अपने शत्रुओं के साथ कलीसिया का महान संघर्ष
भविष्य में कलीसिया और उसके शत्रुओं के बीच होने वाले बड़े संघर्ष और अंतिम दिनों में यहूदियों के विश्वास परिवर्तन की भविष्यवाणी।
587 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
1 याहवेह का वचन मेरे पास आया: 2 “हे मनुष्य के पुत्र, मागोग देश के गोग की ओर अपना मुंह करो, जो रोश, मेशेख और तूबल का मुख्य राजकुमार है; और उसके विरुद्ध भविष्यवाणी करो 3 और कहो: ‘परम प्रधान याहवेह का यह कहना है: हे रोश, मेशेख और तूबल के मुख्य राजकुमार गोग, मैं तुम्हारे विरुद्ध हूं. 4 मैं तुम्हें दूसरी तरफ मोड़ दूंगा और तुम्हारे जबड़ों में लोहे का कांटा डालकर तुम्हें तुम्हारी पूरी सेना समेत बाहर ले आऊंगा—तुम्हारे घोड़े, हथियार से सज्जित तुम्हारे घुड़सवार, छोटी तथा बड़ी ढाल लिये बड़ा उपद्रवी झुंड, और वे जो अपनी तलवार भांज रहे हैं, उन सभों को बाहर ले आऊंगा. 5 फारस, कूश और पूट अपनी ढाल लिये और टोप पहने उनके साथ होंगे, 6 गोमर अपनी पूरी सेना के साथ, दूर उत्तर दिशा से बेथ-तोगरमाह अपनी पूरी सेना के साथ—बहुत सारी जातियां तुम्हारे साथ बाहर ले आऊंगा.
7 “ ‘तैयार हो जाओ, तैयार रहो, तुम और पूरा उपद्रवी झुंड, जो तुम्हारे पास इकट्ठे हुए हैं, और उनको अपने अधिकार में ले लो. 8 बहुत दिनों के बाद तुम्हें बुलाया जाएगा. आनेवाले सालों में तुम एक देश पर आक्रमण करोगे, जो युद्ध के मार से उभर चुका होगा, जिसके लोग बहुत सी जनताओं से आकर इस्राएल के उन पर्वतों पर इकट्ठे हुए होंगे, जो बहुत समय से उजाड़ पड़ा था. उन्हें बहुत सी जातियों से बाहर लाया गया था, और अब वे सब सुरक्षा में निवास करते हैं. 9 तुम और तुम्हारी सारी सेना और तुम्हारे साथ बहुत सी जनता आंधी की तरह आगे बढ़ती हुई आगे जाएगी; तुम उस बादल की तरह होंगे, जो देश के ऊपर छा जाता है.
10 “ ‘परम प्रधान याहवेह का यह कहना है: उस दिन तुम्हारे मन में विचार उठेंगे और तुम एक बुरी युक्ति करोगे. 11 तुम कहोगे, “मैं बिना दीवार वाले गांवों के एक देश पर आक्रमण करूंगा; मैं उन पर आक्रमण करूंगा, जो शांतिपूर्वक और निडर रहते हैं—उनमें से सब बिना किसी दीवार और बिना द्वार और बल्लियों के निवास कर रहे हैं. 12 मैं उन्हें लूटूंगा और उनसे छीन लूंगा और मेरा हाथ फिर से बनाये गए खंडहरों और विभिन्न जातियों से इकट्ठे हुए उन लोगों के विरुद्ध उठेगा, जिनके पास बहुत सारे पशु और संपत्ति है और जो देश के बीच में रहते हैं.” 13 शीबा और देदान के लोग और तरशीश के व्यापारी और इसके सब गांव तुमसे कहेंगे, “क्या तुम लूटने आये हो? क्या तुमने अपने उपद्रवी झुंड को लूटने, सोना और चांदी ले जाने, पशुओं तथा संपत्ति को ले जाने और लूट के सामान पर कब्जा करने के लिये इकट्ठा किया है?” ’
14 “इसलिये हे मनुष्य के पुत्र, भविष्यवाणी करके गोग से कहो: ‘परम प्रधान याहवेह का यह कहना है: उस समय, जब मेरे इस्राएली लोग सुरक्षित रह रहे होंगे, तब क्या तुम्हारा ध्यान इस पर नहीं जाएगा? 15 तुम बहुत दूर उत्तर में अपने स्थान से आओगे, तुम्हारे साथ बहुत सी जाति के लोग होंगे, वे सब घोड़ों पर सवार होंगे, अर्थात् एक बड़ा उपद्रवी झुंड, एक शक्तिशाली सेना होगी. 16 तुम मेरे इस्राएली लोगों के विरुद्ध उस बादल की तरह आगे बढ़ोगे, जो देश पर छा जाता है. हे गोग, आनेवाले दिनों में, मैं तुम्हें मेरे ही देश के विरुद्ध आक्रमण करवाऊंगा, ताकि जब मैं तुम्हारे ज़रिए जाति-जाति के लोगों की आंखों के सामने पवित्र साबित होऊं, तब वे मुझे जानें.
