुम्हारी तैयारी से मैं भली-भांति परिचित हूं. मकेदोनियावासियों के सामने मैं इसका गर्व भी करता रहा हूं कि आखाया प्रदेश की कलीसिया पिछले एक वर्ष से इसके लिए तैयार है और उनमें से अधिकांश को तुम्हारे उत्साह से प्रेरणा प्राप्त हुई. 3 मैंने कुछ साथी विश्वासियों को तुम्हारे पास इसलिये भेजा है कि तुम्हारे विषय में मेरा गर्व करना खोखला न ठहरे, परंतु वे स्वयं तुम्हें सेवा के लिए तैयार पाएं—ठीक जैसा मैं उनसे कहता रहा हूं. 4 ऐसा न हो कि जब कोई मकेदोनियावासी मेरे साथ आए और तुम्हें दान देने के लिए तैयार न पाए तो हमें तुम्हारे प्रति ऐसे आश्वस्त होने के कारण लज्जित होना पड़े—तुम्हारी अपनी लज्जा तो एक अलग विषय होगा. 5 इसलिये मैंने यह आवश्यक समझा कि मैं साथी विश्वासियों से यह विनती करूं कि वे पहले ही तुम्हारे पास चले जाएं तथा उस प्रतिज्ञा की गई भेंट का प्रबंध कर लें, जो तुमने उदारता के भाव में दी है, न कि कंजूसी के भाव में.
उदारता से बोओ, हर्ष से दो
पौलॉस कोरिन्थवासीयों से उदार बनने का आग्रह करते हैं, क्योंकि हमें इस संसार में किए गए अपने कर्मों के अनुसार दूसरे संसार में प्रतिफल मिलेगा। वे उनसे प्रसन्न मन से देने का आग्रह करते हैं। परमेश्वर उनके परिश्रम को आशीष दे सकते हैं और उन्हें इस संसार की इतनी संपत्ति दे सकते हैं कि उनकी अपनी आवश्यकताएँ भी पूरी हों और वे दान के कार्य भी कर सकें। जिन लोगों की सहायता की जाती है, वे आनंदित होते हैं, परमेश्वर को धन्यवाद देते हैं और देनेवालों के लिए प्रार्थना करते हैं।
6 याद रहे: वह, जो थोड़ा बोता है, थोड़ा ही काटेगा तथा वह, जो बहुत बोता है, बहुत काटेगा. 7 इसलिये जिसने अपने मन में जितना भी देने का निश्चय किया है, उतना ही दे—बिना इच्छा के या विवशता में नहीं क्योंकि परमेश्वर को प्रिय वह है, जो आनंद से देता है. 8 परमेश्वर समर्थ हैं कि वह तुम्हें बहुत अधिक अनुग्रह प्रदान करें कि तुम्हें सब कुछ पर्याप्त मात्रा में प्राप्त होता रहे और हर भले काम के लिए तुम्हारे पास अधिकता में हो, 9 जैसा कि पवित्र शास्त्र का लेख है:
उन्होंने कंगालों को उदारतापूर्वक दान दिया;
उनकी सच्चाई और धार्मिकता युगानुयुग बनी रहती है.
10 वह परमेश्वर, जो किसान के लिए बीज का तथा भोजन के लिए आहार का इंतजाम करते हैं, वही बोने के लिए तुम्हारे लिए बीज का इंतजाम तथा विकास करेंगे तथा तुम्हारी धार्मिकता की उपज में उन्नति करेंगे. 11 अपनी अपूर्व उदारता के लिए तुम प्रत्येक पक्ष में धनी किए जाओगे. हमारे माध्यम से तुम्हारी यह उदारता परमेश्वर के प्रति धन्यवाद का विषय हो रही है.
12 यह सेवकाई न केवल पवित्र लोगों की ज़रूरतों को पूरा करने का ही साधन है परंतु परमेश्वर के प्रति उमड़ता हुआ धन्यवाद का भाव भी है. 13 तुम्हारी इस सेवकाई को प्रमाण मानते हुए वे परमेश्वर की महिमा करेंगे क्योंकि तुमने मसीह के ईश्वरीय सुसमाचार को आज्ञा मानते हुए ग्रहण किया और तुम सभी के प्रति उदार मन के हो. 14 तुम पर परमेश्वर के अत्यधिक अनुग्रह को देख वे तुम्हारे लिए बड़ी लगन से प्रार्थना करेंगे. 15 परमेश्वर को उनके अवर्णनीय वरदान के लिए आभार!
पौलॉस चेतावनी देते हैं कि वह सामने आकर भी साहसी हो सकते हैं
पौलॉस अब विशेष रूप से उस झूठे शिक्षक और उसके अनुयायियों को संबोधित करते हैं, जिन्होंने यह कहकर उनकी निंदा की थी कि वे सामने होने पर तो नम्र रहते हैं, पर दूर होने पर अपने पत्रों में साहस दिखाते हैं। अभी दूर होते हुए भी वे व्यंग्यपूर्वक उन लोगों से विनती करते हैं, जो उन पर शारीरिक स्वभाव के अनुसार जीवन जीने का आरोप लगाते हैं, कि वे उन्हें सामने आने पर अपना साहस दिखाने का कारण न दें। वे परमेश्वर द्वारा उन्हें दी गई उन असाधारण शक्तियों की घोषणा करते हैं, जिनसे वे सुसमाचार के विरोध में खड़ी हर चीज़ को ढा सकते हैं। वे यह भी दृढ़ता से कहते हैं कि जैसे ही उनके बीच पश्चात्ताप करनेवालों की आज्ञाकारिता पूरी हो जाएगी, वे आज्ञा न माननेवालों को दंड देने के लिए अपनी चमत्कारी शक्ति दिखाने को तैयार हैं।
1 मैं पौलॉस, जो तुम्हारे बीच उपस्थित होने पर तो दीन किंतु तुमसे दूर होने पर निडर हो जाता हूं, स्वयं मसीह की उदारता तथा कोमलता में तुमसे व्यक्तिगत विनती कर रहा हूं. 2 मेरी विनती यह है: जब मैं वहां आऊं तो मुझे उनके प्रति, जो यह सोचते हैं कि हमारी जीवनशैली सांसारिक है, वह कठोरता दिखानी न पड़े जिसकी मुझसे आशा की जाती है. 3 हालांकि हम संसार में रहते हैं मगर हम युद्ध वैसे नहीं करते जैसे यह संसार करता है. 4 हमारे युद्ध के अस्त्र-शस्त्र सांसारिक नहीं हैं—ये परमेश्वर के सामर्थ्य में गढ़ों को ढाह देते हैं. 5 इसके द्वारा हम उस हर एक विरोध को, उस हर एक गर्व करनेवाले को, जो परमेश्वर के ज्ञान के विरुद्ध सिर उठाता है, गिरा देते हैं और हर एक धारणा को मसीह का आज्ञाकारी बंदी बना देते हैं. 6 तुम्हारी आज्ञाकारिता और सच्चाई की भरपूरी साबित हो जाने पर हम सभी आज्ञा न माननेवालों को दंड देने के लिए तैयार हैं.