मसीह के अपमान और ऊँचा उठाए जाने की भविष्यवाणी

मसीह के अपमान, दुःखों और ऊँचा उठाए जाने की भविष्यवाणी।

710 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

यशायाह 52:13–53:12

13 देखों, मेरा सेवक बढ़ता जाएगा;

वह ऊंचा महान और अति महान हो जाएगा.

14 मेरे लोग जिस प्रकार तुम्हें देखकर चकित हुए—

क्योंकि उसका रूप व्यक्ति से

तथा उसका डीलडौल मनुष्यों से अधिक बिगड़ चुका था—

15 वैसे ही वह बहुत सी जातियों को छिड़केगा,

राजा शांत रहेंगे क्योंकि जो बातें नहीं कही गई थी.

वे उनके सामने आएंगी,

और जो कुछ उन्होंने नहीं सुना था, उन्हें समझ आ जाएगा.

53:1 किसने हमारी बातों पर विश्वास किया

और याहवेह के हाथ किस पर प्रकट हुए हैं?

2 क्योंकि वह जो उनके सामने अंकुर के समान

और ऐसे उगा जैसे सूखी भूमि से निकला हो.

उसका रूप न तो सुंदर था न प्रभावशाली कि हमें अच्छा लगे,

न ही ऐसा रूप कि हम उसकी ओर देखते.

3 वह तो मनुष्यों द्वारा तुच्छ जाना जाता तथा त्यागा हुआ था,

वह दुःखी पुरुष था, रोगों से परिचित था.

उसे देखकर लोग अपना मुंह छिपा लेते हैं

वह तुच्छ जाना गया, और हमने उसके महत्व को न जाना.

4 उसने हमारे रोगों को सह लिया और उठा लिया

उसने हमारे ही दुखों को अपने ऊपर ले लिया,

स्वयं हमने उसे परमेश्वर द्वारा मारा कूटा

और दुर्दशा में पड़ा हुआ समझा.

5 हमारे पापों के कारण ही उसे रौंदा गया,

हमारे अधर्म के कामों के कारण वह कुचला गया;

उसके कोड़े खाने से,

हम चंगे हुए.

6 हम सभी भेड़ों के समान भटक गए थे,

हममें से हर एक ने अपना मनचाहा मार्ग अपना लिया;

किंतु याहवेह ने हम सभी के अधर्म का

बोझ उसी पर लाद दिया.

7 वह सताया गया और,

फिर भी कुछ न कहा;

वध के लिए ले जाए जा रहे मेमने के समान उसको ले जाया गया,

तथा जैसे ऊन कतरनेवाले के सामने मेमना शांत रहता है,

वैसे ही उसने भी अपना मुख न खोला.

8 अत्याचार करके और दोष लगाकर

उसे दंड दिया गया.

वह जीवितों के बीच में से उठा लिया गया;

मेरे ही लोगों के पापों के कारण उसे मार पड़ी.

9 उसकी कब्र दुष्ट व्यक्तियों के साथ रखी गई,

फिर भी अपनी मृत्यु में वह एक धनी व्यक्ति के साथ था,

क्योंकि न तो उससे कोई हिंसा हुई थी,

और न उसके मुंह से कोई छल की बात निकली.

10 तो भी याहवेह को यही अच्छा लगा की उसे कुचले; उसी ने उसको रोगी कर दिया,

ताकि वह अपने आपको पाप बलिदान के रूप में अर्पित करें,

तब वह अपने वंश को देख पायेंगे और वह बहुत दिन जीवित रहेंगे,

तथा इससे याहवेह की इच्छा पूरी होगी.

11 और अपने प्राणों का दुःख उठाकर

उसे देखेंगे और संतोष पायेंगे;

अपने ज्ञान के द्वारा वह जो धर्मी व्यक्ति है मेरा सेवक अनेकों को धर्मी बनाएगा,

क्योंकि वही उनके पाप का बोझ उठाएगा.

12 अतः मैं उसे महान लोगों के साथ एक भाग दूंगा,

वह लूटी हुई चीज़ों को सामर्थ्यी व्यक्तियों में बांट देगा,

उसने अपने प्राणों को मृत्यु में ढाल दिया,

उसकी गिनती अपराधियों में की गई.

फिर भी उसने अनेकों के पाप का बोझ उठाया,

और अपराधियों के लिए मध्यस्थता की!

कलीसिया की वृद्धि और विजय की भविष्यवाणी

यशायाह 54

1 यह याहवेह की वाणी है,

“बांझ, तुम, जो संतान पैदा करने में असमर्थ हो, आनंदित हो.

तुम, जो प्रसव पीड़ा से अनजान हो,

जय जयकार करो,

क्योंकि त्यागी हुई की संतान,

सुहागन की संतान से अधिक है.

