सातवाँ कटोरा: हरमागेद्दौन का युद्ध
सातवाँ कटोरा उँडेला जाता है। अब 1260 वर्ष बीत चुके हैं। परमेश्वर के प्रकोप की अंगूर-फसल की कटाई, जिसकी भविष्यवाणी प्राचीन भविष्यवक्ताओं ने बहुत पहले की थी, अब आरंभ होती है। इसके साथ पृथ्वी पर बड़ी उथल-पुथल और लंबे युद्ध होते हैं। भलाई और बुराई के बीच लंबे समय से चल रहे संघर्ष का निर्णय अब होता है। पोपतंत्र और अविश्वास के झूठे धर्म कलीसिया के बचे हुए लोगों के विरुद्ध, अपनी बहाली के लिए इकट्ठा होने वाले यहूदियों के विरुद्ध, जिसकी प्रतिज्ञा बहुत पहले की गई थी, और उस महान समुद्री राष्ट्र के विरुद्ध एकजुट होते हैं, जो बहुत संभव है कि इंग्लैंड हो (यशायाह 17:18)। यह तब तक चलता है जब तक फ़िलिस्तीन में हरमागेद्दौन का युद्ध नहीं हो जाता। इस कटोरे के अंतर्गत कई वर्ष समाहित हो सकते हैं।
96 ईस्वी
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
17 सातवें स्वर्गदूत ने जब अपना कटोरा वायु पर उंडेला, और मंदिर के सिंहासन से एक ऊंचा शब्द सुनाई दिया, “पूरा हो गया!” 18 तुरंत ही बिजली की कौंध, गड़गड़ाहट तथा बादलों की गर्जन होने लगी और एक भयंकर भूकंप आया. यह भूकंप इतना शक्तिशाली था कि पृथ्वी पर ऐसा भयंकर भूकंप मनुष्य की उत्पत्ति से लेकर अब तक नहीं आया था—इतना शक्तिशाली था यह भूकंप 19 कि महानगर फटकर तीन भागों में बंट गया. सभी राष्ट्रों के नगर धराशायी हो गए. परमेश्वर ने बड़े नगर बाबेल को याद किया कि उसे अपने क्रोध की जलजलाहट का दाखरस का प्याला पिलाएं. 20 हर एक द्वीप विलीन हो गया और सभी पर्वत लुप्त हो गए. 21 आकाश से मनुष्यों पर विशालकाय ओले बरसने लगे और एक-एक ओला लगभग पैंतालीस किलो का था. ओलों की इस विपत्ति के कारण लोग परमेश्वर को शाप देने लगे क्योंकि यह विपत्ति बहुत असहनीय थी.
पतन से पहले पोपतंत्र
इन महान घटनाओं की सामान्य घोषणा के बाद, भविष्यद्वक्ता को पोपतंत्र के अंतिम विनाश से पहले का उसका इतिहास और उसकी स्थिति दिखाई जाती है।
1 तब कटोरे लिए हुए सात स्वर्गदूतों में से एक ने आकर मुझसे कहा, “यहां आओ, मैं तुम्हें उस कुख्यात व्यभिचारिणी के लिए तय किए गए दंड दिखाऊं. यह व्यभिचारिणी बहुत से पानी पर बैठी हुई है. 2 इसके साथ पृथ्वी के राजा वेश्यागामी में लीन थे तथा जिसके वेश्यागामी का दाखरस से पृथ्वी पर रहनेवाले मतवाले थे.”
3 वह स्वर्गदूत मुझे मेरी आत्मा में ध्यानमग्न कर एक बंजर भूमि में ले गया. वहां मैंने एक स्त्री को लाल रंग के एक हिंसक जानवर पर बैठे देखा, जो परमेश्वर की निंदा के शब्द से ढका सा था और इसके सात सिर तथा दस सींग थे. 4 वह स्त्री बैंगनी और लाल रंग के वस्त्र तथा सोने, रत्नों तथा मोतियों के आभूषण धारण की हुई थी. उसके हाथ में सोने का प्याला था, जो अश्लीलता तथा स्वयं उसकी वेश्यागामी की गंदगी से भरा हुआ था. 5 उसके माथे पर एक नाम, एक रहस्य लिखा था:
भव्य महानगरी बाबेल
पृथ्वी पर व्यभिचारणियों की माता
और सारी अश्लीलताओं की जननी.
6 मैंने देखा कि वह स्त्री पवित्र लोगों तथा मसीह येशु के साक्ष्यों का लहू पीकर मतवाली थी.
