सोर का विनाश (continued)

587 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

यहेजकेल 28

1 याहवेह का वचन मेरे पास आया: 2 “हे मनुष्य के पुत्र, सोर के शासक से कहो, ‘परम प्रधान याहवेह का यह कहना है:

“ ‘अपने मन में फूलकर

तुम कहते हो, “मैं एक ईश्वर हूं;

मैं समुद्र के बीच

एक ईश्वर के सिंहासन पर बैठता हूं.”

परंतु तुम सिर्फ एक मरणशील प्राणी हो, ईश्वर नहीं,

यद्यपि तुम सोचते हो कि तुम ईश्वर के समान बुद्धिमान हो.

3 क्या तुम दानिएल से ज्यादा बुद्धिमान हो?

क्या तुमसे कोई भी गुप्‍त बात छिपी नहीं है?

4 अपनी बुद्धि और समझ से

तुमने अपने लिये संपत्ति कमा लिया है

और अपने खजाने में

सोना और चांदी का ढेर लगा लिया है.

5 व्यापार में अपनी निपुणता के द्वारा,

तुमने अपनी संपत्ति बढ़ा ली है,

और तुम्हारे धन के कारण

तुम्हारा मन घमंडी हो गया है.

6 “ ‘इसलिये परम प्रधान याहवेह का यह कहना है:

“ ‘क्योंकि तुम सोचते हो

कि तुम एक ईश्वर के समान बुद्धिमान हो,

7 इसलिये मैं तुम पर विदेशियों से चढ़ाई कराऊंगा,

जो जातियों में सबसे अधिक क्रूर हैं;

वे तुम्हारी सुंदरता और बुद्धिमानी पर अपनी तलवार चलाएंगे

और तुम्हारी चमकती शोभा को नष्ट कर देंगे.

8 वे तुम्हें नीचे गड्ढे में ले आएंगे,

और समुद्र के बीच

तुम्हारी एक हिंसात्मक मृत्यु होगी.

9 जो तुम्हें मार डालते हैं, उनके सामने

क्या तब तुम कहोगे, “मैं एक ईश्वर हूं?”

जो तुम्हारी हत्या करते हैं, उनके हाथों में

तुम एक मरणशील मनुष्य हो, ईश्वर नहीं.

10 तुम विदेशियों के हाथ

ख़तनाहीन व्यक्तियों के समान मारे जाओगे.

मैंने कहा है, परम प्रधान याहवेह की घोषणा है.’ ”

11 याहवेह का वचन मेरे पास आया: 12 “हे मनुष्य के पुत्र, सोर के राजा के बारे में एक विलापगीत लो और उससे कहो: ‘परम प्रधान याहवेह का यह कहना है:

“ ‘तुम बुद्धि से भरे हुए और सुंदरता में उत्तम,

निर्दोषता के मुहर थे.

13 तुम परमेश्वर के बगीचा,

एदेन में थे;

हर बहुमूल्य रत्न तुम्हें सजाता था:

माणिक्य, हीरा और पन्‍ना,

पुखराज, गोमेदक और मणि,

नीलम, फ़िरोजा और मरकत.

तुम्हारे बैठने की जगह और सवारी की वस्तु सोने के बने हुए थे;

जिस दिन तुम्हारी सृष्टि की गई, उसी दिन ये तैयार किए गये.

14 एक अभिभावक करूब के रूप में तुम्हारा राजतिलक हुआ था,

इसी काम हेतु मैंने तुम्हें नियुक्त किया था.

तुम परमेश्वर के पवित्र पर्वत पर थे;

तुम प्रज्वलित पत्थरों के बीच चलते फिरते थे.

15 अपनी सृष्टि के दिन से ही तुम अपने आचार

व्यवहार में निर्दोष थे,

जब तक कि तुममें दुष्टता न पायी गई.

16 अपने व्यापार के फैले होने के कारण

तुम हिंसा से भर गये थे,

और तुमने पाप किया.

