दावीद भागकर अदुल्लाम की गुफा में जाता है

1060 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

1 शमुएल 22:1

1 तब दावीद ने गाथ से कूच कर अदुल्लाम की एक गुफा में आसरा लिया. जब उनके भाइयों तथा उनके पिता के परिवार को यह मालूम हुआ, वे सभी उनसे भेंटकरने वहां गए.

स्तोत्र 142

दावीद की मसकील रचना इस समय वह कन्दरा में थे. एक अभ्यर्थना

1 मैं अपना स्वर उठाकर याहवेह से प्रार्थना कर रहा हूं;

अपने शब्दों के द्वारा में याहवेह से कृपा का अनुरोध कर रहा हूं.

2 मैं उनके सामने अपने संकट को उंडेल रहा हूं;

मैंने अपने कष्ट उनके सामने रख दिए हैं.

3 जब मैं पूर्णतः टूट चुका हूं,

आपके सामने मेरी नियति स्पष्ट रहती है.

वह पथ जिस पर मैं चल रहा हूं

उन्होंने उसी पर फंदे बिछा दिए हैं.

4 दायीं ओर दृष्टि कीजिए और देखिए

किसी को भी मेरा ध्यान नहीं है;

कोई भी आश्रय अब शेष नहीं रह गया है,

किसी को भी मेरे प्राणों की हितचिंता नहीं है.

5 याहवेह, मैं आपको ही पुकार रहा हूं;

मैं विचार करता रहता हूं, “मेरा आश्रय आप हैं,

जीवितों के लोक में मेरा अंश.”

6 मेरी पुकार पर ध्यान दीजिए,

क्योंकि मैं अब थक चुका हूं;

मुझे उनसे छुड़ा लीजिए, जो मुझे दुःखित कर रहे हैं,

वे मुझसे कहीं अधिक बलवान हैं.

7 मुझे इस कारावास से छुड़ा दीजिए,

कि मैं आपकी महिमा के प्रति मुक्त कण्ठ से आभार व्यक्त कर सकूं.

तब मेरी संगति धर्मियों के संग हो सकेगी

क्योंकि मेरे प्रति यह आपका स्तुत्य उपकार होगा.

1 शमुएल 22:2

2 वे सभी, जो किसी भी प्रकार की उलझन में थे, जो ऋण के बोझ में दबे जा रहे थे, तथा वे, जिनमें किसी कारण असंतोष समाया हुआ था, दावीद के पास इकट्ठा होने लगे, और दावीद ऐसों के लिए नायक सिद्ध हुए. ऐसे होते-होते उनके पास लगभग चार सौ व्यक्ति इकट्ठा हो गए.

1 इतिहास 12:8–18

8 जब दावीद बंजर भूमि के गढ़नगर में थे, गाद प्रदेश से उनके पास बलवान और अनुभवी सैनिक जा पहुंचे. ये भाले और ढाल के कौशल में निपुण थे. इनका मुखमंडल सिंहों के मुंह के समान था, जो ऐसी तेजी से दौड़ते थे जैसे पहाड़ों पर दौड़ती हिरणी.

9 प्रधान था एज़र,

दूसरा ओबदिया, तीसरा एलियाब,

10 मिशमन्‍नाह चौथा, येरेमियाह पांचवा,

11 अत्तई छठा, एलिएल सातवां,

12 योहानन आठवां, एलज़ाबाद नौवां,

13 येरेमियाह दसवां, मकबन्‍नाई ग्यारहवां.

14 गाद के वंशजों में से ये सेना के अधिकारी थे; इनमें निपुणता में सबसे छोटा भी उनके एक सौ के समान था और सबसे बड़ा एक हज़ार के बराबर. 15 ये ही वे हैं, जिन्होंने पहले महीने में यरदन नदी को उस स्थिति में पार किया था, जब नदी का पानी दोनों तटों से उमड़ कर बह रहा था. उन्होंने घाटियों के निवासियों को भगाकर पूर्व और पश्चिम दोनों दिशाओं में भगा दिया.

