सातवीं तुरही: कलीसिया का आनंद

सातवीं तुरही बजती है। 1260 वर्षों के अंत में साक्षियों की अपेक्षित विजय पर विश्वव्यापी कलीसिया आनंद मनाती है।

96 ईस्वी

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

प्रकाशन 11:15–18

15 जब सातवें स्वर्गदूत ने तुरही फूंकी तो स्वर्ग से ये तरह-तरह की आवाजें सुनाई देने लगीं:

“संसार का राज्य

अब हमारे प्रभु तथा उनके मसीह का राज्य हो गया है,

वही युगानुयुग राज्य करेंगे.”

16 तब उन चौबीसों पुरनियों ने, जो अपने-अपने सिंहासन पर बैठे थे, परमेश्वर के सामने दंडवत हो उनका धन्यवाद किया. 17 यह कहते हुए,

“सर्वशक्तिमान प्रभु परमेश्वर!

हम आपका, जो हैं और जो थे, आभार मानते हैं,

कि आपने अपने अवर्णनीय अधिकारों को स्वीकार कर,

अपने राज्य का आरंभ किया है.

18 राष्ट्र क्रोधित हुए,

उन पर आपका क्रोध आ पड़ा.

अब समय आ गया है कि मरे हुओं का न्याय किया जाए,

आपके दासों—भविष्यद्वक्ताओं, पवित्र लोगों तथा सभी श्रद्धालुओं को,

चाहे वे साधारण हों या विशेष,

और उनका प्रतिफल दिया जाए,

तथा उनका नाश किया जाए जिन्होंने पृथ्वी को गंदा कर रखा है.”

अजगर कलीसिया को सताता है

छोटे पुस्तकपत्र का दूसरा भाग। पीड़ा में पुत्र को जन्म देती स्त्री और सात सिरों तथा दस सींगों वाले अजगर द्वारा उसे निर्जन प्रदेश में खदेड़े जाने के प्रतीकों के माध्यम से यह मसीह की उस कलीसिया के उत्पीड़न की भविष्यवाणी करता है, जो सच्चे और विश्वासयोग्य मसीहियों को जन्म देती है। यह उत्पीड़न उस दुष्ट आत्मा द्वारा किया जाता है, जिसने सबसे पहले इस संसार में बुराई लाई थी। यह संघर्ष भी 606 से 1866 तक, 1260 वर्षों तक चलता है।

प्रकाशन 11:19–12:17

19 तब परमेश्वर का मंदिर, जो स्वर्ग में है, खोल दिया गया और उस मंदिर में उनकी वाचा का संदूक दिखाई दिया. उसी समय बिजली कौंधी, गड़गड़ाहट तथा बादलों का गरजना हुआ, एक भीषण भूकंप आया और बड़े-बड़े ओले पड़े.

12:1 तब स्वर्ग में एक अद्भुत दृश्य दिखाई दिया: एक स्त्री, सूर्य जिसका वस्त्र, चंद्रमा जिसके चरणों के नीचे तथा जिसके सिर पर बारह तारों का एक मुकुट था, 2 गर्भवती थी तथा पीड़ा में चिल्ला रही थी क्योंकि उसका प्रसव प्रारंभ हो गया था. 3 उसी समय स्वर्ग में एक और दृश्य दिखाई दिया: लाल रंग का एक विशालकाय परों वाला सांप, जिसके सात सिर तथा दस सींग थे. हर एक सिर पर एक-एक मुकुट था. 4 उसने आकाश के एक तिहाई तारों को अपनी पूंछ से समेटकर पृथ्वी पर फेंक दिया और तब वह परों वाला सांप उस स्त्री के सामने, जो शिशु को जन्म देने को थी, खड़ा हो गया कि शिशु के जन्म लेते ही वह उसे निगल जाए. 5 उस स्त्री ने एक पुत्र को जन्म दिया, जिसका सभी राष्ट्रों पर लोहे के राजदंड से राज्य करना तय था. इस शिशु को तुरंत ही परमेश्वर तथा उनके सिंहासन के पास पहुंचा दिया गया. 6 किंतु वह स्त्री बंजर भूमि की ओर भाग गई, जहां परमेश्वर द्वारा उसके लिए एक स्थान तैयार किया गया था कि वहां 1,260 दिन तक उसकी देखभाल और भरण-पोषण किया जा सके.

