अब्राहाम ख़तना होने से पहले धर्मी ठहराए गए
पौलॉस सिद्ध करते हैं कि अब्राहाम व्यवस्था के कर्मों से धर्मी नहीं ठहराए गए थे। उनके पास घमंड करने का कोई आधार नहीं है। वह विश्वास से, अनुग्रह और कृपा से धर्मी ठहराए गए, न कि किसी ऋण के रूप में, अर्थात उनके कर्मों के लिए देय प्रतिफल के रूप में। दावीद भी धर्मी ठहराए जाने के इसी मार्ग की साक्षी देते हैं। यह तथ्य भी यही दिखाता है कि अब्राहाम ख़तनारहित रहते हुए ही धर्मी ठहराए गए थे और बाद में उन्होंने विश्वास से धर्मी ठहराए जाने की मुहर के रूप में ख़तने का चिह्न प्राप्त किया। इस प्रकार वह यहूदी और गैर-यहूदी दोनों के आत्मिक पिता बन सकें, जिन्हें केवल विश्वास की एक ही शर्त पर धर्मी ठहराए जाने का समान अधिकार मिलना था।
58 ईस्वी
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
1 हम अपने गोत्रपिता अब्राहाम के विषय में क्या कहें—क्या था इस विषय में उनका अनुभव? 2 यदि कामों के द्वारा अब्राहाम को धार्मिकता प्राप्त हुई तो वह इसका घमंड अवश्य कर सकते थे, किंतु परमेश्वर के सामने नहीं. 3 पवित्र शास्त्र का लेख क्या है? अब्राहाम ने परमेश्वर में विश्वास किया और इसी को उनकी धार्मिकता के रूप में मान्यता दी गई.
4 मज़दूर की मज़दूरी उसका उपहार नहीं, अधिकार है. 5 वह व्यक्ति, जो व्यवस्था का पालन तो नहीं करता किंतु परमेश्वर में, जो अधर्मी को निर्दोष घोषित करते हैं, विश्वास करता है, इसी विश्वास के द्वारा धर्मी व्यक्ति के रूप में मान्यता प्राप्त करता है. 6 जैसे दावीद ने उस व्यक्ति की धन्यता का वर्णन किया है, जिसे परमेश्वर ने व्यवस्था का पालन न करने पर भी धर्मी घोषित किया:
7 धन्य हैं वे,
जिनके अपराध क्षमा कर दिए गए,
जिनके पापों को ढांप दिया गया है.
8 धन्य है वह व्यक्ति,
जिसके पापों का हिसाब प्रभु कभी न लेंगे.
9 क्या यह आशीषें मात्र ख़तना वालों तक ही सीमित है या इसमें ख़तना रहित भी शामिल हैं? हमारा मत यह है: अब्राहाम के विश्वास को उनकी धार्मिकता के रूप में मान्यता दी गई. 10 उन्हें यह मान्यता किस अवस्था में दी गई थी? जब उनका ख़तना हुआ तब या जब वह ख़तना रहित ही थे? ख़तना की अवस्था में नहीं परंतु ख़तना रहित अवस्था में. 11 उन्होंने ख़तना का चिह्न—विश्वास की धार्मिकता की मोहर—उस समय प्राप्त किया, जब वह ख़तना रहित ही थे इसका उद्देश्य था उन्हें उन सबके पिता-स्वरूप प्रतिष्ठित किया जाए, जो बिना ख़तना के विश्वास करेंगे, कि इस विश्वास को उनकी धार्मिकता के रूप में मान्यता प्राप्त हो; 12 साथ ही अब्राहाम को उन ख़तना किए हुओं के पिता के रूप में प्रतिष्ठित किया जाए, जो ख़तना किए हुए ही नहीं परंतु जो हमारे पिता अब्राहाम के उस विश्वास का स्वभाव रखते हैं, जो उन्होंने अपने ख़तना के पहले ही दिखाया था.
