जातियों और इस्राएल के विरुद्ध आमोस की भविष्यवाणी (continued)

आमोस पड़ोसी राष्ट्रों और इस्राएल तथा यहूदिया पर न्याय की घोषणा करता है।

793 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

आमोस 5:1–7:9

1 हे इस्राएल के वंशज, तुमसे संबंधित मेरे इस विलापगीत को सुनो:

2 “कुमारी कन्या इस्राएल का ऐसा गिरना हुआ है,

कि अब उसका पुनः उठ खड़ा होना असंभव है,

वह अपने ही देश में उपेक्षित हो गई,

और उसको उठानेवाला कोई नहीं है.”

3 प्रभु याहवेह का इस्राएल को यह कहना है:

“तुम्हारा शहर, जो एक हजार योद्धाओं को लेकर आगे बढ़ता है

उसमें से सिर्फ एक सौ ही बचेंगे;

तुम्हारा नगर, जो सौ योद्धाओं को लेकर आगे बढ़ता है

उसमें से सिर्फ दस ही बचेंगे.”

4 इस्राएल वंश के लिए याहवेह का यह कहना है:

“मेरी खोज करो और जीवित रहो;

5 बेथेल की खोज न करना,

गिलगाल में प्रवेश न करना.

बेअरशेबा की यात्रा पर न जाना.

क्योंकि यह निश्चित है कि गिलगाल निवासी बंधुआई में जायेंगे,

तथा बेथेल की विपत्तियों का अंत न होगा.”

6 याहवेह की खोज करो और जीवित रहो,

नहीं तो वह योसेफ़ के गोत्रों पर आग के समान भड़केगा;

यह उन्हें भस्म कर देगा,

और इसे बुझानेवाला बेथेल में कोई न होगा.

7 ऐसे लोग हैं जो न्याय को बिगाड़ते हैं

और धर्मीपन को मिट्टी में मिला देते हैं.

8 जिसने कृतिका तथा मृगशीर्ष नक्षत्रों की सृष्टि की,

जो मध्य रात्रि को भोर में बदल देते हैं

तथा दिन को रात्रि में,

जो महासागर के जल का बुलाते हैं

और फिर उसे पृथ्वी के ऊपर उंडेल देते हैं—

याहवेह है उनका नाम.

9 पलक झपकते ही वे किले को नाश कर देते हैं

और गढ़वाले शहर का विनाश कर देते हैं.

10 ऐसे लोग हैं जो अदालत में न्याय का पक्ष लेनेवाले से घृणा करते हैं

और सत्य बोलनेवाले को तुच्छ समझते हैं.

11 तुम निर्धनों के भूंसा पर भी कर लेते हो

और उनके अन्‍न पर कर लगाते हो.

इसलिये, यद्यपि तुमने पत्थर की हवेलियां बनाई है,

पर तुम उनमें निवास न कर सकोगे;

यद्यपि तुमने रसदार अंगूर की बारियां लगाई हैं,

पर तुम उनका दाखरस पी न सकोगे.

12 क्योंकि मैं जानता हूं कि तुम्हारे अपराध कितने ज्यादा हैं

और तुमने कितने गंभीर पाप किए हैं.

ऐसे लोग हैं जो निर्दोष पर अत्याचार करते और घूस लेते हैं

तथा निर्धन को न्यायालय में न्याय पाने से वंचित कर देते हैं.

13 तब समझदार ऐसे समय में चुपचाप रहते हैं,

क्योंकि यह समय बुरा है.

14 बुराई नहीं, पर भलाई करो,

कि तुम जीवित रहो.

तब याहवेह सर्वशक्तिमान परमेश्वर तुम्हारे साथ रहेंगे,

जैसा कि तुम्हारा दावा है कि वह तुम्हारे साथ हैं.

15 बुराई से घृणा और भलाई से प्रीति रखो;

अदालत में न्याय को बनाए रखो.

शायद याहवेह सर्वशक्तिमान परमेश्वर

योसेफ़ के बचे हुओं पर कृपा करें.

16 इसलिये प्रभु, याहवेह सर्वशक्तिमान परमेश्वर का यह कहना है:

“सब गलियों में विलाप होगा

और सब चौराहों पर पीड़ा से रोने की आवाज सुनाई देगी.

