येरेमियाह का पश्चाताप का आह्वान और विलाप (continued)
येरेमियाह लोगों से पश्चाताप करने का आग्रह करता है और बंधुआई निकट आने पर उनके दुखों पर विलाप करता है।
612 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
1 अच्छा होता कि मेरा सिर जल का सोता
तथा मेरे नेत्र आंसुओं से भरे जाते
कि मैं घात किए गए अपने प्रिय लोगों के लिए
रात-दिन विलाप करता रहता!
2 अच्छा होता कि मैं मरुभूमि में
यात्रियों का आश्रय-स्थल होता,
कि मैं अपने लोगों को परित्याग कर
उनसे दूर जा सकता;
उन सभी ने व्यभिचार किया है,
वे सभी विश्वासघातियों की सभा हैं.
3 “वे अपनी जीभ का प्रयोग
अपने धनुष सदृश करते हैं;
देश में सत्य नहीं
असत्य व्याप्त हो चुका है.
वे एक संकट से दूसरे संकट में प्रवेश करते जाते हैं;
वे मेरे अस्तित्व ही की उपेक्षा करते हैं,”
यह याहवेह की वाणी है.
4 “उपयुक्त होगा कि हर एक अपने पड़ोसी से सावधान रहे;
कोई अपने भाई-बन्धु पर भरोसा न करे.
क्योंकि हर एक भाई का व्यवहार धूर्ततापूर्ण होता है,
तथा हर एक पड़ोसी अपभाषण करता फिरता है.
5 हर एक अपने पड़ोसी से छल कर रहा है,
और सत्य उसके भाषण में है ही नहीं.
अपनी जीभ को उन्होंने झूठी भाषा में प्रशिक्षित कर दिया है;
अंत होने के बिंदु तक वे अधर्म करते जाते हैं.
6 तुम्हारा आवास धोखे के मध्य स्थापित है;
धोखा ही वह कारण है, जिसके द्वारा वे मेरे अस्तित्व की उपेक्षा करते हैं,”
यह याहवेह की वाणी है.
7 इसलिये सेनाओं के याहवेह की चेतावनी यह है:
“यह देख लेना, कि मैं उन्हें आग में शुद्ध करूंगा तथा उन्हें परखूंगा,
क्योंकि अपने प्रिय लोगों के कारण मेरे समक्ष इसके सिवा
और कौन सा विकल्प शेष रह जाता है?
8 उनकी जीभ घातक बाण है;
जिसका वचन फंसाने ही का होता है.
अपने मुख से तो वह अपने पड़ोसी को कल्याण का आश्वासन देता है,
किंतु मन ही मन वह उसके लिए घात लगाने की युक्ति करता रहता है.
9 क्या उपयुक्त नहीं कि मैं उन्हें इन कृत्यों के लिए दंड दूं?”
यह याहवेह की वाणी है.
“क्या मैं इस प्रकार के राष्ट्र से
स्वयं बदला न लूं?”
10 पर्वतों के लिए मैं विलाप करूंगा
और चराइयों एवं निर्जन क्षेत्रों के लिए मैं शोक के गीत गाऊंगा.
क्योंकि अब वे सब उजाड़ पड़े है कोई भी उनके मध्य से चला फिरा नहीं करता,
वहां पशुओं के रम्भाने का स्वर सुना ही नहीं जाता.
आकाश के पक्षी एवं पशु भाग चुके हैं,
वे वहां हैं ही नहीं.
11 “येरूशलेम को मैं खंडहरों का ढेर,
और सियारों का बसेरा बना छोड़ूंगा;
यहूदिया प्रदेश के नगरों को मैं उजाड़ बना दूंगा
वहां एक भी निवासी न रहेगा.”
12 कौन है वह बुद्धिमान व्यक्ति जो इसे समझ सकेगा? तथा कौन है वह जिससे याहवेह ने बात की कि वह उसकी व्याख्या कर सके? सारा देश उजाड़ कैसे हो गया? कैसे मरुभूमि सदृश निर्जन हो गई, कि कोई भी वहां से चला फिरा नहीं करता?
13 याहवेह ने उत्तर दिया, “इसलिये कि उन्होंने मेरे विधान की अवहेलना की है, जो स्वयं मैंने उनके लिए नियत किया तथा उन्होंने न तो मेरे आदेशों का पालन किया और न ही उसके अनुरूप आचरण ही किया. 14 बल्कि, वे अपने हठीले हृदय की समझ के अनुरूप आचरण करते रहे; वे अपने पूर्वजों की शिक्षा पर बाल देवताओं का अनुसरण करते रहें.” 15 इसलिये सेनाओं के याहवेह, इस्राएल के परमेश्वर ने निश्चय किया: “यह देख लेना, मैं उन्हें पेय के लिए कड़वा नागदौन तथा विष से भरा जल दूंगा. 16 मैं उन्हें ऐसे राष्ट्रों के मध्य बिखरा दूंगा जिन्हें न तो उन्होंने और न उनके पूर्वजों ने जाना है, मैं उनके पीछे उस समय तक तलवार तैयार रखूंगा, जब तक उनका पूर्ण अंत न हो जाए.”
