पौलॉस बाहरी रूप देखकर परखने की निंदा करते हैं
पौलॉस बाहरी रूप देखकर परखने के लिए झूठे शिक्षक को फटकारते हैं। वे चाहते हैं कि उन्हें भी मसीह के सेवक के रूप में स्वीकार किया जाए, और विश्वासियों की उन्नति के लिए उन्हें जो सामर्थ्य दी गई है, उस पर वे गर्व करते हैं। वे फिर व्यंग्य के साथ अपने विरोधी की बदनाम करनेवाली बातों का उल्लेख करते हैं। वे उससे कहते हैं कि पौलॉस की अनुपस्थिति में निकट संबंधी से व्यभिचार करनेवाले व्यक्ति को दिए गए दंड में उनकी सामर्थ्य का जो प्रभाव पहले ही दिख चुका है, उससे वह निष्कर्ष निकाले कि उनकी उपस्थिति में भी वह सामर्थ्य उतनी ही प्रबल होगी।
58 ईस्वी
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
7 तुम सिर्फ जो सामने है, उसके बाहरी रूप को देखते हो. यदि किसी को अपने विषय में यह निश्चय है कि वह मसीह का है तो वह इस पर दोबारा विचार करे कि जैसे वह मसीह का है, वैसे ही हम भी मसीह के हैं. 8 यदि मैं उस अधिकार का कुछ अधिक ही गर्व करता हूं, जो प्रभु ने मुझे तुम्हारे निर्माण के लिए सौंपा है, न कि तुम्हारे विनाश के लिए, तो उसमें मुझे कोई लज्जा नहीं. 9 मैं नहीं चाहता कि तुम्हें यह अहसास हो कि मैं तुम्हें डराने के उद्देश्य से यह पत्र लिख रहा हूं. 10 मेरे विषय में कुछ का कहना है, “उसके पत्र महत्वपूर्ण और प्रभावशाली तो होते हैं किंतु उसका व्यक्तित्व कमजोर है तथा बातें करना प्रभावित नहीं करता.” 11 ये लोग याद रखें कि तुम्हारे साथ न होने की स्थिति में हम अपने पत्रों की अभिव्यक्ति में जो कुछ होते हैं, वही हम तुम्हारे साथ होने पर अपने स्वभाव में भी होते हैं.
परमेश्वर की ठहराई सीमाओं के भीतर गर्व करना
अपना व्यंग्य जारी रखते हुए पौलॉस कहते हैं कि वह उस झूठे शिक्षक से अपनी तुलना करने का साहस नहीं करते, जो अपने आपको केवल अपने ही मापदंड से मापता है और कोरिन्थॉस में अपने किए कामों के लिए अपनी ही प्रशंसा करता है। इसके विपरीत, पौलॉस केवल उन सीमाओं के भीतर आनंदित होना चाहते हैं जो परमेश्वर ने उनके लिए निर्धारित की हैं और जिनका आज्ञापालन करते हुए वह अब कोरिन्थवासियों तक पहुँच चुके हैं। वह उस झूठे शिक्षक की तरह दूसरे लोगों के परिश्रम पर गर्व करने से इनकार करते हैं और आशा रखते हैं कि उन प्रदेशों में सुसमाचार सुनाएँगे जहाँ वह पहले कभी नहीं सुनाया गया। क्योंकि स्वीकृति उसे नहीं मिलती जो दूसरों के काम पर गर्व करता है, बल्कि उसे मिलती है जो परमेश्वर की महिमा के लिए प्रचार करता है और परमेश्वर से प्रशंसा पाता है, जो पवित्र आत्मा के वरदानों से प्रकट होती है।
12 हम उनके साथ अपनी गिनती या तुलना करने का साहस नहीं करते, जो अपनी ही प्रशंसा करने में लीन हैं. वे अपने ही मापदंडों के अनुसार अपने आपको मापते हैं तथा अपनी तुलना वे स्वयं से ही करते हैं. एकदम मूर्ख हैं वे! 13 हम अपनी मर्यादा के बाहर गर्व नहीं करेंगे. हम परमेश्वर द्वारा निर्धारित मर्यादा में ही सीमित रहेंगे. तुम भी इसी सीमा में सीमित हो. 14 अगर हमने गर्व किया तो भी हम अपनी सीमा का उल्लंघन नहीं कर रहे हैं, जैसा कि यदि हम तुम तक नहीं पहुंच पाते तो हो जाता. पर तुम तक मसीह येशु का सुसमाचार लेकर हम तुम्हारे पास सबसे पहले पहुंचे हैं. 15 अन्यों द्वारा किए परिश्रम का श्रेय लेकर भी हम इस आशा में सीमा पार नहीं करते कि जैसे जैसे तुम्हारा विश्वास गहरा होता जाता है, तुम्हारे बीच अपनी ही सीमा में हमारा कार्यक्षेत्र और गतिविधियां फैलती जाएं 16 और हम तुम्हारी सीमाओं से परे दूर-दूर क्षेत्रों में भी ईश्वरीय सुसमाचार का प्रचार करें. हम नहीं चाहते कि हम किसी अन्य क्षेत्र में अन्य व्यक्ति द्वारा पहले ही किए जा चुके काम का गर्व करें. 17 जो गर्व करता है, वह परमेश्वर में गर्व करे. 18 ग्रहण वह नहीं किया जाता, जो अपनी तारीफ़ स्वयं करता है परंतु वह है, जिसकी तारीफ़ प्रभु करते हैं.
