जातियों और इस्राएल के विरुद्ध आमोस की भविष्यवाणी

आमोस पड़ोसी राष्ट्रों और इस्राएल तथा यहूदिया पर न्याय की घोषणा करता है।

793 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

आमोस 1–4

1 ये आमोस द्वारा कहे गये वचन हैं, जो उसने भूकंप के दो वर्ष पहले इस्राएल के संबंध में एक दर्शन देखकर उस समय में कहे थे, जब यहूदिया पर राजा उज्जियाह का तथा इस्राएल पर यहोआश के पुत्र यरोबोअम का शासन था. आमोस तकोआ नगर के चरवाहों में से एक था.

2 आमोस ने कहा:

“ज़ियोन से याहवेह का स्वर गर्जन करता है

और येरूशलेम से उनका शब्द गूंजता है;

चरवाहों के चरागाह मुरझा गए हैं,

तथा कर्मेल पर्वत का शिखर झुलस गया है.”

3 यह याहवेह का कहना है:

“दमेशेक नगर के तीन,

नहीं वरन चार अपराधों के कारण, मैं उसे दंड देने से पीछे नहीं हटूंगा.

क्योंकि उसने गिलआद पर

लोहे के तीक्ष्ण शस्त्रों से प्रहार किया है,

4 तब मैं हाज़ाएल के परिवार पर आग बरसाऊंगा

और वह बेन-हदद के गढ़ को नष्ट कर देगी.

5 दमेशेक नगर के प्रवेश द्वार को मैं तोड़ डालूंगा;

और आवेन घाटी के राजा को,

और बेथ-एदेन में राजदंड धरनेवाले को, मैं नाश कर दूंगा.

अरामवासी कीर में बंधुआई में चले जाएंगे,”

यह याहवेह का कहना है.

6 याहवेह का यह कहना है:

“अज्जाह नगर के तीन,

नहीं वरन चार अपराधों के कारण, मैं दंड देने से पीछे नहीं हटूंगा.

क्योंकि उसने पूरे प्रजा को बंधुआई में ले गया

और उन्हें एदोम को बेच दिया है,

7 तब मैं अज्जाह नगर की दीवारों पर आग बरसाऊंगा

जो उसके राजमहलों को जलाकर नष्ट कर देगी.

8 मैं अशदोद के राजा को,

और अश्कलोन में राजदंड धरनेवाले को नाश कर दूंगा.

एक्रोन पर मैं अपने हाथों से तब तक वार करूंगा,

जब तक कि आखिरी फिलिस्तीनी भी मार न डाला जाए,”

यह प्रभु याहवेह का कहना है.

9 याहवेह का यह कहना है:

“सोर नगर के तीन,

नहीं वरन चार अपराधों के कारण, मैं दंड देने से पीछे नहीं हटूंगा.

क्योंकि उसने संपूर्ण बंधुआई के समूह को एदोम को बेच दिया है,

और भाईचारे की वाचा का अनादर किया है,

10 तब मैं सोर की दीवारों पर आग बरसाऊंगा

जो उसके राजमहलों को जलाकर नष्ट कर देगी.”

11 याहवेह का यह कहना है:

“एदोम के तीन पापों के कारण,

तीन नहीं वरन चार पापों के कारण, मैं दंड देने से पीछे नहीं हटूंगा.

क्योंकि उसने तलवार लेकर अपने भाई को खदेड़ा

और देश की महिलाओं को घात किया,

क्रोध में वह निरंतर उनका संहार करता गया

उसका रोष सदा बना रहा,

12 मैं तेमान पर आग बरसाऊंगा

जो बोज़राह के राजमहलों को जलाकर भस्म कर देगी.”

13 याहवेह का यह कहना है:

“अम्मोनवासियों के तीन,

नहीं वरन चार अपराधों के कारण, मैं उसे दंड देने से पीछे न हटूंगा.

क्योंकि उसने गिलआद की गर्भवती स्त्रियों के पेट इसलिये चीर दिए

ताकि वह अपनी सीमा का विस्तार कर सके,

14 तब युद्ध के उस दिन जब शोरगुल हो रहा होगा,

जब उग्र आंधी और उपद्रव हो रहा होगा

तब मैं रब्बाह नगर की दीवारों पर आग लगा दूंगा,

जो उसके राजमहलों को जलाकर नष्ट कर देगी.