इसलिये मैंने तुम्हें कलंक के साथ परमेश्वर के पर्वत से भगा दिया,

और हे अविभावक करूब,

मैं ने तुम्हें प्रज्वलित पत्थरों के बीच से निकाल दिया.

17 अपनी सुंदरता के कारण

तुम्हारा मन घमंडी हो गया,

और अपने वैभव के कारण

तुमने अपनी बुद्धि को भ्रष्‍ट कर लिया.

इसलिये मैंने तुम्हें भूमि पर फेंक दिया;

मैंने तुम्हें राजाओं के सामने एक तमाशा बना दिया.

18 अपने बहुत पाप और बेईमानी के व्यापार से

तुमने अपने पवित्र स्थानों को अपवित्र कर दिया.

इसलिये मैंने तुमसे ही एक आग उत्पन्‍न की,

और उसने तुम्हें जलाकर नष्ट कर दिया,

और जो देख रहे थे, उन सबके सामने,

मैंने तुम्हें भूमि पर राख बना दिया.

19 सब जाति के लोग जो तुम्हें जानते थे,

तुम्हारी स्थिति से भयभीत हो गये;

तुम्हारा एक भयानक अंत हुआ है,

और तुम्हारा अस्तित्व अब न रहेगा.’ ”

20 याहवेह का वचन मेरे पास आया: 21 “हे मनुष्य के पुत्र, सीदोन की ओर अपना मुंह करके उसके विरुद्ध भविष्यवाणी करो 22 और कहो: ‘परम प्रधान याहवेह का यह कहना है:

“ ‘हे सीदोन, मैं तुम्हारे विरुद्ध हूं,

और तुम्हारे बीच मैं अपनी महिमा प्रकट करूंगा.

जब मैं तुम्हें दंड दूंगा

तब तुम जानोगे कि मैं याहवेह हूं,

और तुम्हारे ही बीच मैं पवित्र ठहरूंगा.

23 मैं तुम्हारे बीच महामारी फैलाऊंगा

और तुम्हारी गलियों में खून बहाऊंगा.

चारों तरफ से तुम्हारे विरुद्ध तलवार चलेगी,

और मारे गये लोग तुम्हारे ही बीच गिरेंगे.

तब तुम जानोगे कि मैं याहवेह हूं.

24 “ ‘तब इस्राएली लोगों के ऐसे पड़ोसी देश नहीं होंगे, जो पीड़ादायक कंटीली झाड़ी और तेज चुभनेवाले कांटे जैसे हों. तब वे जानेंगे कि मैं परम प्रधान याहवेह हूं.

25 “ ‘परम प्रधान याहवेह का यह कहना है: जब मैं इस्राएल के लोगों को उन जाति के लोगों में से इकट्ठा करूंगा, जिनके बीच वे बिखर गये हैं, तो मैं उनके द्वारा उन जाति के लोगों की दृष्टि में पवित्र ठहरूंगा. तब वे अपने स्वयं के देश में रहेंगे, जिसे मैंने अपने सेवक याकोब को दिया था. 26 वे वहां सुरक्षित रहेंगे और घर बनाएंगे और अंगूर की बारी लगाएंगे; वे सुरक्षित रहेंगे जब मैं उनके उन सब पड़ोसी देशों को दंड दूंगा, जो उनसे शत्रुता रखते थे. तब वे जानेंगे कि मैं उनका परमेश्वर, याहवेह हूं.’ ”

फ़रोह के लिए यहेजकेल का विलाप

मिस्र के विरुद्ध एक भविष्यवाणी।

यहेजकेल 32:1–16

1 बारहवें वर्ष के, बारहवें माह के पहले दिन, याहवेह का वचन मेरे पास आया: 2 “हे मनुष्य के पुत्र, मिस्र के राजा फ़रोह के बारे में एक विलापगीत लो और उसे सुनाओ:

“ ‘जाति-जाति के लोगों के बीच तुम एक सिंह की तरह हो;

समुद्र में तुम एक विशाल और विलक्षण प्राणी की तरह हो,

तुम अपने सोतों में मजा लेते,

पांव से पानी को मथते,

और सोतों को कीचड़ से भर देते हो.

