येरूशलेम का मंदिर जला दिया जाता है (continued)
588 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
1 याहवेह, बदला लेनेवाले परमेश्वर,
बदला लेनेवाले परमेश्वर, अपने तेज को प्रकट कीजिए.
2 पृथ्वी का न्यायाध्यक्ष, उठ जाइए;
अहंकारियों को वही प्रतिफल दीजिए, जिसके वे योग्य हैं.
3 दुष्ट कब तक, याहवेह,
कब तक आनंद मनाते रहेंगे?
4 वे डींग मारते चले जा रहे हैं;
समस्त दुष्ट अहंकार में फूले जा रहे हैं.
5 वे आपकी प्रजा को कुचल रहे हैं, याहवेह;
वे आपकी निज भाग को दुःखित कर रहे हैं.
6 वे विधवा और प्रवासी की हत्या कर रहे हैं;
वे अनाथों की हत्या कर रहे हैं.
7 वे कहे जा रहे हैं, “कुछ नहीं देखता याहवेह;
याकोब के परमेश्वर ने इसकी ओर ध्यान नहीं देते है.”
8 मन्दमतियो, थोड़ा विचार तो करो;
निर्बुद्धियो, तुममें बुद्धिमत्ता कब जागेगी?
9 जिन्होंने कान लगाए हैं, क्या वे सुनते नहीं?
क्या वे, जिन्होंने आंखों को आकार दिया है, देखते नहीं?
10 क्या वे, जो राष्ट्रों को ताड़ना देते हैं, वे दंड नहीं देंगे?
क्या वे, जो मनुष्यों को शिक्षा देते हैं, उनके पास ज्ञान की कमी है?
11 याहवेह मनुष्य के विचारों को जानते हैं;
कि वे विचार मात्र श्वास ही हैं.
12 याहवेह, धन्य होता है वह पुरुष, जो आपके द्वारा प्रताड़ित किया जाता है,
जिसे आप अपनी व्यवस्था से शिक्षा देते हैं;
13 विपत्ति के अवसर पर आप उसे चैन प्रदान करते हैं,
दुष्ट के लिए गड्ढा खोदे जाने तक.
14 कारण यह है कि याहवेह अपनी प्रजा का परित्याग नहीं करेंगे;
वह कभी भी अपनी निज भाग को भूलते नहीं.
15 धर्मियों को न्याय अवश्य प्राप्त होगा
और सभी सीधे हृदय इसका अनुसरण करेंगे.
16 मेरी ओर से बुराई करनेवाले के विरुद्ध कौन खड़ा होगा?
कुकर्मियों के विरुद्ध मेरा साथ कौन देगा?
17 यदि स्वयं याहवेह ने मेरी सहायता न की होती,
शीघ्र ही मृत्यु की चिर-निद्रा मेरा आवास हो गई होती.
18 यदि मैंने कहा, “मेरा पांव फिसल गया है,”
याहवेह, आपका करुणा-प्रेम मुझे थाम लेगा.
19 जब मेरा हृदय अत्यंत व्याकुल हो गया था,
आपकी ही सांत्वना ने मुझे हर्षित किया है.
20 क्या दुष्ट शासक के आपके साथ संबंध हो सकते हैं,
जो राजाज्ञा की आड़ में प्रजा पर अन्याय करते हैं?
21 वे सभी धर्मी के विरुद्ध एकजुट हो गए हैं
और उन्होंने निर्दोष को मृत्यु दंड दे दिया है.
22 किंतु स्थिति यह है कि अब याहवेह मेरा गढ़ बन गए हैं,
तथा परमेश्वर अब मेरे आश्रय की चट्टान हैं.
23 वही उनकी दुष्टता का बदला लेंगे,
वही उनकी दुष्टता के कारण उनका विनाश कर देंगे;
याहवेह हमारे परमेश्वर निश्चयतः उन्हें नष्ट कर देंगे.
