इस्राएल का राज्य
शालमानेसर का होशिया के राज्य पर आक्रमण
इस्राएल के राजा होशिया का शासन जारी रहा। शालमानेसर होशिया के प्रदेशों पर आक्रमण करता है।
लगभग 725 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
3 अश्शूर के राजा शालमानेसर ने उस पर हमला कर दिया. होशिया को उसके अधीन, जागीरदार होकर उसे कर देना पड़ता था. 4 मगर अश्शूर के राजा को होशिया के एक षड़्यंत्र के विषय में मालूम हो गया. होशिया ने मिस्र देश के राजा सोअ से संपर्क के लिए अपने दूत भेजे थे, और उसने अपने ठहराए गए कर का भुगतान भी नहीं किया था, जैसा वह हर साल किया करता था. तब अश्शूर के राजा ने उसे बंदी बनाकर बंदीगृह में डाल दिया.
होशिया की दस गोत्रों की बंधुआई की भविष्यवाणी 725 ईसा पूर्व
होशिया दस गोत्रों की बंधुआई की भविष्यवाणी करता है और लोगों से पश्चाताप करने का आग्रह करता है।
1 जब मैं इस्राएल को चंगा करूंगा,
एफ्राईम के पाप
और शमरिया के अपराध प्रगट किए जाएंगे.
वे धोखा देते हैं,
चोर घरों में चोरी करते हैं,
लुटेरे गलियों में लूटमार करते हैं;
2 पर वे यह नहीं समझते
कि मैं उनके सब बुरे कामों को याद रखता हूं.
उनके पाप उन्हें पूरी तरह खा जाते हैं;
उनके काम हमेशा मेरी दृष्टि में बने रहते हैं.
3 “वे राजा को अपनी दुष्टता,
और राजकुमारों को अपने झूठी बातों से खुश रखते हैं.
4 वे सबके सब व्यभिचारी हैं,
एक जलते हुए चूल्हे के समान
जिसकी आग को रोटी बनानेवाला तब तक तेज नहीं करता
जब तक वह आटा गूंधकर पकाने के लिए तैयार नहीं कर लेता.
5 हमारे राजा के त्योहार के दिन
राजकुमार दाखमधु पीकर उत्तेजित होते हैं,
और वह हंसी उड़ानेवालों के साथ शामिल होता है.
6 उनके ह्रदय एक चूल्हे के समान हैं;
वे उसके पास षड़्यंत्र रचकर जाते हैं.
उनकी लालसा रात भर सुलगती रहती है;
और सुबह यह आग की ज्वाला की तरह भभक उठती है.
7 वे सबके सब चूल्हे के समान गर्म हैं;
वे अपने शासकों को भस्म कर देते हैं.
उनके सब राजा मारे जाते हैं,
पर उनमें से कोई भी मुझे नहीं पुकारता.
8 “एफ्राईम अन्य राष्ट्रों के लोगों के साथ घुल-मिल जाता है;
एफ्राईम उस रोटी के समान है, जिसे पकाते समय पलटा नहीं गया है.
9 परदेशी उसकी शक्ति का शोषण करते हैं,
पर वह इसे समझ नहीं पाता है.
उसके बाल पकते जा रहे हैं,
पर वह ध्यान नहीं देता है.
10 इस्राएल का अहंकार उसके विरुद्ध गवाही देता है,
पर इन सबके बावजूद
वह याहवेह अपने परमेश्वर के पास लौटकर नहीं आता
या उसकी खोज नहीं करता.
11 “एफ्राईम एक पेंडुकी की तरह है,
जो आसानी से धोखा खाता है और निर्बुद्धि है—
उन्होंने सहायता के लिए मिस्र को पुकारा,
अब अश्शूर की ओर जाते हैं.
12 जब वे जाते हैं, तब मैं उन पर अपना जाल डालूंगा;
मैं उन्हें आकाश के पक्षियों के समान नीचे गिरा दूंगा.
जब मैं सुनूंगा कि वे एक साथ झुंड में इकट्ठा हो रहे हैं,
तो मैं उन्हें पकड़ लूंगा.
13 उन पर हाय,
क्योंकि वे मुझसे अलग हो गये हैं!
सर्वनाश हो उनका,
क्योंकि उन्होंने मेरे विरुद्ध विद्रोह किया है!