3 “ ‘परम प्रधान याहवेह का यह कहना है:

“ ‘लोगों की एक बड़ी भीड़ के साथ

मैं तुम पर अपना जाल फेंकूंगा,

और वे तुम्हें मेरे जाल में ऊपर खींच लेंगे.

4 मैं तुम्हें भूमि पर फेंक दूंगा,

और खुले मैदान में तुम्हें पटक दूंगा.

मैं आकाश के सब पक्षियों को तुम पर बसेरा करने दूंगा

और बंजर भूमि के सारे पशु तुम्हें भकोसकर खा जाएंगे.

5 मैं तुम्हारा मांस पर्वतों पर बिखरा दूंगा

और घाटियों को तुम्हारे बचे अंगों से भर दूंगा.

6 मैं तुम्हारे बहते हुए खून से

पर्वतों तक की भूमि को भीगा दूंगा,

और घाटियां तुम्हारे मांस से भर जाएंगी.

7 जब मैं तुम्हें सूंघकर निकालूंगा तब मैं आकाश को ढांक दूंगा

और उसके तारों को अंधेरा कर दूंगा;

मैं सूर्य को एक बादल से ढांक दूंगा,

और चंद्रमा अपना प्रकाश न देगा.

8 आकाश के सब चमकते ज्योतियों को

मैं तुम्हारे लिये अंधेरा कर दूंगा;

मैं तुम्हारे देश पर अंधकार ले आऊंगा, प्रभु याहवेह की वाणी है!

9 जब जाति-जाति के लोगों के बीच,

और उन देशों के बीच जिसे तुम नहीं जानते,

मैं तुम्हारे ऊपर विनाश लाऊंगा, तब मैं बहुतों के मन को व्याकुल करूंगा.

10 जब मैं उनके सामने अपनी तलवार चलाऊंगा,

तब मैं बहुत से लोगों को तुमसे भयभीत कराऊंगा,

और उनके राजा तुम्हारे कारण अत्यधिक भय से कांपेंगे.

तुम्हारे पतन के दिन

उनमें से हर एक अपने जीवन के लिये

हर क्षण कांपेगा.

11 “ ‘क्योंकि परम प्रधान याहवेह का यह कहना है:

“ ‘बाबेल के राजा की तलवार

तुम्हारे ऊपर चलेगी.

12 मैं शक्तिशाली लोगों की तलवार से

तुम्हारे उपद्रवी लोगों को मरवाऊंगा—

ये शक्तिशाली लोग सब जातियों में सबसे अधिक निर्दयी हैं.

वे मिस्र के अहंकार को चकनाचूर कर देंगे,

और उसके सब उपद्रवी लोग नाश कर दिये जाएंगे.

13 मैं उसके सब पशुओं को

जलाशयों के किनारे से नष्ट कर दूंगा

जिससे पानी मनुष्य के पांव से मथकर गंदा न हो

या पशुओं के खुर से वहां कीचड़ न हो.

14 तब मैं उसके पानी को साफ कर दूंगा

और उसके सोतों से पानी को तेल की तरह बहाऊंगा,

परम प्रधान याहवेह की घोषणा है.

15 जब मैं मिस्र देश को उजाड़ दूंगा

और देश से सब चीज़ों को छीन लूंगा,

जब मैं उन सबको मारूंगा, जो वहां रहते हैं,

तब वे जानेंगे कि मैं याहवेह हूं.’

16 “यह वह विलापगीत है, जिसे वे उसके लिये गाएंगे. जनताओं की बेटियां इसे गाएंगी; मिस्र देश और उसके सब उपद्रवी लोगों के लिये वे इसे गाएंगी, परम प्रधान याहवेह की घोषणा है.”