उसे देख मैं बहुत ही हैरान रह गया. 7 किंतु स्वर्गदूत ने मुझसे कहा: “क्यों हो रहे हो हैरान? मैं तुम्हें इस स्त्री तथा इस हिंसक जानवर का रहस्य बताऊंगा, जिसके सात सिर और दस सींग हैं, जिस पर यह स्त्री बैठी हुई है. 8 वह हिंसक जानवर, जिसे तुमने देखा था, पहले जीवित था किंतु अब नहीं. अब वह अथाह गड्ढे से निकलकर आने पर है—किंतु स्वयं अपने विनाश के लिए. पृथ्वी के वे सभी वासी, जिनके नाम सृष्टि के प्रारंभ से जीवन की पुस्तक में लिखे नहीं हैं, जब यह देखेंगे कि यह हिंसक पशु पहले था, अब नहीं है किंतु दोबारा आएगा, आश्चर्यचकित हो जाएंगे.
9 “इसे समझने के लिए आवश्यक है सूक्ष्म ज्ञान: वे सात सिर सात पर्वत हैं, जिन पर वह स्त्री बैठी है. वे सात राजा भी हैं. 10 इनमें से पांच का पतन हो चुका है, एक जीवित है और एक अब तक नहीं आया. जब वह आएगा, वह थोड़े समय के लिए ही आएगा. 11 वह हिंसक पशु, जो था और जो नहीं है स्वयं आठवां राजा है किंतु वह है इन सातों में से ही एक, जिसका विनाश तय है.
12 “वे दस सींग, जो तुमने देखे हैं, दस राजा हैं, जिन्हें अब तक राज्य प्राप्त नहीं हुआ किंतु उन्हें एक घंटे के लिए उस हिंसक पशु के साथ राजसत्ता दी जाएगी. 13 ये राजा अपना अधिकार व सत्ता उस पशु को सौंपने के लिए एक मत हैं; 14 ये मेमने के विरुद्ध युद्ध छेड़ेंगे किंतु मेमना उन्हें हराएगा क्योंकि सर्वप्रधान प्रभु और सर्वप्रधान राजा वही है. मेमने के साथ उसके बुलाए हुए, चुने हुए तथा विश्वासपात्र होंगे.”
15 तब स्वर्गदूत ने आगे कहा, “वह जल राशि, जो तुमने देखी, जिस पर वह व्यभिचारिणी बैठी है, प्रजातियां, लोग, राष्ट्र तथा भाषाएं हैं. 16 और जो पशु तथा दस सींग तुमने देखे हैं, वे उस व्यभिचारिणी से घृणा करेंगे, उसे निर्वस्त्र कर अकेला छोड़ देंगे, उसका मांस खाएंगे और उसका बचा हुआ भाग जला देंगे. 17 परमेश्वर ने अपने उद्देश्य की पूर्ति के लिए उन राजाओं के मनों को एक कर दिया है कि वे उस पशु को अपना राज्य तब तक के लिए सौंप दें, जब तक परमेश्वर के वचन की पूर्ति न हो जाए. 18 जिस स्त्री को तुमने देखा, वह महानगरी है, जिसकी प्रभुता पृथ्वी के राजाओं पर है.”
पोपतंत्र और अधार्मिकता का पतन
पोपतंत्र और अधार्मिकता के पतन का विस्तार से वर्णन किया गया है।
1 इसके बाद मैंने एक दूसरे स्वर्गदूत को स्वर्ग से उतरते हुए देखा. वह बहुत ही सामर्थ्यी था. उसके तेज से पृथ्वी चमक उठी. 2 उसने ऊंचे शब्द में घोषणा की:
“ ‘गिर गया! गिर गया! भव्य महानगर बाबेल गिर गया!’
अब यह दुष्टात्माओं का घर,
अशुद्ध आत्माओं का आश्रय और,
हर एक अशुद्ध पक्षी का बसेरा
तथा अशुद्ध और घृणित जानवरों का बसेरा बन गई है.
3 सब राष्ट्रों ने उसके वेश्यागामी के लगन का
दाखरस का पान किया है.
पृथ्वी के राजाओं ने उसके साथ वेश्यागामी की है,
तथा पृथ्वी के व्यापारी उसके भोग विलास के धन से धनी हो गए हैं.”
4 तब मुझे एक अन्य शब्द स्वर्ग से सुनाई दिया:
“ ‘मेरी प्रजा उस नगरी से बाहर निकल आओ कि तुम,’
उसके पापों में उसके सहभागी न बनो कि,
उसकी विपत्तियां तुम पर न आ पड़ें.
5 उसके पापों का ढेर स्वर्ग तक आ पहुंचा है.
परमेश्वर ने उसके अधर्मों को याद किया है.
6 उसने जैसा किया है तुम भी उसके साथ वैसा ही करो.
उसके अधर्मों के अनुसार उससे दो गुणा बदला लो.
उसने जिस प्याले में मिश्रण तैयार किया है,
तुम उसी में उसके लिए दो गुणा मिश्रण तैयार करो.
7 उसने जितनी अपनी प्रशंसा की और उसने जितना भोग विलास किया है,
तुम भी उसे उतनी ही यातना और पीड़ा दो.
क्योंकि वह मन ही मन कहती है,
‘मैं तो रानी समान विराजमान हूं,
मैं विधवा नहीं हूं;
मैं कभी विलाप न करूंगी.’
