दावीद भागकर नोब में अहीमेलेख के पास जाता है

1060 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

1 शमुएल 21:1–9

1 वहां से दावीद नोब नगर में पुरोहित अहीमेलेख से भेंटकरने पहुंचे, बहुत ही भयभीत अहीमेलेख कांपते हुए दावीद से भेंटकरने आए और उनसे प्रश्न किया, “आप अकेले! और कोई नहीं है आपके साथ?”

2 दावीद ने पुरोहित अहीमेलेख को उत्तर दिया, “राजा ने मुझे एक विशेष काम सौंपा है, और उनका ही आदेश है, ‘जिस काम के लिए तुम भेजे जा रहे हो, और जो निर्देश तुम्हें दिए जा रहे हैं, उनके विषय में किसी को कुछ ज्ञात न होने पाए’ मैंने सैनिकों को विशेष स्थान पर मिलने के आदेश दे दिए हैं. 3 अब बताइए, आपके पास भोज्य क्या-क्या है? मुझे कम से कम पांच रोटियां चाहिए, या जो कुछ इस समय आपके पास है.”

4 पुरोहित ने दावीद को उत्तर दिया, “साधारण रोटी तो इस समय मेरे पास है नहीं—हां, आप वेदी पर समर्पित रोटियां अवश्य ले सकते हैं, यदि आपके सैनिक ठहराए गए समय से स्त्री संबंध से दूर रहे हैं.”

5 दावीद ने पुरोहित को आश्वासन दिया, “निःसंदेह! जब कभी मैं अभियान पर निकलता हूं, स्त्रियां हमसे दूर ही रखी जाती हैं. साधारण काम के लिए जाते समय भी सैनिकों की देह पवित्र रखी जाती है, यह तो एक विशेष अभियान है!” 6 तब पुरोहित ने उन्हें समर्पित पवित्र रोटियां दे दीं, क्योंकि वहां समर्पित रोटियों के अलावा और कोई रोटी थी ही नहीं. इन रोटियों को याहवेह के सामने से हटा लिया जाता है, जिस समय गर्म नयी रोटियां वेदी पर भेंट की जाती हैं.

7 उस समय शाऊल का एक सेवक उसी स्थान पर उपस्थित था, जिसे याहवेह के सामने रोका गया था; वह एदोमवासी था तथा उसका नाम दोएग था, वह शाऊल के चरवाहों का प्रधान था.

8 तब दावीद ने अहीमेलेख से प्रश्न किया, “क्या आपके पास यहां कोई तलवार या बर्छी है? इस समय मेरे पास न तो अपनी तलवार है और न ही कोई दूसरा हथियार क्योंकि राजा के निर्देश कुछ ऐसे थे.”

9 पुरोहित ने उत्तर दिया, “एफ़ोद के पीछे कपड़े में लिपटी हुई फिलिस्तीनी गोलियथ की तलवार रखी हुई है. यह वही गोलियथ है, जिसका आपने एलाह की घाटी में संहार किया था. आप चाहें तो इसे ले सकते हैं.”

दावीद ने उनसे कहा, “उससे अच्छा हथियार भला, क्या हो सकता है; यह मुझे दे दीजिए.”

दावीद भागकर गाथ के राजा आकीश के पास जाता है

1 शमुएल 21:10–15

10 और दावीद वहां से भी चले गए. शाऊल से दूर भागते हुए वह गाथ के राजा आकीश के यहां जा पहुंचे. 11 आकीश के अधिकारियों में कौतुहल उत्पन्‍न हो गया था: “क्या यह दावीद, अपने ही देश का राजा नहीं है? यही तो वह व्यक्ति है, जिसके विषय में स्त्रियों ने नृत्य करते हुए प्रशंसागीत गाया था:

“ ‘शाऊल ने हज़ार शत्रुओं का संहार किया,

मगर दावीद ने दस हज़ारों का’?”

