यहूदिया की मूर्तिपूजा के कारण विपत्तियों की भविष्यवाणी
यहूदिया की मूर्तिपूजा और पाखंड के कारण उस पर आने वाली विपत्तियों की भविष्यवाणी।
710 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
9 हे मैदान के पशुओ,
हे जंगली पशुओ, भोजन के लिए आ जाओ!
10 अंधे हैं उनके पहरेदार,
अज्ञानी हैं वे सभी;
वे ऐसे गूंगे कुत्ते हैं,
जो भौंकते नहीं;
बिछौने पर लेटे हुए स्वप्न देखते,
जिन्हें नींद प्रिय है.
11 वे कुत्ते जो लोभी हैं;
कभी तृप्त नहीं होते.
ऐसे चरवाहे जिनमें समझ ही नहीं;
उन सभी ने अपने ही लाभ के लिए,
अपना अपना मार्ग चुन लिया.
12 वे कहते हैं, “आओ,
हम दाखमधु पीकर तृप्त हो जाएं!
कल का दिन भी आज के समान,
या इससे भी बेहतर होगा.”
57:1 धर्मी व्यक्ति नाश होते हैं,
और कोई इस बात की चिंता नहीं करता;
भक्त उठा लिये जाते हैं,
परंतु कोई नहीं सोचता.
धर्मी जन आनेवाली परेशानी से
बचने के लिये उठा लिये जाते हैं.
2 वे शांति पहचानते हैं,
वे अपने बिछौने पर आराम पाते हैं;
जो सीधी चाल चलते हैं.
3 “परंतु हे जादूगरनी,
व्यभिचारी और उसकी संतान यहां आओ!
4 तुम किस पर हंसते हो?
किसके लिए तुम्हारा मुंह ऐसा खुल रहा है
किस पर जीभ निकालते हो?
क्या तुम अत्याचार
व झूठ की संतान नहीं हो?
5 सब हरे वृक्ष के नीचे कामातुर होते हो और नालों में
तथा चट्टानों की गुफाओं में अपने बालकों का वध करते रहते हो.
6 तुम्हारा संबंध तो चट्टान के उन चिकने पत्थरों से है;
वही तुम्हारा भाग और अंश है.
तुम उन्हीं को अन्नबलि और पेय बलि चढ़ाते हो.
क्या इन सबसे मेरा मन शांत हो जाएगा?
7 ऊंचे पर्वत पर तुमने अपना बिछौना लगाया है;
और तुमने वहीं जाकर बलि चढ़ाई है.
8 द्वार तथा द्वार के चौखट के पीछे
तुमने अपने अन्य देवताओं का चिन्ह बनाया है, तुमने अपने आपको मुझसे दूर कर लिया है.
तुमने वहां अपनी देह दिखाई,
तब तुमने अपने बिछौने के स्थान को बढ़ा लिया;
तुमने उनके साथ अपने लिए एक संबंध बना लिया,
तुम्हारे लिए उनका बिछौना प्रिय हो गया,
और उनकी नग्न शरीरों पर आसक्ति से नज़र डाली!
9 राजा से मिलने के लिए तुमने यात्रा की
तथा सुगंध द्रव्य से श्रृंगार कर उसे तेल भेंट किया.
तुमने दूर देशों
और अधोलोक में अपना दूत भेजा!
10 तुम तो लंबे मार्ग के कारण थक चुके थे,
फिर भी तुमने यह न कहा कि, ‘व्यर्थ ही है यह.’
तुममें नए बल का संचार हुआ,
तब तुम थके नहीं.
11 “कौन था वह जिससे तुम डरती थी
जब तुमने मुझसे झूठ कहा,
तथा मुझे भूल गई,
तुमने तो मेरे बारे में सोचना ही छोड़ दिया था?
क्या मैं बहुत समय तक चुप न रहा
तुम इस कारण मेरा भय नहीं मानती?
12 मैं तुम्हारे धर्म एवं कामों को बता दूंगा,
लेकिन यह तुम्हारे लिए अच्छा नहीं होगा.
13 बुलाने पर,
तुम्हारी मूर्तियां ही तुम्हारी रक्षा करें!
किंतु होगा यह कि हवा उन्हें उड़ा ले जाएगी,
केवल श्वास उन्हें दूर कर देगी.
परंतु वे जो मुझ पर भरोसा रखते हैं,
वह देश के अधिकारी होंगे,
तथा वह मेरे पवित्र पर्वत का स्वामी हो जाएगा.”
14 तब यह कहा जाएगा:
“निर्माण करो, निर्माण करो, पांति बांधकर राजमार्ग बनाओ!
हर एक रुकावट मेरी प्रजा के मार्ग से हटाई जाए.”
15 क्योंकि जो महान, उत्तम और सदा-सर्वदा जीवित रहते हैं—
जिनका नाम ही पवित्र है, वे यों कहते हैं:
“मैं ऊंचे एवं पवित्र स्थान में निवास करता हूं,
और दुःखी तथा नम्र लोगों के साथ भी रहता हूं,
ताकि मैं नम्र और दुःखी
लोगों के मन को खुशी दूं.