15 अम्मोन के राजा

और उसके कर्मचारी एक साथ बंधुआई में चले जाएंगे,”

यह याहवेह का कहना है.

2:1 याहवेह का यह कहना है:

“मोआब को दंड देने से मैं पीछे न हटूंगा,

क्योंकि उसने तीन, नहीं वरन चार अपराध किये हैं.

उसने एदोम के राजा के

हड्डियों को जलाकर राख कर दिया है,

2 तब मैं मोआब पर आग बरसाऊंगा

जो केरिओथ के राजमहलों को जलाकर नष्ट कर देगी.

बड़े उपद्रव में मोआब मिट जाएगा,

उस समय युद्ध की ललकार और तुरही फूंकी जा रही होगी.

3 मैं मोआब के शासक को नाश कर दूंगा

और उसे उसके सब अधिकारियों समेत मार डालूंगा,”

यह याहवेह का कहना है.

4 याहवेह का यह कहना है:

“यहूदिया के तीन नहीं,

वरन चार पापों के कारण, मैं उसे दंड देने से पीछे नहीं हटूंगा.

क्योंकि उन्होंने याहवेह के कानून को तुच्छ जाना है

और उनके नियमों का पालन नहीं किया है,

वे उन झूठे देवताओं के द्वारा भटकाये गये हैं,

जिनके पीछे उनके पुरखे चलते थे,

5 तब मैं यहूदिया पर आग बरसाऊंगा

जो येरूशलेम के राजमहलों को जलाकर नष्ट कर देगी.”

6 याहवेह का यह कहना है:

“इस्राएल के तीन नहीं,

वरन चार पापों के कारण, मैं उसे दंड देने से पीछे नहीं हटूंगा.

वे चांदी के लिये निर्दोष व्यक्ति को,

और एक जोड़ी चप्पल के लिए ज़रूरतमंद व्यक्ति को बेच देते हैं.

7 वे निर्धन के सिर ऐसे रौंदते हैं

जैसे भूमि पर धूल को रौंदा जाता है

और पीड़ित लोगों के न्याय को बिगाड़ते हैं.

पिता और पुत्र दोनों एक ही युवती से संभोग करते हैं

और ऐसा करके वे मेरे पवित्र नाम को अपवित्र करते हैं.

8 वे हर एक वेदी के बाजू में

बंधक में रखे गए कपड़ों पर लेटते हैं.

वे अपने देवता के घर में

जुर्माना में लिये गये अंगूर की दाखमधु को पीते हैं.

9 “यह सब होने पर भी मैं ही था जिसने उनके सामने अमोरियों को पछाड़ा था,

यद्यपि अमोरी पुरुष देवदार वृक्ष के समान ऊंचे

और बांज वृक्ष के सदृश सशक्त थे.

मैंने ऊपर तो उनके फल

तथा नीचे उनकी जड़ें नष्ट कर दीं.

10 मैं ही था, जिसने तुम्हें मिस्र देश से बाहर निकाला

और चालीस वर्ष मरुभूमि में तुम्हारी अगुवाई करता रहा,

ताकि तुम अमोरियों के देश पर अधिकार कर सको.

11 “मैंने ही तुम्हारे बच्चों के बीच में से भविष्यद्वक्ता

और तुम्हारे जवानों के बीच में से नाजीर खड़ा किया.

हे इस्राएलियो, क्या यह सच नहीं है?”

यह याहवेह का कहना है.

12 “परंतु तुमने नाजिरों को दाखमधु पान के लिए बाध्य किया

और भविष्यवक्ताओं को आदेश दिया कि भविष्यवाणी न करें.

13 “इसलिये अब, मैं तुम्हें कुचलूंगा

जैसे अनाज से भरी हुई गाड़ी कुचलती है.

14 तेज गति से भागनेवाला बच नहीं पाएगा,

बलवान व्यक्ति अपना बल सहेज नहीं पाएगा,

और योद्धा अपना प्राण नहीं बचा सकेगा.

