कलीसिया की भावी महिमा और विजय (continued)

710 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

यशायाह 62–64

1 ज़ियोन के हित में मैं चुप न रहूंगा,

येरूशलेम के कल्याण के लिए मैं शांत न रहूंगा,

जब तक कि उसकी धार्मिकता के समान,

और उसका उद्धार जलते हुए पीतल के समान दिखाई न दे.

2 तब अन्य जातियां,

तेरा धर्म और सब राजा तेरी महिमा देखेंगे;

और तेरा एक नया नाम रखा जायेगा

जो याहवेह के मुंह से निकलेगा.

3 तुम याहवेह के हाथों में एक सुंदर मुकुट,

तथा परमेश्वर की हथेली में राज मुकुट ठहरोगे.

4 इसके बाद तुम्हारी पहचान त्यागी हुई के रूप में न होगी,

न ही तुम्हारा देश उजड़ा हुआ कहलायेगा.

परंतु तुम हेप्सीबा,

और तुम्हारी भूमि ब्यूला कहलाएगी;

क्योंकि याहवेह तुमसे प्रसन्‍न है,

और तुम्हारी भूमि अच्छी उपज उपजायेगी.

5 जिस प्रकार एक युवा कुंवारी कन्या से विवाह करता है,

उसी प्रकार तुम्हारे निर्माण-कर्ता पुनः तुमसे विवाह करेंगे;

जिस प्रकार वर के आनंद का विषय होती है वधू,

उसी प्रकार तुम्हारे परमेश्वर तुम्हारे कारण आनंदित होंगे.

6 हे येरूशलेम, मैंने तुम्हारी शहरपनाह पर स्वर्गदूत बिठाए हैं;

सारी रात और दिन वे चुप न रहेंगे.

हे याहवेह को स्मरण करनेवालो, चुप न रहो.

7 तुम याहवेह को चैन मत देना जब तक वे येरूशलेम

को स्थिर करके उसे पृथ्वी की प्रशंसा पात्र न बना दें!

8 याहवेह ने अपने दाएं हाथ:

“तथा बलवंत हाथ की शपथ ली है:

निश्चय अब मैं कभी भी तुम्हारी उपज को

तुम्हारे शत्रुओं का भोजन न होने दूंगा,

न ही मैं तुम्हारे मेहनत से लगाये दाखरस को

परदेशियों को खाने दूंगा;

9 किंतु वे जो इसे जमा करेंगे

वे इसे खाकर याहवेह की स्तुति करेंगे,

और जिन्होंने दाखमधु भंडार में रखा हो

वे ही उसके पवित्र स्थान के आंगनों में पायेंगे.”

10 सब फाटकों से होकर निकलो!

लोगों के लिए मार्ग सीधा करो.

राजमार्ग को बनाओ!

सभी पत्थर मार्ग से हटाकर.

लोगों के लिए झंडा ऊंचा करो.

11 देखो, याहवेह ने पृथ्वी की छोर तक

इस आज्ञा का प्रचार किया है:

“ज़ियोन की बेटी से कहो,

‘देख, तेरा उद्धारकर्ता आया है!

और मजदूरी उसके पास है,

तथा उनका प्रतिफल उन्हें देगा.’ ”

12 वे उन्हें पवित्र प्रजा,

और याहवेह के छुड़ाए हुए कहेंगे,

और तेरा नाम गृहण की हुई,

अर्थात् न त्यागी गई नगरी पड़ेगा.

63:1 कौन है वह जो एदोम के बोज़राह से चला आ रहा है,

जो बैंगनी रंग के कपड़े पहने हुए हैं?

जो बलवान और बहुत

भड़कीला वस्त्र पहने हुए आ रहा है?

“मैं वही हूं, जो नीति से बोलता,

और उद्धार करने की शक्ति रखता हूं.”

2 तुम्हारे वस्त्र लाल क्यों है,

तुम्हारे वस्त्र हौद में दाख रौंदने वाले के समान क्यों है?

3 “मैंने अकेले ही दाख को रौंदा;

जनताओं से कोई भी मेरे साथ न था.

अपने क्रोध में ही मैंने दाख रौंदा

और उन्हें कुचल दिया था;

उनके लहू का छींटा मेरे वस्त्रों पर पड़ा,

और मेरे वस्त्र में दाग लग गया.

4 मेरे मन में बदला लेने का दिन निश्चय था;

मेरी छुड़ाई हुई प्रजा का वर्ष आ गया है.

5 मैंने ढूंढ़ा, तब कोई नहीं मिला सहायता के लिए,

कोई संभालने वाला भी;

तब मैंने अपने ही हाथों से उद्धार किया,

और मेरी जलजलाहट ने ही मुझे संभाला.

6 मैंने अपने क्रोध में जनताओं को कुचल डाला;

तथा अपने गुस्से में उन्हें मतवाला कर दिया

और उनके लहू को भूमि पर बहा दिया.”

7 जितनी दया याहवेह ने हम पर की,

अर्थात् इस्राएल के घराने पर,

दया और अत्यंत करुणा करके जितनी भलाई हम पर दिखाई—

उन सबके कारण मैं याहवेह के करुणामय कामों का वर्णन

और उसका गुण गाऊंगा.

8 क्योंकि याहवेह ही ने उनसे कहा, “वे मेरी प्रजा हैं,

वे धोखा न देंगे”;

और वह उनका उद्धारकर्ता हो गए.

9 उनके संकट में उसने भी कष्ट उठाया,

उनकी उपस्थिति के स्वर्गदूत ने ही उनका उद्धार किया.

