उज्जियाह कुष्ठरोग से ग्रस्त हो जाता है
787 या 765 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
16 जब वह इस प्रकार मजबूत होता गया, घमण्ड़ ने उसे आ घेरा. वह याहवेह उसके परमेश्वर के लिए सच्चा भी न रह गया. वह याहवेह के मंदिर में चला गया कि वह धूप वेदी पर धूप जलाए. 17 इस पर पुरोहित अज़रियाह उसके पीछे-पीछे गया और उसके साथ याहवेह के अस्सी बलवान पुरोहित भी थे. 18 उन्होंने राजा उज्जियाह को मना करते हुए कहा, “उज्जियाह, याहवेह के लिए धूप जलाना आपका काम नहीं है, यह केवल पुरोहितों के लिए ही ठहराया गया है, जो अहरोन के वंशज और धूप जलाने के लिए अलग किए हुए हैं. आप पवित्र स्थान से बाहर चले जाइए, क्योंकि आप याहवेह परमेश्वर के प्रति सच्चे नहीं रहे हैं, इसलिये आपको उनकी ओर से कोई आदर न मिलेगा.”
19 उज्जियाह यह सुनकर बहुत गुस्सा हो गया. धूप जलाने के लिए उसके हाथ में धूपदान था. जब वह पुरोहितों पर गुस्सा हो ही रहा था, याहवेह के भवन में धूप वेदी के निकट पुरोहितों के देखते-देखते उसके माथे पर कुष्ठ रोग हो गया. 20 प्रमुख पुरोहित अज़रियाह और दूसरे सभी पुरोहित उसकी ओर देख रहे थे. वह माथे पर कोढ़ी हो चुका था. उन्होंने उसे बिना देर किए बाहर निकाला-वास्तव में वह खुद वहां से निकलने के लिए आतुर था, क्योंकि वह जान गया था कि उस पर याहवेह का प्रहार था.
21 मृत्यु तक राजा उज्जियाह कुष्ठरोगी रहा. वह एक अलग घर में रहने लगा, क्योंकि वह कुष्ठरोगी था. याहवेह के भवन में उसका जाना मना हो गया. उसका पुत्र योथाम अब राजमहल पर अधिकारी हो प्रजा का न्याय करने लगा.
यशायाह भविष्यद्वक्ता नियुक्त किया जाता है 758 ईसा पूर्व
1 यहूदिया तथा येरूशलेम के विषय में आमोज़ के पुत्र यशायाह का दर्शन, जो उन्हें यहूदिया के राजा उज्जियाह, योथाम, आहाज़, और हिज़किय्याह के शासनकाल में प्राप्त हुआ.
1 यशायाह का दर्शन है उस वर्ष जब राजा उज्जियाह की मृत्यु हुई, उस वर्ष मैंने प्रभु को ऊंचे सिंहासन पर बैठे देखा, उनके वस्त्र से मंदिर ढंक गया है. 2 और उनके ऊपर स्वर्गदूत दिखाई दिए जिनके छः-छः पंख थे: सबने दो पंखों से अपना मुंह ढंक रखा था, दो से अपने पैर और दो से उड़ रहे थे. 3 वे एक दूसरे से इस प्रकार कह रहे थे:
“पवित्र, पवित्र, पवित्र हैं सर्वशक्तिमान याहवेह;
सारी पृथ्वी उनके तेज से भरी है.”
4 उनकी आवाज से द्वार के कक्ष हिल गए और भवन धुएं से भरा हुआ हो गया.
5 तब मैंने कहा, “हाय मुझ पर! क्योंकि मैं नष्ट हो गया हूं! मैं एक ऐसा व्यक्ति हूं, जिसके होंठ अशुद्ध हैं और मैं उन व्यक्तियों के बीच रहता हूं जिनके होंठ अशुद्ध हैं; क्योंकि मैंने अपनी आंखों से महाराजाधिराज, सर्वशक्तिमान याहवेह को देख लिया है.”
6 तब एक स्वर्गदूत उड़कर मेरी ओर आया और उसके हाथ में अंगारा था, जिसे उसने चिमटे से वेदी पर से उठाया था. 7 उसने इस अंगारे से मेरे मुंह पर छूते हुए कहा, “देखो, तुम्हारे होंठों से अधर्म दूर कर दिया और तुम्हारे पापों को क्षमा कर दिया गया है.”
8 तब मैंने प्रभु को यह कहते हुए सुना, “मैं किसे भेजूं और कौन जाएगा हमारे लिए?”
तब मैंने कहा, “मैं यहां हूं. मुझे भेजिए!”
9 प्रभु ने कहा, “जाओ और इन लोगों से कहो:
“ ‘सुनते रहो किंतु समझो मत;
देखते रहो किंतु ग्रहण मत करो.’
10 इन लोगों के हृदय कठोर;
कान बहरे
और आंख से अंधे हैं.
