संकट के भजन, मुख्यतः बंधुआई के समय के

कलीसिया के संकटों और क्लेशों के दौरान, मुख्यतः बाबेल की बंधुआई में लिखे गए भजन।

539 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

स्तोत्र 137

1 बाबेल की नदी के तट पर बैठे हुए

ज़ियोन का स्मरण कर हम रो रहे थे.

2 वहां मजनू वृक्षों पर हमने

अपने वाद्य टांग दिए थे.

3 क्योंकि जिन्होंने हमें बंदी बनाया था,

वे हमारा गायन सुनना चाह रहे थे और जो हमें दुःख दे रहे थे;

वे हमसे हर्षगान सुनने की चाह कर रहे थे, “हमें ज़ियोन का कोई गीत सुनाओ!”

4 प्रवास में हमारे लिए

याहवेह का स्तवन गान गाना कैसे संभव हो सकता था?

5 येरूशलेम, यदि मैं तुम्हें भूल जाऊं,

तो मेरे दायें हाथ का कौशल जाता रहेगा.

6 यदि मैं तुम्हारा स्मरण न करूं,

यदि मैं येरूशलेम को अपना सर्वोच्च आनंद न मानूं,

मेरी जीभ तालू से जा चिपके.

7 याहवेह, वह दिन स्मरण कीजिए जब एदोम के वंशज

येरूशलेम के विरुद्ध एकत्र हो गए थे.

वे कैसे चिल्ला रहे थे, “ढा दो इसे,

इसे नींव तक ढा दो!”

8 बाबेल की पुत्री, तेरा विनाश तो निश्चित है,

धन्य होगा वह पुरुष, जो तुझसे उन अत्याचारों का प्रतिशोध लेगा

जो तूने हम पर किए.

9 धन्य होगा वह पुरुष,

जो तेरे शिशुओं को उठाकर चट्टान पर पटक देगा.

स्तोत्र 130

आराधना के लिए यात्रियों का गीत.

1 याहवेह, गहराइयों में से मैं आपको पुकार रहा हूं;

2 हे प्रभु, मेरा स्वर सुन लीजिए,

कृपा के लिए मेरी नम्र विनती की

ओर आपके कान लगे रहें.

3 याहवेह, यदि आप अपराधों का लेखा रखने लगें,

तो प्रभु, कौन ठहर सकेगा?

4 किंतु आप क्षमा शील हैं,

तब आप श्रद्धा के योग्य हैं.

5 मुझे, मेरे प्राणों को, याहवेह की प्रतीक्षा रहती है,

उनके वचन पर मैंने आशा रखी है.

6 मुझे प्रभु की प्रतीक्षा है

उन रखवालों से भी अधिक, जिन्हें सूर्योदय की प्रतीक्षा रहती है,

वस्तुतः उन रखवालों से कहीं अधिक जिन्हें भोर की प्रतीक्षा रहती है.

7 इस्राएल, याहवेह पर भरोसा रखो,

क्योंकि जहां याहवेह हैं वहां करुणा-प्रेम भी है

और वही पूरा छुटकारा देनेवाले हैं.

8 स्वयं वही इस्राएल को,

उनके अपराधों को क्षमा करेंगे.

स्तोत्र 80

संगीत निर्देशक के लिये. “वाचा की कुमुदिनी” धुन पर आधारित. आसफ की रचना. एक स्तोत्र.

1 इस्राएल के चरवाहे, हमारी सुनिए, आप ही हैं,

जो योसेफ़ की अगुवाई भेड़ों के वृन्द की रीति से करते हैं.

आप, जो करूबों के मध्य विराजमान हैं,

प्रकाशमान हों! 2 एफ्राईम, बिन्यामिन तथा मनश्शेह

के सामने अपने सामर्थ्य को प्रगट कीजिए;

और हमारी रक्षा कीजिए.

3 परमेश्वर, हमें हमारी पूर्व स्थिति प्रदान कीजिए;

हम पर अपना मुख प्रकाशित कीजिए,

कि हमारा उद्धार हो जाए.

4 याहवेह, सर्वशक्तिमान परमेश्वर,

कब तक आपकी प्रजा की प्रार्थनाओं के प्रति,

आपका कोप भीतर ही भीतर सुलगता रहेगा?

5 आपने आंसुओं को उनका आहार बना छोड़ा है;

आपने उन्हें विवश कर दिया है, कि वे कटोरे भर-भर आंसू पिएं.

6 आपने हमें अपने पड़ोसियों के लिए विवाद का कारण बना दिया है,

हमारे शत्रु हमारा उपहास करते हैं.

7 सर्वशक्तिमान परमेश्वर, हमें हमारी पूर्व स्थिति प्रदान कर दीजिए;

हम पर अपना मुख प्रकाशित कीजिए,

कि हमारा उद्धार हो जाए.

8 मिस्र देश से आप एक द्राक्षालता ले आए;

आपने जनताओं को काटकर इसे वहां रोप दिया.

9 आपने इसके लिए भूमि तैयार की,

इस लता ने जड़ पकड़ी और इसने समस्त भूमि आच्छादित कर दी.

10 इसकी छाया ने तथा मजबूत देवदार की शाखाओं ने,

पर्वतों को ढंक लिया था.

11 वह अपनी शाखाएं समुद्र तक,

तथा किशलय नदी तक फैली हुई थी.

