बिलदद अय्योब को उत्तर देता है
2130 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
1 इसके बाद शूही बिलदद ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की:
2 “कब तक तुम इसी प्रकार शब्दों में उलझे रहोगे?
कुछ सार्थक विषय प्रस्तुत करो, कि कुछ परिणाम प्रकट हो सके.
3 हमें पशु क्यों समझा जा रहा है?
क्या हम तुम्हारी दृष्टि में मूर्ख हैं?
4 तुम, जो क्रोध में स्वयं को फाड़े जा रहे हो,
क्या, तुम्हारे हित में तो पृथ्वी अब उजड़ हो जानी चाहिए?
अथवा, क्या चट्टान को अपनी जगह से अलग किया जाये?
5 “सत्य तो यह है कि दुर्वृत्त का दीप वस्तुतः बुझ चुका है;
उसके द्वारा प्रज्वलित अग्निशिखा में तो प्रकाश ही नहीं है.
6 उसका तंबू अंधकार में है;
उसके ऊपर का दीपक बुझ गया है.
7 उसकी द्रुत चाल को रोक दिया गया है;
तथा उसकी अपनी युक्ति उसे ले डूबी,
8 क्योंकि वह तो अपने जाल में जा फंसा है;
उसने अपने ही फंदे में पैर डाल दिया है.
9 उसकी एड़ी पर वह फंदा जा पड़ा
तथा संपूर्ण उपकरण उसी पर आ गिरा है,
10 भूमि के नीचे उसके लिए वह गांठ छिपाई गई थी;
उसके रास्ते में एक फंदा रखा गया था.
11 अब तो आतंक ने उसे चारों ओर से घेर रखा है
तथा उसके पीछे पड़कर उसे सता रहे हैं.
12 उसके बल का ठट्ठा हुआ जा रहा है;
विपत्ति उसके निकट ठहरी हुई है.
13 उसकी खाल पर घोर व्याधि लगी हुई है;
उसके अंगों को मृत्यु के पहलौठे ने खाना बना लिया है.
14 उसके ही तंबू की सुरक्षा में से उसे झपट लिया गया है
अब वे उसे आतंक के राजा के सामने प्रदर्शित हो रहे हैं.
15 अब उसके तंबू में विदेशी जा बसे हैं;
उसके घर पर गंधक छिड़क दिया गया है.
16 भूमि के भीतर उसकी जड़ें अब शुष्क हो चुकी हैं
तथा ऊपर उनकी शाखाएं काटी जा चुकी हैं.
17 धरती के लोग उसको याद नहीं करेंगे;
बस अब कोई भी उसको याद नहीं करेगा.
18 उसे तो प्रकाश में से अंधकार में धकेल दिया गया है
तथा मनुष्यों के समाज से उसे खदेड़ दिया गया है.
19 मनुष्यों के मध्य उसका कोई वंशज नहीं रह गया है,
जहां-जहां वह प्रवास करता है, वहां उसका कोई उत्तरजीवी नहीं.
20 पश्चिमी क्षेत्रों में उसकी स्थिति पर लोग चकित होंगे
तथा पूर्वी क्षेत्रों में भय ने लोगों को जकड़ लिया है.
21 निश्चयतः दुर्वृत्तों का निवास ऐसा ही होता है;
उनका निवास, जिन्हें परमेश्वर का कोई ज्ञान नहीं है.”
अय्योब अपने मित्रों की क्रूरता की शिकायत करता है
1 तब अय्योब ने उत्तर दिया:
2 “तुम कब तक मुझे यातना देते रहोगे
तथा अपने इन शब्दों से कुचलते रहोगे?
3 इन दसों अवसरों पर तुम मेरा अपमान करते रहे हो;
मेरे साथ अन्याय करते हुए तुम्हें लज्जा तक न आई.
4 हां, यदि वास्तव में मुझसे कोई त्रुटि हुई है,
तो यह त्रुटि मेरे लिए चिंता का विषय है.
5 यदि तुम वास्तव में स्वयं को मुझसे उच्चतर प्रदर्शित करोगे
तथा मुझ पर मेरी स्थिति को निंदनीय प्रमाणित कर दोगे,
6 तब मैं यह समझ लूंगा, कि मेरी यह स्थिति परमेश्वर की ओर से है
तथा उन्हीं ने मुझे इस जाल में डाला है.
