हिज़किय्याह की बीमारी (continued)

हिज़किय्याह की बीमारी: परिचय।

713 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

यशायाह 34–35

1 हे राज्य,

राज्य के लोगो, सुनो!

सारी पृथ्वी के लोगो,

और जो कुछ इसमें है ध्यान से सुनो!

2 क्योंकि याहवेह का क्रोध सब जातियों पर

तथा उनके शत्रुओं पर है.

उन्होंने तो इन शत्रुओं को पूरा नष्ट कर दिया है,

उन्होंने इन शत्रुओं को वध के लिए छोड़ दिया है.

3 जो मर गये हैं उन्हें बाहर फेंक दिया जाएगा,

उनके शव सड़ जायेंगे;

तथा पर्वत उनके रक्त से गल जाएंगे.

4 आकाश के सभी तारे छिप जाएंगे

तथा आकाश कागज़ की नाई लपेट दिया जाएगा;

आकाश के तारे मुरझाई हुई

पत्तियों के समान गिर जायेंगे.

5 क्योंकि स्वर्ग में मेरी तलवार पीकर तृप्‍त हो चुकी है;

अब न्याय के लिए एदोम पर बरसेगी,

उन लोगों पर जिन्हें मैंने नाश के लिए अलग कर दिया है.

6 याहवेह की तलवार लहू से भरी है,

यह मेमनों तथा बकरों के रक्त

तथा चर्बी से तृप्‍त हो चुकी है.

क्योंकि याहवेह ने बोज़राह में यज्ञ बलि अर्पण आयोजित किया है

तथा एदोम देश में एक विशाल संहार.

7 जंगली बैलों का भी उन्हीं के साथ संहार हो जाएगा,

तथा पुष्ट सांड़ बछड़े के साथ वध हो जाएंगे.

इस प्रकार उनका देश रक्त से गल जाएगा,

तथा वहां की धूल वसायुक्त हो जाएगी.

8 क्योंकि याहवेह द्वारा बदला लेने का दिन तय किया गया है,

यह ज़ियोन के हित में प्रतिफल का वर्ष होगा.

9 एदोम की नदियां झरने बन जायेंगी,

तथा इसकी मिट्टी गंधक;

तथा देश प्रज्वलित झरने हो जाएंगे!

10 न तो यह दिन में बुझेगी, न रात्रि में;

इसका धुआं सदा ऊपर उठता रहेगा.

पीढ़ी से पीढ़ी तक यह सुनसान पड़ा रहेगा;

कोई भी इसके बाद यहां से होकर नहीं जाएगा.

11 हवासिल तथा साही इस पर अपना अधिकार कर लेंगे;

यह उल्लू तथा कौवों का घर हो जाएगा.

याहवेह इसके ऊपर निर्जनता की सीमा-निर्धारण डोर तान देंगे

तथा रिक्तता का साहुल भी.

12 वहां ऐसा कोई भी नहीं जिसे वे राजा घोषित करें, वहां के ऊंचे पद वाले

तथा उसके सब शासक किसी के योग्य नहीं हैं.

13 गढ़नगर के महलों पर कंटीली झाड़ियां उग जाएंगी,

इसके नगरों में बिच्छू, पौधे तथा झाड़ बढ़ जायेंगे.

यहां सियारों का बसेरा हो जाएगा,

जहां शुतुरमुर्ग घर करेंगे.

14 वहां मरुभूमि के प्राणियों,

तथा भेड़ियों का सम्मेलन हुआ करेगा;

जंगली बकरे एक दूसरे को पुकारेंगे

तथा वहां रात के जीव लेट जाएंगे.

15 वहां उल्लू अपना घोंसला बनाएगा तथा वहीं वह अंडे देगा,

वहां चूज़े पैदा होंगे तथा वह उन्हें अपने पंखों की छाया में ले लेगा;

तब वहां बाज़ भी एकत्र होंगे.

16 याहवेह की पुस्तक से खोज करते हुए पढ़ो:

इनमें से एक भी न हटेगा,

न किसी जोड़े को साथी का अभाव होगा.

क्योंकि स्वयं याहवेह ने कहा है,

तथा उनके आत्मा ने उन्हें एक किया है.

17 याहवेह ने उनके लिए पासे फेंके हैं;

स्वयं उन्होंने डोरी द्वारा बांट दिया हैं.

इस पर उनका हक सर्वदा बना रहेगा

एक से दूसरी पीढ़ी तक वे इसमें निवास करते रहेंगे.

35:1 वह निर्जन स्थान

तथा वह मरुस्थल भूमि खुश होंगे,

मरुस्थल आनंदित होकर केसर समान खिल उठेंगे.

2 वह अत्यंत आनंदित होगी

तथा जय जयकार और उसे लबानोन का शौर्य दिया जायेगा

उसकी समृद्धि कर्मेल तथा शारोन के समान हो जाएगी,

वे याहवेह की महिमा, परमेश्वर के प्रताप को देखेंगे.