16 क्योंकि मैं सदा-सर्वदा वाद-विवाद करता न रहूंगा,
न ही मैं सर्वदा रुठा रहूंगा,
क्योंकि वे आत्माएं मेरी बनायी हुई हैं—
और जीव मेरे सामने मूर्छित हो जाते हैं.
17 उसके लालच के कारण मैं उससे क्रोधित होकर;
उसको दुःख दिया और मुंह छिपाया था,
पर वह अपनी इच्छा से दूर चला गया था.
18 मैंने उसका चालचलन देखा है, फिर भी अब उसको चंगा करूंगा;
मैं उसे ले चलूंगा तथा उसके शोक करनेवालों को शांति दूंगा,
19 मैं उनके होंठों के फल का रचनेवाला हूं.
जो दूर हैं उन्हें शांति, और पास हैं उन्हें भी मैं शांति दूंगा,”
यह याहवेह का वचन है, “मैं उसे चंगा करूंगा.”
20 परंतु दुष्ट लहराते हुए सागर समान है,
जो स्थिर रह ही नहीं सकता,
उसकी तरंगें कचरे और कीचड़ को उछालती रहती हैं.
21 मेरे परमेश्वर का वचन है, “दुष्टों के लिए शांति नहीं.”
58:1 “ऊंचे स्वर में नारा
लगाओ बिना किसी रोक के.
नरसिंगों का शब्द ऊंचा करो, मेरी प्रजा को उनकी गलती,
तथा याकोब वंश पर उसके पाप की घोषणा करो.
2 यह सब होने पर भी वे दिन-प्रतिदिन मेरे पास आते;
तथा प्रसन्नतापूर्वक मेरी आज्ञाओं को मानते हैं.
मानो वे धर्मी हैं,
जिसने अपने परमेश्वर के नियम को नहीं टाला.
वे मुझसे धर्म के बारे में पूछते
और परमेश्वर के पास आने की इच्छा रखते हैं.
3 ‘ऐसा क्यों हुआ कि हमने उपवास किया,
किंतु हमारी ओर आपका ध्यान ही नहीं गया?
हमने दुःख उठाया,
किंतु आपको दिखाई ही नहीं दिया?’
“इसका कारण यह है कि जब तुम उपवास करते हो, तब तुम अपनी अभिलाषाओं पर नियंत्रण नहीं रखते,
तुम उस समय अपने सेवकों को कष्ट देते हो.
4 तुम यह समझ लो कि तुम उपवास भी करते हो तथा इसके साथ साथ वाद-विवाद,
तथा कलह भी करते हो और लड़ते झगड़ते हो.
उस प्रकार के उपवास से यह संभव ही नहीं
कि तुम्हारी पुकार सुनी जाएगी.
5 क्या ऐसा होता है उपवास,
जो कोई स्वयं को दीन बनाए?
या कोई सिर झुकाए या
टाट एवं राख फैलाकर बैठे?
क्या इसे ही तुम उपवास कहोगे,
क्या ऐसा उपवास याहवेह ग्रहण करेंगे?
6 “क्या यही वह उपवास नहीं, जो मुझे खुशी देता है:
वह अंधेर सहने के बंधन को तोड़ दे,
जूए उतार फेंके और उनको छुड़ा लिया जाए?
7 क्या इसका मतलब यह नहीं कि तुम भूखों को अपना भोजन बांटा करो
तथा अनाथों को अपने घर में लाओ—
जब किसी को वस्त्रों के बिना देखो, तो उन्हें वस्त्र दो,
स्वयं को अपने सगे संबंधियों से दूर न रखो?
8 जब तुम यह सब करने लगोगे तब तुम्हारा प्रकाश चमकेगा,
और तू जल्दी ठीक हो जायेगा;
और तेरा धर्म तेरे आगे-आगे चलेगा,
तथा याहवेह का तेज तेरे पीछे तुम्हारी रक्षा करेगा.
9 उस समय जब तुम याहवेह की दोहाई दोगे, तो वह उसका उत्तर देंगे;
तुम पुकारोगे, तब वह कहेंगे: मैं यहां हूं.
“यदि तुम अपने बीच से दुःख का जूआ हटा दोगे,
जब उंगली से इशारा करेंगे तब दुष्ट बातें करना छोड़ देंगे,
10 जब तुम भूखे की सहायता करोगे
तथा दुखियों की मदद करोगे,
तब अंधकार में तेरा प्रकाश चमकेगा,
तथा घोर अंधकार दोपहर समान उजियाला देगा.
11 याहवेह तुझे लगातार लिये चलेगा;
और सूखे में तुझे तृप्त करेगा
वह तुम्हारी हड्डियों में बल देगा.
तुम सींची हुई बारी के समान हो जाओगे,
तथा उस सोते का जल कभी न सूखेगा.