अब्राहाम से की गई प्रतिज्ञा में गैर-यहूदी भी सम्मिलित हैं
पौलॉस अपनी दलील आगे बढ़ाते हुए यहूदियों से कहते हैं कि अब्राहाम को दी गई प्रतिज्ञा से ही स्पष्ट था कि उनके विश्वास के द्वारा सारा संसार उनका वारिस बनेगा। लेकिन यदि केवल यहूदी ही उनकी प्रतिज्ञा के वारिस होते, तो विश्वास निरर्थक हो जाता और विश्वास की शर्त पर दी गई प्रतिज्ञा रद्द हो जाती। क्योंकि व्यवस्था दया किए बिना पापी को दंड के अधीन करती है, और व्यवस्था के बिना कर्तव्य का कोई नियम नहीं हो सकता, इसलिए पाप भी नहीं हो सकता। इसी कारण प्रतिज्ञा विश्वास के आधार पर दी जाती है, ताकि परमेश्वर का मुफ़्त अनुग्रह अब्राहाम की शारीरिक और आत्मिक, दोनों प्रकार की संतानों को समेट ले। खतनारहित अवस्था में अब्राहाम का धर्मी ठहराया जाना सिद्ध करता है कि गैर-यहूदी स्वीकार किए जाते हैं। अब्राहाम के अनेक जातियों के पिता होने की पुष्टि करने वाली यह प्रतिज्ञा स्वयं ही छुटकारे की सभी आशीषों पर गैर-यहूदियों का अधिकार स्थापित करती है।
13 उस प्रतिज्ञा का आधार, जो अब्राहाम तथा उनके वंशजों से की गई थी कि अब्राहाम पृथ्वी के वारिस होंगे, व्यवस्था नहीं परंतु विश्वास की धार्मिकता थी. 14 यदि व्यवस्था का पालन करने से उन्हें मीरास प्राप्त होती है तो विश्वास खोखला और प्रतिज्ञा बेअसर साबित हो गई है. 15 व्यवस्था क्रोध का पिता है किंतु जहां व्यवस्था है ही नहीं, वहां व्यवस्था का उल्लंघन भी संभव नहीं!
16 परिणामस्वरूप विश्वास ही उस प्रतिज्ञा का आधार है, कि परमेश्वर के अनुग्रह में अब्राहाम के सभी वंशजों को यह प्रतिज्ञा निश्चित रूप से प्राप्त हो सके—न केवल उन्हें, जो व्यवस्था के अधीन हैं परंतु उन्हें भी, जिनका विश्वास वैसा ही है, जैसा अब्राहाम का, जो हम सभी के गोत्रपिता हैं. 17 जैसा कि पवित्र शास्त्र का लेख है: “मैंने तुम्हें अनेक राष्ट्रों का पिता ठहराया है.” हमारे गोत्रपिता अब्राहाम ने उन्हीं परमेश्वर में विश्वास किया, जो मरे हुओं को जीवन देते हैं तथा अस्तित्व में आने की आज्ञा उन्हें देते हैं, जो हैं ही नहीं.
18 बिलकुल निराशा की स्थिति में भी अब्राहाम ने उनसे की गई इस प्रतिज्ञा के ठीक अनुरूप उस आशा में विश्वास किया: वह अनेकों राष्ट्रों के पिता होंगे, ऐसे ही होंगे तुम्हारे वंशज. 19 अब्राहाम जानते थे कि उनका शरीर मरी हुए दशा में था क्योंकि उनकी आयु लगभग सौ वर्ष थी तथा साराह का गर्भ तो मृत था ही. फिर भी वह विश्वास में कमजोर नहीं हुए. 20 उन्होंने परमेश्वर की प्रतिज्ञा के संबंध में अपने विश्वास में विचलित न होकर, स्वयं को उसमें मजबूत करते हुए परमेश्वर की महिमा की 21 तथा पूरी तरह निश्चिंत रहे कि वह, जिन्होंने यह प्रतिज्ञा की है, उसे पूरा करने में भी सामर्थ्यी हैं. 22 इसलिये अब्राहाम के लिए यही विश्वास की धार्मिकता मानी गई.
अब्राहाम का विश्वास हमारे लिए लिखा गया
यह बात हमारे लिए लिखी गई कि परमेश्वर ने अब्राहाम को विश्वास के द्वारा स्वीकार किया। यह हमें दिखाती है कि परमेश्वर के यहाँ उद्धार का एकमात्र साधन उनके पुत्र में विश्वास है, जिन्होंने हमारे पापों के लिए दुःख सहा और हमारे मेल-मिलाप, या धर्मी ठहराए जाने की प्रतिज्ञा के रूप में फिर जी उठे।
23 उनके लिए धार्मिकता मानी गई, ये शब्द मात्र उन्हीं के विषय में नहीं हैं, 24 परंतु इनका संबंध हमसे भी है, जिन्हें परमेश्वर की ओर से धार्मिकता की मान्यता प्राप्त होगी—हम, जिन्होंने विश्वास उनमें किया है—जिन्होंने हमारे प्रभु येशु मसीह को मरे हुओं से दोबारा जीवित किया, 25 जो हमारे अपराधों के कारण मृत्यु दंड के लिए सौंपे गए तथा हमें धर्मी घोषित कराने के लिए दोबारा जीवित किए गए.