कहीं ऐसा न हो कि वे अपनी आंखों से देखकर,
अपने कानों से सुनकर,
और मन फिराकर मेरे पास आएं,
और चंगे हो जाएं.”
11 तब मैंने पूछा, “कब तक, प्रभु, कब तक?”
प्रभु ने कहा:
“जब तक नगर सूना न हो जाए
और कोई न बचे,
और पूरा देश सुनसान न हो जाएं,
12 याहवेह लोगों को दूर ले जाएं
और देश में कई जगह निर्जन हो जाएं.
13 फिर इसमें लोगों का दसवां भाग रह जाए,
तो उसे भी नष्ट किया जाएगा.
जैसे बांझ वृक्ष को काटने के बाद भी ठूंठ बच जाता है,
उसी प्रकार सब नष्ट होने के बाद,
जो ठूंठ समान बच जाएगा, वह पवित्र बीज होगा.”
1 यहूदिया और येरूशलेम के विषय में आमोज़ के पुत्र यशायाह ने दर्शन देखा:
2 कि अंत के दिनों
में वह पर्वत और पहाड़
जिस पर याहवेह का भवन है;
उसे दृढ़ और ऊंचा किया जायेगा,
और सब जाति के लोग बहती हुई नदी के समान उस ओर आएंगे.
3 और कहेंगे,
“आओ, हम याहवेह के पर्वत,
याकोब के परमेश्वर के भवन को चलें.
कि वह हमें अपने नियम सिखाएं,
और हम उनके मार्गों पर चलें.”
क्योंकि ज़ियोन से व्यवस्था निकलेगी,
और येरूशलेम से याहवेह का वचन आएगा.
4 परमेश्वर राज्यों के बीच न्याय करेंगे
और लोगों की परेशानियां दूर करेंगे.
तब वे अपनी तलवारों को पीट-पीटकर हल के फाल
तथा अपने भालों को हंसिया बना लेंगे.
एक देश दूसरे के विरुद्ध तलवार नहीं उठायेगा,
तथा उन्हें फिर कभी लड़ने के लिए तैयार नहीं किया जाएगा.
5 याकोब के लोग आओ,
हम याहवेह के प्रकाश में चलें.
6 याहवेह, ने तो अपनी प्रजा,
याकोब के वंश को छोड़ दिया है.
क्योंकि वे पूर्णतः पूर्वी लोगों के समान हो गये;
और फिलिस्तीनियों के समान उनकी सोच
और काम हो गया है.
7 उनका देश भी सोना और चांदी से भरा है;
और उनके पास धन की कमी नहीं.
और उनका देश घोड़ों
और रथों से भरा है.
8 उनका देश मूर्तियों से भरा है;
जो अपने हाथों से बनाया हुआ है.
9 और मनुष्य उसके सामने झुकते
और प्रणाम करते हैं,
इसलिये उन्हें माफ नहीं किया जाएगा.
10 याहवेह के डर तथा उनके प्रताप के तेज के कारण
चट्टान में चले जाओ और छिप जाओ!
11 मनुष्यों का घमंड नीचा करके;
याहवेह को ऊंचा किया जायेगा.
12 क्योंकि हर घमंडी एवं अहंकारी व्यक्ति के लिए सर्वशक्तिमान याहवेह ने दिन ठहराया है,
उस दिन उनका घमंड तोड़ दिया जाएगा,
13 और लबानोन के समस्त ऊंचे देवदारों,
तथा बाशान के सब बांज वृक्षों पर,
14 समस्त ऊंचे पहाडों
और ऊंची पहाड़ियों पर,
15 समस्त ऊंचे गुम्मटों
और सब शहरपनाहों पर और,
16 तरशीश के सब जहाजों
तथा सब सुंदर चित्रकारी पर.
17 जो मनुष्य का घमंड
और अहंकार है दूर किया जाएगा;
और केवल याहवेह ही ऊंचे पर विराजमान होगा,
18 सब मूर्तियां नष्ट कर दी जाएंगी.
19 जब याहवेह पृथ्वी को कंपित करने के लिए उठेंगे
तब उनके भय तथा प्रताप के तेज के कारण
मनुष्य चट्टानों की गुफाओं में
तथा भूमि के गड्ढों में जा छिपेंगे.
20 उस दिन मनुष्य अपनी सोने-चांदी की मूर्तियां जिन्हें उन्होंने बनाई थी,
उन्हें छछूंदरों और चमगादड़ों के सामने फेंक देंगे.
21 जब याहवेह पृथ्वी को कंपित करने के लिए उठेंगे
तब उनके भय तथा उनके प्रताप के तेज के कारण,
मनुष्य चट्टानों की गुफाओं में
तथा चट्टानों में जा छिपेंगे.
22 तुम मनुष्यों से दूर रहो,
जिनका सांस कुछ पल का है.
जिनका कोई महत्व नहीं.