7 तब स्वर्ग में दोबारा युद्ध छिड़ गया: स्वर्गदूत मीख़ाएल और उसके अनुचरों ने परों वाले सांप पर आक्रमण किया. परों वाले सांप और उसके दूतों ने उनसे बदला लिया 8 किंतु वे टिक न सके इसलिये अब स्वर्ग में उनका कोई स्थान न रहा. 9 तब उस परों वाले सांप को—उस आदि सांप को, जो दियाबोलॉस तथा शैतान कहलाता है और जो पृथ्वी के सभी वासियों को भरमाया करता है, पृथ्वी पर फेंक दिया गया—उसे तथा उसके दूतों को भी.

10 तब मुझे स्वर्ग में एक ऊंचा शब्द यह घोषणा करता हुआ सुनाई दिया:

“अब उद्धार, प्रताप,

हमारे परमेश्वर का राज्य,

तथा उनके मसीह का राज्य करने का अधिकार प्रकट हो गया है.

हमारे भाई बहनों पर दोष लगानेवाले को,

जो दिन-रात परमेश्वर के सामने उन पर दोष लगाता रहता है,

निकाल दिया गया है.

11 उन्होंने मेमने के लहू

तथा अपने गवाही के वचन के द्वारा,

उसे हरा दिया है.

अंतिम सांस तक

उन्होंने अपने जीवन का मोह नहीं किया.

12 इसलिये सारे स्वर्ग तथा उसके वासियों,

आनंदित हो!

धिक्कार है तुम पर भूमि और समुद्र!

क्योंकि शैतान तुम तक पहुंच चुका है.

वह बड़े क्रोध में भर गया है,

क्योंकि उसे मालूम हो चुका है कि उसका समय बहुत कम है.”

13 जब परों वाले सांप को यह अहसास हुआ कि उसे पृथ्वी पर फेंक दिया गया है, तो वह उस स्त्री को, जिसने उस पुत्र को जन्म दिया था, ताड़ना देने लगा. 14 उस स्त्री को एक विशालकाय गरुड़ के दो पंख दिए गए कि वह उड़कर उस सांप से दूर, बंजर भूमि में अपने निर्धारित स्थान को चली जाए, जहां समय, समयों तथा आधे समय तक उसकी देखभाल तथा भरण-पोषण किया जाना तय हुआ था. 15 इस पर उस सांप ने अपने मुंह से नदी के समान जल इस रीति से बहाया कि वह स्त्री उस बहाव में बह जाए. 16 किंतु उस स्त्री की सहायता के लिए भूमि ने अपना मुंह खोलकर परों वाले सांप द्वारा बहाए पानी के बहाव को अपने में समा लिया. 17 इस पर परों वाला सांप उस स्त्री पर बहुत ही क्रोधित हो गया. वह स्त्री की बाकी संतानों से, जो परमेश्वर के आदेशों का पालन करती है तथा जो मसीह येशु के गवाह हैं, युद्ध करने निकल पड़ा.

दुष्ट आत्मा का प्रतिनिधि रोम की सत्ता है

छोटे खर्रे का तीसरा भाग, जो दुष्ट आत्मा के उस प्रतिनिधि का वर्णन करता है जिसने 1260 वर्षों तक परमेश्वर की सच्ची कलीसिया को सताया। इसमें बताए गए पहचान के लक्षण केवल रोम की सत्ता पर ही लागू होते हैं।

प्रकाशन 13:1–10

1 परों वाला सांप समुद्रतट पर जा खड़ा हुआ, और मैंने समुद्र में से एक हिंसक पशु को ऊपर आते देखा. उसके दस सींग तथा सात सिर थे. दसों सींगों पर एक-एक मुकुट था तथा उसके सिरों पर परमेश्वर की निंदा के शब्द लिखे थे. 2 इस पशु का शरीर चीते जैसा, पांव भालू जैसे और मुंह सिंह जैसा था. उस परों वाले सांप ने अपनी शक्ति, अपना सिंहासन तथा राज्य का सारा अधिकार उसे सौंप दिया. 3 उसके एक सिर को देखकर मुझे ऐसा प्रतीत हुआ मानो उस पर जानलेवा हमला किया गया हो और वह घाव अब भर चुके है. अचंभा करते हुए सारी पृथ्वी के लोग इस पशु के पीछे-पीछे चलने लगे 4 और उन्होंने उस परों वाले सांप की पूजा-अर्चना की क्योंकि उसने शासन का अधिकार उस पशु को सौंप दिया था. वे यह कहते हुए उस पशु की भी पूजा-अर्चना करने लगे, “कौन है इस पशु के समान? किसमें है इससे लड़ने की क्षमता?”