धर्मी ठहराए जाने के बाद मिलने वाली आशीषें
पौलॉस आगे उन महान आशीषों और विशेषाधिकारों की सूची देते हैं जो विश्वास के द्वारा धर्मी ठहराए जाने के फलस्वरूप मिलते हैं। गैर-यहूदियों को दिया गया पवित्र आत्मा उनके प्रति परमेश्वर के प्रेम को दर्शाता है। इस प्रेम की पुष्टि इस बात से होती है कि जब वे अब भी मूर्तिपूजक थे, तभी मसीह ने उनके लिए प्राण दिए। इसलिए गैर-यहूदियों को भी मसीह के द्वारा उद्धार की वही आशा है और परमेश्वर में आनंद मनाने का वही आधार है जो अब्राहाम के शारीरिक वंशजों को है, क्योंकि उसी प्रायश्चित्त के द्वारा उनका भी परमेश्वर से मेल-मिलाप हुआ है।
1 इसलिये जब हम अपने विश्वास के द्वारा धर्मी घोषित किए जा चुके हैं, परमेश्वर से हमारा मेल-मिलाप हमारे प्रभु येशु मसीह के द्वारा हो चुका है, 2 जिनके माध्यम से विश्वास के द्वारा हमारी पहुंच उस अनुग्रह में है, जिसमें हम अब स्थिर हैं. अब हम परमेश्वर की महिमा की आशा में आनंदित हैं. 3 इतना ही नहीं, हम अपने क्लेशों में भी आनंदित बने रहते हैं. हम जानते हैं कि क्लेश में से धीरज; 4 धीरज में से खरा चरित्र तथा खरे चरित्र में से आशा उत्पन्न होती है 5 और आशा लज्जित कभी नहीं होने देती क्योंकि हमें दी हुई पवित्र आत्मा द्वारा परमेश्वर का प्रेम हमारे हृदयों में उंडेल दिया गया है.
6 जब हम निर्बल ही थे, सही समय पर मसीह येशु ने अधर्मियों के लिए मृत्यु स्वीकार की. 7 शायद ही कोई किसी व्यवस्था के पालन करनेवाले के लिए अपने प्राण दे दे. हां, संभावना यह अवश्य है कि कोई किसी परोपकारी के लिए प्राण देने के लिए तैयार हो जाए 8 किंतु परमेश्वर ने हमारे प्रति अपना प्रेम इस प्रकार प्रकट किया कि जब हम पापी ही थे, मसीह येशु ने हमारे लिए अपने प्राण त्याग दिए.
9 हम मसीह येशु के लहू के द्वारा धर्मी घोषित तो किए ही जा चुके हैं, इससे कहीं बढ़कर यह है कि हम उन्हीं के कारण परमेश्वर के क्रोध से भी बचाए जाएंगे. 10 जब शत्रुता की अवस्था में परमेश्वर से हमारा मेल-मिलाप उनके पुत्र की मृत्यु के द्वारा हो गया तो इससे बढ़कर यह है कि मेल-मिलाप हो जाने के कारण उनके पुत्र के जीवन द्वारा हमारा उद्धार सुनिश्चित है. 11 इतना ही नहीं, मसीह येशु के कारण हम परमेश्वर में आनंदित हैं जिनके कारण हम इस मेल-मिलाप की स्थिति तक पहुंचे हैं.