अपने प्रेम एवं अपनी कृपा से उन्होंने उन्हें छुड़ाया;

और पहले से उन्हें उठाए रखा.

10 तो भी उन्होंने विद्रोह किया

और पवित्रात्मा को दुःखी किया.

इस कारण वे उनके शत्रु हो गए

और खुद उनसे लड़ने लगे.

11 तब उनकी प्रजा को बीते दिन,

अर्थात् मोशेह के दिन याद आए: कहां हैं वह,

जिन्होंने उन्हें सागर पार करवाया था,

जो उनकी भेड़ों को चरवाहे समेत पार करवाया?

कहां हैं वह जिन्होंने अपना पवित्रात्मा उनके बीच में डाला,

12 जिन्होंने अपने प्रतापी हाथों को

मोशेह के दाएं हाथ में कर दिया,

जिन्होंने सागर को दो भाग कर दिया,

और अपना नाम सदा का कर दिया,

13 जो उन्हें सागर तल की गहराई पर से दूसरे पार ले गए?

वे बिलकुल भी नहीं घबराए,

जिस प्रकार मरुस्थल में घोड़े हैं;

14 याहवेह के आत्मा ने उन्हें इस प्रकार शांति दी,

जिस प्रकार पशु घाटी से उतरते हैं.

आपने इस प्रकार अपनी प्रजा की अगुवाई की

कि आपकी महिमा हो क्योंकि आप हमारे पिता हैं.

15 स्वर्ग से अपने पवित्र एवं

वैभवशाली उन्‍नत निवास स्थान से नीचे देखिए.

कहां है आपकी वह खुशी तथा आपके पराक्रम के काम?

आपके दिल का उत्साह तथा आपकी कृपा मेरे प्रति अब नहीं रह गई.

16 आप हमारे पिता हैं,

यद्यपि अब्राहाम हमें नहीं जानता

और इस्राएल भी हमें ग्रहण नहीं करता;

तो भी, हे याहवेह, आप ही हमारे पिता हैं,

हमारा छुड़ानेवाले हैं, प्राचीन काल से यही आपका नाम है.

17 हे याहवेह आपने क्यों हमें आपके मार्गों से भटक जाने के लिए छोड़ दिया हैं,

आप क्यों हमारे दिल को कठोर हो जाने देते हैं कि हम आपका भय नहीं मानते?

अपने दास के लिए लौट आइए,

जो आप ही की निज प्रजा है.

18 आपका पवित्र स्थान आपके लोगों को कुछ समय के लिये ही मिला था,

लेकिन हमारे शत्रुओं ने इसे रौंद डाला.

19 अब तो हमारी स्थिति ऐसी हो गई है;

मानो हम पर कभी आपका अधिकार था ही नहीं,

और जो आपके नाम से कभी जाने ही नहीं गए थे.

64:1 भला हो कि आप आकाश को फाड़कर नीचे आ सकते,

कि पर्वत आपके सामने कांप उठे!

2 जिस प्रकार आग झाड़ को जला देती है

या जल को उबालती है,

वैसे ही आपके विरोधियों को आपकी प्रतिष्ठा का बोध हो जाता

कि आपकी उपस्थिति से राष्ट्र कांप उठते हैं!

3 जब आपने ऐसे भयानक काम किए थे,

तब आप उतर आए थे, पर्वत आपकी उपस्थिति में कांप उठे.

4 पूर्वकाल से न तो उन्होंने सुना है,

न ही देखा गया है,

आपके सिवाय हमारे लिए और कोई परमेश्वर नहीं हुआ है,

जो अपने भक्तों की ओर ध्यान दे.

5 आप उन्हीं से मिलते हैं जो आनंद से नीतियुक्त काम करते हैं,

जो आपको याद रखते हुए आपके मार्गों पर चलते हैं.

सच है कि आप हमारे पाप के कारण क्रोधित हुए,

और हमारी यह दशा बहुत समय से है.

क्या हमें छुटकारा मिल सकता है?

6 हम सभी अशुद्ध मनुष्य के समान हो गये है,

हमारे धर्म के काम मैले चिथडों के समान है;

हम सभी पत्तों के समान मुरझा जाते हैं,

हमारे अधर्म के काम हमें हवा में उड़ा ले जाते हैं.

7 ऐसा कोई भी नहीं जो आपके नाम की दोहाई देता है

और जो आपको थामे रहने का प्रयास यत्न से करता है;

क्योंकि आपने हमसे अपना मुंह छिपा लिया

है तथा हमें हमारी बुराइयों के हाथ कर दिया है.

8 किंतु अब, याहवेह, हमने आपको पिता समान स्वीकारा है.

हम तो मात्र मिट्टी हैं, आप हमारे कुम्हार;

हम सभी आपके हाथ की रचना हैं.

9 इसलिये हे याहवेह, क्रोधित न होईये;

और अनंत काल तक हमारे पापों को याद न रखिए.

हमारी ओर ध्यान दीजिए,

हम सभी आपके अपने ही हैं.

10 देखो आपका पवित्र नगर बंजर भूमि हो गया है;

ज़ियोन अब सुनसान है! येरूशलेम उजाड़ पड़ा है.

11 हमारा पवित्र एवं भव्य भवन, जहां हमारे पूर्वजों ने आपकी स्तुति की थी,

आग से जला दिया गया है,

हमारी सभी अमूल्य वस्तुएं नष्ट हो चुकी हैं.

12 यह सब होते हुए भी, याहवेह, क्या आप अपने आपको रोके रहेंगे?

क्या आप हमें इस दुर्दशा में रहने देंगे?