17 बाबेल के राजा ने यहोइयाखिन के चाचा मत्तनियाह को उसके स्थान पर राजा ठहरा दिया और उसका नाम बदलकर सीदकियाहू रख दिया.
18 जब सीदकियाहू ने शासन शुरू किया उसकी उम्र इक्कीस साल थी. येरूशलेम में उसने ग्यारह साल शासन किया. उसकी माता का नाम हामुतल था. वह लिबनाहवासी येरेमियाह की पुत्री थी. 19 उसने वह किया, जो याहवेह की दृष्टि में बुरा था—वही सब, जो यहोइयाकिम ने किया था. 20 वस्तुतः येरूशलेम और यहूदिया ने याहवेह को इस सीमा तक क्रोधित कर दिया था, कि याहवेह ने उन्हें अपनी नज़रों से ही दूर कर दिया.
सीदकियाहू ने बाबेल के राजा के विरुद्ध विद्रोह कर दिया.
4 तब उसके शासन के नवें साल के दसवें महीने के दसवें दिन बाबेल के राजा नबूकदनेज्ज़र ने अपनी सारी सेना के साथ आकर येरूशलेम को घेर लिया, उसके आस-पास छावनी ड़ाल दी और इसके चारों ओर घेराबंदी की दीवार बना ली.
2 सीदकियाहू के राज्य-काल के ग्यारहवें वर्ष के चौथे माह में नवीं तिथि को, नगर शहरपनाह तोड़ करके वे नगर में घुस गए.
4 जब सीदकियाहू तथा उसके सैनिकों ने यह देखा; वे रात्रि में राजा के उद्यान में से होते हुए दोनों शहरपनाह के मध्य के द्वार से नगर से होते हुए पलायन कर गए, उन्होंने अराबाह घाटी की ओर भागना चाहा.
5 किंतु कसदी सेना ने उनका पीछा किया और उन्होंने येरीख़ो के मैदान में यहूदिया के राजा सीदकियाहू को जा पकड़ा. उसे बंदी बना लिया और उसे बाबेल के राजा नबूकदनेज्ज़र की उपस्थिति में हामाथ देश के रिबलाह में ले गए, वहां सीदकियाहू पर दंड की आज्ञा प्रसारित कर दी गई. 6 तत्पश्चात बाबेल के राजा ने सीदकियाहू के देखते-देखते रिबलाह में उसके पुत्रों का वध कर डाला, बाबेल के राजा ने यहूदिया के सारे अधिकारियों का भी वध कर दिया. 7 फिर नबूकदनेज्ज़र ने सीदकियाहू की आंखें निकाल लीं और उसे कांसे की सांकलों में बांधकर बाबेल ले गए.
8 कसदियों ने महलों को तथा प्रजा के आवासों को भस्म कर दिया तथा येरूशलेम की शहरपनाह तोड़ दीं. 9 इस समय वे लोग जो नगर में शेष रह गए थे, वे लोग, जो नगर छोड़कर कसदियों की शरण में जा पहुंचे थे तथा अन्य लोगों को अंगरक्षकों का प्रधान नेबुज़रादान बंधुआई में बाबेल ले गया.
3 चौथे महीने के नवें दिन से नगर में अकाल ऐसा भयंकर हो गया कि नागरिकों के लिए कुछ भी भोजन न बचा. 4 तब उन्होंने शहरपनाह को तोड़ डाली और रात में सारे योद्धा दो दीवारों के बीच की द्वार से, जो राजा की वाटिका के पास थी, निकल भागे. कसदी इस समय नगर को घेरे हुए थे. ये योद्धा अराबाह की दिशा में आगे बढ़ते गए, 5 मगर कसदियों की सेना ने राजा का पीछा किया और येरीख़ो के मैदान में उसे पकड़ लिया, इस कारण सारी यहूदी सेना बिखर गई.