2 अपने तंबू के पर्दों को फैला दो,

इसमें हाथ मत रोको;

अपनी डोरियों को लंबा करो,

अपनी खूंटियों को दृढ़ करो.

3 क्योंकि अब तुम दाएं तथा बाएं दोनों ही ओर को बढ़ाओगे;

तुम्हारे वंश अनेक देशों के अधिकारी होंगे

और उजड़े हुए नगर को फिर से बसाएंगे.

4 “मत डर; क्योंकि तुम्हें लज्जित नहीं होना पड़ेगा.

मत घबरा; क्योंकि तू फिर लज्जित नहीं होगी.

तुम अपनी जवानी की लज्जा को भूल जाओगे

और अपने विधवापन की बदनामी को फिर याद न रखोगे.

5 क्योंकि तुम्हें रचनेवाला तुम्हारा पति है—

जिसका नाम है त्सबाओथ के याहवेह—

तथा इस्राएल के पवित्र परमेश्वर हैं;

जिन्हें समस्त पृथ्वी पर परमेश्वर नाम से जाना जाता है.

6 क्योंकि याहवेह ने तुम्हें बुलाया है

तुम्हारी स्थिति उस पत्नी के समान थी—

जिसको छोड़ दिया गया हो,

और जिसका मन दुःखी था,” तेरे परमेश्वर का यही वचन है.

7 “कुछ पल के लिए ही मैंने तुझे छोड़ा था,

परंतु अब बड़ी दया करके मैं फिर तुझे रख लूंगा.

8 कुछ ही क्षणों के लिए

क्रोध में आकर तुमसे मैंने अपना मुंह छिपा लिया था,

परंतु अब अनंत करुणा और प्रेम के साथ

मैं तुम पर दया करूंगा,”

तेरे छुड़ानेवाले याहवेह का यही वचन है.

9 “क्योंकि मेरी दृष्टि में तो यह सब नोहा के समय जैसा है,

जब मैंने यह शपथ ली थी कि नोहा के समय हुआ जैसा जलप्रलय अब मैं पृथ्वी पर कभी न करूंगा.

अतः अब मेरी यह शपथ है कि मैं फिर कभी तुम पर क्रोध नहीं करूंगा,

न ही तुम्हें कभी डाटूंगा.

10 चाहे पहाड़ हट जाएं

और पहाड़ियां टल जायें,

तो भी मेरा प्रेम कभी भी तुम पर से न हटेगा

तथा शांति की मेरी वाचा कभी न टलेगी,”

यह करुणामय याहवेह का वचन है.

11 “हे दुखियारी, तू जो आंधी से सताई है और जिसको शांति नहीं मिली,

अब मैं तुम्हारी कलश को अमूल्य पत्थरों से जड़ दूंगा,

तथा तुम्हारी नीवों को नीलमणि से बनाऊंगा.

12 और मैं तुम्हारे शिखरों को मूंगों से,

तथा तुम्हारे प्रवेश द्वारों को स्फटिक से निर्मित करूंगा.

13 वे याहवेह द्वारा सिखाए हुए होंगे,

और उनको बड़ी शांति मिलेगी.

14 तू धार्मिकता के द्वारा स्थिर रहेगी:

अत्याचार तुम्हारे पास न आएगा;

तुम निडर बने रहना;

डर कभी तुम्हारे पास न आएगा.

15 यदि कोई तुम पर हमला करे, तो याद रखना वह मेरी ओर से न होगा;

और वह तुम्हारे द्वारा हराया जाएगा.

16 “सुन, लोहार कोयले की आग में

हथियार बनाता है, वह मैंने ही बनाया है

और बिगाड़ने के लिये भी मैंने एक को बनाया है.

17 कोई भी हथियार ऐसा नहीं बनाया गया, जो तुम्हें नुकसान पहुंचा सके,

तुम उस व्यक्ति को, जो तुम पर आरोप लगाता है, दंड दोगे.

याहवेह के सेवकों का भाग यही है,

तथा उनकी धार्मिकता मेरी ओर से है,”

याहवेह ही का यह वचन है.

सुसमाचार की भरपूर आशीषें

सुसमाचार की आशीषों की परिपूर्णता और उत्कृष्टता।

यशायाह 55:1–56:8

1 “हे सब प्यासे लोगो,

पानी के पास आओ;

जिनके पास धन नहीं,

वे भी आकर दाखमधु

और दूध

बिना मोल ले जाएं!

2 जो खाने का नहीं है उस पर धन क्यों खर्च करते हो?

जिससे पेट नहीं भरता उसके लिये क्यों मेहनत करते हो?

ध्यान से मेरी सुनों, तब उत्तम वस्तुएं खाओगे,

और तृप्‍त होंगे.

3 मेरी सुनो तथा मेरे पास आओ;

ताकि तुम जीवित रह सको.