8 यही कारण है कि एक ही दिन में उस पर विपत्ति आ पड़ेगी:
महामारी, विलाप और अकाल.
उसे आग में जला दिया जाएगा,
क्योंकि सामर्थ्यी हैं प्रभु परमेश्वर, जो उसका न्याय करेंगे.
9 “तब पृथ्वी के राजा, जो उसके साथ वेश्यागामी में लीन रहे, जिन्होंने उसके साथ भोग विलास किया, उस ज्वाला का धुआं देखेंगे, जिसमें वह भस्म की गई और वे उसके लिए रोएंगे तथा विलाप करेंगे. 10 उसकी यातना की याद कर डर के मारे दूर खड़े हुए वे कहेंगे:
“ ‘भयानक! कितना भयानक! हे महानगरी,
सामर्थ्यी महानगरी बाबेल!
घंटे भर में ही तेरे दंड का समय आ पहुंचा है!’
11 “पृथ्वी के व्यापारी उस पर रोते हुए विलाप करेंगे क्योंकि उनकी वस्तुएं अब कोई नहीं खरीदता: 12 सोने, चांदी, कीमती रत्न, मोती, उत्तम मलमल, बैंगनी तथा लाल रेशम, सब प्रकार की सुगंधित लकड़ी तथा हाथी-दांत की वस्तुएं, कीमती लकड़ी की वस्तुएं, कांसे, लोहे तथा संगमरमर से बनी हुई वस्तुएं, 13 दालचीनी, मसाले, धूप, मुर्र, लोबान, दाखरस, ज़ैतून का तेल, मैदा, गेहूं, पशु धन, भेड़ें, घोड़े तथा चौपहिया वाहन; दासों तथा मनुष्यों का कोई खरीददार नहीं रहा.
14 “जिस फल से संतुष्ट होने की तुमने इच्छा की थी, वह अब रही ही नहीं. विलासिता और ऐश्वर्य की सभी वस्तुएं तुम्हें छोड़कर चली गईं. वे अब तुम्हें कभी न मिल सकेंगी. 15 इन वस्तुओं के व्यापारी, जो उस नगरी के कारण धनवान हो गए, अब उसकी यातना के कारण भयभीत हो दूर खड़े हो रोएंगे और विलाप करते हुए कहेंगे:
16 “ ‘धिक्कार है! धिक्कार है! हे, महानगरी,
जो उत्तम मलमल के बैंगनी तथा लाल वस्त्र धारण करती थी और स्वर्ण,
कीमती रत्नों तथा मोतियों से दमकती थी!
17 क्षण मात्र में ही उजड़ गया तेरा वैभव!’
“हर एक जलयान स्वामी, हर एक नाविक, हर एक यात्री तथा हर एक, जो अपनी जीविका समुद्र से कमाता है, दूर ही खड़ा रहा. 18 उसे भस्म करती हुई ज्वाला का धुआं देख वे पुकार उठे, ‘है कहीं इस भव्य महानगरी जैसा कोई अन्य नगर?’ 19 अपने सिर पर धूल डाल, रोते-चिल्लाते, विलाप करते हुए वे कहने लगे:
“ ‘धिक्कार है! धिक्कार है, तुझ पर भव्य महानगरी,
जिसकी संपत्ति के कारण सभी जलयान
स्वामी धनी हो गए!
अब तू घंटे भर में उजाड़ हो गई है!’
20 “आनंदित हो हे स्वर्ग!
आनंदित, हो पवित्र लोग!
प्रेरित तथा भविष्यद्वक्ता!
क्योंकि परमेश्वर ने उसे तुम्हारे साथ
किए दुर्व्यवहार के लिए दंडित किया है.”
21 इसके बाद एक बलवान स्वर्गदूत ने विशाल चक्की के पाट के समान पत्थर उठाकर समुद्र में प्रचंड वेग से फेंकते हुए कहा:
“इसी प्रकार फेंक दिया जाएगा
भव्य महानगर बाबेल भी,
जिसका कभी कोई अवशेष तक न मिलेगा.
22 अब से तुझमें गायकों, वीणा, बांसुरी तथा तुरही,
का शब्द कभी सुनाई न पड़ेगा.
अब से किसी भी कारीगर का,
कोई कार्य तुझमें न पाया जाएगा.
अब से तुझमें चक्की की आवाज,
सुनाई न देगी.
23 अब से तुझमें एक भी दीप
न जगमगाएगा,
अब से तुझमें वर और वधू का,
उल्लसित शब्द भी न सुना जाएगा,
तेरे व्यापारी पृथ्वी के सफल व्यापारी थे.
तेरे जादू ने सभी राष्ट्रों को भरमा दिया था.
24 तुझमें ही भविष्यद्वक्ताओं और पवित्र लोगों,
तथा पृथ्वी पर घात किए गए सभी व्यक्तियों का लहू पाया गया.”