17 यह सेनाओं के याहवेह का आदेश है:
“विचार करके उन स्त्रियों को बुला लो, जिनका व्यवसाय ही है विलाप करना, कि वे यहां आ जाएं;
उन स्त्रियों को, जो विलाप करने में निपुण हैं,
18 कि वे यहां तुरंत आएं
तथा हमारे लिए विलाप करें
कि हमारे नेत्रों से आंसू उमड़ने लगे,
कि हमारी पलकों से आंसू बहने लगे.
19 क्योंकि ज़ियोन से यह विलाप सुनाई दे रहा है:
‘कैसे हो गया है हमारा विनाश!
हम पर घोर लज्जा आ पड़ी है!
क्योंकि हमने अपने देश को छोड़ दिया है
क्योंकि उन्होंने हमारे आवासों को ढाह दिया है.’ ”
20 स्त्रियों, अब तुम याहवेह का संदेश सुनो;
तुम्हारे कान उनके मुख के वचन सुनें.
अपनी पुत्रियों को विलाप करना सिखा दो;
तथा हर एक अपने-अपने पड़ोसी को शोक गीत सिखाए.
21 क्योंकि मृत्यु का प्रवेश हमारी खिड़कियों से हुआ है
यह हमारे महलों में प्रविष्ट हो चुका है;
कि गलियों में बालक नष्ट किए जा सकें
तथा नगर चौकों में से जवान.
22 यह वाणी करो, “याहवेह की ओर से यह संदेश है:
“ ‘मनुष्यों के शव खुले मैदान में
विष्ठा सदृश पड़े हुए दिखाई देंगे,
तथा फसल काटनेवाले द्वारा छोड़ी गई पूली सदृश,
किंतु कोई भी इन्हें एकत्र नहीं करेगा.’ ”
23 याहवेह की ओर से यह आदेश है:
“न तो बुद्धिमान अपनी बुद्धि का अहंकार करे
न शक्तिवान अपने पौरुष का
न धनाढ्य अपनी धन संपदा का,
24 जो गर्व करे इस बात पर गर्व करे:
कि उसे मेरे संबंध में यह समझ एवं ज्ञान है,
कि मैं याहवेह हूं जो पृथ्वी पर निर्जर प्रेम,
न्याय एवं धार्मिकता को प्रयोग करता हूं,
क्योंकि ये ही मेरे आनंद का विषय है,”
यह याहवेह की वाणी है.
25 “यह ध्यान रहे कि ऐसे दिन आ रहे हैं,” याहवेह यह वाणी दे रहे हैं, “जब मैं उन सभी को दंड दूंगा, जो ख़तनित होने पर भी अख़तनित ही हैं— 26 मिस्र, यहूदिया, एदोम, अम्मोन वंशज, मोआब तथा वे सभी, जिनका निवास मरुभूमि में है, जो अपनी कनपटी के केश क़तर डालते हैं. ये सभी जनता अख़तनित हैं, तथा इस्राएल के सारे वंशज वस्तुतः हृदय में अख़तनित ही हैं.”
10:1 इस्राएल वंशजों, तुम्हें संबोधित बात सुनो. 2 याहवेह कह रहे हैं:
“अन्य जनताओं के आचार-व्यवहार परिपाटी एवं प्रथाओं को सीखने का प्रयास न करो
और न ही आकाश में घटित हो रहे असाधारण लक्षणों से विचलित हो जाओ,
यद्यपि अन्य राष्ट्र, निःसंदेह, इनसे विचलित हो जाते हैं.
3 क्योंकि लोगों की प्रथाएं मात्र भ्रम हैं,
कारण यह वन से काटकर लाया गया काठ ही तो है,
काष्ठ शिल्पी द्वारा उसके छेनी से बनाया गया है.
4 वे ही इन्हें स्वर्ण और चांदी से सजाते है;
इन्हें कीलों द्वारा हथौड़ों के प्रहार से जोड़ा जाता है
कि ये अपने स्थान पर स्थिर रहें.
5 उनकी प्रतिमाएं ककड़ी के खेत में खड़े किए गए बिजूखा सदृश हैं,
जो बात नहीं कर सकतीं;
उन्हें तो उठाकर एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जाता है
क्योंकि वे तो चल ही नहीं सकतीं.
मत डरो उनसे;
वे कोई हानि नहीं कर सकतीं
वस्तुतः वे तो कोई कल्याण भी नहीं कर सकतीं.”
6 याहवेह, कोई भी नहीं है आपके सदृश;
आप महान हैं,
और सामर्थ्य में असाधारण हैं आपकी प्रतिष्ठा.
7 राष्ट्रों का राजा,
कौन हो सकता है वह
जिसमें आपके प्रति श्रद्धा न होगी?
वस्तुतः आप ही हैं इसके योग्य
क्योंकि राष्ट्रों के सारे बुद्धिमानों के मध्य,
तथा राष्ट्रों के सारे राज्यों में कोई भी नहीं है आपके तुल्य.