17 “ ‘परम प्रधान याहवेह का यह कहना है: तुम ही हो, जिससे मैंने पूर्व के दिनों में अपने सेवकों अर्थात् इस्राएल के भविष्यवक्ताओं के द्वारा बात किया. उस समय वे सालों तक भविष्यवाणी करते रहे कि मैं तुम्हें उनके विरुद्ध लाऊंगा. 18 उस दिन यह होगा: जब गोग इस्राएल देश पर आक्रमण करेगा, तब मेरा गुस्सा बहुत भड़केगा, परम प्रधान याहवेह की घोषणा है. 19 अपने उत्साह और भयंकर कोप में, मैं घोषणा करता हूं कि उस समय इस्राएल देश में एक बड़ा भूकंप होगा. 20 समुद्र की मछलियां, आकाश के पक्षी, मैदान के पशु, भूमि पर रेंगनेवाले सब जंतु, और पृथ्वी पर रहनेवाले सब लोग मेरी उपस्थिति से कांप उठेंगे. पर्वत गिरा दिये जाएंगे, सीधी चट्टानें टुकड़े-टुकड़े हो जाएंगी और हर एक दीवार ज़मीन पर गिर जाएगी. 21 मैं गोग के विरुद्ध अपने सब पर्वतों पर तलवार चलवाऊंगा, परम प्रधान याहवेह की घोषणा है. हर एक व्यक्ति अपने ही भाई के विरुद्ध तलवार चलाएगा. 22 मैं उस पर महामारी लाकर और रक्तपात करने के द्वारा न्याय करूंगा; मैं उस पर, उसकी सेना पर और उसके साथ की बहुत सी जातियों पर मूसलाधार बारिश करूंगा और उन पर ओला और जलता हुआ गंधक गिराऊंगा. 23 और इस प्रकार मैं अपनी महानता और अपनी पवित्रता दिखाऊंगा, और मैं बहुत सी जाति के लोगों की दृष्टि में अपने आपको प्रगट करूंगा. तब वे जानेंगे कि मैं याहवेह हूं.’
39:1 “हे मनुष्य के पुत्र, गोग के विरुद्ध भविष्यवाणी करके कहो: परम प्रधान याहवेह का यह कहना है: ‘हे गोग! रोश, मेशेख और तूबल के मुख्य राजकुमार, मैं तुम्हारे विरुद्ध हूं. 2 मैं तुम्हें घूमा दूंगा और साथ में घसीटूंगा. मैं तुम्हें बहुत दूर उत्तर दिशा से लाऊंगा और तुम्हें इस्राएल के पर्वतों के विरुद्ध भेजूंगा. 3 तब मैं तुम्हारे बायें हाथ के धनुष को मारूंगा और तुम्हारे दायें हाथ से तुम्हारे तीरों को गिरा दूंगा. 4 इस्राएल के पर्वतों पर तुम गिरोगे, तुम्हारे साथ तुम्हारी सारी सेना और तुम्हारे साथ की जातियां भी गिरेंगी. मैं तुम्हें भोजन के रूप में सड़ा मांस खानेवाले सब प्रकार के पक्षियों और जंगली जानवरों को दे दूंगा. 5 तुम खुले मैदान में गिरोगे, क्योंकि मैंने कहा है, परम प्रधान याहवेह की घोषणा है. 6 मैं मागोग और उन पर आग भेजूंगा, जो समुद्रतट में सुरक्षा की स्थिति में रहते हैं, और वे जानेंगे कि मैं याहवेह हूं.
7 “ ‘मैं अपने इस्राएली लोगों के बीच अपने पवित्र नाम को प्रगट करूंगा. मैं अपने पवित्र नाम को फिर अपवित्र होने नहीं दूंगा, और जाति-जाति के लोग जानेंगे कि मैं याहवेह ही इस्राएल में पवित्र हूं. 8 यह आ रहा है! यह निश्चित होकर रहेगा, परम प्रधान याहवेह की घोषणा है. यह वह दिन है, जिसके बारे में मैंने कहा है.
9 “ ‘तब जो इस्राएल नगरों में निवास करते हैं, वे बाहर जाएंगे और हथियारों का प्रयोग ईंधन के लिये करेंगे और उन्हें जला देंगे—छोटी और बड़ी ढाल, धनुष एवं तीर, युद्ध की गदा और बर्छी सबको जला देंगे. सात सालों तक वे उनका उपयोग ईंधन के रूप में करेंगे. 10 उन्हें मैदान में लकड़ी जमा करने की या बंजर भूमि से लकड़ी काटने की आवश्यकता नहीं होगी, क्योंकि वे हथियारों का उपयोग ईंधन के लिये करेंगे. और वे उनको लूटेंगे, जो उनको लूटे थे और उनसे छीनेंगे, जो उनसे छीन लिये थे, परम प्रधान याहवेह की घोषणा है.