5 उसे डींग मारने तथा परमेश्वर की निंदा करने का अधिकार तथा बयालीस माह तक शासन करने की अनुमति दी गई. 6 पशु ने परमेश्वर, उनके नाम तथा उनके निवास अर्थात् स्वर्ग और उन सब की, जो स्वर्ग में रहते हैं, निंदा करना शुरू कर दिया. 7 उसे पवित्र लोगों पर आक्रमण करने तथा उन्हें हराने और सभी गोत्रों, प्रजातियों, भाषाओं तथा राष्ट्रों पर अधिकार दिया गया. 8 पृथ्वी पर रहनेवाले उसकी पूजा-अर्चना करेंगे—वे सभी जिनके नाम सृष्टि की शुरुआत ही से उस मेमने की जीवन-पुस्तक में, जो बलि किया गया था, लिखे नहीं गए.

9 जिसके कान हों, वह सुन ले:

10 “जो कैद के लिए लिखा गया है,

वह बंदीगृह में जाएगा.

जो तलवार से मारता है,

उसे तलवार ही से मारा जाएगा.”

इसके लिए आवश्यक है पवित्र लोगों का धीरज और विश्वास.

रोम की कलीसिया का आत्मिक शासन

छोटे खर्रे का चौथा भाग, जो रोम की कलीसिया के आत्मिक शासन को चित्रित करता है, जिसे 1260 वर्षों के दौरान यूरोप की लौकिक शक्तियों का समर्थन और अनुमोदन प्राप्त था।

प्रकाशन 13:11–18

11 तब मैंने एक अन्य हिंसक पशु को पृथ्वी में से ऊपर आते हुए देखा, जिसके मेंढ़े के समान दो सींग थे. वह परों वाले सांप के शब्द में बोला करता था. 12 वह पहले से लिखे हिंसक पशु के प्रतिनिधि के रूप में उसके राज्य के अधिकार का उपयोग कर रहा था. वह पृथ्वी तथा पृथ्वी पर रहनेवालों को उस पहले से लिखे हिंसक पशु की, जिसका घाव भर चुका था, पूजा-अर्चना करने के लिए मजबूर कर रहा था. 13 वह चमत्कार भरे चिह्न दिखाता था. यहां तक कि वह लोगों के देखते ही देखते आकाश से पृथ्वी पर आग बरसा देता था. 14 इन चमत्कार भरे चिह्नों द्वारा, जो वह उस पशु के प्रतिनिधि के रूप में दिखा रहा था, वह पृथ्वी पर रहनेवालों को भरमाता था. उसने पृथ्वी पर रहनेवालों से उस पशु की मूर्ति बनाने के लिए कहा, जो तलवार के जानलेवा हमले के बाद भी जीवित रहा. 15 उसे उस पशु की मूर्ति को ज़िंदा करने की क्षमता दी गई कि वह मूर्ति बातचीत कर सके तथा उनका नाश करवा सके, जिन्हें उस मूर्ति की पूजा-अर्चना करना स्वीकार न था. 16 उसने साधारण और विशेष, धनी-निर्धन; स्वतंत्र या दास, सभी को दाएं हाथ या माथे पर एक चिह्न अंकित करवाने के लिए मजबूर किया 17 कि उसके अलावा कोई भी, जिस पर उस पशु का नाम या उसके नाम का अंक अंकित है, लेनदेन न कर सके.

18 इसके लिए आवश्यक है बुद्धिमानी. वह, जिसमें समझ है, उस पशु के अंकों का जोड़कर ले. यह अंक मनुष्य के नाम का है, जिसकी संख्या का जोड़ है 666.