8 किंतु वे पूर्णतः निर्बुद्धि एवं मूर्ख हैं;
उनकी शिक्षाएं धोखे के सिवा और कुछ नहीं.
9 तरशीश से पीटी हुई चांदी
तथा उपहाज़ से स्वर्ण लाया जाता है.
शिल्पी एवं स्वर्णकार की हस्तकला हैं
वे नीले और बैंगनी वस्त्र उन्हें पहनाए जाते हैं—
ये सभी दक्ष शिल्पियों की कलाकृति-मात्र हैं.
10 किंतु याहवेह सत्य परमेश्वर हैं;
वे अनंत काल के राजा हैं.
उनके कोप के समक्ष पृथ्वी कांप उठती है;
तथा राष्ट्रों के लिए उनका आक्रोश असह्य हो जाता है.
11 “उनसे तुम्हें यह कहना होगा: ‘वे देवता, जिन्होंने न तो आकाश की और न पृथ्वी की सृष्टि की है, वे पृथ्वी पर से तथा आकाश के नीचे से नष्ट कर दिए जाएंगे.’ ”
12 याहवेह ही हैं जिन्होंने अपने सामर्थ्य से पृथ्वी की सृष्टि की;
जिन्होंने विश्व को अपनी बुद्धि द्वारा प्रतिष्ठित किया है,
अपनी सूझ-बूझ से उन्होंने आकाश को विस्तीर्ण कर दिया.
13 उनके स्वर उच्चारण से आकाश के जल में हलचल मच जाती है;
वही हैं जो चारों ओर से मेघों का आरोहण बनाया करते हैं.
वह वृष्टि के लिए बिजली को अधीन करते हैं
तथा अपने भण्डारगृह से पवन को चलाते हैं.
14 हर एक मनुष्य मूर्ख है—ज्ञानहीन;
हर एक स्वर्णशिल्पी अपनी ही कृति प्रतिमा द्वारा लज्जित किया जाता है.
क्योंकि उसके द्वारा ढाली गई प्रतिमाएं धोखा हैं;
उनमें जीवन-श्वास तो है ही नहीं.
15 ये प्रतिमाएं सर्वथा व्यर्थ हैं, ये हास्यपद कृति हैं;
जब उन पर दंड का अवसर आएगा, वे नष्ट हो जाएंगी.
16 याहवेह जो याकोब की निधि हैं इनके सदृश नहीं हैं,
क्योंकि वे सभी के सृष्टिकर्ता हैं,
इस्राएल उन्हीं के इस निज भाग का कुल है—
उनका नाम है सेनाओं का याहवेह.
17 तुम, जो शत्रु द्वारा घिरे हुए जिए जा रहे हो,
भूमि पर से अपनी गठरी उठा लो.
18 क्योंकि याहवेह का संदेश यह है:
“यह देख लेना कि मैं इस देश के निवासियों को
इस समय प्रक्षेपित करने पर हूं;
मैं उन पर विपत्तियां ले आऊंगा
कि उन्हें वस्तुस्थिति का बोध हो जाए.”
19 धिक्कार है मुझ पर! मैं निराश हो चुका हूं!
असाध्य है मेरा घाव!
किंतु मैंने विचार किया,
“निश्चयतः यह एक रोग है, यह तो मुझे सहना ही होगा.”
20 मेरा तंबू नष्ट हो चुका है;
रस्सियां टूट चुकी हैं.
मेरे पुत्र मुझे छोड़ चुके हैं, कोई भी न रहा;
जो पुनः मेरे तंबू को खड़ा करे ऐसा कोई भी नहीं,
जो इसमें पर्दे लटकाए.
21 कारण यह है कि चरवाहे मूर्ख हैं
और उन्होंने याहवेह की बातें ज्ञात करना आवश्यक न समझा;
इसलिये वे समृद्ध न हो सके
और उनके सभी पशु इधर-उधर बिखर गए हैं.
22 समाचार यह आ रहा है, कि वे आ रहे हैं—
उत्तर दिशा के देश से घोर अशांति की आवाज!
कि यहूदिया के नगरों को निर्जन
तथा सियारों का बसेरा बना दिया जाए.
23 याहवेह, मैं उत्तम रीति से इस बात से अवगत हूं कि मनुष्य अपनी गतिविधियों को स्वयं नियंत्रित नहीं करता;
न ही मनुष्य अपने कदम स्वयं संचालित कर सकता है.
24 याहवेह मुझे अनुशासित करिये किंतु सही तरीके से—
यह अपने क्रोध में न कीजिए,
अन्यथा मैं तो मिट ही जाऊंगा.
25 अपना कोप उन जनताओं पर उंडेल दीजिए
जो आपको नहीं जानते तथा उन परिवारों पर भी,
जो आपसे गिड़गिड़ाने नहीं देते.
क्योंकि इन राष्ट्रों ने याकोब को समाप्त कर दिया है;
उन्होंने याकोब को निगल कर उसे पूर्णतः
नष्ट कर दिया है तथा उसके आवास को उजाड़ बना दिया है.