भाग 7: शलोमोन का पाप (continued)

980 से 975 तक ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

उद्बोधक 8–9

1 कौन बुद्धिमान के समान है?

किसे इस बात का मतलब मालूम है?

बुद्धि से बुद्धिमान का चेहरा चमक जाता है.

2 दार्शनिक कहता है, परमेश्वर के सामने ली गई शपथ के कारण राजा की आज्ञा का पालन करो. 3 उनके सामने से जाने में जल्दबाजी न करना और बुरी बातों पर हठ न करना, क्योंकि राजा वही करेंगे जो उनकी नज़रों में सही होगा. 4 राजा की बातों में तो अधिकार होता है, उन्हें कौन कहेगा, “आप क्या कर रहे हैं?”

5 जो व्यक्ति आज्ञा का पालन करता है, बुरा उसका भी न होगा,

क्योंकि बुद्धिमान हृदय को सही समय और सही तरीका मालूम होता है.

6 क्योंकि हर एक खुशी के लिए सही समय और तरीका होता है,

फिर भी एक व्यक्ति पर भारी संकट आ ही जाता है.

7 अगर किसी व्यक्ति को यह ही मालूम नहीं है कि क्या होगा,

तो कौन उसे बता सकता है कि क्या होगा?

8 वायु को रोकने का अधिकार किसके पास है?

और मृत्यु के दिन पर अधिकार कौन रखता है?

युद्ध के समय छुट्टी नहीं होती,

और जो बुराई करते हैं वे इसके प्रभाव से कैसे बचेंगे.

9 यह सब देख मैंने अपने हृदय को सूरज के नीचे किए जा रहे हर एक काम पर लगाया जब एक मनुष्य दूसरे मनुष्य की बुराई के लिए उसके अधिकार का इस्तेमाल करता है. 10 सो मैंने दुष्टों को गाड़े जाते देखा. वे पवित्र स्थान में आते जाते थे. किंतु जहां वे ऐसा करते थे जल्द ही उस नगर ने उन्हें भुला दिया. यह भी बेकार ही है.

11 बुरे काम के दंड की आज्ञा जल्दबाजी में नहीं दी जाती, इसलिये मनुष्य का हृदय बुराई करने में हमेशा लगा रहता है, 12 चाहे पापी हज़ार बार बुरा करें और अपने जीवन को बढ़ाते रहें, मगर मुझे मालूम है कि जिनमें परमेश्वर के लिए श्रद्धा और भय की भावना है उनका भला ही होगा, क्योंकि उनमें परमेश्वर के प्रति श्रद्धा और भय की भावना हैं. 13 मगर दुष्ट के साथ अच्छा न होगा और न ही वह परछाई के समान अपने सारे जीवन को बड़ा कर सकेगा, क्योंकि उसमें परमेश्वर के लिए श्रद्धा और भय की भावना नहीं है.

14 पृथ्वी पर एक और बात बेकार होती है: धर्मियों के साथ दुष्टों द्वारा किए गए कामों के अनुसार घटता है और दुष्टों के साथ धर्मियों द्वारा किए गए कामों के अनुसार. मैंने कहा कि यह भी बेकार ही है. 15 सो मैं आनंद की तारीफ़ करता हूं, सूरज के नीचे मनुष्य के लिए इससे अच्छा कुछ नहीं है कि वह खाए-पिए और खुश रहे क्योंकि सूरज के नीचे परमेश्वर द्वारा दिए गए उसके जीवन भर में उसकी मेहनत के साथ यह हमेशा रहेगा.

16 जब मैंने अपने हृदय को बुद्धि के और पृथ्वी पर के कामों के बारे में मालूम करने के लिए लगाया (हालांकि एक व्यक्ति को दिन और रात नहीं सोना चाहिए). 17 और मैंने परमेश्वर के हर एक काम को देखा, तब मुझे मालूम हुआ कि सूरज के नीचे किया जा रहा हर एक काम मनुष्य नहीं समझ सकता. जबकि मनुष्य बहुत मेहनत करे फिर भी उसे यह मालूम न होगा और चाहे बुद्धिमान का यह कहना हो कि, मुझे मालूम है, फिर भी वह इसे मालूम नहीं कर सकता.