6 उन्होंने राजा को बंदी बनाकर रिबलाह में बाबेल के राजा के सामने पेश किया. उस पर दंड की आज्ञा दी गई. 7 उन्होंने सीदकियाहू के पुत्रों का वहीं, उसी के देखते-देखते वध कर दिया. इसके बाद उन्होंने सीदकियाहू की आंखें निकाल लीं और उसे कांसे की सांकलों में बांधकर बाबेल ले गए.
8 बाबेल के राजा नबूकदनेज्ज़र के राज्य-काल का उन्नीसवां वर्ष, पांचवें माह के सातवां दिन, बाबेल के राजा का सेवक, अंगरक्षकों को प्रधान, नेबुज़रादान येरूशलेम आ गया. 9 उसने याहवेह के भवन में, राजमहल में और येरूशलेम के सभी भवनों में आग लगा दी. हर एक अच्छा भवन भस्म कर दिया गया. 10 अंगरक्षकों के प्रधान के साथ आई हुई कसदी सेना ने मिलकर येरूशलेम के चारों ओर बनाई हुई दीवारों को ढाह दिया. 11 उन सभी को, जो नगर में बाकी रह गए थे, और जो बाबेल के राजा की ओर भाग गये थे, और दूसरे लोगों को भी, अंगरक्षकों का प्रधान नेबुज़रादान बंदी बनाकर बंधुआई में ले गया; 12 मगर देश के कुछ कंगाल लोगों को अंगरक्षकों के प्रधान ने वहीं छोड़ दिया कि वे वहां रहकर अंगूर की उपज की देखभाल करें और भूमि पर हल चलाते रहें.
13 याहवेह के मंदिर के कांस्य स्तंभ, कांस्य के आधार तथा कांस्य जलबर्तनों को कसदी तोड़कर उनके टुकड़ों को बाबेल ले गए. 14 वे याहवेह के भवन के पवित्र बर्तन, फावड़े, चिमटे तथा सभी कांस्य बर्तन, जो मंदिर में आराधना के लिए उपयोग होते थे, ये सब अपने साथ ले गए; 15 इनके अलावा आग के लिए इस्तेमाल किए जानेवाले बर्तन और कटोरे भी. अंगरक्षकों का प्रधान वह सब जो सोने और चांदी का था, अपने साथ ले गया.
16 दो स्तंभ, एक विशाल जल बर्तन, उनके आधार, जो शलोमोन द्वारा याहवेह के भवन में उपयोग के लिए निर्मित किए गए थे, इन सबका कांस्य अतुलनीय था. 17 एक-एक खंभे की ऊंचाई लगभग आठ मीटर थी, जिसका सिर कांसे का था. इस सिर की ऊंचाई लगभग डेढ़ मीटर थी. सिर के चारों ओर जाली और अनार की आकृति गढ़ी हुई थी. यह सभी कुछ कांसे का था. दूसरे खंभे पर भी इसी प्रकार की जालीदार आकृतियां थी.
18 इसके बाद अंगरक्षकों के प्रधान ने प्रमुख पुरोहित सेराइयाह, सहपुरोहित ज़ेफनियाह, और तीन मंदिर द्वारपालों को, 19 नगर में से सैनिकों के पर्यवेक्षक अधिकारी तथा राजा के पांच सलाहकारों को जो वहीं नगर में थे, तथा सेनापति के सचिव को, जो देश के लोगों को सेना में भर्ती करता था, तथा देश के साठ व्यक्तियों को जो उस समय नगर में पाए गए थे, अपने साथ बंदी बनाकर ले गया. 20 नेबुज़रादान, जो अंगरक्षकों का प्रधान था, उसने इन सभी को रिबलाह ले जाकर बाबेल के राजा के समक्ष प्रस्तुत कर दिया. 21 तब बाबेल के राजा ने हामाथ देश के रिबलाह नगर में इन सभी का वध कर दिया.
इस प्रकार यहूदिया के निवासी अपने देश से बंधुआई में ले जाया गया.