12 खंडहर को तेरे वंश के लिये फिर से बसायेंगे
और पीढ़ियों से पड़ी हुई नींव पर घर बनाएगा;
टूटे हुए बाड़े और सड़क को,
ठीक करनेवाला कहलायेगा.
13 “यदि तुम शब्बाथ दिन को अशुद्ध न करोगे,
अर्थात् मेरे पवित्र दिन के हित में अपनी इच्छा को छोड़ देते हो,
शब्बाथ दिन को आनंद का दिन मानकर
और याहवेह के पवित्र दिन का सम्मान करते हो,
अपनी इच्छाओं को छोड़कर
अपनी बातें न बोले,
14 तू याहवेह के कारण आनंदित होगा,
मैं तुम्हें पृथ्वी की ऊंचाइयों तक ले जाऊंगा
और तुम्हारे पिता याकोब के भाग की उपज से खायेगा.”
क्योंकि यह याहवेह के मुंह से निकला वचन है.
59:1 याहवेह का हाथ ऐसा छोटा नहीं हो गया कि उद्धार न कर सकें,
न ही वह बहरे हो चुके कि सुन न सकें.
2 परंतु तुम्हारे बुरे कामों ने
तुम्हारे एवं परमेश्वर के बीच में दूरी बना दी है;
उनके मुंह को उन्होंने तुम्हारे ही पापों के कारण छिपा रखा है,
कि वह नहीं सुनता.
3 खून से तुम्हारे हाथ तथा अधर्म से तुम्हारी उंगलियां दूषित हो चुकी हैं,
तुम्हारे होंठों ने झूठ बोला है.
तुम्हारी जीभ दुष्टता की बातें कहती है.
4 कोई भी धर्म व्यवहार में नहीं लाता;
कोई भी सच्चाई से मुकदमा नहीं लड़ता.
वे झूठ बोलते हैं और छल पर भरोसा रखते हैं;
वे अनिष्ट का गर्भधारण करते हैं तथा पाप को जन्म देते हैं.
5 वे विषैले सांप के अंडे सेते हैं
तथा मकड़ी का जाल बुनते हैं.
जो कोई उनके अण्डों का सेवन करता है, उसकी मृत्यु हो जाती है,
तथा कुचले अंडे से सांप निकलता है.
6 उनके द्वारा बुने गए जाल से वस्त्र नहीं बन सकते;
अपनी शिल्पकारी से वे अपने आपको आकार नहीं दे सकते.
उनके काम तो अनर्थ ही हैं,
उनके हाथ से हिंसा के काम होते हैं.
7 उनके पैर बुराई करने के लिए दौड़ते हैं;
निर्दोष की हत्या करने को तैयार रहते हैं.
उनके विचार व्यर्थ होते हैं;
उनका मार्ग विनाश एवं उजाड़ से भरा है.
8 शांति का मार्ग वे नहीं जानते;
न उनके स्वभाव में न्याय है.
उन्होंने अपने मार्ग को टेढ़ा कर रखा है;
इस मार्ग में कोई व्यक्ति शांति न पायेगा.
9 इस कारण न्याय हमसे दूर है,
धर्म हम तक नहीं पहुंचता.
हम उजियाले की राह देखते हैं, यहां तो अंधकार ही अंधकार भरा है;
आशा की खोज में हम अंधकार में आगे बढ़ रहे हैं.
10 हम अंधों के समान दीवार को ही टटोल रहे हैं,
दिन में ऐसे लड़खड़ा रहे हैं मानो रात है;
जो हृष्ट-पुष्ट हैं उनके बीच हम मृत व्यक्ति समान हैं.
11 हम सभी रीछ के समान गुर्राते हैं;
तथा कबूतरों के समान विलाप में कराहते हैं.
हम न्याय की प्रतीक्षा करते हैं, किंतु न्याय नहीं मिलता;
हम छुटकारे की राह देखते हैं, किंतु यह हमसे दूर है.
12 हमारे अपराध आपके सामने बहुत हो गये हैं,
हमारे ही पाप हमारे विरुद्ध गवाही दे रहे हैं:
हमारे अपराध हमारे साथ जुड़ गए हैं,
हम अपने अधर्म के काम जानते हैं:
13 हमने याहवेह के विरुद्ध अपराध किया, हमने उन्हें ठुकरा दिया
और परमेश्वर के पीछे चलना छोड़ दिया,
हम अंधेर और गलत बातें करने लगे,
झूठी बातें सोची और कही भी है.
14 न्याय को छोड़ दिया है,
तथा धर्म दूर खड़ा हुआ है;
क्योंकि सत्य तो मार्ग में गिर गया है,
तथा सीधाई प्रवेश नहीं कर पाती है.
15 हां यह सच है कि सच्चाई नहीं रही,
वह जो बुराई से भागता है, वह खुद शिकार हो जाता है.
न्याय तथा मुक्ति याहवेह ने देखा तथा उन्हें यह सब अच्छा नहीं लगा
क्योंकि कहीं भी सच्चाई और न्याय नहीं रह गया है.