आदम के द्वारा मूल पाप, मसीह के द्वारा जीवन
अब पौलॉस मूल पाप का सिद्धांत प्रस्तुत करते हैं। वे दिखाते हैं कि एक मनुष्य के अपराध से पाप संसार में आया और मृत्यु का दंड सभी लोगों पर लागू हुआ, क्योंकि उसके बाद सभी पापमय स्वभाव के साथ पैदा हुए। मोशेह की व्यवस्था का ज्ञान होने से पहले भी हमारे स्वभाव की भ्रष्टता के कारण मृत्यु का राज्य रहा। मानव जाति के प्रतिरूप और सांसारिक प्रधान आदम ने पाप आगे पहुँचाया। उस प्रतिरूप की पूर्ति और आत्मिक प्रधान मसीह ने सबको जीवन और धर्मी ठहराए जाने का वरदान पहुँचाया। मसीह की आज्ञाकारिता के प्रभाव आदम की अनाज्ञाकारिता के प्रभावों से अधिक बड़े हैं। एक अपराध के द्वारा आदम संसार में पाप और मृत्यु लाए। अपनी आज्ञाकारिता के द्वारा मसीह ने पाप की बुराई को निष्प्रभावी कर दिया और विश्वास से मिलने वाली धार्मिकता के द्वारा समस्त मानव जाति को जीवन और मानवीय अपराधों की क्षमा का निःशुल्क वरदान फिर प्रदान किया—मूल पाप और वास्तव में किए गए पापों, दोनों के लिए। व्यवस्था इसलिए आई कि पाप के दोष का ज्ञान हो। परमेश्वर का अनुग्रह और वरदान बहुतायत से उमड़ते हैं, ताकि हमें व्यवस्था के दंडादेश से छुड़ाएँ। जैसे पाप ने समस्त मानव जाति को आत्मिक और शारीरिक मृत्यु के अधीन करके सब पर राज्य किया है, वैसे ही परमेश्वर का अनुग्रह भी राज्य करेगा और ऐसी पवित्रता उत्पन्न करेगा जो अनंत जीवन की ओर ले जाती है।
12 एक मनुष्य के कारण पाप ने संसार में प्रवेश किया तथा पाप के द्वारा मृत्यु ने और मृत्यु सभी मनुष्यों में समा गई—क्योंकि पाप सभी ने किया.
13 पाप व्यवस्था के प्रभावी होने से पहले ही संसार में मौजूद था लेकिन जहां व्यवस्था ही नहीं, वहां पाप गिना नहीं जाता! 14 आदम से मोशेह तक मृत्यु का शासन था—उन पर भी, जिन्होंने आदम के समान अनाज्ञाकारिता का पाप नहीं किया था. आदम उनके प्रतिरूप थे, जिनका आगमन होने को था.
15 अपराध, वरदान के समान नहीं. एक मनुष्य के अपराध के कारण अनेकों की मृत्यु हुई, जबकि परमेश्वर के अनुग्रह तथा एक मनुष्य, मसीह येशु के अनुग्रह में दिया हुआ वरदान अनेकों अनेक में स्थापित हो गया. 16 परमेश्वर का वरदान उसके समान नहीं, जो एक मनुष्य के अपराध के परिणामस्वरूप आया. एक ओर तो एक अपराध से न्याय-दंड की उत्पत्ति हुई, जिसका परिणाम था दंड-आज्ञा मगर दूसरी ओर अनेकों अपराधों के बाद वरदान की उत्पत्ति हुई, जिसका परिणाम था धार्मिकता. 17 क्योंकि जब एक मनुष्य के अपराध के कारण एक ही मनुष्य के माध्यम से मृत्यु का शासन हो गया, तब इससे कहीं अधिक फैला हुआ है बड़ा अनुग्रह तथा धार्मिकता का वह वरदान, जो उनके जीवन में उस एक मनुष्य, मसीह येशु के द्वारा शासन करेगा.
18 इसलिये जिस प्रकार मात्र एक अपराध का परिणाम हुआ सभी के लिए दंड-आज्ञा, उसी प्रकार धार्मिकता के मात्र एक काम का परिणाम हुआ सभी मनुष्यों के लिए जीवन की धार्मिकता. 19 जिस प्रकार मात्र एक व्यक्ति की अनाज्ञाकारिता के परिणामस्परूप अनेकों अनेक पापी हो गए, उसी प्रकार एक व्यक्ति की आज्ञाकारिता से अनेक धर्मी बना दिए जाएंगे.
20 व्यवस्था बीच में आई कि पाप का अहसास तेज हो. जब पाप का अहसास तेज हुआ तो अनुग्रह कहीं अधिक तेज होता गया 21 कि जिस प्रकार पाप ने मृत्यु में शासन किया, उसी प्रकार अनुग्रह धार्मिकता के द्वारा हमारे प्रभु येशु मसीह में अनंत जीवन के लिए शासन करे.