हिज़किय्याह की बीमारी
हिज़किय्याह की बीमारी: परिचय।
713 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
24 कुछ समय बाद हिज़किय्याह घातक रोग से बीमार हो गया. उसने याहवेह से विनती की और याहवेह ने उससे बातें करते हुए उसे चिन्ह दिया. 25 मगर घमण्ड़ में हिज़किय्याह ने इस उपकार का कोई बदला न दिया. उसका मन फूल चुका था. इसलिये उस पर और यहूदिया और येरूशलेम पर याहवेह का क्रोध टूट पड़ा. 26 तब हिज़किय्याह ने अपने हृदय को नम्र किया, उसने और येरूशलेम वासियों ने; फलस्वरूप याहवेह का प्रकोप हिज़किय्याह के जीवनकाल में हावी न हुआ.
1 उन्हीं दिनों में हिज़किय्याह को ऐसा रोग हो गया कि वह मरने पर था. आमोज़ के पुत्र भविष्यद्वक्ता यशायाह उससे मिलने आए. उन्होंने हिज़किय्याह से कहा, “याहवेह का संदेश यह है: अपने परिवार की व्यवस्था कर लीजिए, क्योंकि आपकी मृत्यु होनी ही है, आपका रोग से ठीक हो पाना संभव नहीं.”
2 यह सुन हिज़किय्याह ने अपना मुंह दीवार की ओर कर याहवेह से यह प्रार्थना की, 3 “याहवेह, कृपा कर याद करें कि मैं पूरे मन से कैसे सच्चाई में आपके सामने आचरण करता रहा हूं. और मैंने वही किया है, जो आपकी दृष्टि में सही है!” तब हिज़किय्याह फूट-फूटकर रोने लगा.
4 यशायाह अभी बीच के आंगन के बाहर भी न जा पाए थे, कि उन्हें याहवेह का यह संदेश प्राप्त हुआ: 5 “लौट जाओ और मेरी प्रजा के प्रधान हिज़किय्याह से जाकर यह कहो: ‘तुम्हारे पूर्वज दावीद के परमेश्वर का संदेश यह है: मैंने तुम्हारी प्रार्थना सुन ली है. मैंने तुम्हारा आंसू बहाना देखा है. यह देखना कि मैं तुम्हें चंगा कर दूंगा. तीसरे दिन तुम याहवेह के भवन को जाओगे. 6 मैं तुम्हारी आयु पन्द्रह साल और बढ़ाता हूं. मैं तुम्हें और इस नगर को अश्शूर के राजा के अधिकार से मुक्त कर दूंगा. मैं अपनी महिमा और अपने सेवक दावीद के निमित्त इस नगर की रक्षा करूंगा.’ ”
7 फिर यशायाह ने हिज़किय्याह के सेवकों से यह भी कहा, “सूखे अंजीरों की एक टिकिया ले आओ.” उन्होंने उसे राजा के फोड़े पर रख दिया और राजा चंगा हो गया.
8 हिज़किय्याह ने यशायाह से यह प्रश्न किया था: “याहवेह मुझे चंगा कर देंगे और तीसरे दिन मैं याहवेह के भवन को जाऊंगा, इसका क्या चिन्ह होगा?”
9 यशायाह ने उत्तर दिया, “याहवेह अपने वचन पूरा करेंगे, इसके लिए याहवेह की ओर से चिन्ह यह होगा: आप यह बताईये, क्या छाया दस कदम आगे जाए या दस कदम पीछे?”
10 हिज़किय्याह ने उत्तर दिया, “छाया का दस कदम लंबी हो जाना आसान है. नहीं. ऐसा कीजिए कि छाया दस कदम पीछे लौट जाए.”
11 भविष्यद्वक्ता यशायाह ने याहवेह की दोहाई दी और याहवेह ने छाया को दस कदम पीछे हटा दिया, जिससे छाया आहाज़ द्वारा बनवाई गई सोपानों पर दस कदम नीचे उतर चुकी थी.
1 देखो, राजा धर्म से शासन करेंगे
और अधिकारी न्याय से शासन करेंगे.