15 धनुर्धारी का पैर उखड़ जाएगा,

तेज दौड़नेवाला सैनिक भाग नहीं पाएगा,

और घुड़सवार अपना प्राण नहीं बचा सकेगा.

16 यहां तक कि उस दिन सबसे साहसी योद्धा भी

अपने वस्त्र छोड़ भाग खड़े होंगे,”

यह याहवेह का कहना है.

3:1 हे इस्राएलियो, सुनो यह वह संदेश है, जिसे याहवेह ने तुम्हारे विरुद्ध कहा है—पूरे वंश के विरुद्ध जिसे मैंने मिस्र देश से बाहर निकाल लाया है:

2 “केवल तुम हो जिसे मैंने

पृथ्वी के सब कुलों में से चुना है;

तब मैं तुम्हारे सब पापों के लिये

तुम्हें दंड दूंगा.”

3 क्या यह संभव है कि बिना सहमति के

दो व्यक्ति एक साथ चलें?

4 क्या सिंह वन में शिकार के

दिखे बिना दहाड़ता है?

क्या वह अपनी मांद में से

कुछ पकड़े बिना गुर्राता है?

5 क्या कोई पक्षी भूमि पर बिना चारा डाले

बिछाए गये जाल की ओर झपटेगा?

क्या भूमि पर से फंदा अपने आप उछलता है

जब उसमें कुछ न फंसा हो?

6 जब तुरही की आवाज से नगर में चेतावनी दी जाती है,

तो क्या लोग डर से नहीं कांपते हैं?

जब किसी नगर पर विपत्ति आती है,

तो क्या यह याहवेह की ओर से नहीं होता?

7 निश्चित रूप से प्रभु याहवेह अपने सेवक भविष्यवक्ताओं पर

अपनी योजना प्रकट किए बिना

कुछ भी नहीं करते.

8 जब सिंह की गर्जना सुनाई देती है—

तो कौन है, जो भयभीत न होगा?

प्रभु याहवेह ने कहा है—

तो कौन है, जो भविष्यवाणी न करेगा?

9 अशदोद के राजमहलों में

और मिस्र देश के राजमहलों में यह घोषणा की जाए:

“शमरिया के पर्वतों पर इकट्‍ठे हो जाओ;

और उसके बीच हो रहे शोरगुल

और उसके लोगों पर हो रहे अत्याचार पर ध्यान दो.”

10 “वे सही काम करना जानते ही नहीं,” यह याहवेह का कहना है,

“उनके लूटे और छीने गये माल को

उनके राजमहलों में किसने इकट्ठा किया है.”

11 तब प्रभु याहवेह का यह संदेश है:

“एक शत्रु तुम्हारे देश को घेर लेगा,

वह तुम्हारे भवनों को गिरा देगा

और तुम्हारे राजमहलों को लूटेगा.”

12 याहवेह का यह कहना है:

“जिस प्रकार चरवाहा छुड़ाने के प्रयास में सिंह के मुंह से

सिर्फ पैर की दो हड्डी या कान का एक टुकड़ा ही बचा पाता है,

उसी प्रकार से वे इस्राएली, जो शमरिया में निवास करते हैं,

ऐसे बचाए जायेंगे, जैसे पलंग का सिरहाना

और बिस्तर से कपड़े का एक टुकड़ा.”

13 “यह बात सुनो और याकोब के घराने विरुद्ध में कहो,” प्रभु याहवेह, सर्वशक्तिमान परमेश्वर की यह घोषणा है.

14 “जिस दिन मैं इस्राएल को उसके पापों के लिए दंड दूंगा,

मैं बेथेल की वेदियों को नष्ट कर दूंगा;

वेदी के सींग जो वेदी की संरचना का अंग हैं,

काट दिए जाएंगे और वे भूमि पर गिर पड़ेंगे.

15 मैं शीतकालीन भवन

और साथ में ग्रीष्मकालीन भवन को गिरा दूंगा;

वे भवन, जो हाथी-दांत से सजाए गये हैं, नाश किए जायेंगे

और हवेलियों को नष्ट कर दिया जाएगा,”

यह याहवेह का कहना है.