12 उनके इन शब्दों पर गंभीरता पूर्वक विचार करने पर दावीद गाथ के राजा आकीश से बहुत ही डर गए. 13 तब उनकी उपस्थिति में दावीद ने पागल व्यक्ति का नाटक करना शुरू कर दिया, क्योंकि इस समय वह उनके राज्य की सीमा में थे. वह द्वार की लकड़ी खरोंचने लगे और अपनी लार को दाढ़ी पर बह जाने दिया.

14 यह देख आकीश ने अपने सेवकों से कहा, “देख रहे हो कि यह व्यक्ति पागल है! क्यों इसे यहां आने दिया गया है? 15 क्या मेरे पास पागलों की कमी हो गई है, कि मेरे पास इस पागल को ले आए हो? क्या इसे मेरे पास इसलिये ले आए हो कि मैं इसे अपना मेहमान बना लूं?”

स्तोत्र 56

संगीत निर्देशक के लिये. “दूर के बांज वृक्ष पर बैठा कबूतरी” धुन पर आधारित. दावीद की मिकताम गीत रचना. यह उस घटना का संदर्भ है, जब गाथ देश में फिलिस्तीनियों ने दावीद को पकड़ लिया था.

1 परमेश्वर, मुझ पर कृपा कीजिए,

क्योंकि शत्रु मुझे कुचल रहे हैं;

दिन भर उनका आक्रमण मुझ पर प्रबल होता जा रहा है.

2 मेरे निंदक सारे दिन मेरा पीछा करते हैं;

अनेक हैं, जो मुझ पर अपने अहंकार से प्रहार कर रहे हैं.

3 भयभीत होने की स्थिति में, मैं आप पर ही भरोसा करूंगा.

4 परमेश्वर, आपकी प्रतिज्ञा स्तुति प्रशंसनीय है,

परमेश्वर, मैं आप पर ही भरोसा रखूंगा और पूर्णतः निर्भय हो जाऊंगा.

नश्वर मनुष्य मेरा क्या बिगाड़ लेगा?

5 दिन भर मेरे वचन को उलटा कर प्रसारित किया जाता है;

मेरी हानि की युक्तियां सोचना उनकी दिनचर्या हो गई है.

6 वे बुरी युक्ति रचते हैं, वे घात लगाए बैठे रहते हैं,

वे मेरे हर कदम पर दृष्टि बनाए रखते हैं,

कि कब मेरे प्राण ले सकें.

7 उनकी दुष्टता को देखकर उन्हें बचकर न जाने दें;

परमेश्वर, अपने क्रोध के द्वारा इन लोगों को मिटा दीजिए.

8 आपने मेरे भटकने का लेखा रखा है;

आपने मेरे आंसू अपनी कुप्पी में जमा कर रखें हैं.

आपने इनका लेखा भी अपनी पुस्तक में रखा है?

9 तब जैसे ही मैं आपको पुकारूंगा,

मेरे शत्रु पीठ दिखाकर भाग खड़े होंगे.

तब यह प्रमाणित हो जाएगा कि परमेश्वर मेरे पक्ष में हैं.

10 वही परमेश्वर, जिनकी प्रतिज्ञा स्तुति प्रशंसनीय है,

वही याहवेह, जिनकी प्रतिज्ञा स्तुति प्रशंसनीय है.

11 मैं परमेश्वर पर ही भरोसा रखूंगा, तब मुझे किसी का भय न होगा.

मनुष्य मेरा क्या बिगाड़ सकता है?

12 परमेश्वर, मुझे आपके प्रति की गई मन्‍नतें पूर्ण करनी हैं;

मैं आपको अपनी आभार-बलि अर्पण करूंगा.

13 क्योंकि आपने मृत्यु से मेरे प्राणों की रक्षा की है,

मेरे पांवों को आपने फिसलने से बचाया है कि

मैं, परमेश्वर, आपके साथ साथ

जीवन ज्योति में चल सकूं.