3 जो उदास है उन्हें उत्साहित करो,

तथा जो निर्बल हैं उन्हें दृढ़ करो;

4 घबराने वाले व्यक्तियों से कहो,

“साहस बनाए रखो, भयभीत न हो;

स्मरण रखो, तुम्हारा परमेश्वर पलटा लेने

और प्रतिफल देने आ रहा है.”

5 तब अंधों की आंखें खोली जायेंगी

तथा बहरों के कान खोल दिये जायेंगे.

6 तब लंगड़ा हिरण के समान उछलेगा,

गूंगे अपनी जीभ से जय जयकार करेंगे.

सुनसान जगह पर सोता फूट निकलेगा

तथा मरुस्थल में नदियां बहेंगी.

7 सूखी हुई भूमि पोखर सोते में बदल जायेगी,

तथा धारा झरनों में बदलेगी.

तथा तृषित धरा झरनों में; जिस जगह पर कभी सियारों का बसेरा था,

वहां हरियाली हो जायेगी.

8 वहां एक मार्ग होगा;

उसका नाम पवित्र मार्ग होगा.

अशुद्ध उस पर न चल पाएंगे;

निर्धारित लोग (परमेश्वर के पवित्र लोग) ही उस पर चला करेंगे;

न ही मूर्ख वहां आएंगे.

9 उस मार्ग पर सिंह नहीं होगा,

न ही कोई जंगली पशु वहां आयेगा;

इनमें से कोई भी उस मार्ग पर नहीं चलेगा.

10 इसलिये वे जो याहवेह द्वारा छुड़ाए गए हैं,

जय जयकार के साथ ज़ियोन में आएंगे;

उनके सिर पर आनंद के मुकुट होंगे

और उनका दुःख तथा उनके आंसुओं का अंत हो जायेगा,

तब वे सुख तथा खुशी के अधिकारी हो जाएंगे.

यशायाह 38:9–20

9 यहूदिया के राजा हिज़किय्याह की बात, जो उसने अपने रोगी होकर चंगा होने के बाद लिखी है:

10 मैंने सोचा, “कि मेरे जीवन के बीच में ही

मुझे नर्क के फाटकों में से जाना होगा

और मेरे जीवन का कोई पल अब बचा नहीं?”

11 मैंने सोचा, “मैं जीवितों की पृथ्वी पर याहवेह को देख न सकूंगा;

मैं अब याहवेह को और मनुष्य को नहीं देख सकूंगा.

12 मेरा घर चरवाहे के तंबू के समान

हटा लिया गया है.

मैंने तो अपना जीवन बुनकर लपेट लिया था,

प्रभु ने मुझे करघे से काटकर अलग कर दिया है;

एक ही दिन में तू मेरा अंत कर डालेगा.

13 सुबह तक मैं अपने आपको शांत करता रहा,

प्रभु सिंह के समान मेरी हड्डियों को तोड़ते रहे;

दिन से शुरू कर रात तक आपने मेरा अंत कर दिया है.

14 मैं सुपाबेनी या सारस के समान चहकता हूं,

मैं पण्डुक के समान कराहता हूं.

मेरी आंखें ऊपर की ओर देखते-देखते थक गई है.

हे प्रभु, मैं परेशान हूं आप मेरे सहायक हों!”

15 अब मैं क्या कहूं?

क्योंकि उन्होंने मुझसे प्रतिज्ञा की और पूरी भी की है.

मैं जीवन भर दुःख के साथ

जीवित रहूंगा.

16 हे प्रभु, ये बातें ही तो मनुष्यों को जीवित रखती हैं;

इन्हीं से मेरी आत्मा को जीवन मिलता है.

आप मुझे चंगा कीजिए

और जीवित रखिए.

17 शांति पाने के लिए

मुझे बड़ी कड़वाहट मिली.

आपने मेरे प्राण को

नाश के गड्ढे से निकाला है;

क्योंकि मेरे सब पापों को

आपने पीठ पीछे फेंक दिया है.

18 अधोलोक आपका धन्यवाद नहीं कर सकता,

न मृत्यु आपकी महिमा कर सकती है;

जो कब्र में पड़े हैं

वे आपकी विश्वासयोग्यता की आशा नहीं कर सकते.

19 जीवित व्यक्ति ही आपका धन्यवाद कर सकते हैं,

जिस प्रकार मैं आज कर रहा हूं;

पिता अपनी संतान से

आपकी विश्वस्तता की बात बताता है.

20 निश्चयतः याहवेह मेरा उद्धार करेंगे,

इसलिये याहवेह के भवन में

पूरे जीवनकाल में

मेरे गीत तार वाले बाजों पर गाते रहेंगे.