12 आपने इसकी सुरक्षा की दीवारें क्यों ढाह दीं,

कि आते जाते लोग इसके द्राक्षा तोड़ते जाएं?

13 जंगली सूअर इसे निगल जाते,

तथा मैदान के पशु इसे अपना आहार बनाते हैं.

14 सर्वशक्तिमान परमेश्वर, हम आग्रह करते हैं, आप लौट आइए!

स्वर्ग से दृष्टिपात कीजिए!

और इस ओर ध्यान दीजिए,

15 और इस द्राक्षालता की हां उस पौधे की जिसे आपके दायें हाथ ने लगाया है,

तथा उस पुत्र को देखिए, जिसे आपने स्वयं सशक्त बनाया है.

16 आपकी इस द्राक्षालता को काट डाला गया है, इसे अग्नि में भस्म कर दिया गया है;

आपकी फटकार-मात्र आपकी प्रजा को नष्ट करने के लिए काफ़ी है.

17 उस पुरुष पर आपके दायें हाथ का आश्वासन स्थिर रहे, जो आपके दायें पक्ष में उपस्थित है,

वह मनुष्य का पुत्र जिसे आपने अपने लिए तैयार किया है.

18 तब हम आपसे दूर न होंगे;

हमें जिलाइए, हम आपके ही नाम को पुकारेंगे.

19 याहवेह, सर्वशक्तिमान परमेश्वर, हमें पुनर्स्थापित कीजिए;

अपना मुख हम पर प्रकाशित कीजिए

कि हम सुरक्षित रहेंगे.

स्तोत्र 77

संगीत निर्देशक के लिये. यदूथून के लिए. आसफ का एक स्तोत्र. एक गीत.

1 मैं परमेश्वर को पुकारता हूं—उच्च स्वर में परमेश्वर की दुहाई दे रहा हूं;

कि वह मेरी प्रार्थना पर ध्यान दें.

2 अपनी संकट की स्थिति में, मैंने प्रभु की सहायता की कामना की;

रात्रि के समय थकावट की अनदेखी कर मैं उनकी ओर हाथ बढ़ाए रहा

किंतु, मेरे प्राण को थोडी भी सांत्वना प्राप्‍त न हुई.

3 परमेश्वर, कराहते हुए मैं आपको स्मरण करता रहा;

आपका ध्यान करते हुए मेरी आत्मा क्षीण हो गई.

4 जब मैं संकट में निराश हो चुका था;

आपने मेरी आंख न लगने दी.

5 मेरे विचार प्राचीन काल में चले गए,

और फिर मैं प्राचीन काल में दूर चला गया.

6 जब रात्रि में मैं अपनी गीत रचनाएं स्मरण कर रहा था,

मेरा हृदय उन पर विचार करने लगा, तब मेरी आत्मा में यह प्रश्न उभर आया.

7 “क्या प्रभु स्थाई रूप से हमारा परित्याग कर देंगे?

क्या हमने स्थाई रूप से उनकी कृपादृष्टि खो दी है?

8 क्या उनका बड़ा प्रेम अब पूर्णतः शून्य हो गया?

क्या उनकी प्रतिज्ञा पूर्णतः विफल प्रमाणित हो गई?

9 क्या परमेश्वर की कृपालुता अब जाती रही?

क्या अपने क्रोध के कारण वह दया नहीं करेंगे?”

10 तब मैंने विचार किया, “वस्तुतः मेरे दुःख का कारण यह है:

कि सर्वोच्च प्रभु परमेश्वर ने अपना दायां हाथ खींच लिया है.

11 मैं याहवेह के महाकार्य स्मरण करूंगा;

हां, प्रभु पूर्व युगों में आपके द्वारा किए गए आश्चर्य कार्यों का मैं स्मरण करूंगा.

12 आपके समस्त महाकार्य मेरे मनन का विषय होंगे

और आपके आश्चर्य कार्य मेरी सोच का विषय.”

13 परमेश्वर, पवित्र हैं, आपके मार्ग.

और कौन सा ईश्वर हमारे परमेश्वर के तुल्य महान है?

14 आप तो वह परमेश्वर हैं, जो आश्चर्य कार्य करते हैं;

समस्त राष्ट्रों पर आप अपना सामर्थ्य प्रदर्शित करते हैं.

15 आपने अपने भुजबल से अपने लोगों को,

याकोब और योसेफ़ के वंशजों को, छुड़ा लिया.

16 परमेश्वर, महासागर ने आपकी ओर दृष्टि की,

महासागर ने आपकी ओर दृष्टि की और छटपटाने लगा;

महासागर की गहराइयों तक में उथल-पुथल हो गई.

17 मेघों ने जल वृष्टि की,

स्वर्ग में मेघ की गरजना गूंज उठी;

आपके बाण इधर-उधर-सर्वत्र बरसने लगे.

18 आपकी गरजना का स्वर बवंडर में सुनाई पड़ रहा था,

आपकी बिजली की चमक से समस्त संसार प्रकाशित हो उठा;

पृथ्वी कांपी और हिल उठी.

19 आपका मार्ग सागर में से होकर गया है,

हां, महासागर में होकर आपका मार्ग गया है,

किंतु आपके पदचिन्ह अदृश्य ही रहे.

20 एक चरवाहे के समान आप अपनी प्रजा को लेकर आगे बढ़ते गए.

मोशेह और अहरोन आपके प्रतिनिधि थे.