पौलॉस को भय है कि कोरिन्थवासीयो भटकाए जा रहे हैं
अपनी प्रशंसा स्वयं करने का आरोप लगने पर पौलॉस कोरिन्थवासीयो से विनती करते हैं कि इस अवसर पर वे इसे सह लें। उन्हें भय है कि जिन लोगों को वे मसीह के पास लाए थे, उन्हें झूठा शिक्षक उनसे दूर भटका ले गया है। वे चाहते थे कि न्याय के समय उन्हें एक पवित्र कुँवारी के समान उस पति को सौंपें जिससे उनकी सगाई हुई थी। वे तर्क देते हैं कि यदि उनका तथाकथित प्रेरित उन्हें कोई दूसरा उद्धारकर्ता या सुसमाचार सुनाता, या उन्हें कोई दूसरी आत्मा देता, तो वे उसके दावों को सह सकते थे। वे दृढ़ता से कहते हैं कि वे मसीह के सबसे बड़े प्रेरितों के बराबर हैं और यद्यपि बोलने में निपुण नहीं हैं, फिर भी उन्होंने दिखाया है कि उनमें सुसमाचार के सेवक के लिए आवश्यक ज्ञान की कमी नहीं है।
1 मैं चाहता हूं कि तुम मेरी छोटी सी मूर्खता को सह लो—जैसे वास्तव में तुम इस समय सह भी रहे हो. 2 तुम्हारे लिए मेरी प्रेम की धुन ठीक वैसी ही है जैसी परमेश्वर की. तुम उस पवित्र कुंवारी जैसे हो, जिसकी मंगनी मैंने एकमात्र वर—मसीह येशु—को सौंपने के उद्देश्य से की है. 3 मुझे हमेशा यह भय लगा रहता है कि कहीं शैतान तुम्हारे मन को मसीह के प्रति तुम्हारी निष्कपट, पवित्रता से दूर न कर दे, जैसे सांप ने हव्वा को अपनी चालाकी से छल लिया था. 4 क्योंकि जब कोई व्यक्ति आकर किसी अन्य येशु का प्रचार करता है, जिसका प्रचार हमने नहीं किया या तुम्हें कोई भिन्न आत्मा मिलती है, जो तुम्हें पहले नहीं मिली थी या तुम कोई भिन्न ईश्वरीय सुसमाचार को अपनाते हो, जिसे तुमने पहले ग्रहण नहीं किया था, तो तुम इसे सहर्ष स्वीकार कर लेते हो!
5 मैं यह नहीं मानता कि मैं तथाकथित बड़े से बड़े प्रेरितों से तुच्छ हूं. 6 माना कि मैं बोलने में निपुण नहीं हूं किंतु निश्चित ही ज्ञान में मैं कम नहीं. वस्तुतः हमने प्रत्येक प्रकार से प्रत्येक क्षेत्र में तुम्हारे लिए इसे स्पष्ट कर दिया है.
