दावीद के भजन, रचनाकाल अज्ञात

दावीद द्वारा लिखे गए भजन जिनके रचनाकाल और अवसर अज्ञात हैं।

1015 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

स्तोत्र 40–41

संगीत निर्देशक के लिये. दावीद की रचना. एक स्तोत्र.

1 मैं धैर्यपूर्वक याहवेह की प्रतीक्षा करता रहा;

उन्होंने मेरी ओर झुककर मेरा रोना सुना.

2 उन्होंने मुझे सत्यानाश के गड्ढे में से बचा लिया,

दलदल और कीच के गड्ढे से निकाला;

उन्होंने मुझे एक चट्टान पर ले जा खड़ा कर दिया

अब मेरे पांव स्थिर स्थान पर है.

3 उन्होंने मुझे हमारे परमेश्वर के स्तवन में,

एक नए गीत को सिखाया.

अनेक यह देखेंगे, श्रद्धा से भयभीत हो जाएंगे

और याहवेह में विश्वास करेंगे.

4 धन्य है वह पुरुष,

जो याहवेह पर भरोसा रखता है,

जो अभिमानियों से कोई आशा नहीं रखता, अथवा उनसे,

जो झूठे देवताओं की शरण में हैं.

5 याहवेह, मेरे परमेश्वर,

आपके द्वारा किए गए चमत्कार चिन्ह अनेक-अनेक हैं,

और हमारे लिए आपके द्वारा योजित योजनाएं.

आपके तुल्य कोई भी नहीं है;

यदि मैं उनका वर्णन करना प्रारंभ भी करूं,

तो उनके असंख्य होने के कारण उनकी गिनती करना असंभव होगा.

6 आपको बलि और भेंट की कोई अभिलाषा नहीं,

किंतु आपने मेरे कान खोल दिए.

आपने अग्निबलि और पापबलि की भी चाहत नहीं की.

7 तब मैंने यह कहा, “देखिए मैं आ रहा हूं;

पुस्तिका में यह मेरे ही विषय में लिखा है.

8 मेरे परमेश्वर, मुझे प्रिय है आपकी ही इच्छापूर्ति;

आपकी व्यवस्था मेरे हृदय में बसी है.”

9 विशाल सभा में मैंने आपके धर्ममय शुभ संदेश का प्रचार किया है;

देख लीजिए, याहवेह, आप जानते हैं

कि मैं इस विषय में चुप न रहूंगा.

10 मैंने अपने परमेश्वर की धार्मिकता को अपने हृदय में ही सीमित नहीं रखा;

मैं आपकी विश्वासयोग्यता तथा आपके द्वारा प्रदान किए गए उद्धार की चर्चा करता रहता हूं.

विशाल सभा के सामने

मैं आपके सत्य एवं आपके करुणा-प्रेम को छुपाता नहीं.

11 याहवेह, आप अपनी कृपा से मुझे दूर न करिये;

आपका करुणा-प्रेम तथा आपकी सत्यता निरंतर मुझे सुरक्षित रखेंगे.

12 मैं असंख्य बुराइयों से घिर चुका हूं; मेरे अपराधों ने बढ़कर मुझे दबा दिया है;

परिणामस्वरूप अब मैं देख भी नहीं पा रहा.

ये अपराध संख्या में मेरे सिर के बालों से भी अधिक हैं,

मेरा साहस अब टूटा जा रहा है.

13 याहवेह, कृपा कर मुझे उद्धार प्रदान कीजिए;

याहवेह, तुरंत मेरी सहायता कीजिए.

14 वे, जो मेरे प्राणों के प्यासे हैं,

लज्जित और निराश किए जाएं;

वे जिनका आनंद मेरी पीड़ा में है,

पीठ दिखाकर भागें तथा अपमानित किए जाएं.

15 वे सभी, जो मेरी स्थिति को देख, “आहा! आहा!”

कर रहे हैं, अपनी ही लज्जास्पद स्थिति को देख विस्मित हो जाएं.

16 किंतु वे सभी, जो आपकी खोज करते हैं

हर्षोल्लास में मगन हों;

वे सभी, जिन्हें आपके उद्धार की आकांक्षा है, यही कहें,

“अति महान हैं याहवेह!”

17 प्रभु, मैं गरीब और ज़रूरतमंद हूं;

इस कारण मुझ पर कृपादृष्टि कीजिए.