स्तोत्र 34

दावीद की रचना. जब दावीद ने राजा अबीमेलेक के सामने पागल होने का स्वांग रचा था और अबीमेलेक ने उन्हें बाहर निकाल दिया जिससे वह वहां से पलायन कर सके थे.

1 हर एक स्थिति में मैं याहवेह को योग्य कहता रहूंगा;

मेरे होंठों पर उनकी स्तुति-प्रशंसा के उद्गार सदैव ही बने रहेंगे.

2 मेरी आत्मा याहवेह में गर्व करती है;

पीड़ित यह सुनें और उल्‍लसित हों.

3 मेरे साथ याहवेह का गुणगान करो;

हम सब मिलकर याहवेह की महिमा को ऊंचा करें.

4 मैंने याहवेह से प्रार्थना की और उन्होंने प्रत्युत्तर दिया;

उन्होंने मुझे सब प्रकार के भय से मुक्त किया.

5 जिन्होंने उनसे अपेक्षा की, वे उल्‍लसित ही हुए;

इसमें उन्हें कभी लज्जित न होना पड़ा.

6 इस दुःखी पुरुष ने सहायता के लिए पुकारा और याहवेह ने प्रत्युत्तर दिया;

उन्होंने उसे उसके समस्त संकटों से छुड़ा लिया है.

7 याहवेह का दूत उनके श्रद्धालुओं के चारों ओर उनकी चौकसी करता रहता है

और उनको बचाता है.

8 स्वयं चखकर देख लो कि कितने भले हैं याहवेह;

कैसा धन्य है वे, जो उनका आश्रय लेते हैं.

9 सभी भक्तो, याहवेह के प्रति श्रद्धा रखो.

जो उन पर श्रद्धा रखते हैं, उन्हें कोई भी घटी नहीं होती.

10 युवा सिंह दुर्बल हो सकते हैं और वे भूखे भी रह जाते हैं,

किंतु जो याहवेह के खोजी हैं, उन्हें किसी उपयुक्त वस्तु की घटी नहीं होगी.

11 मेरे बालको, निकट आकर ध्यान से सुनो;

मैं तुम्हें याहवेह के प्रति श्रद्धा सिखाऊंगा.

12 तुममें से जिस किसी को जीवन के मूल्य का बोध है

और जिसे सुखद दीर्घायु की आकांक्षा है,

13 वह अपनी जीभ को बुरा बोलने से

तथा अपने होंठों को झूठ से मुक्त रखे;

14 बुराई में रुचि लेना छोड़कर परोपकार करे;

मेल-मिलाप का यत्न करे और इसी के लिए पीछा करे.

15 क्योंकि याहवेह की दृष्टि धर्मियों पर

तथा उनके कान उनकी विनती पर लगे रहते हैं,

16 परंतु याहवेह बुराई करनेवालों से दूर रहते हैं;

कि उनका नाम ही पृथ्वी से मिटा डालें.

17 धर्मी की पुकार को याहवेह अवश्य सुनते हैं;

वह उन्हें उनके संकट से छुड़ाते हैं.

18 याहवेह टूटे हृदय के निकट होते हैं,

वह उन्हें छुड़ा लेते हैं, जो आत्मा में पीसे हुए है.

19 यह संभव है कि धर्मी पर अनेक-अनेक विपत्तियां आ पड़ें,

किंतु याहवेह उसे उन सभी से बचा लेते हैं;

20 वह उसकी हर एक हड्डी को सुरक्षित रखते हैं,

उनमें से एक भी नहीं टूटती.

21 दुष्टता ही दुष्ट की मृत्यु का कारण होती है;

धर्मी के शत्रु दंडित किए जाएंगे.

22 याहवेह अपने सेवकों को छुड़ा लेते हैं;

जो कोई उनमें आश्रय लेता है, वह दोषी घोषित नहीं किया जाएगा.