16 इसके बाद बिन्यामिन और यहूदाह के वंशज दावीद से भेंट करने गढ़ में आए. 17 दावीद उनसे भेंट करने बाहर आ गए. दावीद ने कहा, “यदि आप मित्र-भाव में मेरी सहायता के उद्देश्य से मुझसे मिलने आए हैं, मेरा हृदय आपसे जुड़ जाएगा; मगर यदि यह मुझे मेरे शत्रुओं के हाथों में सौंपने की योजना है, इसलिये कि मेरे हाथों ने कुछ भी गलत नहीं किया है, हमारे पूर्वजों के परमेश्वर ही इस पर दृष्टि करके निर्णय करें.”

18 इसी समय पवित्रात्मा आमासाई पर जो उन तीस पर प्रधान था, उतरे और आमासाई यह कहने लगा,

“दावीद, हम आपके हैं!

यिशै के पुत्र, हम आपके साथ हैं!

शांति, आप पर शांति बनी रहे,

शांति आपके सहायकों पर बनी रहे, निःसंदेह,

आपके परमेश्वर आपकी सहायता करते हैं.”

यह सुन दावीद ने उन्हें स्वीकार कर लिया और उन्हें सैनिकों का प्रधान बना दिया.

2 शमुएल 23:13–17

13 कटनी के अवसर पर चट्टान में अदुल्लाम गुफा में तीस प्रमुख अधिकारियों में से तीन दावीद से भेंटकरने गए. इस समय, रेफाइम की फिलिस्तीनी सेना घाटी में शिविर डाले हुए थे. 14 इस समय दावीद गढ़ में थे, और फिलिस्तीनी सेना बेथलेहेम में. 15 बड़ी इच्छा से दावीद कह उठे, “कैसा सुखद होता अगर कोई बेथलेहेम फाटक के पास के कुएं से मुझे पीने के लिए पानी ला देता!” 16 यह सुन ये तीन वीर योद्धा फिलिस्तीनियों के शिविर में से बचते-बचाते जाकर उस कुएं से, जो बेथलेहेम के द्वार के निकट था, दावीद के लिए जल ले आए. मगर दावीद ने वह जल पिया नहीं, उन्होंने उसे याहवेह के सामने उंडेल दिया. 17 उन्होंने कहा, “याहवेह, मुझसे यह काम कभी न हो. क्या, यह जल इन वीरों का लहू समान नहीं, जो अपने प्राण जोखिम में डाल मेरे लिए यह लाए हैं?” इसलिये दावीद ने वह जल नहीं पिया.

ऐसे साहसिक थे इन वीरों के कार्य.

1 इतिहास 11:15–19

15 चट्टान में अदुल्लाम गुफा में तीस प्रमुख अधिकारियों में से तीन दावीद से भेंट करने गए. इस समय फिलिस्तीनी सेना रेफाइम की घाटी में शिविर डाले हुए थी. 16 इस समय दावीद गढ़ में थे, और फिलिस्तीनी सेना बेथलेहेम में. 17 बड़ी इच्छा से दावीद कह उठे, “कैसा सुखद होता अगर कोई बेथलेहेम फाटक के पास के कुएं से मुझे पीने के लिए पानी ला देता!” 18 वे तीनों फिलिस्तीनियों के शिविर में से बचते-बचाते जाकर उस कुएं से, जो बेथलेहेम के द्वार के निकट था, दावीद के लिए जल ले आए. मगर दावीद ने वह जल पिया नहीं, उन्होंने उसे याहवेह के सामने उंडेल दिया. 19 और कहा, “मेरे परमेश्वर के सामने मुझसे यह काम कभी न हो. क्या मैं इन लोगों का लहू पीऊं, जो अपने प्राण जोखिम में डाल मेरे लिए यह जल लाए हैं?” इसलिये दावीद ने वह जल नहीं पिया.

ऐसे साहसिक थे इन वीरों के कार्य.