पौलॉस ने कोरिन्थॉस से पारिश्रमिक क्यों नहीं लिया
पौलॉस समझाते हैं कि वे कोरिन्थवासीयो से आर्थिक सहायता क्यों स्वीकार नहीं करते थे। वे कहते हैं कि इसका कारण कठोरता नहीं था, जैसा उनके शत्रु संकेत करते थे, बल्कि उनके प्रति उनका प्रेम था। वे यह भी चाहते थे कि झूठा शिक्षक यह दावा न कर सके कि पौलॉस सांसारिक लाभ के लिए परिश्रम करते हैं। इसका उद्देश्य गुप्त रूप से भेंट लेनेवाले झूठे शिक्षक को भी यह प्रथा छोड़ने और पौलॉस के उदाहरण पर चलने के लिए विवश करना था। जब शैतान स्वयं ज्योतिर्मय स्वर्गदूत का रूप धारण करता है, तो इसमें आश्चर्य नहीं होना चाहिए कि शैतान के सेवक मसीह के सेवकों या प्रेरितों का पद धारण कर लेते हैं।
7 इसलिये कि मैंने तुम्हारे लिए परमेश्वर के ईश्वरीय सुसमाचार का प्रचार मुफ्त में किया, क्या तुम्हें ऊंचा करने के उद्देश्य से मेरा स्वयं को विनम्र बना लेना अपराध था? 8 तुम्हारे बीच सेवा करते हुए मेरा भरण-पोषण अन्य कलीसियाओं द्वारा किया जा रहा था. यह एक प्रकार से उन्हें लूटना ही हुआ. 9 तुम्हारे साथ रहते हुए आर्थिक ज़रूरत में भी मैं तुममें से किसी पर भी बोझ न बना. मकेदोनिया प्रदेश से आए साथी विश्वासियों ने मेरी सभी ज़रूरतों की पूर्ति की. हर क्षेत्र में मेरा यही प्रयास रहा है कि मैं तुम पर बोझ न बनूं. भविष्य में भी मेरा प्रयास यही रहेगा. 10 मुझमें मसीह का सच मौजूद है, इसलिये पूरे आखाया प्रदेश के क्षेत्रों में कोई भी मुझे मेरे इस गौरव से दूर न कर सकेगा. 11 क्यों? क्या इसलिये कि मुझे तुमसे प्रेम नहीं? परमेश्वर गवाह हैं कि मैं तुमसे प्रेम करता हूं.
12 मैं जो कुछ कर रहा हूं, वही करता जाऊंगा कि उन व्यक्तियों की इस विषय में गर्व करने की सारी सम्भावनाएं समाप्त हो जाएं कि वे भी वही काम कर रहे हैं, जो हम कर रहे हैं. 13 ऐसे व्यक्ति झूठे प्रेरित तथा छल से काम करनेवाले हैं, जो मसीह के प्रेरित होने का ढोंग करते हैं. 14 यह कोई आश्चर्य का विषय नहीं कि शैतान भी ज्योतिर्मय स्वर्गदूत होने का नकल करता है, 15 इसलिये इसमें कोई बड़ी बात नहीं कि उसके सेवक भी जो धार्मिकता के सेवक होने का नाटक करते हैं, जिनका अंत उनके कामों के अनुसार ही होगा.
पौलॉस अपने परिश्रम और कष्टों पर गर्व करते हैं
पौलॉस फिर कोरिन्थवासियों से विनती करते हैं कि वे उनकी शेखी सह लें। चूँकि वे लोग जो प्रेरित नहीं हैं, शारीरिक बातों पर शेखी बघारते हैं, इसलिए प्रेरित के रूप में अपने चरित्र की रक्षा करने के लिए उन्हें भी अपने ख़तने और यहूदी वंश पर शेखी बघारनी पड़ती है। वे दिखाते हैं कि कोरिन्थवासियों ने दूसरों के दबंग व्यवहार को आवश्यकता से अधिक धैर्यपूर्वक सह लिया था, और उनके प्रति झूठे शिक्षक के आचरण का वर्णन करते हैं। इस आरोप के विरुद्ध कि वे निम्न कुल में जन्मे, निर्बल और प्रेरित होने के अयोग्य थे, वे दृढ़ता से कहते हैं कि यदि किसी को शेखी बघारने का कारण था, तो उन्हें भी था। वे इन बातों में अपनी तुलना उस झूठे शिक्षक से करते हैं और अपने परिश्रमों और कष्टों, तथा कलीसियाओं और व्यक्तियों के प्रति अपनी गहरी चिंता की ओर ध्यान दिलाकर अपनी श्रेष्ठता दिखाते हैं। वे निर्बलों के साथ सहानुभूति रखते हैं और भटके हुओं को वापस लाने के लिए उत्साहपूर्वक परिश्रम करते हैं। वे अपनी निर्बलता पर, विशेष रूप से दमिश्क से बच निकलने पर, शेखी बघारते हैं, ताकि परमेश्वर की सामर्थ्य प्रकट हो।
