येरेमियाह का पश्चाताप का आह्वान और विलाप

येरेमियाह लोगों से पश्चाताप करने का आग्रह करता है और बंधुआई निकट आने पर उनके दुखों पर विलाप करता है।

612 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

येरेमियाह 7–8

1 वह संदेश जो याहवेह द्वारा येरेमियाह के लिए प्रगट किया गया: 2 “याहवेह के भवन के द्वार पर खड़े हो जाओ और वहां यह संदेश घोषित करो:

“ ‘संपूर्ण यहूदिया याहवेह का यह संदेश सुनो, तुम जो याहवेह की आराधना करने इस द्वार से प्रवेश किया करते हो. 3 इस्राएल के परमेश्वर, स्वर्गीय याहवेह का आदेश यह है: अपने आचार-व्यवहार तथा अपने कार्यों की सुधारना करो, तब मैं तुम्हें इस स्थान पर निवास करने दूंगा. 4 इस झूठे आश्वासन के धोखे में न रहना, “यह तो याहवेह का मंदिर है, याहवेह का मंदिर है, याहवेह का मंदिर है!” 5 यदि तुम वास्तव में अपने आचारों को तथा कार्यों को सुधारोगे, यदि तुम एक दूसरे के साथ न्याय में व्यवहार करोगे, 6 यदि तुम परदेशी, पितृहीन तथा विधवा पर अत्याचार न करोगे, इस स्थान पर निःसहायक का रक्तपात न करोगे और परकीय देवताओं का अनुसरण न करोगे, जो तुम्हारे अपने ही विनाश का कारण है, 7 तब मैं तुम्हें इस स्थान पर निवास करने दूंगा, इस देश में, जो मैंने तुम्हारे पूर्वजों को सदा-सर्वदा के लिए प्रदान किया है. 8 इस विषय पर ध्यान दो, कि तुम निरर्थक ही झूठे आश्वासनों के भरोसे पर बैठे हुए हो.

9 “ ‘क्या तुम चोरी, हत्या, व्यभिचार करके ओर झूठी साक्ष्य देकर, बाल को बलि अर्पित करके तथा उन परकीय देवताओं का अनुसरण करने के बाद जिन्हें तुम जानते ही नहीं, 10 इस भवन में, जो मेरे नाम से प्रख्यात है, आकर मेरे समक्ष इसलिये खड़े होकर यह कहते, “अब हम सुरक्षित हैं”—कि तुम इन घृणित कार्यों में स्थिर बने रह सको? 11 क्या तुम्हारी दृष्टि में यह भवन, जो मेरे नाम से प्रख्यात है, डाकुओं की गुफा बन गया है? सुनो, मैंने, हां, मैंने सब देखा है! यह याहवेह की वाणी है.

12 “ ‘किंतु अब तुम शीलो जाओ जो इसके पूर्व मेरी आराधना के लिए निर्धारित स्थल था, और देखो कि मैंने अपनी प्रजा इस्राएल की बुराई के कारण उसकी स्थिति कैसी बना दी है. 13 और अब इसलिये कि तुमने ये सारे कुकृत्य किए हैं, यह याहवेह की वाणी है, मैंने तुमसे तुरंत उठकर बात की, किंतु तुमने मेरी ओर ध्यान ही न दिया; मैंने तुम्हारा आह्वान भी किया, किंतु तुमने प्रत्युत्तर ही न दिया. 14 इसलिये मैं उस भवन के साथ जो मेरे नाम से प्रख्यात है, जिस पर तुमने अपनी आस्था रखी है तथा जो स्थान मैंने तुम्हें तथा तुम्हारे पूर्वजों को प्रदान किया है, वही करूंगा जो मैंने शीलो के साथ किया था. 15 मैं तुम्हें अपनी दृष्टि से दूर कर दूंगा, जैसा मैंने तुम्हारे भाइयों को अपनी दृष्टि से दूर कर दिया है, अर्थात् एफ्राईम के सारे वंशजों को.’