9:1 मैंने सभी कामों में अपना मन लगाया और यह मतलब निकाला कि धर्मी, बुद्धिमान और उनके सारे काम परमेश्वर के हाथ में हैं. मनुष्य को यह मालूम नहीं होता कि उसके सामने क्या होगा; प्रेम या नफ़रत. 2 यह सभी के लिए बराबर है. धर्मी और दुष्ट, भले और बुरे, शुद्ध और अशुद्ध, जो बलि चढ़ाता है और जो बलि नहीं चढ़ाता, सभी का अंत एक समान है.

जिस तरह एक भला व्यक्ति है,

उसी तरह एक पापी भी है;

और जिस तरह एक शपथ खानेवाला है,

उसी तरह वह व्यक्ति है जिसके सामने शपथ खाना भय की बात है.

3 सूरज के नीचे किए जा रहे हर एक काम में मैंने यही बुराई देखी कि सभी मनुष्यों का एक ही अंत है. मनुष्यों के हृदय बुराई से भरे हैं और उनके पूरे जीवन में पागलपन उनके हृदयों में भरा रहता है. इसके बाद उनकी मृत्यु हो जाती है. 4 जो जीवित है उसके लिए आशा है क्योंकि निश्चय ही मरे हुए शेर से जीवित कुत्ता ज्यादा अच्छा है.

5 जीवितों को यह मालूम होता है कि उनकी मृत्यु ज़रूर होगी,

मगर मरे हुओं को कुछ भी मालूम नहीं होता;

उन्हें तो कोई ईनाम भी नहीं मिलता,

और जल्द ही उन्हें भुला दिया जाता है.

6 इस तरह उनका प्रेम, घृणा और उत्साह खत्म हो गया,

और सूरज के नीचे किए गए किसी भी काम में उनका कोई भाग न होगा.

7 इसलिये जाओ और आनंद से भोजन करो और मन में सुख मानकर अंगूर का रस पिया करो क्योंकि पहले ही परमेश्वर तुम्हारे कामों से खुश हैं. 8 तुम्हारे कपड़े हमेशा उजले रहें और तुम्हारे सिर पर तेल की कमी न हो. 9 सूरज के नीचे परमेश्वर द्वारा दिए गए बेकार के जीवन में अपनी प्यारी पत्नी के साथ खुश रहो, क्योंकि तुम्हारे जीवन का और सूरज के नीचे की गई मेहनत का ईनाम यही है. 10 अपने सामने आए हर एक काम को पूरी लगन से करो क्योंकि अधोलोक में जिसकी ओर तुम बढ़ रहे हो, वहां न तो कोई काम या तरकीब, न ज्ञान और न ही बुद्धि है.

11 मैंने दोबारा सूरज के नीचे देखा,

कि न तो दौड़ में तेज दौड़ने वाले

और न युद्ध में बलवान ही जीतते हैं,

न बुद्धिमान को भोजन मिलता है

और न ही ज्ञानवान को धन-दौलत

और न ही योग्य को अनुग्रह;

क्योंकि ये समय और संयोग के वश में हैं.

12 मनुष्य अपने समय के बारे में नहीं जानता:

जैसे बुरे जाल में फंसी एक मछली के,

और फंदे में फंसे पक्षियों के समान,

वैसे ही मनुष्य बुरे समय में जा फंसेगा

जब यह अचानक ही उस पर आ पड़ेगा.

13 मैंने सूरज के नीचे बुद्धि का एक और उदाहरण देखा, जिसने मुझे बहुत प्रभावित किया. 14 बहुत ही थोड़े लोगों का एक छोटा नगर था इसमें एक बहुत ही सम्मानित राजा आया और उसने इस नगर के विरुद्ध घेराव किया. 15 मगर उस नगर के एक साधारण लेकिन बुद्धिमान ने अपनी बुद्धि द्वारा इस नगर को छुड़वा दिया. फिर भी उस सीधे-सादे को किसी ने याद नहीं किया. 16 इसलिये मैंने यह कहा, “बुद्धि शक्ति से बढ़कर है.” लेकिन किसी सीधे-सादे की बुद्धि को तुच्छ ही जाना जाता है और उसकी बातों पर ध्यान नहीं दिया जाता.

17 मूर्खों के बीच राजा की चिल्लाहट से अकेले में

बुद्धिमान की बातें सुन लेना कहीं ज्यादा अच्छा है.

18 युद्ध के शस्त्रों की तुलना में बुद्धि ज्यादा अच्छी है,

मगर एक पापी हर एक अच्छी चीज़ का नाश कर देता है.