7 “मैं तो चिल्ला रहा हूं, ‘अन्याय!’ किंतु मुझे कोई उत्तर नहीं मिल रहा;
मैं सहायता के लिए पुकार रहा हूं, किंतु न्याय कहीं से मिल नहीं रहा है.
8 परमेश्वर ने ही जब मेरे मार्ग रोक दिया है, मैं आगे कैसे बढ़ूं?
उन्होंने तो मेरे मार्ग अंधकार कर दिए हैं.
9 मेरा सम्मान मुझसे छीन लिया गया है,
तथा जो मुकुट मेरे सिर पर था, वह भी उतार लिया गया है.
10 वह मुझे चारों ओर से तोड़ने में शामिल हैं, कि मैं नष्ट हो जाऊं;
उन्होंने मेरी आशा को उखाड़ दिया है, जैसे किसी वृक्ष से किया जाता है.
11 अपना कोप भी उन्होंने मुझ पर उंडेल दिया है;
क्योंकि उन्होंने तो मुझे अपना शत्रु मान लिया है.
12 उनकी सेना एकत्र हो रही है;
उन्होंने मेरे विरुद्ध ढलान तैयार की है
तथा मेरे तंबू के आस-पास घेराबंदी कर ली है.
13 “उन्होंने तो मेरे भाइयों को मुझसे दूर कर दिया है;
मेरे परिचित मुझसे पूर्णतः अनजान हो गए हैं.
14 मेरे संबंधियों ने तो मेरा त्याग कर दिया है;
मेरे परम मित्रों ने मुझे याद करना छोड़ दिया है.
15 वे, जो मेरी गृहस्थी के अंग हैं तथा जो मेरी परिचारिकाएं हैं;
वे सब मुझे परदेशी समझने लगी हैं.
16 मैं अपने सेवक को अपने निकट बुलाता हूं,
किंतु वह उत्तर नहीं देता.
17 मेरी पत्नी के लिए अब मेरा श्वास घृणास्पद हो गया है;
अपने भाइयों के लिए मैं घिनौना हो गया हूं.
18 यहां तक कि छोटे-छोटे बालक मुझे तुच्छ समझने लगे हैं;
जैसे ही मैं उठता हूं, वे मेरी निंदा करते हैं.
19 मेरे सभी सहयोगी मेरे विद्वेषी हो गए हैं;
मुझे जिन-जिन से प्रेम था, वे अब मेरे विरुद्ध हो चुके हैं.
20 अब तो मैं मात्र चमड़ी तथा हड्डियों का रह गया हूं;
मैं जो हूं, मृत्यु से बाल-बाल बच निकला हूं.
21 “मेरे मित्रों, मुझ पर कृपा करो,
क्योंकि मुझ पर तो परमेश्वर का प्रहार हुआ है.
22 किंतु परमेश्वर के समान तुम मुझे क्यों सता रहे हो?
क्या मेरी देह को यातना देकर तुम्हें संतोष नहीं हुआ है?
23 “कैसा होता यदि मेरे इन विचारों को लिखा जाता,
इन्हें पुस्तक का रूप दिया जा सकता,
24 सीसे के पटल पर लौह लेखनी से
उन्हें चट्टान पर स्थायी रूप से खोद दिया जाता!
25 परंतु मुझे यह मालूम है कि मेरा छुड़ाने वाला जीवित हैं,
तथा अंततः वह पृथ्वी पर खड़ा रहेंगे.
26 मेरी देह के नष्ट हो जाने के बाद भी,
मैं अपनी देह में ही परमेश्वर का दर्शन करूंगा;
27 जिन्हें मैं अपनी ही आंखों से देखूंगा,
उन्हें अन्य किसी के नहीं, बल्कि मेरे ही नेत्र देखेंगे.
मेरा मन अंदर ही अंदर उतावला हुआ जा रहा है!
28 “अब यदि तुम यह विचार करने लगो, ‘हम उसे कैसे सता सकेंगे?’
अथवा, ‘उस पर हम कौन सा आरोप लगा सकेंगे?’
29 तब उपयुक्त यह होगा कि तुम अपने ऊपर तलवार के प्रहार का ध्यान रखो;
क्योंकि क्रोध का दंड तलवार से होता है,
तब तुम्हें यह बोध होना अनिवार्य है, कि एक न्याय का समय है.”