16 “जहां तक तुम्हारा प्रश्न है तुम इन लोगों के लिए प्रार्थना न करो; न उनके लिए गिड़गिड़ाने दो, न प्रार्थना में मुझसे उनकी मध्यस्थता ही करो, क्योंकि मैं तुम्हारी नहीं सुनूंगा. 17 क्या तुम्हें यह नहीं दिख रहा कि वे यहूदिया के नगरों में तथा येरूशलेम की गलियों में क्या-क्या कर रहे हैं? 18 बालक लकड़ियां एकत्र करते हैं और पितागण आग जलाते हैं, स्त्रियां आटा गूंधती हैं कि वे स्वर्ग की रानी के लिए मिष्ठान्‍न तैयार करें. वे परकीय देवताओं को पेय बलि भी अर्पित करते हैं कि वे मेरे कोप को उकसाएं. 19 क्या वे इसके द्वारा मेरे प्रति अपना क्रोध व्यक्त कर रहे हैं? यह याहवेह की वाणी है. यह तो वे स्वयं अपनी ही लज्जा के लिए कर रहे हैं, अपनी ही लज्जा के लिए?

20 “ ‘इसलिये प्रभु याहवेह का संदेश यह है: तुम देख लेना कि मेरा कोप और मेरा आक्रोश इस स्थान पर उंडेला जाएगा, चाहे मनुष्य हो अथवा पशु, मैदान के वृक्ष हों अथवा भूमि के फल, यह प्रज्वलित रहेगा तथा यह बूझ न सकेगा.

21 “ ‘इस्राएल के परमेश्वर, सेनाओं के याहवेह का यह आदेश है: अपनी होमबलियों के साथ अन्य बलियों को भी सम्मिलित कर लो और तुम ही उस मांस को सेवन भी कर लो! 22 क्योंकि मिस्र देश से तुम्हारे पूर्वजों को निराश करने के अवसर पर मैंने उनसे न तो होमबलियों का और न हनन बलियों का उल्लेख किया था और न ही इनके लिए आदेश ही दिया था, 23 किंतु मैंने उन्हें आदेश यह दिया था: मेरे आदेशों का पालन करो, तो मैं तुम्हारा परमेश्वर बना रहूंगा तथा तुम मेरी प्रजा बनी रहोगी. मेरी नीतियों का आचरण करो जिनका मैंने तुम्हें आदेश दिया है, कि तुम्हारा कल्याण हो. 24 फिर भी उन्होंने न तो मेरे आदेशों का पालन किया, न उनकी ओर ध्यान ही दिया. उन्होंने अपने बुरे दिलों की जिद्दी इच्छा का पालन किया. तब वे आगे बढ़ने की अपेक्षा में पीछे ही हटते चले गए. 25 जिस दिन से तुम्हारे पूर्वज मिस्र देश से निराश हुए तब से आज तक, मैंने अपने सेवक अर्थात् भविष्यवक्ताओं को दिन-प्रतिदिन तुम्हारे लिए भेजा है. 26 फिर भी न तो उन्होंने मेरी सुनी और न ही मेरे संदेश की ओर ध्यान ही दिया. बल्कि उन्होंने अपनी गर्दन और भी अधिक कठोर बना ली, उन्होंने तो अपने पूर्वजों से भी अधिक बुरे कार्य किए.’

27 “अनिवार्य है कि तुम मेरा संपूर्ण वचन उनके समक्ष दोहराओ, हां, वे तुम्हारी सुनेंगे नहीं; तुम उनको आह्वान तो करोगे, किंतु वे इसका प्रत्युत्तर कदापि न देंगे. 28 तुम्हें उनसे यह कहना होगा, ‘यह वह राष्ट्र है जिसने न तो याहवेह अपने परमेश्वर के आदेशों का पालन किया और न ही उनके द्वारा किए जा रहे आदेश को स्वीकार किया. सत्यता नष्ट हो चुकी और उनके मुख से दूर की जा चुकी है.

29 “ ‘अपने केश काट डालो और उन्हें फेंक दो; वनस्पतिहीन पर्वतों पर जाकर विलाप करो, क्योंकि याहवेह ने उस पीढ़ी को अस्वीकार करके उसका परित्याग कर दिया है और जिसने उनका कोप भड़काया है.