किसानों को रोने के लिये

और विलाप करनेवालों को विलाप करने के लिये बुलाया जाएगा.

17 अंगूर की सब बारियों में विलाप होगा,

क्योंकि उस समय स्वयं मैं तुम्हारे बीच से होकर निकलूंगा,”

याहवेह का यह कहना है.

18 धिक्कार है तुम पर,

जो तुम याहवेह के दिन की अभिलाषा करते हो!

तुम याहवेह के दिन की अभिलाषा क्यों करते हो?

यह दिन प्रकाश नहीं, अंधकार लेकर आएगा.

19 यह वैसा ही होगा जैसे कोई व्यक्ति सिंह से प्राण बचाकर भाग रहा हो

और भागते हुए उसका सामना भालू से हो जाए,

अथवा वह घर के अंदर पहुंचे,

और आराम के लिए दीवार पर हाथ रखे

और वहीं उसे एक सर्प डस ले.

20 क्या यह सत्य नहीं कि याहवेह का दिन प्रकाश का नहीं, अंधकार का दिन होगा—

घोर अंधकार, प्रकाश की एक किरण भी नहीं?

21 “मैं तुम्हारे उत्सवों से घृणा करता हूं, उन्हें तुच्छ समझता हूं;

तुम्हारी सभाएं मेरे लिए एक दुर्गंध के समान हैं.

22 भले ही तुम मुझे होमबलि और अन्‍नबलि चढ़ाओ,

पर मैं उन्हें स्वीकार नहीं करूंगा.

भले ही तुम मुझे अपना मनपसंद मेल बलि चढ़ाओ,

पर मेरे लिये उनका कोई मतलब नहीं होगा.

23 दूर रखो मुझसे अपने गीतों का शोरगुल!

मैं तुम्हारे वीणा के संगीत को नहीं सुनूंगा.

24 पर न्याय को नदी के समान,

तथा धर्मीपन को कभी न सूखनेवाले सोते के समान बहने दो!

25 “हे इस्राएल के वंशजों, निर्जन प्रदेश में चालीस साल तक

क्या तुमने मुझे बलिदान और भेंट चढ़ाया?

26 तुमने अपने साथ राजा की समाधि,

अपने मूर्तियों की पीठिका,

अपने देवता का तारा लिये फिरते हो—

जिन्हें तुमने अपने लिये बनाया है.

27 इसलिये मैं तुम्हें दमेशेक से भी बाहर बंधुआई में भेजूंगा,”

याहवेह का यह कहना है, जिनका नाम सर्वशक्तिमान परमेश्वर है.

6:1 धिक्कार है तुम पर, जो ज़ियोन में विलासितापूर्ण जीवन जीते हो,

और धिक्कार है तुम पर, जो शमरिया पर्वत पर सुरक्षित अनुभव करते हो,

तुम सोचते हो कि तुम सर्वोत्तम राष्ट्र के प्रसिद्ध लोग हो,

जिनके पास इस्राएल के लोग आते हैं!

2 कालनेह जाओ और उसे देखो;

तब वहां से बड़े हामाथ नगर को जाओ,

तत्पश्चात नीचे फिलिस्तीनी नगर गाथ को जाओ.

क्या ये तुम्हारे दो राज्यों से ज्यादा अच्छे हैं?

क्या उनका देश तुम्हारे देश से बड़ा है?

3 तुम विपत्ति के दिन को दूर कर देते

और आतंक के राज्य को पास ले आते हो.

4 तुम हाथी-दांत से सजे बिस्तर पर लेटते हो

और पलंग पर आलस्य में समय नष्ट करते हो.

तुम मनपसंद भेड़ों

और मोटे-ताजे बछड़ों को खाते हो.

5 तुम दावीद के समान अपनी वीणा के तारों को झनकारते हो

और वाद्य-यंत्रों को तुरंत बजाते हो.

6 तुम कटोरा भरकर दाखमधु पीते हो

और सबसे अच्छे प्रकार के सौंदर्य प्रसाधन लगाते हो,

पर तुम योसेफ़ के विनाश पर शोकित नहीं होते हो.