और मैं तुम्हारे साथ सदा की वाचा बांधूंगा,

जैसा मैंने दावीद से किया था.

4 मैंने उसे देशों के लिए गवाह,

प्रधान और आज्ञा देनेवाला बनाया है.

5 अब देख इस्राएल के पवित्र परमेश्वर याहवेह, ऐसे देशों को बुलाएंगे, जिन्हें तुम जानते ही नहीं,

और ऐसी जनता, जो तुम्हें जानता तक नहीं, तुम्हारे पास आएगी,

क्योंकि तुम्हें परमेश्वर ने शोभायमान किया है.”

6 जब तक याहवेह मिल सकते हैं उन्हें खोज लो;

जब तक वह पास हैं उन्हें पुकार लो.

7 दुष्ट अपनी चालचलन

और पापी अपने सोच-विचार छोड़कर याहवेह की ओर आए.

तब याहवेह उन पर दया करेंगे, जब हम परमेश्वर की ओर आएंगे,

तब वह हमें क्षमा करेंगे.

8 क्योंकि याहवेह कहते हैं,

“मेरे और तुम्हारे विचार एक समान नहीं,

न ही तुम्हारी गति और मेरी गति एक समान है.

9 क्योंकि जिस प्रकार आकाश और पृथ्वी में अंतर है,

उसी प्रकार मेरे और तुम्हारे कामों में बहुत अंतर है

तथा मेरे और तुम्हारे विचारों में भी बहुत अंतर है.

10 क्योंकि जिस प्रकार बारिश और ओस

आकाश से गिरकर भूमि को सींचते हैं,

जिससे बोने वाले को बीज,

और खानेवाले को रोटी मिलती है,

11 वैसे ही मेरे मुंह से निकला शब्द व्यर्थ नहीं लौटेगा:

न ही उस काम को पूरा किए बिना आयेगा

जिसके लिये उसे भेजा गया है.

12 क्योंकि तुम आनंद से निकलोगे

तथा शांति से पहुंचोगे;

तुम्हारे आगे पर्वत

एवं घाटियां जय जयकार करेंगी,

तथा मैदान के सभी वृक्ष

आनंद से ताली बजायेंगे.

13 कंटीली झाड़ियों की जगह पर सनोवर उगेंगे,

तथा बिच्छुबूटी की जगह पर मेंहदी उगेंगी.

इससे याहवेह का नाम होगा,

जो सदा का चिन्ह है,

उसे कभी मिटाया न जाएगा.”

56:1 याहवेह यों कहते हैं:

“न्याय का यों पालन करो

तथा धर्म के काम करो,

क्योंकि मैं जल्द ही तुम्हारा उद्धार करूंगा,

मेरा धर्म अब प्रकट होगा.

2 क्या ही धन्य है वह व्यक्ति जो ऐसा ही करता है,

वह मनुष्य जो इस पर अटल रहकर इसे थामे रहता है,

जो शब्बाथ को दूषित न करने का ध्यान रखता है,

तथा किसी भी गलत काम करने से अपने हाथ को बचाये रखता है.”

3 जो परदेशी याहवेह से मिल चुका है,

“यह न कहे कि निश्चय याहवेह मुझे अपने लोगों से अलग रखेंगे.”

खोजे भी यह कह न सके,

“मैं तो एक सुखा वृक्ष हूं.”

4 इस पर याहवेह ने कहा है:

“जो मेरे विश्राम दिन को मानते और जिस बात से मैं खुश रहता हूं,

वे उसी को मानते

और वाचा का पालन करते हैं—

5 उन्हें मैं अपने भवन में और भवन की दीवारों के भीतर

एक यादगार बनाऊंगा तथा एक ऐसा नाम दूंगा;

जो पुत्र एवं पुत्रियों से उत्तम और स्थिर एवं कभी न मिटेगा.

6 परदेशी भी जो याहवेह के साथ होकर

उनकी सेवा करते हैं,

और याहवेह के नाम से प्रीति रखते है,

उसके दास हो जाते है,

और विश्राम दिन को अपवित्र नहीं करते हुए पालते है,

तथा मेरी वाचा पूरी करते हैं—

7 मैं उन्हें भी अपने पवित्र पर्वत पर

तथा प्रार्थना भवन में लाकर आनंदित करूंगा.

उनके चढ़ाए होमबलि तथा मेलबलि

ग्रहण करूंगा;

क्योंकि मेरा भवन सभी देशों के लिए

प्रार्थना भवन कहलाएगा.”

8 प्रभु याहवेह,

जो निकाले हुए इस्राएलियों को इकट्ठा कर रहे हैं:

“उनका संदेश है कि जो आ चुके हैं,

मैं उनमें औरों को भी मिला दूंगा.”