30 “ ‘यहूदाह के वंशजों ने वह किया है जो मेरी दृष्टि में बुरा है, यह याहवेह की वाणी है. उन्होंने उन घृणास्पद वस्तुओं को उस भवन में प्रतिष्ठित कर रखा है जो मेरे नाम से प्रख्यात हैं और मेरा भवन अशुद्ध हो चुका है. 31 उन्होंने तोफेथ के पूजा-स्थल निर्मित कर लिए हैं जो हिन्‍नोम के पुत्र की घाटी में हैं कि वे वहां अपने पुत्रों-पुत्रियों को होमबलि स्वरूप अर्पित करें, जिसको मैंने आदेश ही न दिया है, न ही यह कभी मेरे विचारों में आया था. 32 इसलिये यह देखना, कि वे दिन आ रहे हैं, यह याहवेह की वाणी है, जब इसको तोफेथ-पूजास्थल अथवा हिन्‍नोम के पुत्र की घाटी कहा जाना समाप्‍त हो जाएगा, बल्कि यह नरसंहार घाटी हो जाएगी, वे अपने मृतकों को तोफ़ेथ में तब तक दफनाएंगे कि जब तक वहां कोई जगह ही शेष न हो. 33 इन लोगों के शव आकाश के पक्षी को तथा पृथ्वी के पशुओं के आहार होने लगेंगे, इन्हें कोई भी शवों से दूर नहीं भगाएगा. 34 तब मैं यहूदिया के नगरों और येरूशलेम के सड़कों में से उल्लास एवं आनंद का स्वर बंद कर दूंगा, वर एवं वधू के विवाहोत्सव की ध्वनि बंद हो जाएगी, क्योंकि सारे देश ही उजाड़ हो जाएंगे.

8:1 “ ‘याहवेह की यह घोषणा है, उस समय, वे यहूदिया के राजाओं, उच्च अधिकारियों, पुरोहितों, भविष्यवक्ताओं तथा येरूशलेम वासियों की अस्थियां उनकी कब्रों में से निकालकर लाएंगे. 2 वे इन अस्थियों को सूर्य, चंद्रमा, आकाश के तारों को समर्पित कर देंगे, जिनसे उन्होंने प्रेम किया, जिनकी उन्होंने उपासना की, जिनका उन्होंने अनुसरण किया, जिनकी इच्छा इन्होंने ज्ञात करने का उपक्रम किया, जिनकी इन्होंने वंदना की. इन अस्थियों को वे न एकत्र करेंगे और न इन्हें गाड़ देंगे, वे भूमि पर विष्ठा सदृश पड़ी रहेंगी. 3 इस अधर्मी परिवार के लोगों द्वारा जीवन की अपेक्षा मृत्यु को ही अधिक पसंद किया जाएगा. यह स्थिति उस हर एक स्थान के लोगों की होगी, जिन्हें मैंने इन स्थानों पर खदेड़ा है, यह सेनाओं के याहवेह की वाणी है.’

4 “तुम्हें उनसे यह कहना होगा, ‘यह याहवेह का कहना है:

“ ‘क्या मनुष्य गिरते और फिर उठ खड़े नहीं होते?

क्या कोई पूर्व स्थिति को परित्याग कर प्रायश्चित नहीं करता?

5 तो येरूशलेम, क्या कारण है

कि ये लोग मुंह मोड़कर चले गये?

उन्होंने छल को दृढतापूर्वक जकड़ रखा है;

वे लौटना तो चाहते ही नहीं.

6 मैंने सुना तथा सुनकर इस पर ध्यान दिया है,

उनका वचन ठीक नहीं है.

एक भी व्यक्ति ने बुराई का परित्याग कर प्रायश्चित नहीं किया है,

उनका तर्क है, “मैंने किया ही क्या है?”

हर एक ने अपना अपना मार्ग लिया है

जैसे घोड़ा रणभूमि में द्रुत गति से दौड़ता हुआ जा उतरता है.

7 आकाश में उड़ता हुआ

सारस अपनी ऋतु को पहचानता है,

यही सत्य है कपोत, अबाबील तथा सारिका के विषय में

ये सभी अपने आने के समय का ध्यान रखते हैं.

किंतु मेरे अपने लोगों को

मुझ याहवेह के नियमों का ज्ञान ही नहीं है.

8 “ ‘तुम यह दावा कैसे कर सकते हो, “हम ज्ञानवान हैं,

हम याहवेह के विधान को उत्तम रीति से जानते हैं,”

ध्यान दो शास्त्रियों की झूठी लेखनी ने विधान को ही

झूठा स्वरूप दे दिया है.

9 तुम्हारे बुद्धिमानों को लज्जित कर दिया गया है;

वे विस्मित हो चुके हैं तथा उन्हें पकड़ लिया गया है.