2 सब मानो आंधी से छिपने
का स्थान और बौछार के लिये आड़ के समान होगा,
मरुभूमि में झरने
एक विशाल चट्टान की छाया के समान होंगे.
3 तब जो देखते हैं, उनकी आंख कमजोर न होगी,
और जो सुनते हैं वे सुनेंगे.
4 उतावले लोगों के मन ज्ञान की बातें समझेंगे,
और जो हकलाते हैं वे साफ़ बोलेंगे.
5 मूर्ख फिर उदार न कहलायेगा
न कंजूस दानी कहलायेगा.
6 क्योंकि एक मूर्ख मूढ़ता की बातें ही करता है,
और उसका मन व्यर्थ बातों पर ही लगा रहता है:
वह कपट और याहवेह के विषय में झूठ बोलता है
जिससे वह भूखे को भूखा और प्यासे को प्यासा ही रख सके.
7 दुष्ट गलत बात सोचता है,
और सीधे लोगों को भी अपनी बातों में फंसा देता है.
8 किंतु सच्चा व्यक्ति तो अच्छा ही करता है,
और अच्छाईयों पर स्थिर रहता है.
9 हे आलसी स्त्रियों तुम जो निश्चिंत हो,
मेरी बात को सुनो;
हे निश्चिंत पुत्रियो उठो,
मेरे वचन पर ध्यान दो!
10 हे निश्चिंत पुत्रियो एक वर्ष
और कुछ ही दिनों में तुम व्याकुल कर दी जाओगी;
क्योंकि दाख का समय खत्म हो गया है,
और फल एकत्र नहीं किए जाएंगे.
11 हे निश्चिंत स्त्रियो, कांपो;
कांपो, हे निश्चिंत पुत्रियो!
अपने वस्त्र उतारकर
अपनी कमर पर टाट बांध लो.
12 अच्छे खेतों के लिए
और फलदार अंगूर के लिये रोओ,
13 क्योंकि मेरी प्रजा,
जो बहुत खुश और आनंदित है,
उनके खेत में झाड़
और कांटे उग रहे हैं.
14 क्योंकि राजमहल छोड़ दिया जायेगा,
और नगर सुनसान हो जायेगा;
पर्वत और उनके पहरेदारों के घर जहां है,
वहां जंगली गधे मौज करेंगे, पालतू पशुओं की चराई बन जाएंगे.
15 जब तक हम पर ऊपर से आत्मा न उंडेला जाए,
और मरुभूमि फलदायक खेत न बन जाए,
और फलदायक खेत वन न बन जाए.
16 तब तक उस बंजर भूमि में याहवेह का न्याय रहेगा,
और फलदायक खेत में धर्म रहेगा.
17 धार्मिकता का फल है शांति, उसका परिणाम चैन;
और हमेशा के लिए साहस!
18 तब मेरे लोग शांति से,
और सुरक्षित एवं स्थिर रहेंगे.
19 और वन विनाश होगा
और उस नगर का घमंड चूर-चूर किया जाएगा,
20 क्या ही धन्य हो तुम,
जो जल के स्रोतों के पास बीज बोते हो,
और गधे और बैल को आज़ादी से चराते हो.
33:1 हाय! तुम पर,
जिनको नाश नहीं किया गया!
और हाय! तुम विश्वासघातियों पर,
जिनके साथ विश्वासघात नहीं किया गया!
जब तुम नाश करोगे,
तब तुम नाश किए जाओगे;
और जब तुम विश्वासघात कर लोगे,
तब तुम्हारे साथ विश्वासघात किया जायेगा.
2 हे याहवेह, हम पर दया कीजिए;
हम आप ही की ओर देखते हैं.
प्रति भोर आप हमारा बल
तथा विपत्ति में हमारा सहायक बनिये.
3 शोर सुनते ही लोग भागने लगते हैं;
जब आप उठते तब, लोग बिखरने लगते हैं.
4 जैसे टिड्डियां खेत को नष्ट करती हैं;
उसी प्रकार लूटकर लाई गई चीज़ों को नष्ट कर दिया गया है, मनुष्य उस पर लपकते हैं.
5 याहवेह महान हैं, वह ऊंचे पर रहते हैं;
उन्होंने ज़ियोन को न्याय तथा धर्म से भर दिया है.