आप ही मेरे सहायक तथा छुड़ानेवाले हैं;

मेरे परमेश्वर, अब विलंब न कीजिए.

संगीत निर्देशक के लिये. दावीद का एक स्तोत्र.

41:1 धन्य है वह मनुष्य, जो दरिद्र एवं दुर्बल की सुधि लेता है;

याहवेह विपत्ति की स्थिति से उसका उद्धार करते हैं.

2 याहवेह उसे सुरक्षा प्रदान कर उसके जीवन की रक्षा करेंगे.

वह अपने देश में आशीषित होगा.

याहवेह उसे उसके शत्रुओं की इच्छापूर्ति के लिए नहीं छोड़ देंगे.

3 रोगशय्या पर याहवेह उसे संभालते रहेंगे,

और उसे पुनःस्वस्थ करेंगे.

4 मैंने पुकारा, “याहवेह, मुझ पर कृपा कीजिए;

यद्यपि मैंने आपके विरुद्ध पाप किया है, फिर भी मुझे रोगमुक्त कीजिए.”

5 बुराई भाव में मेरे शत्रु मेरे विषय में कामना करते हैं,

“कब मरेगा वह और कब उसका नाम मिटेगा?”

6 जब कभी उनमें से कोई मुझसे भेंट करने आता है,

वह खोखला दिखावा मात्र करता है, जबकि मन ही मन वह मेरे विषय में अधर्म की बातें संचय करता है;

बाहर जाकर वह इनके आधार पर मेरी निंदा करता है.

7 मेरे समस्त शत्रु मिलकर मेरे विरुद्ध में कानाफूसी करते रहते हैं;

वे मेरे संबंध में बुराई की योजना सोचते रहते हैं.

8 वे कहते हैं, “उसे एक घृणित रोग का संक्रमण हो गया है;

अब वह इस रोगशय्या से कभी उठ न सकेगा.”

9 यहां तक कि जो मेरा परम मित्र था,

जिस पर मैं भरोसा करता था,

जिसके साथ मैं भोजन करता था,

उसी ने मुझ पर लात उठाई है.

10 किंतु याहवेह, आप मुझ पर कृपा करें;

मुझमें पुनः बल-संचार करें कि मैं उनसे प्रतिशोध ले सकूं.

11 इसलिये कि मेरा शत्रु मुझे नाश न कर सका,

मैं समझ गया हूं कि आप मुझसे अप्रसन्‍न नहीं हैं.

12 मेरी सच्चाई के कारण मुझे स्थिर रखते हुए,

सदा-सर्वदा के लिए अपनी उपस्थिति में मुझे बसा लीजिए.

13 सर्वदा से सर्वदा तक इस्राएल के परमेश्वर,

याहवेह का स्तवन होता रहे.

आमेन और आमेन.

स्तोत्र 61

संगीत निर्देशक के लिये. तार वाद्यों की संगत के साथ. दावीद की रचना

1 परमेश्वर, मेरे चिल्लाने को सुनिए;

मेरी प्रार्थना पर ध्यान दीजिए.

2 मैं पृथ्वी की छोर से आपको पुकार रहा हूं,

आपको पुकारते-पुकारते मेरा हृदय डूबा जा रहा है;

मुझे उस उच्च, अगम्य चट्टान पर खड़ा कीजिए जिसमें मेरी सुरक्षा है.

3 शत्रुओं के विरुद्ध मेरे लिए आप एक सुदृढ़ स्तंभ,

एक आश्रय-स्थल रहे हैं.

4 मेरी लालसा है कि मैं आपके आश्रय में चिरकाल निवास करूं

और आपके पंखों की छाया में मेरी सुरक्षा रहे.

5 परमेश्वर, आपने मेरी मन्‍नतें सुनी हैं;

आपने मुझे वह सब प्रदान किया है, जो आपके श्रद्धालुओं का निज भाग होता है.

6 आप राजा को आयुष्मान करेंगे,

उनकी आयु के वर्ष अनेक पीढ़ियों के तुल्य हो जाएंगे.

7 परमेश्वर की उपस्थिति में वह सदा-सर्वदा सिंहासन पर विराजमान रहेंगे;

उनकी सुरक्षा के निमित्त आप अपने करुणा-प्रेम एवं सत्य को प्रगट करें.

8 तब मैं आपकी महिमा का गुणगान करूंगा

और दिन-प्रतिदिन अपनी मन्‍नतें पूरी करता रहूंगा.