ध्यान दो उन्होंने याहवेह के संदेश को ठुकरा दिया है,

अब उनकी बुद्धिमत्ता के विषय में क्या कहा जाएगा?

10 इसलिये मैं अब उनकी पत्नियां अन्यों को दे दूंगा

अब उनके खेतों पर स्वामित्व किसी अन्य का हो जाएगा.

क्योंकि उनमें छोटे से लेकर बड़े तक,

हर एक लाभ के लिए लोभी है;

यहां तक कि भविष्यद्वक्ता से लेकर पुरोहित तक भी,

हर एक अपने व्यवहार में झूठे हैं.

11 उन्होंने मेरी प्रजा की पुत्री के घावों को

मात्र गलत उपचार किया है.

वे दावा करते रहे, “शांति है, शांति है,”

किंतु शांति वहां थी ही नहीं. 12 क्या अपने घृणास्पद कार्य के लिए उनमें थोड़ी भी लज्जा देखी गई?

निश्चयतः थोड़ी भी नहीं;

उन्हें तो लज्जा में गिर जाना आता ही नहीं.

तब उनकी नियति वही होगी जो समावेश किए जा रहे व्यक्तियों की नियति है;

उन्हें जब दंड दिया जाएगा, घोर होगा उनका पतन,

यह याहवेह की वाणी है.

13 “ ‘मैं निश्चयतः उन्हें झपटकर ले उड़ूंगा,

यह याहवेह की वाणी है.

द्राक्षालता में द्राक्षा न होंगे.

अंजीर वृक्ष में अंजीर न होंगे,

पत्तियां मुरझा चुकी होंगी.

जो कुछ मैंने उन्हें दिया है

वह सब निकल जाएगा.’ ”

14 हम चुपचाप क्यों बैठे हैं?

एकत्र हो जाओ!

और हम गढ़ नगरों को चलें

तथा हम वहीं युद्ध करते हुए वीरगति को प्राप्‍त हों!

यह याहवेह हमारे परमेश्वर द्वारा निर्धारित दंड है

उन्हीं ने हमें विष से भरा पेय जल दिया है,

क्योंकि हमने याहवेह के विरुद्ध पाप किया है.

15 हम शांति की प्रतीक्षा करते रहें

किंतु कल्याण के अनुरूप कुछ न मिला,

हम शांति की पुनःस्थापना की प्रतीक्षा करते रहे,

किंतु हमें प्राप्‍त हुआ आतंक.

16 दान प्रदेश में

उनके घोड़ों की फुनफुनाहट सुनाई पड़ रही है;

उनके घोड़ों की हिनहिनाहट से

सारे क्षेत्र कांप उठे हैं.

क्योंकि वे आते हैं

और सारे देश को जो कुछ इसमें है,

उसे सारे नगर एवं उसके निवासियों को नष्ट कर जाते हैं.

17 “यह देखना कि, मैं तुम्हारे मध्य नाग छोड़ रहा हूं,

वे सर्प जिन पर मंत्र नहीं किया जा सकता,

वे तुम्हें डसेंगे,” यह याहवेह की वाणी है.

18 मेरा शोक असाध्य है,

मेरा हृदय डूब चुका है.

19 यहां देखो ध्यान से सुनो,

दूर देश से आ रही मेरी प्रजा की पुत्री की विलाप ध्वनि

“क्या याहवेह ज़ियोन में नहीं हैं?

क्या ज़ियोन का राजा उनके मध्य नहीं है?”

“क्यों उन्होंने मुझे क्रोधित किया अपनी खोदी हुई प्रतिमाओं द्वारा,

विजातीय प्रतिमाओं द्वारा?”

20 “कटनी काल समाप्‍त हो चुका,

ग्रीष्मऋतु भी जा चुकी,

फिर भी हमें उद्धार प्राप्‍त नहीं हुआ है.”

21 अपने लोगों की पुत्री की दुःखित अवस्था ने मुझे दुःखित कर रखा है;

मैं शोक से अचंभित हूं, और निराशा में मैं डूब चुका हूं.

22 क्या गिलआद में कोई भी औषधि नहीं?

क्या वहां कोई वैद्य भी नहीं?

तब क्या कारण है कि मेरे लोगों की पुत्री

रोगमुक्त नहीं हो पाई है?