16 मैं दोबारा याद दिला रहा हूं: कोई मुझे मूर्ख न समझे किंतु यदि तुमने मुझे ऐसा मान ही लिया है तो मुझे मूर्ख के रूप में ही स्वीकार कर लो. इससे मुझे भी गर्व करने का अवसर मिल जाएगा. 17 बेधड़क कहा गया मेरा वचन प्रभु द्वारा दिया गया नहीं है—यह सब तो एक मूर्ख की गर्व में कही गई बात है. 18 कितने तो अपनी मानवीय उपलब्धियों का गर्व कर रहे हैं, तो मैं भी गर्व क्यों न करूं? 19 तुम तो ऐसे बुद्धिमान हो कि मूर्खों को खुशी से सह लेते हो. 20 वस्तुतः तुम तो उसकी तक सह लेते हो, जो तुम्हें दास बना लेता है, जो तुम्हारा शोषण करता है, तुम्हारा अनुचित लाभ उठाता है, स्वयं को उन्नत करता है, यहां तक कि वह तुम्हारे मुख पर थप्पड़ तक मार देता है! 21 मुझे स्वयं लज्जित हो कहना पड़ रहा है कि हम इन सब की तुलना में बहुत दुर्बल थे.
कोई किसी भी विषय का अभिमान करने का साहस करे—मैं यह मूर्खतापूर्वक कह रहा हूं—मैं भी उसी प्रकार अभिमान करने का साहस कर रहा हूं. 22 क्या वे इब्री हैं? इब्री मैं भी हूं, क्या वे इस्राएली हैं? इस्राएली मैं भी हूं, क्या वे अब्राहाम के वंशज हैं? अब्राहाम का वंशज मैं भी हूं. 23 क्या वे मसीह के सेवक हैं? मैं पागल व्यक्ति की तरह कहता हूं, मैं उनसे कहीं बढ़कर हूं: मैंने उनसे कहीं अधिक परिश्रम किया है, उनसे कहीं अधिक बंदी बनाया गया हूं, अनगिनत बार पीटा गया हूं, अक्सर ही मेरे प्राण संकट में पड़े हैं. 24 यहूदियों ने मुझे पांच बार एक कम चालीस कोड़े लगाए. 25 तीन बार मैं बेंत से पीटा गया, एक बार मेरा पथराव किया गया और तीन बार मेरा जलयान ध्वस्त हुआ, एक रात तथा एक दिन मुझे समुद्र में व्यतीत करना पड़ा. 26 बार-बार मुझे यात्राएं करनी पड़ीं. कभी नदियों के, कभी डाकुओं के, कभी अपने देशवासियों के, कभी गैर-यहूदियों के, कभी नगरों में, कभी बंजर भूमि में, कभी समुद्र में जोखिम का और कभी झूठे विश्वासियों के जोखिम का सामना करना पड़ा है. 27 मैंने अनेक रातें जाग कर, भूखे-प्यासे रहकर, अक्सर भूखे रहकर, सर्दी और थोड़े वस्त्रों में रहते हुए कठिन परिश्रम किया तथा अनेक कठिनाइयां झेली हैं. 28 इन सब बाहरी कठिनाइयों के अलावा प्रतिदिन मुझ पर सभी कलीसियाओं की भलाई की चिंता का दबाव रहता है. 29 कौन कमजोर है, जिसकी कमज़ोरी का अहसास मुझे नहीं होता? किसके पाप में पड़ने से मैं चिंतित नहीं होता?
30 यदि मुझे गर्व करना ही है तो मैं अपनी कमज़ोरी का गर्व करूंगा. 31 प्रभु येशु मसीह के परमेश्वर तथा पिता, जो युगानुयुग धन्य हैं, गवाह हैं कि मैं झूठ नहीं बोल रहा: 32 जब मैं दमिश्क में था तो राजा अरेतॉस के राज्यपाल ने मुझे बंदी बनाने के उद्देश्य से नगर में पहरा बैठा दिया था 33 किंतु मुझे शहरपनाह के एक झरोखे से एक टोकरे में बैठाकर नीचे उतार दिया गया और इस प्रकार मैं उसके हाथों से बच निकला.