11 “ ‘उस दिन मैं गोग को इस्राएल में एक कब्रस्थान दूंगा, जो उन लोगों की घाटी में होगा, जो समुद्र के पूर्व की ओर यात्रा करते हैं. यह कब्रस्थान यात्रा करनेवालों का रास्ता रोकेगा, क्योंकि गोग और उसके सब उपद्रवी झुंड को वहां दफना दिया जाएगा. इसलिये इस स्थान को हामोन-गोग की घाटी कहा जाएगा.
12 “ ‘देश को शुद्ध करने के लिये इस्राएली उन्हें सात माह तक मिट्टी देते रहेंगे, 13 देश के सब लोग उन्हें मिट्टी देंगे, और जिस दिन मैं अपनी महिमा को प्रगट करूंगा, वह उनके लिये एक यादगार दिन होगा, परम प्रधान याहवेह की घोषणा है. 14 देश को शुद्ध करने के लिये लोगों की लगातार नियुक्ति की जाएगी. वे पूरे देश में फैल जाएंगे और दूसरों के साथ मिलकर वे उन लाशों को मिट्टी देंगे, जो ज़मीन पर पड़ी मिलेंगी.
“ ‘सात माह के बाद, वे और विस्तृत खोज करेंगे. 15-16 जब वे देश में से होकर जाएंगे, तब यदि किसी को कोई मनुष्य की हड्डी दिखेगी, तो वह उस हड्डी के बाजू में एक चिन्ह छोड़ देगा, और चिन्ह तब तक रहेगा, जब तक कब्र खोदनेवाले आकर उसे हामोनाह नामक नगर के निकट, हामोन-गोग की घाटी में मिट्टी न दे दें. और इस प्रकार वे देश को शुद्ध करेंगे.’
17 “हे मनुष्य के पुत्र, परम प्रधान याहवेह का यह कहना है: सब प्रकार के पक्षी और सब जंगली जानवरों को बुलाओ: ‘सब तरफ से आओ और उस बलिदान के लिये एक जगह जमा हो जाओ, जिसे मैं तुम्हारे लिये तैयार कर रहा हूं. यह इस्राएल के पर्वतों पर महान बलिदान होगा. वहां तुम मांस खाओगे और खून पियोगे. 18 तुम शक्तिशाली लोगों के मांस को खाओगे और पृथ्वी के राजकुमारों का खून ऐसे पियोगे, मानो वे मेढ़े और मेमने, बकरे और बैल हों—जिन्हें बाशान में मोटा-ताजा किया गया हो. 19 जो बलिदान मैं तुम्हारे लिये तैयार कर रहा हूं, उसे खाते-खाते तृप्त हो जाओगे और खून को पीते-पीते छक जाओगे. 20 मेरी मेज़ पर घोड़ों और सवारों, शक्तिशाली मनुष्यों और हर प्रकार के सैनिकों को खाकर संतुष्ट हो जाओगे,’ परम प्रधान याहवेह की घोषणा है.
21 “मैं जाति-जाति के लोगों के बीच अपनी महिमा प्रगट करूंगा, और सारी जातियां उनको दिये गए मेरे दंड और उन पर उठे मेरे हाथ को देखेंगी. 22 उस दिन से आगे इस्राएल के लोग जानेंगे कि मैं याहवेह, उनका परमेश्वर हूं. 23 और जाति-जाति के लोग जानेंगे कि इस्राएली अपने पाप के कारण बंधुआई में चले गये थे, क्योंकि वे मेरे प्रति विश्वासयोग्य नहीं थे. इसलिये मैंने अपना मुंह उनसे छिपा लिया और उन्हें उनके शत्रुओं के अधीन कर दिया, और वे सब तलवार से मारे गए. 24 उनकी अशुद्धता और उनके अपराधों के अनुसार मैंने उनसे व्यवहार किया, और मैंने अपना मुंह उनसे छिपा लिया.
25 “इसलिये परम प्रधान याहवेह का यह कहना है: अब मैं याकोब की स्थिति को बदलूंगा और इस्राएल के सब लोगों पर कृपा करूंगा, और मैं अपने पवित्र नाम के लिये उत्साही रहूंगा. 26 जब वे अपने देश में सुरक्षित रहेंगे और उन्हें कोई भयभीत करनेवाला न होगा, तब वे अपनी लज्जा और मेरे प्रति किए गए सब विश्वासघात को भूल जाएंगे. 27 जब मैं उन्हें विभिन्न जाति के लोगों के बीच से वापस ले आऊंगा और उनके शत्रुओं के देश में से लाकर उन्हें इकट्ठा कर लूंगा, तब उनके ज़रिए मैं बहुत सी जनताओं की दृष्टि में पवित्र ठहरूंगा. 28 तब वे जानेंगे कि मैं याहवेह, उनका परमेश्वर हूं, हालाकि मैंने उन्हें जाति-जाति के लोगों के बीच बंधुआई में जाने दिया था पर मैं उन्हें उनके अपने देश में इकट्ठा करूंगा, और एक को भी पीछे नहीं छोड़ूंगा. 29 मैं फिर कभी उनसे अपना मुंह नहीं छिपाऊंगा, क्योंकि मैं इस्राएल के लोगों पर अपना आत्मा उंडेलूंगा, परम प्रधान याहवेह की घोषणा है.”