4:1 शमरिया की पहाड़ी पर निवास कर रही बाशान की गायों, यह संदेश तुम्हारे लिए है,

तुम निर्धनों पर अत्याचार करती हो, ज़रूरतमंदों को कुचलती हो,

अपने पति को आदेश देती हो, “जाओ, पीने के लिए कुछ ले आओ!”

2 प्रभु याहवेह ने अपनी पवित्रता की शपथ ली है:

“भविष्य में ऐसा समय निश्चित रूप से आएगा

जब तुम्हें कांटों में फंसाकर ले जाया जाएगा,

तुममें से एक-एक को मछली पकड़ने के कांटों में फंसाकर ले जाया जाएगा.

3 तुममें से प्रत्येक दीवार के दरारों से

सीधा निकल जाएगा,

और तुम्हें हर्मोन की ओर फेंक दिया जाएगा.”

याहवेह की यह घोषणा है.

4 “जाओ और बेथेल में अपराध करो;

गिलगाल में जाकर और ज्यादा अपराध करो.

प्रातःकाल अपनी भेंट बलि लेकर आया करो,

और हर तीसरे साल अपना दशमांश लाओ.

5 खमीर युक्त रोटी को धन्यवाद बलि के रूप में जलाओ

अपने स्वेच्छा बलियों के बारे में डींग मारो—

हे इस्राएलियो, उनके बारे में घमंड करो,

क्योंकि ऐसा करना तुम्हें अच्छा लगता है,”

प्रभु याहवेह की यह घोषणा है.

6 “मैंने हर शहर में तुम्हें भूखे पेट रखा

और हर नगर में भोजन की घटी की,

फिर भी तुम मेरी ओर नहीं फिरे.”

याहवेह की यह घोषणा है.

7 “जब कटनी के लिए तीन माह बचे थे,

तब मैंने वर्षा को रोके रखा.

मैंने एक नगर पर वर्षा की,

पर दूसरे नगर पर पानी नहीं बरसाया.

एक खेत पर वर्षा हुई,

किंतु दूसरे पर नहीं और वह सूख गया.

8 लोग लड़खड़ाते हुए एक नगर से दूसरे नगर में भटकते रहे

किंतु उन्हें पीने के लिये पर्याप्‍त पानी न मिला,

फिर भी तुम मेरी ओर न फिरे,”

याहवेह की यह घोषणा है.

9 “कई बार मैंने तुम्हारे बगीचों और अंगूर की बारियों पर कहर बरपाया,

बीमारी और फफूंदी से उन्हें नाश किया.

टिड्डियां तुम्हारे अंजीर और जैतून के पेड़ों को खा गईं,

तो भी तुम मेरी ओर न फिरे,”

याहवेह की यह घोषणा है.

10 “मैंने मिस्र देश में भेजी महामारी की तरह

तुम्हारे बीच में भी महामारियां भेजी.

मैंने तुम्हारे लूटे हुए घोड़ों के साथ,

तुम्हारे जवानों को तलवार से मार डाला.

मैंने तुम्हारे छावनी के शवों की दुर्गंध से तुम्हारे नथुनों को भर दिया,

फिर भी तुम मेरी ओर न फिरे,”

याहवेह की यह घोषणा है.

11 “मैंने तुममें से कुछ का ऐसा विनाश किया

जैसा मैं, परमेश्वर, ने सोदोम और अमोराह का किया था.

उस समय तुम वैसे ही थे, जैसे आग से निकाली गई जलती हुई लकड़ी,

फिर भी तुम मेरी ओर न फिरे,”

याहवेह की यह घोषणा है.

12 “इसलिये हे इस्राएल, मैं तुम्हारे साथ ऐसा करनेवाला हूं,

और क्योंकि मैं तुम्हारे साथ ऐसा करनेवाला हूं, हे इस्राएल,

अपने परमेश्वर से भेंट करने के लिए तैयार हो जाओ.”

13 जिसने पर्वतों की रचना की,

जिसने वायु की सृष्टि की,

और जो अपने विचारों को मनुष्यों पर प्रकट करते हैं,

जो प्रातःकाल को अंधकार में बदल देते हैं,

और पृथ्वी के ऊंचे स्थानों पर चलते हैं—

उनका नाम याहवेह सर्वशक्तिमान परमेश्वर है.