7 तब तुम लोग सबसे पहले बंधुआई में जाओगे;

तुम्हारा भोज करना और रंगरेलियां मनाना समाप्‍त हो जाएगा.

8 परम प्रभु ने स्वयं अपनी ही शपथ खाई है—याहवेह, सर्वशक्तिमान परमेश्वर याहवेह यह घोषणा करता है:

“मेरी नजर में घृणास्पद है याकोब का अहंकार

और घृणित हैं उसके राजमहल;

मैं इस नगर, उसके निवासियों

तथा उसकी समस्त वस्तुओं को उसके शत्रुओं के अधीन कर दूंगा.”

9 यदि किसी घर में दस व्यक्ति भी शेष रह गए हों, तौभी वे मर जाएंगे. 10 और जब कोई रिश्तेदार उस घर में से लाशों को ले जाने आएगा ताकि उनको जला सके और वह वहां किसी छिपे हुए मनुष्य से पूछे, “कोई और तुम्हारे साथ है?” और वह कहे, “नहीं,” तब वह कहेगा, “चुप रह! हमें याहवेह का नाम नहीं लेना है.”

11 क्योंकि याहवेह ने आदेश दिया है,

और वह बड़े भवन को टुकड़े-टुकड़े कर देगा

और छोटे घर को चूर-चूर कर देगा.

12 क्या घोड़े करारदार चट्टानों पर दौड़ते हैं?

क्या कोई बैलों से समुद्र में हल चलाता है?

पर तुमने न्याय को विष में

और धर्मीपन के फल को कड़वाहट में बदल दिया है—

13 तुम जो लो-देबार को अपने अधीन कर लेने में आनंदित हो

और कहते हो, “क्या करनायिम को हमने अपने ही बल से नहीं ले लिया?”

14 क्योंकि याहवेह सर्वशक्तिमान परमेश्वर यह घोषणा करता है,

“हे इस्राएल के वंशजों, मैं तुम्हारे विरुद्ध एक जाति को भड़काऊंगा,

जो तुम पर लबो-हामाथ से लेकर

अरबाह की घाटी तक अत्याचार करेगा.”

7:1 प्रभु याहवेह ने मुझे यह दिखाया: जब राजा के हिस्से की फसल कट चुकी थी और बाद की फसल आनेवाली थी, तब याहवेह टिड्डियों के दल को तैयार कर रहे थे. 2 जब टिड्डियां देश की सारी वनस्पति को चट कर चुकीं, तब मैंने पुकारा, “हे प्रभु याहवेह, क्षमा कर दें! याकोब कैसे जीवित रह सकता है? वह बहुत छोटा है!”

3 इस पर याहवेह ने यह विचार त्याग दिया.

और उसने कहा, “अब ऐसी बात न होगी.”

4 तब प्रभु याहवेह ने मुझे यह दिखाया: परम प्रभु न्याय के लिये आग को पुकार रहे थे; इस अग्नि ने महासागर को सुखा दिया तथा भूमि को नष्ट कर दिया. 5 तब मैंने पुकारा, “हे परम प्रभु याहवेह, मैं आपसे बिनती करता हूं, इसे बंद कीजिये! याकोब कैसे जीवित रह सकता है? वह बहुत छोटा है!”

6 तब याहवेह ने इस विषय में अपना विचार त्याग दिया.

और परम प्रभु ने कहा, “अब यह बात भी न होगी.”

7 तब उसने मुझे यह दिखाया: प्रभु अपने हाथ में एक साहुल लिए हुए साहुल की एक दीवार पर खड़े थे. 8 और याहवेह ने मुझसे पूछा, “आमोस, तुम्हें क्या दिखाई दे रहा है?”

मैंने उत्तर दिया, “एक साहुल,”

तब प्रभु ने कहा, “देख, मैं अपने इस्राएली लोगों के बीच में एक साहुल लगा रहा हूं; अब मैं उनको नहीं छोड़ूंगा.

9 “यित्सहाक के ऊंचे स्थान नाश किए जाएंगे

और इस्राएल के पवित्र स्थान खंडहर हो जाएंगे;

और मैं तलवार लेकर यरोबोअम के वंश पर आक्रमण करूंगा.”