मैं उन्हें छुड़ाने की इच्छा रखता हूं
पर वे मेरे बारे में झूठ बोलते हैं.
14 वे मुझे अपने हृदय से नहीं पुकारते
पर अपने बिछौने पर पड़े विलाप करते हैं.
अनाज और नई दाखमधु के लिये
वे अपने देवताओं से याचना करते हुए अपने आपको घायल करते हैं,
पर वे मुझसे दूर रहते हैं.
15 मैंने उन्हें प्रशिक्षित किया और उनकी सेना को सशक्त किया,
पर वे मेरे ही विरुद्ध षड़्यंत्र रचते हैं.
16 वे सर्वोच्च परमेश्वर की ओर नहीं फिर रहे हैं;
वे त्रुटिपूर्ण धनुष के समान हैं.
उनके अगुएं घमंड से भरी बातों के कारण
तलवार से मारे जाएंगे.
इसी कारण से उन्हें मिस्र देश में
ठट्ठों में उड़ाया जाएगा.
8:1 “तुरही को अपने होंठों पर रखो!
एक गरुड़ याहवेह के भवन के ऊपर है,
क्योंकि लोगों ने मेरी वाचा को तोड़ दिया है
और मेरे कानून का पालन नहीं किया है.
2 इस्राएल मुझसे पुकारकर कहता है,
‘हे हमारे परमेश्वर, हम आपको मानते हैं!’
3 पर इस्राएल ने भलाई को अस्वीकार किया है;
शत्रु उसके पीछे पड़ेगा.
4 वे मेरी सहमति के बिना राजाओं को ठहराते हैं;
वे मेरी स्वीकृति के बिना राजकुमारों को चुनते हैं.
वे अपने सोना और चांदी से
अपने विनाश के लिये
मूर्तियां बनाते हैं.
5 हे शमरिया, अपने बछड़े की मूर्ति को फेंक दो!
मेरा क्रोध उनके विरुद्ध भड़कता है.
वे कब तक शुद्धता के लिये अयोग्य ठहरेंगे?
6 वे इस्राएल से हैं!
यह बछड़ा—एक कारीगर ने इसे बनाया है;
यह परमेश्वर नहीं है.
उस शमरिया के बछड़े को
टुकड़े-टुकड़े कर दिया जाएगा.
7 “वे हवा बोते हैं,
और बवंडर रूपी फसल काटते हैं.
फसल के डंठल में बाली नहीं है;
इससे आटा नहीं मिलेगा.
यदि इससे अन्न पैदा होता,
तो परदेशी इसे खा जाते.
8 इस्राएल को निगल लिया गया है;
अब वह अन्य जनताओं के बीच ऐसा है
जिसे कोई नहीं चाहता.
9 क्योंकि वे एक भटके हुए जंगली गधे की तरह
अश्शूर को चले गये हैं.
एफ्राईम ने अपने आपको प्रेमियों के हाथ बेच दिया है.
10 यद्यपि उन्होंने अपने आपको अन्यजातियों के बीच बेच दिया है,
फिर भी अब मैं उनको एक साथ इकट्ठा करूंगा.
शक्तिशाली राजा के सताव के कारण
वे नाश होने लगेंगे.
11 “यद्यपि एफ्राईम ने पापबलि के लिए अनेक वेदियां बनाई हैं,
पर ये वेदियां उनके पाप करने का कारण बन गई हैं.
12 मैंने उनके लिये अपने कानून से संबंधित बहुत सी बातें लिखी,
पर उन्होंने उन बातों को बाहर का समझा.
13 यद्यपि वे मुझे भेंट के रूप में बलिदान चढ़ाते हैं,
और यद्यपि वे मांस खाते हैं,
पर याहवेह उनसे खुश नहीं हैं.
अब वह उनके दुष्ट कामों को याद करेंगे
और उनके पापों के लिये दंड देंगे:
वे मिस्र देश को लौटेंगे.
14 इस्राएल ने अपने बनानेवाले को भुला दिया है
और महल बना लिये हैं;
यहूदिया राज्य ने बहुत से नगरों का किलाबंदी कर लिया है.
पर मैं उनके शहरों पर आग लगा दूंगा,
और उनके गढ़ जलकर भस्म हो जाएंगे.”