6 याहवेह तुम्हारे समय के लिए निश्चित आधार होगा! उद्धार, बुद्धि और ज्ञान तुम्हारा हक होगा;
और याहवेह का भय उसका धन होगा.
7 देख, उनके सैनिक गलियों में रो रहे हैं;
शांति के राजदूत फूट-फूटकर रो रहे हैं.
8 मार्ग सुनसान पड़े हैं,
और सब वायदों को तोड़ दिया गया है.
उसे नगरों से घृणा हो चुकी है,
मनुष्य के प्रति उसमें कोई सम्मान नहीं है.
9 देश रो रहा है, और परेशान है,
लबानोन लज्जित होकर मुरझा रहा है;
शारोन मरुभूमि के मैदान के समान हो गया है,
बाशान तथा कर्मेल की हरियाली खत्म हो चुकी हैं.
10 याहवेह ने कहा, “अब मैं उठूंगा,
अब मैं अपना प्रताप दिखाऊंगा;
और महान बनाऊंगा.
11 तुम्हें सूखी घास का गर्भ रहेगा,
और भूसी उत्पन्न होगी;
तुम्हारी श्वास ही तुम्हें भस्म कर देगी.
12 जो लोग भस्म होंगे वे चुने के समान हो जाएंगे;
उन कंटीली झाड़ियों को आग में भस्म कर दिया जायेगा.”
13 हे दूर-दूर के लोगों, सुनो कि मैंने क्या-क्या किया है;
और तुम, जो पास हो, मेरे सामर्थ्य को देखो!
14 ज़ियोन के पापी डर गये;
श्रद्धाहीन कांपने लगे:
“हममें से कौन इस आग में जीवित रहेगा?
जो कभी नहीं बुझेगी.”
15 वही जो धर्म से चलता है
तथा सीधी बातें बोलता,
जो गलत काम से नफरत करता है
जो घूस नहीं लेता,
जो खून की बात सुनना नहीं चाहता
और बुराई देखना नहीं चाहता—
16 वही ऊंचे स्थान में रहेगा,
व चट्टानों में शरण पायेगा.
उसे रोटी,
और पानी की कमी नहीं होगी.
17 तुम स्वयं अपनी ही आंखों से राजा को देखोगे
और लंबे चौड़े देश पर ध्यान दोगे.
18 तुम्हारा हृदय भय के दिनों को याद करेगा:
“हिसाब लेनेवाला और
कर तौलकर लेनेवाला कहां रहा?
गुम्मटों का लेखा लेनेवाला कहां रहा?”
19 उन निर्दयी लोगों को तू दोबारा न देखेगा,
जिनकी भाषा कठिन है और जो हकलाते हैं,
तथा उनकी बातें किसी को समझ नहीं आती.
20 ज़ियोन के नगर पर ध्यान दो, जो उत्सवों का नगर है;
येरूशलेम को तुम एक शांत ज़ियोन के रूप में देखोगे,
एक ऐसे शिविर, जिसे लपेटा नहीं जाएगा;
जिसके खूंटों को उखाड़ा न जाएगा,
न ही जिसकी रस्सियों को काटा जाएगा.
21 किंतु वही याहवेह जो पराक्रमी परमेश्वर हैं हमारे पक्ष में है.
वह बड़ी-बड़ी नदियों एवं नहरों का स्थान है.
उन पर वह नाव नहीं जा सकती जिसमें पतवार लगते हैं,
इस पर बड़े जहाज़ नहीं जा सकते.
22 क्योंकि याहवेह हमारे न्यायी हैं,
याहवेह हमारे हाकिम,
याहवेह हमारे राजा हैं;
वही हमें उद्धार देंगे.
23 तुम्हारी रस्सियां ढीली पड़ी हुई हैं:
वे जहाज़ को स्थिर न रख सकतीं,
न पाल को तान सके.
तब लूटी हुई चीज़ों को बांटकर
विकलांग ले जाएंगे.
24 कोई भी व्यक्ति यह नहीं कहेगा, “मैं बीमार हूं”;
वहां के लोगों के अधर्म को क्षमा कर दिया जायेगा.