अय्योब अपनी निर्दोषता की घोषणा करता है

2130 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

अय्योब 16–17

1 अय्योब ने उत्तर दिया:

2 “मैं ऐसे अनेक विचार सुन चुका हूं;

तुम तीनों ही निकम्मे दिलासा देनेवाले हो!

3 क्या इन खोखले उद्गारों का कोई अंत नहीं है?

अथवा किस पीड़ा ने तुमसे ये उत्तर दिलवाए हैं?

4 तुम्हारी शैली में मैं भी वार्तालाप कर सकता हूं,

यदि मैं आज तुम्हारी स्थिति में होता;

मैं तो तुम्हारे सम्मान में काव्य रचना कर देता

और अपना सिर भी हिलाता रहता.

5 मैं अपने शब्दों के द्वारा तुममें साहस बढ़ा सकता हूं;

तथा मेरे विचारों की सांत्वना तुम्हारी वेदना कम करती है.

6 “यदि मैं कुछ कह भी दूं, तब भी मेरी वेदना कम न होगी;

यदि मैं चुप रहूं, इससे भी मुझे कोई लाभ न होगा.

7 किंतु परमेश्वर ने मुझे थका दिया है;

आपने मेरे मित्र-मण्डल को ही उजाड़ दिया है.

8 आपने मुझे संकुचित कर दिया है, यह मेरा साक्षी हो गया है;

मेरा दुबलापन मेरे विरुद्ध प्रमाणित हो रहा है, मेरा मुख मेरा विरोध कर रहा है.

9 परमेश्वर के कोप ने मुझे फाड़ रखा है जैसे किसी पशु को फाड़ा जाता है,

वह मुझ पर दांत पीसते रहे;

मेरे शत्रु मुझ पर कोप करते रहते हैं.

10 मजाक करते हुए वे मेरे सामने अपना मुख खोलते हैं;

घृणा के आवेग में उन्होंने मेरे कपोलों पर प्रहार भी किया है.

वे सब मेरे विरोध में एकजुट हो गए हैं.

11 परमेश्वर ने मुझे अधर्मियों के वश में कर दिया है

तथा वह मुझे एक से दूसरे के हाथ में सौंपते हैं.

12 मैं तो निश्चिंत हो चुका था, किंतु परमेश्वर ने मुझे चूर-चूर कर दिया;

उन्होंने मुझे गर्दन से पकड़कर इस रीति से झंझोड़ा, कि मैं चूर-चूर हो बिखर गया;

उन्होंने तो मुझे निशाना भी बना दिया है.

13 उनके बाणों से मैं चारों ओर से घिर चुका हूं.

बुरी तरह से उन्होंने मेरे गुर्दे काटकर घायल कर दिए हैं.

उन्होंने मेरा पित्त भूमि पर बिखरा दिया.

14 वह बार-बार मुझ पर आक्रमण करते रहते हैं;

वह एक योद्धा समान मुझ पर झपटते हैं.

15 “मैंने तो अपनी देह पर टाट रखी है

तथा अपना सिर धूल में ठूंस दिया है.

16 रोते-रोते मेरा चेहरा लाल हो चुका है,

मेरी पलकों पर विषाद छा गई है.

17 जबकि न तो मेरे हाथों ने कोई हिंसा की है

और न मेरी प्रार्थना में कोई स्वार्थ शामिल था.

18 “पृथ्वी, मेरे रक्त पर आवरण न डालना;

तथा मेरी दोहाई को विश्रान्ति न लेने देना.

19 ध्यान दो, अब भी मेरा साक्षी स्वर्ग में है;

मेरा गवाह सर्वोच्च है.

20 मेरे मित्र ही मेरे विरोधी हो गए हैं.

मेरा आंसू बहाना तो परमेश्वर के सामने है.

21 उपयुक्त होता कि मनुष्य परमेश्वर से उसी स्तर पर आग्रह कर सकता,

जिस प्रकार कोई व्यक्ति अपने पड़ोसी से.

22 “क्योंकि जब कुछ वर्ष बीत जायेंगे,

तब मैं वहां पहुंच जाऊंगा, जहां से कोई लौटकर नहीं आता.

17:1 मेरा मनोबल टूट चुका है,

मेरे जीवन की ज्योति का अंत आ चुका है,

कब्र को मेरी प्रतीक्षा है.

2 इसमें कोई संदेह नहीं, ठट्ठा करनेवाले मेरे साथ हो चुके हैं;

मेरी दृष्टि उनके भड़काने वाले कार्यों पर टिकी हुई है.

3 “परमेश्वर, मुझे वह ज़मानत दे दीजिए, जो आपकी मांग है.

कौन है वह, जो मेरा जामिन हो सकेगा?

4 आपने तो उनकी समझ को बाधित कर रखा है;

इसलिए आप तो उन्हें जयवंत होने नहीं देंगे.

5 जो लूट में अपने अंश के लिए अपने मित्रों की चुगली करता है,

उसकी संतान की दृष्टि जाती रहेगी.

6 “परमेश्वर ने तो मुझे एक निंदनीय बना दिया है,

मैं तो अब वह हो चुका हूं, जिस पर लोग थूकते हैं.

7 शोक से मेरी दृष्टि क्षीण हो चुकी है;

मेरे समस्त अंग अब छाया-समान हो चुके हैं.

8 यह सब देख सज्जन चुप रह जाएंगे;

तथा निर्दोष मिलकर दुर्वृत्तों के विरुद्ध हो जाएंगे.

9 फिर भी खरा अपनी नीतियों पर अटल बना रहेगा,

तथा वे, जो सत्यनिष्ठ हैं, बलवंत होते चले जाएंगे.

10 “किंतु आओ, तुम सभी आओ, एक बार फिर चेष्टा कर लो!

तुम्हारे मध्य मुझे बुद्धिमान प्राप्‍त नहीं होगा.

11 मेरे दिनों का तो अंत हो चुका है, मेरी योजनाएं चूर-चूर हो चुकी हैं.

यही स्थिति है मेरे हृदय की अभिलाषाओं की.

12 वे तो रात्रि को भी दिन में बदल देते हैं, वे कहते हैं, ‘प्रकाश निकट है,’

जबकि वे अंधकार में होते हैं.

13 यदि मैं घर के लिए अधोलोक की खोज करूं,

मैं अंधकार में अपना बिछौना लगा लूं.

14 यदि मैं उस कब्र को पुकारकर कहूं,

‘मेरे जनक तो तुम हो और कीड़ों से कि तुम मेरी माता या मेरी बहिन हो,’

15 तो मेरी आशा कहां है?

किसे मेरी आशा का ध्यान है?

16 क्या यह भी मेरे साथ अधोलोक में समा जाएगी?

क्या हम सभी साथ साथ धूल में मिल जाएंगे?”